Blog

  • कवर्धा: जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 में 23 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

    कवर्धा: जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 में 23 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

    कवर्धा। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 के अंतर्गत ग्राम मानिकचौरी एवं ग्राम पंचायत भेदली के आश्रित ग्राम खैरझिटी खुर्द में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन बुधवार को संपन्न हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर इन कार्यों के लिए कुल 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

    आपदा प्रबंधन योजना के तहत स्वीकृत राशि से ग्राम मानिकचौरी में तीन स्थानों पर नलकूप खनन एवं पंप स्थापना, तालाब में पिचिंग तथा पचरी निर्माण कार्य किए जाएंगे। वहीं ग्राम खैरझिटी खुर्द में सीसी रोड और पुलिया निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को पेयजल, आवागमन और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।

    भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य डॉ. वीरेंद्र साहू उपस्थित रहे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
    कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ग्रामवासियों को विकास कार्यों की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के निरंतर विकास का विश्वास दिलाया।

    इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष वीर सिंह धुर्वे, विधायक प्रतिनिधि डॉ. खेमराज साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, भागवत सेन, सरपंच रामनाथ मोहले, सरपंच सुनीति कौशिक, ग्राम पटेल उदय सिंह साहू, जनपद सदस्य तामेश्वर साहू, आसवन साहू, उरेंद्र गोलू साहू, धालेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

  • कबीरधाम में सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो महिला सट्टेबाज गिरफ्तार

    कबीरधाम में सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो महिला सट्टेबाज गिरफ्तार

    कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कवर्धा क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से खाईवाली कर सट्टा संचालन कर रही थीं। पुलिस ने सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी है।

    यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई।

    अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डीएसपी) आशीष शुक्ला एवं कृष्ण चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन कर यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

    पहली कार्रवाई

    मुखबिर की सूचना पर वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी, कवर्धा में नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष) को घर के सामने अंकों पर अवैध सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी, नगद राशि एवं पेन जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

    दूसरी कार्रवाई

    वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना दीवारपारा, कवर्धा निवासी पूजा बांधेकर (28 वर्ष) को अलग प्रकरण में सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध पृथक अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

    व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संचालन

    जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विभिन्न समूहों के माध्यम से खाईवाली कर सट्टा संचालन कर रही थीं। इनके माध्यम से सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी पतासाजी कर रही है और शीघ्र ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस की सख्त चेतावनी

    कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं किसी भी प्रकार के अवैध धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त लोग तत्काल अपने धंधे बंद करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस ने यह भी आश्वस्त किया है कि अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

  • कवर्धा के बैजलपुर (कोको) में नंदी महाराज की मूर्ति खंडित, युवा कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

    कवर्धा के बैजलपुर (कोको) में नंदी महाराज की मूर्ति खंडित, युवा कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

    कवर्धा। ग्राम बैजलपुर (कोको) में नंदी महाराज की मूर्ति को खंडित किए जाने की घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। घटना को धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार बताते हुए विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा की है।

    युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तुकाराम चंद्रवंशी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गृहमंत्री के गृह जिले कवर्धा में इस प्रकार की घटना होना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं।

    चंद्रवंशी ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन समय रहते कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता, तो इससे प्रदेश में अराजकता का संदेश जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व की घटनाओं में ठोस कार्रवाई सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे जनता के मन में संदेह की स्थिति बनी हुई है।

    उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर दंड नहीं दिया गया तो जनआक्रोश उभर सकता है, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

    युवा कांग्रेस ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच, दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की जानकारी दी गई है।

  • वनांचल ग्राम कामठी में दिखा आस्था, संस्कृति और जनकल्याण का दिव्य संगम, विधायक भावना बोहरा और श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक

    वनांचल ग्राम कामठी में दिखा आस्था, संस्कृति और जनकल्याण का दिव्य संगम, विधायक भावना बोहरा और श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक

    अंकिता शर्मा, कवर्धा। महाशिवरात्रि के अवसर पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कामठी में शिवभक्ति की अनूठी झलक देखने को मिली। उत्साह और उमंग के साथ 700 से अधिक विवाहित जोड़ों और श्रद्धालुओं पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा आयोजित 151 पार्थिव शिवलिंग में सामूहिक रूप से पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक कर हर हर महादेव का जयघोष किया। इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने आयोजन में पधारे सभी श्रद्धालुओं और पंडरिया विधानसभा वासियों को आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त कर महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी।

    इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी तथा ग्राम नेऊर और दमगढ़ के उन आदिवासी परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे जिन्होंने विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में घर वापसी की थी। इस दौरान 10,000 भक्तों के लिए भंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया जिसमें विधायक भावना बोहरा ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के भजन गायक अनुराग शर्मा द्वारा भजन की भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन में भगवान भोलेनाथ जी के जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

    इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज का यह आयोजन हमारी धार्मिक संस्कृति और परंपरा का एक प्रतीक है। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से एक साथ भगवान भोलेनाथ जी का रुद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ एवं पंडरिया विधानसभा की सुख-समृद्धि और जन कल्याण की कामना की। पंडरिया विधानसभा सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपराओं के लिए जानी जाती है।

    यहाँ के जन-जीवन में सनातन मूल्यों की गहरी आस्था है। यह हम सभी का दायित्व है कि हम अपनी संस्कृति और आस्था की इस अमूल्य धरोहर को सहेजें और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाएँ। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक चेतना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को भी सशक्त करेगा।

    यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण रहा, बल्कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास के लिए एक सकारात्मक संकल्प का प्रतीक भी बना। इस आयोजन ने समाज के सभी वर्गों युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण नागरिकों को एक मंच पर एकत्रित कर सामाजिक एकता और सामूहिक चेतना को मजबूत किया।

    भावना बोहरा ने आगे कहा कि इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और समृद्धि के लिए प्रार्थना भी की गई, जिससे यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न रहकर जनहित और क्षेत्र की प्रगति का संकल्प भी बन गया, जिसने समृद्ध पंडरिया बनाने के हमारे संकल्प को एक नई उर्जा और दिशा भी दी है।

    भगवान शिव सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं। आज 151 शिवलिंगों में सामूहिक रुद्राभिषेक का यह आयोजन हमारे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास के लिए समर्पित है। हमारी सदैव यह भावना रही है कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र आध्यात्मिक रूप से समृद्ध, सामाजिक रूप से सशक्त और विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे। छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं और सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और जनकल्याण की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

    मैं पंडरिया विधानसभा की समस्त जनता और इस पुण्य आयोजन में सहभागी सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता और धन्यवाद व्यक्त करती हूँ और आश्वस्त करती हूँ कि आगे भी पंडरिया विधानसभा की प्रगति, जनता की सेवा हेतु अपने दायित्वों का निर्वहन एवं सनातन संस्कृति के प्रसार व नव चेतना के लिए हम निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

  • कवर्धा में कल निकलेगी महाकाल की भव्य बारात, सिरसा (हरियाणा) की झांकी बनेगी मुख्य आकर्षण

    कवर्धा में कल निकलेगी महाकाल की भव्य बारात, सिरसा (हरियाणा) की झांकी बनेगी मुख्य आकर्षण

    कवर्धा। भक्ति, आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम कल कवर्धा की सड़कों पर देखने को मिलेगा, जब भगवान महाकाल की भव्य बारात पूरे शाही अंदाज में निकलेगी। शहर का कोना-कोना शिवमय होगा और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गूंज उठेगा।

    बारात की शुरुआत पावन स्थल बूढ़ा महादेव मंदिर से होगी। सजे-धजे रथ, ढोल-नगाड़ों की गूंज, आकर्षक झांकियां और भक्तों की विशाल भीड़ इस दिव्य यात्रा को और भव्य बनाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भारत माता चौक पहुंचेगी, जहां माता पार्वती और भगवान शिव का प्रतीकात्मक विवाह विधि-विधान से संपन्न होगा।

    सिरसा (हरियाणा) की झांकी बनेगी आकर्षण का केंद्र

    इस आयोजन का सबसे खास आकर्षण सिरसा (हरियाणा) से तैयार की गई भव्य झांकी रहेगी। विशेष कलात्मक सज्जा, जीवंत प्रस्तुति और अद्भुत प्रकाश व्यवस्था के साथ यह झांकी दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति का अहसास कराएगी।

    शहर होगा शिवमय

    महाकाल की बारात में कवर्धा के हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह स्वागत मंच, पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण की तैयारी भी की गई है।

    धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का यह भव्य आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि कवर्धा की एकता और उत्साह की मिसाल भी पेश करेगा। नगरवासियों से अनुशासन और श्रद्धा के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की गई है।

  • पत्रकारों को धमकी देने के आरोप में चकला संचालक अभिताभ नामदेव पर फिर एफआईआर दर्ज

    पत्रकारों को धमकी देने के आरोप में चकला संचालक अभिताभ नामदेव पर फिर एफआईआर दर्ज

    कवर्धा। सेक्स रैकेट मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद जेल जा चुके तथाकथित पत्रकार एवं स्वयंभू नामदेव समाज कबीरधाम के अध्यक्ष अभिताभ नामदेव एक बार फिर कानूनी कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। जानकारी के अनुसार जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उन्होंने पुलिस कार्रवाई से जुड़े कवरेज करने वाले पत्रकारों को धमकाने का प्रयास किया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

    बताया जा रहा है कि कवर्धा में हुए कथित सेक्स रैकेट के खुलासे और पुलिसिया कार्रवाई की खबर प्रकाशित होने से नाराज होकर अभिताभ नामदेव द्वारा पत्रकारों को धमकी दी गई। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कवर्धा के वरिष्ठ पत्रकारों ने सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

    शिकायत में आरोप लगाया गया कि अभिताभ नामदेव द्वारा खबर प्रकाशित करने पर पत्रकारों को डराने-धमकाने की कोशिश की गई, जिससे पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता पर खतरा उत्पन्न हुआ।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया और धमकी देने के आरोप में अभिताभ नामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

    पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार को खबर प्रकाशित करने पर इस प्रकार की धमकियों का सामना न करना पड़े।

  • प्रतिमा खंडित प्रकरण में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग, कानून व्यवस्था पर विपक्ष का निशाना – तुकाराम चंद्रवंशी

    प्रतिमा खंडित प्रकरण में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग, कानून व्यवस्था पर विपक्ष का निशाना – तुकाराम चंद्रवंशी

    कवर्धा। जिले के ग्राम अंधियारखोर में ग्राम देवता ठाकुरदेव महाराज की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर फेंक देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

    ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमा खंडित अवस्था में मिलने की सूचना के बावजूद देर रात तक प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने और क्षेत्र की शांति भंग करने का प्रयास बताया है।

    घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश उपाध्यक्ष तुकाराम चंद्रवंशी गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ पूजा-अर्चना कर खंडित प्रतिमा को सम्मानपूर्वक सफेद कपड़े से ढंकवाया और लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की।

    तुकाराम चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि जिले में पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जानी चाहिए।

    उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जनाक्रोश बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए।

    इधर, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।

    क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

  • धार्मिक स्थल से छेड़छाड़: ठाकुर देव की मूर्ति खंडित कर फेंकी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

    धार्मिक स्थल से छेड़छाड़: ठाकुर देव की मूर्ति खंडित कर फेंकी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

    अंकिता शर्मा कवर्धा। जिले के कवर्धा अंतर्गत पंडातराई थाना क्षेत्र के अंधियारखोर गांव में धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। गांव स्थित ठाकुर देव मंदिर की मूर्ति को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से खंडित कर दूर फेंक दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

    घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य उनकी आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास है।

    सूचना मिलते ही पंडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। एहतियातन गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

    मामले में एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

    फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे के कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

  • होली से पहले किसानों को 10,000 करोड़ का तोहफा, 25 लाख से अधिक कृषकों को एकमुश्त भुगतान: डॉ. वीरेन्द्र साहू

    होली से पहले किसानों को 10,000 करोड़ का तोहफा, 25 लाख से अधिक कृषकों को एकमुश्त भुगतान: डॉ. वीरेन्द्र साहू

    कवर्धा। होली पर्व से पूर्व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के खातों में फसल भुगतान की घोषणा को किसान सम्मान और समृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेन्द्र साहू ने जारी बयान में कहा कि यह निर्णय गन्ना उत्पादक किसानों सहित प्रदेश के धान उत्पादक अन्नदाताओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

    उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की राशि का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और होली जैसे प्रमुख त्योहार से पहले उनके चेहरे पर खुशहाली आएगी।

    डॉ. साहू ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। यह निर्णय किसानों के सम्मान, विश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता में है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार किसान कल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।

    प्रदेश प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि सरकार का यह कदम किसानों की आर्थिक मजबूती के साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी गति देगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि क्षेत्र को आधुनिक, आत्मनिर्भर और अधिक सशक्त बनाने के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी।

    अंत में उन्होंने प्रदेश के समस्त अन्नदाताओं को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य किसान खुशहाल, गांव समृद्ध और प्रदेश विकसित बनाना है।

  • महाशिवरात्रि के अवसर पर ग्राम कामठी में पंडरिया विधायक भावना बोहरा संग श्रद्धालु 151 पार्थिव शिवलिंग में एक साथ करेंगे रुद्राभिषेक

    महाशिवरात्रि के अवसर पर ग्राम कामठी में पंडरिया विधायक भावना बोहरा संग श्रद्धालु 151 पार्थिव शिवलिंग में एक साथ करेंगे रुद्राभिषेक

    कवर्धा। इस वर्ष 15 फ़रवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा शिवभक्तों के लिए विशेष आयोजन किया गया है।पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कामठी में 151 पार्थिव शिवलिंग में हजारों विवाहित जोड़ें और श्रद्धालु एक साथ पुरे विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवन भोलेनाथ का रुद्राभिषेक करेंगे और अपने परिवार के साथ-साथ पंडरिया विधानसभा एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश की प्रगति एवं सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

    इस पुण्य अवसर पर शामिल होकर रुद्राभिषेक करने हेतु विवाहित जोड़ों और श्रद्धालुओं को अपना पंजीयन कराना होगा जिसके लिए वे अपनी नजदीकी जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र (विधायक कार्यालय) से पंजीयन पत्र प्राप्त कर उसमें उल्लेखित जानकरी दर्ज कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

    रुद्राभिषेक के पश्चात् पुरे विधि-विधान के साथ पार्थिव शिवलिंग का प्रवाह संस्कार किया जाएगा। इस अवसर पर भंडारा एवं महाप्रसादी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक अनुराग शर्मा द्वारा सांकृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। इस आयोजन को लेकर जनता में अपार उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपना पंजीयन कराया है।

    विदित हो कि पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा निरंतर सनातन संस्कृति के प्रसार हेतु धार्मिक आयोजन एवं पद यात्रा किये हैं। सावन माह में प्रतिवर्ष अमरकंटक में उनके द्वारा कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्री जो अमरकंटक में जलाभिषेक के लिए कठिन पद यात्रा करके जाते हैं उनकी सेवा एवं सुविधा के लिए वहां निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की जाती है

    जहाँ प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में कांवड़ यात्रियों का आगमन होता है और उन्हें इस सुविधा का लाभ मिलता है। गत वर्ष स्वयं विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा एवं छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना के साथ माँ नर्मदा मंदिर से जल लेकर भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की कठिन कांवड़ यात्रा की। उन्होंने 6 दिनों में माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से लहनी, खुड़िया, पंडरिया, मोहतरा से डोंगरिया महादेव में शिवजी का जलाभिषेक करने के तत्पश्चात डोंगरिया महादेव से बोड़ला होते हुए भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना व शिवजी का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा समाप्त की जिसमें सैकड़ों कांवड़ यात्री भी उनकी इस यात्रा में सहभागी बने। एक बार पुनः उनके द्वारा ग्राम कामठी में 151 पार्थिव शिवलिंग में सामूहिक रुद्राभिषेक का पुण्य आयोजन किया जा रहा है जिसे लेकर क्षेत्र की जनता एवं श्रद्धालुओं में भक्ति और आस्था का उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

    इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भगवन भोलेनाथ जी के प्रति भक्तजनों की आस्था और पंडरिया विधानसभा एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश की समृद्धि व खुशहाली के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा, आशीर्वाद एवं जनता के स्नेह और सहयोग से इस वर्ष महाशिवरात्रि के पावन एवं पुण्य अवसर पर ग्राम कामठी के स्कूल मैदान में 151 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है।

    उन्होंने बताया कि इस पावन अवसर पर 151 मिट्टी से निर्मित पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पार्थिव शिवलिंग पर विवाहित जोड़ें एवं श्रद्धालु एक साथ विधि-विधान से रुद्राभिषेक करेंगे। यह आयोजन सामूहिक भक्ति, सामाजिक समरसता और धार्मिक चेतना का अद्भुत संगम होगा, जहाँ हम सभी एक साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना कर क्षेत्र, प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना करेंगे। रुद्राभिषेक के पश्चात् पुरे विधि-विधान के साथ पार्थिव शिवलिंग का प्रवाह संस्कार किया जाएगा। यह आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सनातन परंपराओं से जोड़ने, धार्मिक संस्कारों को संरक्षित करने तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। मैं पंडरिया विधानसभा की जनता से आग्रह करती हूँ कि इस धार्मिक आयोजन में बड़ी से बड़ी संख्या में पधारें। आप सभी की उपस्थिति, सहभागिता एवं आशीर्वाद इस आयोजन को और अधिक सफल, भव्य एवं पुण्यदायी बनाएगा।