रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विकासखंड कांसाबेल के ग्राम ढूढरूडांड में आयोजित अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज विकास समिति के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के उत्थान हेतु समर्पित भाव से कार्य कर रहे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए उनके योगदान को सराहा। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती गोमती साय, पूर्व सांसद श्री नन्द कुमार साय, पूर्व संसदीय सचिव श्री भरत साय, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंद बिहारी सिंह, कलेक्टर श्री रोहित व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं। वरिष्ठजनों एवं समाजसेवियों से युवाओं को प्रेरणा मिलती है, जिससे वे एक अच्छे नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा में अग्रसर होते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी को तेजी से लागू कर रही है। सरकार के गठन के साथ ही पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए। किसानों के हित में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक 70 लाख महिलाओं को 22वीं किस्त प्रदान की जा चुकी है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रति मानक बोरा 5500 रुपये का भुगतान किया जा रहा है तथा चरण पादुका का वितरण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सभी के लिए अत्यंत आवश्यक है और छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय महत्व के आईआईटी, एम्स, आईआईआईटी, लॉ यूनिवर्सिटी सहित 15 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं। युवाओं को इन संस्थानों का अधिकतम लाभ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि नई उद्योग नीति के तहत राज्य को 7.83 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इस नीति में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि यह वर्ग भी व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ सके। जिले में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु मेडिकल कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी केंद्र, शासकीय नर्सिंग कॉलेज तथा शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद तेजी से समाप्ति की ओर है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से नक्सल प्रभावित एवं दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। खेलों के क्षेत्र में सन्ना में तीरंदाजी अकादमी का निर्माण करने सहित खेल मैदानों का भी विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर छत्तीसगढ़ को मिला है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं सुसंस्कृत नागरिक बनाने पर भी जोर देना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि समाज को सभी क्षेत्रों में मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को समर्पण भाव से कार्य करना होगा। यदि समाज के बुजुर्ग एवं जागरूक नागरिक संकल्प लें, तो समाज के साथ-साथ देश भी तेजी से प्रगति करेगा। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कंवर समाज के महासचिव श्री अशोक पैंकरा, अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज उत्तरी क्षेत्र-ढूढरूडांड के अध्यक्ष श्री विष्णु प्रसाद साय, सचिव श्री राजेश पैंकरा, कोषाध्यक्ष श्री गुलसागर साय सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
Blog
-

सामाजिक आयोजनों से मजबूत होता है आपसी जुड़ाव और युवाओं को मिलती है प्रेरणा: कंवर समाज के सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
-

भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का 01 जनवरी को होने जा रहा भव्य भूमिपूजन, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
कवर्धा। 01 जनवरी को छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई दिशा देने वाले भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन होने जा रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस परियोजना का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के करकमलों से संपन्न होगा। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भोरमदेव मंदिर परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मुख्य मंच व बैठक व्यवस्था, जनसमुदाय के बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, पेयजल सहित आयोजन से संबंधित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, सभापति डॉ वीरेंद्र साहू, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, एएसपी श्री पुष्पेंद्र सिंह बघेल, एडीएम श्री विनय पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
भोरमदेव मंदिर परिसर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत सड़क, पार्किंग, व्यू प्वाइंट, पर्यटक सुविधा केंद्र, सौंदर्यीकरण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए। भोरमदेव कॉरिडोर इसी सोच का परिणाम है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करेगा। भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन न केवल नए साल की शुरुआत को खास बनाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा। यह परियोजना राज्य के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
-

सनातन विरोधी बयान के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन, भूपेश बघेल व टीएस सिंहदेव का पुतला दहन
अंकिता शर्मा कवर्धा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा सनातन धर्म के धर्मगुरु पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर दिए गए बयानों के विरोध में रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा जिला मुख्यालय कवर्धा के सिग्नल चौक में पुतला दहन किया गया। यह प्रदर्शन भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के निर्देशन तथा जिला भाजयुमो अध्यक्ष मनीराम साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
पुतला दहन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयानों को सनातन धर्म विरोधी बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि सनातन धर्म ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के साथ संपूर्ण मानवता के कल्याण की कामना करता है। ऐसे महान धर्म के विरुद्ध दिए गए बयान सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाले हैं, जिन्हें कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला भाजयुमो अध्यक्ष मनीराम साहू ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं टीएस सिंहदेव सहित कई कांग्रेस नेताओं द्वारा लगातार सनातन धर्म और संत-समाज के विरोध में बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध यह दर्शाता है कि कांग्रेस नेताओं को किसी एजेंडे के तहत यह बयानबाजी कराई जा रही है। मनीराम साहू ने रामसेतु, भगवान राम और राम मंदिर से जुड़े पुराने विवादों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर सनातन परंपराओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष पीयूष ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति में सनातन संस्कृति और साधु-संतों के प्रति सम्मान का अभाव रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों को अत्यंत आपत्तिजनक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
पुतला दहन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला भाजयुमो अध्यक्ष मनीराम साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष पीयूष ठाकुर, जिला महामंत्री सचिन गुप्ता, तुकेश चंद्रवंशी, अजय ठाकुर, मिथलेश बंजारे, नीतिश चंद्रवंशी, सौरभ सिंह, अरविंद वर्मा, रामचरण साहू, मीनू साहू, दुर्गेश दुबे, अश्वन साहू, अमित चंद्रवंशी, दीपक ठाकुर, राकेश साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष महेंद्र घृतलहरे, लोकचंद साहू, सुनील दोषी, उमंग पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
-

हनुमंत कथा के चौथे दिवस उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल, पं. धीरेंद्र शास्त्री से लिया आशीर्वाद
रायपुर । जयंती स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिवस रविवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथा में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने व्यासपीठ की आरती में भाग लेकर पं. धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पाण्डेय तथा पूर्व सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कथा स्थल पर संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती की ओर से तथा राज्य सरकार की ओर से वे पं. धीरेंद्र शास्त्री महाराज के चरणों में नमन और अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराज के छत्तीसगढ़ आगमन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सार्थक संवाद का वातावरण बनता है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पं. धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों में समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव मिटाने के सतत प्रयासों को प्रत्यक्ष रूप से देखा है। उन्होंने कहा कि महाराज समाज में समरसता, एकता और राष्ट्र को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सनातन संस्कृति की प्रतिष्ठा, जन-जागरूकता और सामाजिक चेतना के लिए पं. धीरेंद्र शास्त्री के प्रयास सराहनीय हैं। प्रदेश के लाखों श्रद्धालुओं की भावना है कि महाराज का छत्तीसगढ़ में बार-बार आगमन हो और उन्हें उनका मार्गदर्शन मिलता रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने नक्सलवाद के विषय पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के समापन के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में पं. धीरेंद्र शास्त्री की चिंता और मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में पुनः महाराज के छत्तीसगढ़ आगमन की कामना की।
-

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान के विरोध में हिंदू सनातन मंच का प्रदर्शन, न्यायालय परिसर के सामने किया गया पुतला दहन
कवर्धा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कथावाचक एवं संत धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए बयान को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में प्रतिक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को हिंदू सनातन मंच द्वारा कवर्धा स्थित न्यायालय परिसर के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन किया गया।
हिंदू सनातन मंच के सदस्यों ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने अपने बयान में संत धीरेंद्र शास्त्री की कार्यप्रणाली, आयोजनों और गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए उन्हें राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने का प्रयास किया, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि एक संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी न केवल अनुचित है, बल्कि इससे समाज में वैमनस्य फैलने की भी आशंका उत्पन्न होती है।
प्रदर्शन के दौरान मंच के सदस्य पोखराज सिंह परिहार, आदित्य झा, रवि सिंह राजपूत, तुलेश्वर शर्मा, नितिन पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो लोग हिंदू एकता और सनातन संस्कृति की बात करते हैं, वे आज कुछ राजनीतिक नेताओं को असहज कर रहे हैं। धार्मिक विषयों को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखने और सार्वजनिक मंचों से संतों पर टिप्पणी करना निंदनीय है।
हिंदू सनातन मंच ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की भूमि संत-महात्माओं की परंपरा से समृद्ध रही है और ऐसे में किसी भी धार्मिक व्यक्तित्व पर बिना ठोस तथ्यों के बयान देना समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। मंच ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अपने बयान पर संयम बरतने और सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा के प्रयोग की अपील की।
मंच ने स्पष्ट किया कि हिंदू समाज अपने धार्मिक विश्वासों, संत परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान की रक्षा के लिए संगठित और सजग है तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराता रहेगा।
-

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिव्य श्री हनुमंत कथा समारोह में हुए शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जयंती स्टेडियम मैदान भिलाई में आयोजित 5 दिवसीय दिव्य श्री हनुमंत कथा समारोह में आज सपत्निक सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम सभी के लिए बड़े सौभाग्य की बात है। पंडित श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज जी का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ को हमेशा मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभु श्रीराम ने अपने वनवासकाल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताए है। छत्तीसगढ़ माता शबरी का भी यह जगह है। इस दौरान उन्होंने भक्त माता ने जूठे भोजन को खिलाई थी।
मुख्यमंत्री ने श्रीराम लला अयोध्या धाम योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 38 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन करा चुके हैं और लगातार भक्तों को दर्शन करा रहे हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा दर्शन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि विगत 5 वर्षों से बंद यह योजना पुनः प्रारम्भ की गई। अभी तक 5000 बुजुर्ग लाभान्वित हो चुके है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के वृद्ध श्रद्धालुओं को देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू कर एक हजार रूपए प्रतिमाह दिया जा रहा है। इस योजना से लगभग 70 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि सारंगढ जिले के ग्राम दानसरा की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि का चंदा करके प्रभु श्री राम मंदिर का निर्माण कर रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी ने अखंड भारत की जो कल्पना की है, वह एक दिन जरूर पूरा होगा। देश-दुनिया में जागृति का यह समय आ चुका है और आप सब जिस भाव के साथ शामिल हुए हैं, उससे ऐसा लगता है कि भारत को विश्व गुरू बनाने का समय आ चुका है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सपत्निक आरती में शामिल हुए और उन्होंने प्रदेश की सुख- समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन 25 दिसम्बर से 29 दिसम्बर 2025 तक सेवा समर्पण समिति द्वारा किया जा रहा है।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग अन्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, विधायक श्री ललित चंद्राकर, छत्तीसगढ़ खादी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पाण्डेय, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पाण्डे, पूर्व विधायक श्री लाभचंद बाफना, श्री अरूण वोरा एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
-

वनांचल क्षेत्र बोड़ला की बेटियाँ देश का नाम रोशन कर रही हैं – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
अंकिता शर्मा कवर्धा। नगर पंचायत बोड़ला में आयोजित चार दिवसीय मुस्कान हॉकी कप राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्यभर से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बोड़ला की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ममतेश्वरी लहरे, राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिशा साहू, कोच श्री चौहान सहित अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने समर्पण, कड़ी मेहनत और लगन से जिले, प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
बेटियों की उपलब्धियाँ पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला की बेटियाँ हॉकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो कबीरधाम जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बोड़ला को हॉकी के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत बोड़ला में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जा चुका है और खिलाड़ियों व नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, ताकि आवश्यक अतिरिक्त सुविधाओं का विकास कर बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधाएं विकसित की गई हैं तथा शीघ्र ही बोड़ला के विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
खेल प्रतिभाओं की पहचान बन रहा वनांचल बोड़ला
उल्लेखनीय है कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला हॉकी सहित अन्य खेलों की उभरती प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है। यहां के सैकड़ों खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जिनमें से कई का चयन भारतीय टीम तक हो चुका है। मुस्कान हॉकी कप जैसी प्रतियोगिताओं से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और लक्ष्यबद्धता का संचार हुआ है।
-

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में भोरमदेव शक्कर कारखाना ने किया 24.85 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान
अंकिता शर्मा कवर्धा । उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश और मार्गदर्शन में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत गन्ना किसानों को अब तक कुल 24.85 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। भुगतान की यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई है।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के सतत मार्गदर्शन में कारखाना प्रबंधन द्वारा किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। कारखाने द्वारा भारत सरकार द्वारा निर्धारित एफ.आर.पी. दर 329.05 रुपये प्रति क्विंटल के अनुसार गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। समय पर भुगतान से क्षेत्र के गन्ना किसानों में हर्ष और संतोष का माहौल है।
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, कवर्धा के प्रबंध संचालक श्री जी.एस. शर्मा ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र 2025-26 में अब तक 1,05,975 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 1,09,565 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया जा चुका है। यह उपलब्धि गन्ना उत्पादक किसानों के सहयोग और कारखाना प्रबंधन के कुशल संचालन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य शासन की गन्ना नीति के अनुरूप समय पर भुगतान कर किसानों की आर्थिक स्थिरता को मजबूती प्रदान की जा रही है।
गन्ना उत्पादक किसानों से अपील
कारखाना प्रबंधन ने गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे कारखाने में परिपक्व, साफ-सुथरा, बिना अगवा और बिना जड़ वाला गन्ना आपूर्ति करें। इससे शक्कर रिकवरी प्रतिशत में वृद्धि होगी, जिसका सीधा लाभ किसानों को प्राप्त होगा।
-

लोहारा मंडल KPL का खिताब सारी पंचायत ने जीता, विचारपुर रहा उपविजेता
कवर्धा। लोहारा मंडल KPL ग्राम पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन लोहारा मंडल अंतर्गत दो मिनी स्टेडियम—सुरुजपुरा (ज) एवं बड़ौदा—में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की पंचायतों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुरुजपुरा मिनी स्टेडियम में कुल 16 पंचायत टीमों ने हिस्सा लिया, जहां सुरुजपुरा एवं विचारपुर की टीमें शीर्ष पर रहीं। वहीं बड़ौदा मिनी स्टेडियम में आयोजित मुकाबलों में 21 टीमों ने भाग लिया, जिसमें सारी और छोटूपारा की टीमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ीं।
बड़ौदा मिनी स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल में सारी ने सुरुजपुरा को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।दूसरे सेमीफाइनल में विचारपुर ने छोटूपारा को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके पश्चात खेले गए फाइनल मुकाबले में सारी पंचायत की टीम ने विचारपुर को हराकर KPL खिताब अपने नाम किया, जबकि विचारपुर की टीम उपविजेता रही।
पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल अध्यक्ष लालाराम साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष मिश्रा सहित हेमंत ठाकुर, हेमंत साहू, रवि राजपूत, सोहन शिवोपासक, कृतिदास वैष्णव, फिरत पटेल, रेखचंद पटेल, सुशील निर्मलकर, शिवचरण पटेल, सरपंच इंदरमन पटेल, राम पटेल, लक्ष्मीकांत वर्मा, योगेश साहू, कीर्तन पटेल, पुरुषोत्तम साहू, नरेश निर्मलकर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विजेता टीम सारी को ₹11,000 एवं उपविजेता टीम विचारपुर को ₹7,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में बेस्ट बैट्समैन का खिताब ओमन मांडवी (सारी) को तथा बेस्ट बॉलर का पुरस्कार राकेश नेताम (विचारपुर) को दिया गया। -

अटल जी की जयंती पर छाया चित्र प्रदर्शनी का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ
रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में उनके जीवन और कृतित्व पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अटल जी के विचारों, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने सिद्धांतों, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान की। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह छाया चित्र प्रदर्शनी न केवल अटल जी के राजनीतिक जीवन को दर्शाती है, बल्कि उनके मानवीय दृष्टिकोण, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा भावना को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है।
प्रदर्शनी में अटल जी के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों, विकासोन्मुखी निर्णयों, कूटनीतिक उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी पहलों को चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। आगंतुकों ने प्रदर्शनी को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए इसकी सराहना की।