कलेक्टर ने किया उप पंजीयक एवं तहसील कार्यालय का आकिस्मक निरीक्षण
बेमेतरा :- कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज सवेरे तहसील कार्यालय एवं उप पंजीयक कार्यालय बेमेतरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उप पंजीयक कार्यालय ई-स्टाम्प के पंजीयन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उप पंजीयक एवं स्टाम्प वेण्डर को निर्देश दिए कि डिजीटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए पी.ओ.एस. मशीन स्थापित करें। जिलाधीश ने स्टाम्प वेण्डरों से कहा कि आम नागरिकों को वे सहज रूप से स्टाम्प पेपर उपलब्ध करायें। स्टाम्प का कृत्रिम संकट उत्पन्न न करें। राज्य शासन द्वारा नागरिकों को ई-स्टाम्प की सुविधा दी जा रही है। कलेक्टर ने स्टाम्प वेंडर के स्टॉक पंजी की जांच की। पंजीयन एवं मुद्रांक शुल्क विभाग के जिला पंजीयक ने बताया कि वर्तमान में पांच सौ रूपए तक मेनुअल स्टाम्प दिया जा रहा है। इससे ऊपर का ई-स्टाम्प की सुविधा प्रदान की जा रही है। कलेक्टर ने रजिस्ट्री कराने आये पक्षकारों से भी मुलाकात की।
कलेक्टर श्री कावरे ने तहसील ऑफिस का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विवादित-अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, प्रमाणीकरण की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने दायरा पंजी का अवलोकन किया एवं तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि मैदानी क्षेत्र का मौका मुआयना कर प्रकरणों का निपटारा करें। इसके अलावा कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र से जारी होने वाले प्रमाण पत्र के संबंध में भी जानकारी ली। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री डी.एन. कश्यप, जिला पंजीयक श्री कुमार भुआर्य, तहसीलदार बेमेतरा श्री प्रवीण तिवारी, नायब तहसीलदार श्री सुभाष शुक्ला एवं श्री राजकुमार मरावी उपस्थित थे।