Blog

  • कवर्धा प्रीमियर लीग का रोमांचक समापन: अंतिम गेंद पर वार्ड नंबर 08 बना विजेता, जिले को मिला खेल संस्कृति का नया आयाम, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा

    कवर्धा प्रीमियर लीग का रोमांचक समापन: अंतिम गेंद पर वार्ड नंबर 08 बना विजेता, जिले को मिला खेल संस्कृति का नया आयाम, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल पर आयोजि कवर्धा प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला कवर्धा के वार्ड नंबर 08 एवं ग्राम सारी के मध्य कवर्धा के करपात्री स्टेडियम में खेला गया। यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा, जिसमें अंतिम गेंद पर खेल का परिणाम तय हुआ। फाइनल मैच में वार्ड नंबर 08 की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्राम सारी को 101 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्राम सारी की टीम को वार्ड नंबर 08 के गेंदबाजों ने अपने शानदार गेंदबाजी और अनुशासित खेल द्वारा परास्त कर टीम विजेता बनी और वार्ड नंबर 08 ने कवर्धा प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर तीसरे स्थान के लिए ग्राम बरेंडा एवं कवर्धा के वार्ड नंबर 09 के मध्य मुकाबला खेला गया, जिसमें ग्राम बरेंडा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर तीसरे स्थान प्राप्त किया।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फाइनल मुकाबले से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना कर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। मैच के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने भी क्रिकेट में हांथ आजमाया और नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष की गेंदों पर आकर्षक लंबे शॉट लगाया, जिससे मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की।

    उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, ताकि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कवर्धा प्रीमियर लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, आयोजकों एवं खेल प्रेमियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आयोजन ने जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की विशेष रूप से सराहना की। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा, मंच और प्रोत्साहन प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि कवर्धा जिले से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकें।

     

    विजेता-उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार व आकर्षक शील्ड प्रदान किया

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा प्रीमियर लीग के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कवर्धा वार्ड नंबर 08 की टीम को 1 लाख 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक शील्ड प्रदान की गई। वहीं, प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली ग्राम सारी की टीम को 51 हजार रुपए एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम बरेंडा की टीम को 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    उन्होंने बेस्ट बाॅलर, बेस्ट बैट्समैन, मैन ऑफ द सीरिज खिलाड़ियों को भी शील्ड मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी विजेता एवं सहभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कवर्धा प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की बात कही।

     

    जिले के इतिहास का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट

    कवर्धा विधायक एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कवर्धा प्रीमियर लीग का आयोजन कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के सात मंडलों में किया गया। प्रत्येक मंडल में अलग-अलग स्तर पर टूर्नामेंट आयोजित हुए, इसमें ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ सुदूर वनांचल की अनेक टीमों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रत्येक मंडल से 4-4 शीर्ष टीमें चयनित होकर सुपर-28 लीग में पहुंचीं। इस लीग में कवर्धा शहर मंडल की 4 टीमें भी शामिल रहीं। इस प्रकार पूरे टूर्नामेंट में कुल 226 टीमों ने भाग लिया, जबकि 4500 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। सुपर-28 लीग चरण के सभी मुकाबले कवर्धा के स्वामी करपात्री मैदान में अत्याधुनिक फ्लड लाइट व्यवस्था के बीच खेले गए। यह आयोजन कबीरधाम जिले के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट सिद्ध हुआ, जिसने खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह का संचार किया।

  • गंडई में समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न,सामाजिक एकता और सनातन संरक्षण पर हुआ मंथन

    गंडई में समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न,सामाजिक एकता और सनातन संरक्षण पर हुआ मंथन


    खैरागढ़–छुईखदान–गंडई। उत्कृष्ट सामाजिक संगठन समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को गंडई परिक्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 स्थित सामुदायिक भवन में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य ब्राह्मण समाज को सैद्धांतिक, वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से एक सूत्र में बांधना रहा।
    समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् खैरागढ़–छुईखदान–गंडई की जिलाध्यक्ष श्रीमती डाली तिवारी एवं जिला प्रभारी श्रीमती उमा चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में ब्राह्मण समाज के बीच उद्देश्यात्मक एकरूपता लाने के लिए यह बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री परशुराम जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पंचोपचार पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर गंडई ब्राह्मण समाज की मातृशक्ति द्वारा रायपुर से पधारे संगठन प्रतिनिधियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।


    बैठक को गंडई परिक्षेत्र ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. गोपाल प्रसाद तिवारी, समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. भावेश शुक्ला “पराशर”, प्रदेश संयोजक पं. रामानुज तिवारी, मातृशक्ति परिषद् प्रांत प्रमुख श्रीमती प्रमिला तिवारी, दुर्ग संभाग मीडिया प्रभारी श्रीमती नूपुर तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने समाज हित, सनातन धर्म के संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के लिए वैचारिक एकता और आपसी सहयोग को आवश्यक बताया। साथ ही संगठन के माध्यम से होने वाले सामाजिक कार्यों को सामूहिक सहभागिता से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।


    कार्यक्रम का संचालन पं. रमेश कुमार शर्मा द्वारा किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं सामाजिक स्वजन उपस्थित रहे, जिनकी सहभागिता ने आयोजन को सफल और प्रेरणादायी बनाया।

  • कबीरधाम में रेंज के पहले साइबर थाने का शुभारंभ: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने डिजिटल अपराधों पर कसे शिकंजे

    कबीरधाम में रेंज के पहले साइबर थाने का शुभारंभ: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने डिजिटल अपराधों पर कसे शिकंजे

    कवर्धा। डिजिटल अपराधों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई को सुनिश्चित करने की दिशा में कबीरधाम जिले को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री  विजय शर्मा ने आज राजनांदगांव रेंज एवं कबीरधाम जिले के पहले साइबर थाने का शुभारंभ किया। यह साइबर थाना कवर्धा के पुराने पुलिस लाइन परिसर में स्थापित किया गया है, जिसे जिले की कानून-व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वर्तमान युग डिजिटल तकनीक का है, जहां शासन से लेकर आम नागरिक तक ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर हैं। डिजिटल सुविधाओं के साथ साइबर अपराधों की चुनौतियां भी तेजी से बढ़ी हैं, जिससे महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और युवा वर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में साइबर थाने की स्थापना आम नागरिकों को त्वरित न्याय, सुरक्षा और भरोसा प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

    उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों में समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। प्रारंभिक घंटों में की गई प्रभावी कार्रवाई से ठगी की राशि को रोका जा सकता है और अपराधियों तक शीघ्र पहुंच संभव होती है। साइबर थाना के माध्यम से शिकायतों का त्वरित पंजीकरण, ऑनलाइन फ्रॉड की राशि को समय रहते होल्ड करना, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन तथा अपराधियों पर तेज कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह थाना न केवल अपराध नियंत्रण का केंद्र बनेगा, बल्कि नागरिकों में डिजिटल जागरूकता और विश्वास को भी सुदृढ़ करेगा।

    कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि साइबर थाने में एक निरीक्षक प्रभारी सहित कुल 30 प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। थाने के प्रभावी पर्यवेक्षण हेतु उप पुलिस अधीक्षक स्तर के राजपत्रित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे साइबर अपराधों की विवेचना उच्च गुणवत्ता और पेशेवर ढंग से की जा सके।

    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस ने सीमित संसाधनों के बावजूद साइबर तकनीक के माध्यम से 112 ऑनलाइन ठगी मामलों में लगभग 50 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए हैं। साथ ही, सीईआईआर पोर्टल की सहायता से 872 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को लौटाए गए हैं, जो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रमाण है।

    उन्होंने यह भी बताया कि गंभीर अपराधों की विवेचना में कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों का उपयोग कर आरोपियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जा रही है। महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों में विशेष संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

    कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी श्री आशीष शुक्ला, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • मजबूत सड़क नेटवर्क से अंतिम छोर तक पहुंचेगी विकास की रौशनी – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, 18 करोड़ की लागत से दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, ग्रामीण अंचलों को मिलेगा सीधा लाभ

    मजबूत सड़क नेटवर्क से अंतिम छोर तक पहुंचेगी विकास की रौशनी – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, 18 करोड़ की लागत से दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, ग्रामीण अंचलों को मिलेगा सीधा लाभ

    रायपुर।  प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। भूमिपूजन के साथ ही सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिया गया है।

    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास की आधारशिला होता है। विष्णुदेव साय सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि अंतिम छोर पर बसे गांव तक भी मजबूत, सुरक्षित और सर्वमौसम सड़क संपर्क सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन की बेहतर सुविधाएं सहज रूप से प्राप्त हो सकें।

    भूमिपूजन किए गए कार्यों में

    मेन रोड से लासाटोला तक 15.20 किलोमीटर लंबी सड़क, जिसकी लागत 9.89 करोड़ रुपये, तथा

    एन.एच.-12ए से भेदली तक 12.91 किलोमीटर लंबी सड़क, जिसकी लागत 8.13 करोड़ रुपये शामिल है।

    इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से लासाटोला, बदराडीह, बम्हनी, महारटोला, नवागांव, नेवासपुर सहित आसपास के अनेक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, एनएच-12ए से भेदली मार्ग के निर्माण से भीमपुरी, झिरोनी, जिंदा, खैरझीटी खुर्द, कुटकी पारा, सोनपुरी एवं थूहा डीह के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा प्राप्त होगी।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने में सुविधा मिलेगी और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव हो सकेगा।

    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सड़क, पुल, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि हर गांव को मुख्य मार्ग से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल किया जाए।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार प्रकट किया।

  • कबीरधाम में शाकम्बरी जयंती समारोहों में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री, सामुदायिक भवन का लोकार्पण, छेरछेरा पर्व की दी शुभकामनाएं

    कबीरधाम में शाकम्बरी जयंती समारोहों में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री, सामुदायिक भवन का लोकार्पण, छेरछेरा पर्व की दी शुभकामनाएं


    कवर्धा। माता शाकम्बरी जयंती के पावन अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा कबीरधाम जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजित जयंती समारोहों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने माता शाकम्बरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।


    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ग्राम बेनदरची, मजगांव, सहसपुर लोहारा, लालपुर एवं मोहरा में पटेल समाज द्वारा आयोजित माता शाकम्बरी जयंती समारोहों में सहभागिता करते हुए समाजजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पर्व-परंपरा छेरछेरा की भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता, दान और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करता है।


    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम मजगांव में भोयरा मरार पटेल समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।


    अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि माता शाकम्बरी अन्न, प्रकृति और करुणा की प्रतीक हैं। उनका जीवन और संदेश समाज को आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण की दिशा में प्रेरित करता है। माता शाकम्बरी की उपासना हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।


    बेनदरची में उन्होंने पटेल समाज के सदस्यों से संवाद करते हुए क्षेत्र में सड़क, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन, शेड एवं स्टेडियम जैसे विकास कार्यों की जानकारी ली तथा मुख्य मार्ग निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों से चर्चा की।


    ग्राम मजगांव में उन्होंने कहा कि पटेल समाज सदैव परिश्रमी और आत्मनिर्भर रहा है। शाकम्बरी माता की कृपा से यह समाज धन-धान्य से सम्पन्न रहा है और सामूहिकता के साथ कार्य करने की परंपरा को सशक्त करता आया है।


    सहसपुर लोहारा में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पटेल समाज स्वाभिमान और उद्यमशीलता का प्रतीक है। उन्होंने माता शाकम्बरी से प्रार्थना की कि सभी के घर धन-धान्य से परिपूर्ण हों, खेत लहलहाएं और समाज स्वस्थ व समृद्ध रहे।
    इस अवसर पर जिला भोयरा मरार पटेल समाज के अध्यक्ष श्री शंकर पटेल, श्री संतोष पटेल, श्री परदेशी पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री लोकचंद साहू, श्री विजय पटेल, बोड़ला जनपद अध्यक्ष श्री राम किंकर वर्मा, उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, लोहारा अध्यक्ष श्री संतोष मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राम कुमार भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • जिला साहू संघ कबीरधाम ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर जताई कड़ी आपत्ति

    जिला साहू संघ कबीरधाम ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर जताई कड़ी आपत्ति


    कवर्धा। जिला साहू संघ कबीरधाम (छत्तीसगढ़) ने समाज की प्रतिष्ठा और सम्मान से जुड़े विषय पर कड़ा रुख अपनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा साहू समाज के गौरव एवं छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के संबंध में दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम को औपचारिक ज्ञापन सौंपा।

    जिला साहू संघ ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों द्वारा की गई इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी न केवल एक व्यक्ति विशेष, बल्कि पूरे साहू समाज की सामाजिक अस्मिता और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। संघ ने इस बयान को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय एवं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला बताया।

    जिला साहू संघ के अध्यक्ष श्री धरमराज साहू ने कहा कि साहू समाज सदैव शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखता है, किंतु समाज के स्वाभिमान पर आघात किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि समाज की सर्वसम्मत मांग है कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अपने बयान को 10 दिवस के भीतर सार्वजनिक रूप से वापस लें तथा समाज से स्पष्ट शब्दों में क्षमा याचना करें।

    संघ ने जिला प्रशासन से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्यवाही करने की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि निर्धारित समय-सीमा में समाज की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो साहू समाज लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी।

    जिला साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री मनीराम साहू, जिला उपाध्यक्ष श्री कौशल साहू, संगठन सचिव श्री लोकचंद साहू, पूर्व महामंत्री श्री धर्मराज साहू, तहसील अध्यक्ष श्री श्रवण साहू, युवा अध्यक्ष श्री खिलेश्वर साहू, मीडिया प्रभारी श्री दिलीप साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से नववर्ष पर छत्तीसगढ़ को मिली 2225 करोड़ की ग्रामीण सड़कों की सौगात

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से नववर्ष पर छत्तीसगढ़ को मिली 2225 करोड़ की ग्रामीण सड़कों की सौगात

    कवर्धा। नववर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य को ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय-IV) के चतुर्थ चरण अंतर्गत राज्य में 2225 करोड़ रुपये की लागत से 774 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

    इस योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में कुल 2427 किलोमीटर लंबाई की 774 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे प्रदेश की 781 ग्रामीण बसाहटें बारहमासी सड़क सुविधा से जुड़ेंगी। इससे अब तक सड़क संपर्क से वंचित दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार एवं रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय विस्तार होगा।

    पीएमजीएसवाय-IV के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना 2011 के आधार पर पात्र बसाहटों का प्राथमिकता क्रम में चयन किया गया है। विशेष रूप से धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आने वाले अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों को प्राथमिकता दी गई है। राज्य के सभी जिलों से प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार को भेजे गए थे, जिन्हें ग्रामीण विकास मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।

    योजना के अंतर्गत प्रदेश के 24 जिलों में कुल 774 सड़कों को स्वीकृति मिली है। इनमें सर्वाधिक 87 सड़कें बस्तर जिले में बनाई जाएंगी। इसके अलावा कोरिया में 84, जशपुर में 77, सूरजपुर में 76, बलरामपुर में 58, कोरबा में 55, कवर्धा में 48, महासमुंद एवं बीजापुर में 44-44, कांकेर में 41, कोण्डागांव में 34, बिलासपुर में 27, सरगुजा में 26, सुकमा में 16, रायगढ़ में 14, दंतेवाड़ा में 12, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 09, गरियाबंद में 07, बालोद एवं मुंगेली में 06-06, राजनांदगांव में 05 तथा बेमेतरा एवं धमतरी में 02-02 सड़कों को स्वीकृति दी गई है।

    इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी, विद्यार्थियों की विद्यालयों तक पहुंच आसान होगी और ग्रामीण जनता को स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।

    उल्लेखनीय है कि पीएमजीएसवाय के पूर्व चरणों में अब तक प्रदेश में 40 हजार किलोमीटर से अधिक लंबाई की 8316 सड़कों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बीते दो वर्षों में लगभग 600 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर 138 विशेष पिछड़ी जनजातीय बसाहटों को जोड़ा गया है।

    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चतुर्थ चरण के माध्यम से राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर बसे गांवों को मुख्यधारा से जोड़ना है। सड़कों को विकास की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि इनके निर्माण से गांवों में समृद्धि, आत्मनिर्भरता और विकास को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

  • कवर्धा: सख्त पुलिसिंग का असर, वर्ष 2025 में कबीरधाम नक्सल-मुक्त, अपराधों में ऐतिहासिक गिरावट, कानून व्यवस्था रही सुदृढ़

    कवर्धा: सख्त पुलिसिंग का असर, वर्ष 2025 में कबीरधाम नक्सल-मुक्त, अपराधों में ऐतिहासिक गिरावट, कानून व्यवस्था रही सुदृढ़


    कवर्धा। वर्ष 2025 में कबीरधाम पुलिस ने सख्त पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण और मजबूत कानून व्यवस्था के जरिए जिले में शांति एवं सुरक्षा का नया मानक स्थापित किया। सतत गश्त, क्षेत्रवार निगरानी, त्वरित कार्रवाई और खुफिया सूचनाओं पर आधारित रणनीति के परिणामस्वरूप जिले के समग्र अपराधों में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि पूरे वर्ष कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।


    नक्सल उन्मूलन की दिशा में कबीरधाम पुलिस को ऐतिहासिक सफलता मिली। वर्ष 2025 में 4 इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की। संगठित कार्रवाई और निरंतर दबाव के चलते बोड़ला, भोरमदेव एरिया कमेटी तथा कान्हा–भोरमदेव डिवीजन को समाप्त किया गया, जिसके आधार पर जिले को नक्सल-मुक्त घोषित कर लेगेसी जिला की श्रेणी में शामिल किया गया।


    महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महिला थाना का उद्घाटन किया गया, जिससे महिलाओं से जुड़े अपराधों की त्वरित रिपोर्टिंग, संवेदनशील विवेचना और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हुई।


    त्योहारों एवं बड़े आयोजनों—नवरात्रि (खप्पर यात्रा), जन्माष्टमी, गणेश पर्व, दशहरा, दीपावली, होली, ईद तथा पं. प्रदीप मिश्रा जी के विशाल धार्मिक कार्यक्रम—का संचालन अतिरिक्त बल, प्रभावी भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के साथ पूर्णतः शांतिपूर्ण रहा।
    पुराने जघन्य अपराधों (डॉक्टर दंपत्ति हत्या, नाबालिग बालिका हत्या सहित) तथा वर्ष 2025 में घटित गंभीर मामलों में त्वरित और वैज्ञानिक विवेचना से सफल निराकरण किया गया।


    अपराध आंकड़ों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई—डकैती में 100%, लूट 94%, चोरी 43%, नकबजनी 66%, हत्या के प्रयास 57% सहित कई श्रेणियों में कमी। एनडीपीएस और आबकारी मामलों में भी बड़ी जब्ती व नष्टीकरण हुआ।


    सड़क सुरक्षा के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक उपाय, दृश्यता बढ़ाने के कार्य और आवारा पशुओं से दुर्घटना रोकथाम की प्रभावी पहल की गई।


    इन समेकित प्रयासों से कबीरधाम में नागरिकों का पुलिस पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है—जो पुलिस की पेशेवर क्षमता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।

  • भोरमदेव काॅरिडोर विकास परियोजना का केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया भूमिपूजन, बोड़ला से भोरमदेव तक सड़क उन्नयन हेतु मुख्यमंत्री ने की घोषणा

    भोरमदेव काॅरिडोर विकास परियोजना का केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया भूमिपूजन, बोड़ला से भोरमदेव तक सड़क उन्नयन हेतु मुख्यमंत्री ने की घोषणा

    कवर्धा। केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत के विकास का ग्रोथ इंजन छत्तीसगढ़ बनता जा रहा है छत्तीसगढ़ इस संकल्प के साथ में हम सब लोग काम करेंगे ऐसा भरोसा और विश्वास आप सबको दिलाते हुए आप सबको बहुत सारी बधाई देता हूं।

    उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सतत आगे बढ़े और छत्तीसगढ़ का पर्यटन विकसित हो छत्तीसगढ़ की संस्कृति सुरक्षित और संरक्षित हो जिससे छत्तीसगढ़ की एक अलग पहचान बने। स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन सम्पन्न किया गया। स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत भोरमदेव मंदिर परिसर से मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुआ एवं सरोदा जलाशय तक एक सुव्यवस्थित एवं समग्र पर्यटन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस काॅरिडोर के निर्माण होने से जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पुरातात्विक स्थलों को एक सशक्त पर्यटन श्रृंखला में जोड़ते हुए भोरमदेव को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी। उज्जैन और वाराणसी की तर्ज पर भोरमदेव कॉरिडोर का विकास किया जाएगा।

    छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने नववर्ष के अवसर पर कबीरधाम जिले को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के आग्रह पर भोरमदेव से बोड़ला तक सड़क चैड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य की भी घोषणा की।

    केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भोरमदेव महोत्सव स्थल पर काॅरिडोर के भूमिपूजन के बाद सभा को संबोधित करते हुए कबीरधाम जिले सहित पूरे प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को धरातल पर उतारते हुए विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में सबसे बड़ी बाधा थी, जिसे समाप्त करने का बीड़ा राज्य सरकार ने उठाया है और आज प्रदेश नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के नागरिकों में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि भारत को कमजोर करने वाली किसी भी ताकत या षड्यंत्र को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के विरुद्ध लिए गए कठोर निर्णयों ने देश की सुरक्षा नीति को नई मजबूती प्रदान की है।

    केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है। सड़कों, पुल-पुलियों एवं अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, पेयजल, बिजली, डीबीटी के माध्यम से राशि का अंतरण और रोजगार जैसी सुविधाएं गरीबों के घर-घर तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में सकारात्मक बदलाव करते हुए अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार प्रदान किया जा रहा है। साथ ही रोजगार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में हर्जाने की गारंटी भी इस योजना में शामिल की गई है। उन्होंने इसे ‘मोदी की गारंटी’ बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि भोरमदेव मंदिर लगभग एक हजार वर्ष पुरानी ऐतिहासिक धरोहर है और इस कॉरिडोर निर्माण के माध्यम से आने वाले हजार वर्षों तक इसे संरक्षित रखने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों से आग्रह किया कि 146 करोड़ रुपये की इस परियोजना में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए, क्योंकि यह कार्य धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है।

    कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि एक हजार साल पुराने बाबा भोरमदेव के मंदिर विकास हेतु आज भूमिपूजन हुआ है जो बहुत ही हर्ष की बात है। सावन के महीने में यहां हजारों की संख्या श्रद्धालु कावड़िये अमरकंटक से माता नर्मदा का जल लेकर बाबा भोरमदेव का जलाभिषेक करते हैं जिनका स्वागत करने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ मैं भी आया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शासन ने हर वर्ग के विकास के लिए निरन्तर कार्य किया जा रहा है। कवर्धा के जंगलों में वास करने वाले राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहलाने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के बैगा जैसे प्रदेश की पिछड़ी जनजातियों के लिए शासन द्वारा पीएम जनमन योजना प्रारम्भ की गई है, जिससे अब गांव-गांव तक पक्की सड़कें, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे अनेक योजनाओं का लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है। वहीं उनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रारम्भ किए गए हैं, जिनमें एंबुलेंस के साथ में डॉक्टर एवं नर्स सहित पूरा तकनीकी स्टाफ भी उपलब्ध रहेगा जो घर घर जाकर लोगों का उपचार करेगा। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वादे किए थे जिन्हें पूरा करने का कार्य शासन द्वारा किया जा रहा है। मोदी की गारंटी को काम पूरा होने की गारंटी बताते हुए उन्होंने कहा हमारी सरकार बनते ही 18 लाख आवास से वंचित लोगों को आवास का अधिकार दिलाया, 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपए पहुंच रहे है इसी तरह छत्तीसगढ़ के हजारों लोगों में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का भी लाभ लिया है।उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा लगातार क्षेत्र का दौरा कर यहां के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। चैत्र माह के तेरहवीं तिथि को भोरमदेव महोत्सव का आयोजन किया जाता है। पिछले वर्ष जब स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने के लिए हमने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से निवेदन किया था और भोरमदेव महोत्सव के दिन ही हमें भोरमदेव काॅरिडोर की स्वीकृति प्राप्त हुई थी और आज भूमिपूजन भी सम्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भोरमदेव की तरह ही आस्था का केंद्र माने जाने वाले पंचमुखी श्री बुढ़ा महादेव मंदिर का भी अब विकास किया जा रहा है, जिसके लिए विगत दिनों जब आयोजन किया गया तो लोगों ने अपनी पूरी भक्ति भाव से मंदिर के विकास के लिए दिल खोलकर दान किया और एक ही दिन में 75 लाख रुपए कार्यक्रम समाप्ति के पूर्व ही संग्रहित हो गए थे। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

    कार्यक्रम में केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेषर पटेल, राज्य कृषक कल्याण परिषद् के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डाॅ. सियाराम साहू, श्री मोतीराम चंद्रवंशी, श्री अशोक साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला पंचायात उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, बोड़ला जनपद अध्यक्ष श्रीमती बालका रामकिंकर वर्मा, उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामकुमार भट्ट, श्री संतोष पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गंगाबाई लोकचंद साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रघुराज सिंह, श्री विदेशी राम धुर्वे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनिल ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, श्री मीलूराम साहू, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विजय पाटिल सहित जनप्रतिनिधिगण और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

  • कांवड़ियों  को बड़ी सौगात: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में कांवड़िया विश्राम गृह निर्माण का किया भूमिपूजन, 1.54 करोड़ की लागत से होगा तैयार

    कांवड़ियों  को बड़ी सौगात: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में कांवड़िया विश्राम गृह निर्माण का किया भूमिपूजन, 1.54 करोड़ की लागत से होगा तैयार

    कवर्धा । पवित्र सावन माह में अमरकंटक से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर दुर्गम एवं कठिन रास्तों से पदयात्रा करते हुए कवर्धा स्थित भगवान बूढ़ा महादेव में जलाभिषेक करने आने वाले हजारों श्रद्धालु कांवड़ियों के लिए आज एक ऐतिहासिक सौगात मिली। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कांवड़ियों की सुविधा और विश्राम के लिए 1 करोड़ 54 लाख 72 हजार रुपये की लागत से बनने वाले श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर कांवड़िया विश्राम गृह (डोम) के निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया।

    भूमिपूजन कार्यक्रम से पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भगवान बूढ़ा महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवर पर सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पूर्व संसदीय सचिव डाॅ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक श्री योगेश्वर राज सिंह, श्री अशोक साहू, जिला पंचायत सभापति डाॅ. बीरेन्द्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल, जनपद उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, श्रीमती विजयलक्ष्मी तिवारी, श्रीमती सतविंदर पाहुजा सहित समस्त पार्षद, जनप्रतिनिधि, श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव सेवा समिति के सदस्य उपस्थित थे।


    उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बूढ़ा महादेव न केवल कवर्धा बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। यह स्थल सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र रहा है। प्रत्येक वर्ष पवित्र सावन माह में बड़ी संख्या में कांवड़िये अमरकंटक से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर कठिन एवं दुर्गम मार्गों से पैदल यात्रा करते हुए भगवान बूढ़ा महादेव में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। कांवड़ियों की इस कठिन तपस्या, अटूट आस्था एवं श्रद्धा को दृष्टिगत रखते हुए उनके विश्राम एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में कांवड़िया विश्राम गृह (डोम) का निर्माण किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आरामदायक रूप से ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश के अमरकंटक क्षेत्र में भी कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए शीघ्र ही भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छत्तीसगढ़ सहित कवर्धा एवं अन्य जिलों से अमरकंटक जाने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को वहां ठहरने की बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि भोरमदेव क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। यह कॉरिडोर उज्जैन एवं बनारस की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे भोरमदेव मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होने के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिलेवासियों के लिए गर्व का विषय है, जो कवर्धा को धार्मिक एवं पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।


    सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सभी श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में कांवड़िया विश्राम गृह (डोम) निर्माण कार्य के शुभारंभ के साक्षी बन रहे हैं, जो कवर्धा सहित पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि कवर्धा की ख्याति आज पूरे देश में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से स्थापित हो चुकी है। श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर को श्रद्धालुओं द्वारा “छोटा काशी” के रूप में जाना जाता है। सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा के जो भी लोग जीवन में ऊँचे मुकाम तक पहुंचे हैं, उनके जीवन में श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव का आशीर्वाद सदैव रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में 24 घंटे चलने वाला राम नाम संकीर्तन भगवान की विशेष कृपा और आशीर्वाद का प्रतीक है, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहता है। उन्होंने कहा कि जब भगवान के कार्य की बारी आती है, तब कवर्धावासी एकजुट होकर तन, मन और धन से सहयोग करते हैं।


    पूर्व विधायक श्री योगेश्वर राज सिंह ने कहा कि आज भगवान बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में कांवड़िया विश्राम गृह (डोम) निर्माण कार्य का शुभारंभ अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने भगवान पंचमुखी श्री बूढ़ा महादेव की विशेष महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्य शिवालयों में सामान्यतः एक ही शिवलिंग की पूजा-अर्चना का विधान है, जबकि भगवान पंचमुखी श्री बूढ़ा महादेव मंदिर में एक साथ 25 शिवलिंगों के दर्शन एवं पूजा का पुण्य लाभ प्राप्त होता है।


    नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि आज का दिन कवर्धा नगर एवं समस्त श्रद्धालु कांवड़ियों के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। पवित्र सावन माह में मां नर्मदा का जल लेकर भगवान बूढ़ा महादेव में जलाभिषेक करने आने वाले कांवड़ियों के लिए कांवड़िया विश्राम गृह (डोम) एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि यह वह सुविधा है, जिसका कांवड़ियों को वर्षों से इंतजार था। डोम की व्यवस्था नहीं होने के कारण पूर्व में कांवड़ियों को ठहरने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कांवड़ियों की इस समस्या को गंभीरता से समझते हुए उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने उनकी सुविधा के लिए पहल की और उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज 1 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भव्य कांवड़िया डोम के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह डोम न केवल कांवड़ियों के लिए सुविधा का केंद्र बनेगा, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा एवं आस्था का प्रतीक भी होगा।

    *सावन माह में कावंडियों को मिलेगी सुविधा*

    नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भवन सावन माह के दौरान एक माह तक विशेष रूप से कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ठहरने की सुविधा मिलेगी। इसके पश्चात शेष 11 माह यह भवन नगरवासियों के लिए विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे नगर की सामुदायिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा। श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के नेतृत्व और प्रयासों से कवर्धा नगर पालिका निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। नगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक स्थलों के विकास और नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।