Blog

  • भाजपा ने अटल जयंती पर कवर्धा में चलाया स्वच्छता अभियान, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में दीपों से सजा अटल परिसर

    भाजपा ने अटल जयंती पर कवर्धा में चलाया स्वच्छता अभियान, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में दीपों से सजा अटल परिसर

    कवर्धा। भारतरत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के अवसर पर 24 दिसंबर, बुधवार को कवर्धा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान एवं भाजपा जिला अध्यक्ष माननीय श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी जी के निर्देशानुसार तथा शहर मंडल अध्यक्ष श्रीमती सतविंदर पाहुजा जी के नेतृत्व में यह आयोजन संपन्न हुआ।
    सुबह अटल परिसर (रेवाबंद तालाब के पास) में स्वच्छता कार्यक्रम के तहत परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात शाम को अटल जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर परिसर को दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर श्रद्धा और प्रकाश से जगमगा उठा।


    इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी गौ सेवा आयोग के प्रदेशाध्यक्ष माननीय श्री बिशेसर पटेल जी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक साहू जी, जिला अध्यक्ष भैय्या श्री राजेन्द्र चन्द्रवंशी जी, नपाध्यक्ष भैय्या श्री चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी जी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष दीदी विजयलक्ष्मी तिवारी जी, नगर के समस्त पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता बंधु-भगिनी की गरिमामय सहभागिता रही।


    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान, उनके विचारों और जनसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

  • औपनिवेशिक परंपरा से मुक्ति की दिशा में बड़ा कदम, सामान्य दौरों में सलामी गार्ड खत्म: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

    औपनिवेशिक परंपरा से मुक्ति की दिशा में बड़ा कदम, सामान्य दौरों में सलामी गार्ड खत्म: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

    कवर्धा । छत्तीसगढ़ राज्य में प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मंत्रियों एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सामान्य दौरों, निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी गार्ड) की औपनिवेशिक परंपरा को समाप्त कर दिया गया है। गृह विभाग द्वारा इस संबंध में नियमों में संशोधन का आदेश जारी कर दिया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।


    यह महत्वपूर्ण निर्णय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा की विशेष पहल पर लिया गया है। उन्होंने औपनिवेशिक काल से चली आ रही इस परंपरा की समीक्षा के निर्देश दिए थे, जिसके बाद गृह विभाग ने पुलिस बल को अनावश्यक औपचारिकताओं से मुक्त करते हुए उनकी कार्यक्षमता को मूल कर्तव्यों — कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं जनसेवा — में लगाने हेतु यह संशोधन किया है।
    जारी आदेश के अनुसार अब राज्य के भीतर सामान्य दौरों, जिला भ्रमण, आगमन-प्रस्थान एवं निरीक्षण के दौरान गृहमंत्री, अन्य सभी मंत्रीगण, पुलिस महानिदेशक तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सलामी गार्ड नहीं दिया जाएगा। इस निर्णय से पुलिस बल का समय और ऊर्जा व्यर्थ औपचारिकताओं में न लगकर जनहित कार्यों में प्रभावी रूप से उपयोग हो सकेगा।


    हालांकि, यह व्यवस्था राष्ट्रीय एवं राजकीय आयोजनों पर लागू नहीं होगी। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), शहीद पुलिस स्मृति दिवस (21 अक्टूबर), राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर), राजकीय समारोहों तथा पुलिस दीक्षांत परेड जैसे अवसरों पर सलामी गार्ड की परंपरा पूर्ववत जारी रहेगी।
    साथ ही आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संवैधानिक पदों पर आसीन महानुभावों एवं विशिष्ट अतिथियों के लिए प्रोटोकॉल के तहत सलामी गार्ड की व्यवस्था यथावत बनी रहेगी।

  • छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगी मेडिकल कैशलेस योजना, मंत्रियों ने दिया आश्वासन

    छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगी मेडिकल कैशलेस योजना, मंत्रियों ने दिया आश्वासन

    रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल कैशलेस कर्मचारी कल्याण संघ के संस्थापक सदस्यों ने मेडिकल कैशलेस योजना को शीघ्र लागू किए जाने की मांग को लेकर राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर कार्यक्रम हेतु आमंत्रण दिया। इस दौरान मंत्रियों द्वारा कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए जल्द मेडिकल कैशलेस सुविधा लागू किए जाने का आश्वासन दिया गया।


    संघ के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष उषा चंद्राकर, संरक्षक राकेश सिंह एवं कोषाध्यक्ष विजय कोचंद्र की उपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल से भेंट कर आगामी कार्यक्रम का आमंत्रण सौंपा। साथ ही मेडिकल कैशलेस व्यवस्था को शीघ्र लागू करने का निवेदन किया गया।
    स्वास्थ्य मंत्री श्री जयसवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश के समस्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए मेडिकल कैशलेस सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि यह योजना कर्मचारियों के लिए “उपहार स्वरूप” होगी और अन्य राज्यों से बेहतर मॉडल के रूप में जल्द लागू की जाएगी।


    इसी क्रम में संगठन के संस्थापक सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी मुलाकात कर मेडिकल कैशलेस योजना की आवश्यकता और कर्मचारियों की वर्तमान समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उपचार के दौरान कई बार कर्मचारियों को अपनी जीवनभर की जमा पूंजी, बच्चों की शिक्षा या विवाह के लिए बचाई गई राशि खर्च करनी पड़ती है। कुछ मामलों में कर्मचारियों को साहूकारों से कर्ज लेने की मजबूरी भी बन जाती है।


    संगठन ने यह भी बताया कि वर्तमान मेडिकल री-इम्बर्समेंट व्यवस्था में कर्मचारियों को सीमित राशि ही मिल पाती है, वहीं बड़े अस्पतालों में इलाज कराने पर यह सुविधा भी कई बार पर्याप्त नहीं हो पाती, जिससे कर्मचारी मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो जाते हैं।
    सभी तथ्यों को गंभीरता से सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्ण आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ शासन जल्द ही मेडिकल कैशलेस कर्मचारी कल्याण संघ के नेतृत्व में प्रदेश के समस्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए मेडिकल कैशलेस सुविधा लागू करेगी।

  • भोरमदेव शक्कर कारखाना में बनेंगे नए अंशधारी सदस्य, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों से गन्ना किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

    भोरमदेव शक्कर कारखाना में बनेंगे नए अंशधारी सदस्य, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों से गन्ना किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

    कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा में अब नए अंशधारी सदस्य बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों से कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों को निरंतर लाभ मिल रहा है। पेराई सत्र 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान कारखाना द्वारा गन्ना किसानों को 300 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। वहीं वर्तमान पेराई सत्र 2025-26 में अब तक 17.51 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। इस पेराई सत्र में कारखाना द्वारा 4.50 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष पहल के परिणामस्वरूप विगत दो वर्षों से अंशधारी सदस्यों को रियायती दर पर शक्कर का वितरण किया जा रहा है, जिससे अंशधारी सदस्यों में उत्साह का वातावरण है।

    छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 9 की उपधारा (1) के अंतर्गत पंजीकृत भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा (पंजीयन दिनांक 03.04.2001) में वर्तमान में कुल 23,476 अंशधारी सदस्य हैं। इनमें कबीरधाम जिले के तीन विकासखंडों के कृषक सदस्य ही गन्ने की आपूर्ति करते हैं। विगत कुछ वर्षों से लक्ष्यानुसार गन्ना आपूर्ति नहीं होने के कारण कारखाना को समय से पूर्व पेराई बंद करनी पड़ी। पेराई सत्र 2024-25 में जनवरी माह से गन्ना आपूर्ति में कठिनाइयां आईं, जिससे फरवरी 2025 में ही पेराई सत्र समाप्त करना पड़ा और ब्रेक ईवन प्वाइंट की पूर्ति नहीं हो सकी। कारखाना के ब्रेक ईवन प्वाइंट हेतु कम से कम 4.00 लाख टन गन्ना पेराई आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए कारखाना प्रबंधन द्वारा नए अंशधारी सदस्य बनाए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत सर्वप्रथम गैर-अंशधारी किसानों से 02 ट्राली गन्ने की खरीदी की जाएगी, तत्पश्चात संबंधित कृषक को अंशधारी सदस्यता प्रदान की जाएगी। इससे वर्षों से चली आ रही किसानों की अंशधारी सदस्य बनने की मांग पूरी होगी। इस निर्णय से गन्ना कृषकों में हर्ष व्याप्त है। अंशधारी सदस्य बनने पर किसानों को गन्ना विक्रय, रियायती दर पर शक्कर, प्रेसमड एवं कारखाना द्वारा प्रदान की जाने वाली अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।

    कारखाना में वर्तमान में 23,476 अंशधारी सदस्यों में से लगभग 12,500 से 13,000 सदस्य ही गन्ने की खेती कर कारखाना में गन्ना विक्रय कर रहे हैं। शेष अंशधारी सदस्य न तो गन्ना विक्रय कर रहे हैं और न ही संस्था की उपविधियों के अनुरूप दायित्वों का पालन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अंशधारी सदस्य सर्वे कराने के पश्चात भी कारखाना में गन्ना न देकर गुड़ फैक्ट्रियों में गन्ना विक्रय कर देते हैं, जिससे कारखाना को लक्ष्यानुसार गन्ना प्राप्त नहीं हो पाता और पेराई सत्र समय से पूर्व बंद करना पड़ता है। ऐसे अंशधारी सदस्यों की संस्था की उपविधियों के अनुसार सदस्यता समाप्त करने की कार्यवाही कारखाना प्रबंधन द्वारा की जाएगी। सदस्यता समाप्त होने की स्थिति में भविष्य में वे कारखाना में गन्ना विक्रय, रियायती शक्कर, प्रेसमड एवं अन्य सुविधाओं से वंचित रहेंगे।

    गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना के कार्यक्षेत्र में गन्ना विकास कार्य एवं बीज प्रतिस्थापन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कवर्धा जिले की जलवायु के अनुकूल उच्च उपज देने वाली नई किस्मों का चयन कर उन्नत गन्ना बीज का रोपण कराया जा रहा है। विगत वर्ष भी कारखाना द्वारा उत्तरप्रदेश एवं महाराष्ट्र से गन्ने की नई किस्में मंगवाकर लगभग 60 एकड़ क्षेत्र में किसानों को बीज के रूप में वितरित किया गया था।

  • कबीर समागम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का संबोधन, पंचायत भवन के लिए 20 लाख की घोषणा

    कबीर समागम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का संबोधन, पंचायत भवन के लिए 20 लाख की घोषणा


    रायपुर। बेमेतरा के ग्राम पंचायत लोलेसरा में आयोजित संत कबीर समागम के तीसरे दिन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संत कबीर वंशावली गुरु प्रकाश मुनि नाम साहेब जी के श्रीचरणों में नमन कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और तरक्की की कामना की।


    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीरदास की वाणी और उपदेशों में सर्व समाज की सार्थकता और कल्याण निहित है। उन्होंने कहा कि संत कबीर का संदेश सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव और सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करता है। संत कबीर की शिक्षाएं युगों-युगों तक मानव कल्याण के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।


    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जानकारी दी कि कबीर पंथियों की धर्मनगरी दामाखेड़ा का नाम ‘कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा’ किए जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के पश्चात दामाखेड़ा का नाम विधिवत रूप से कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा किया जाएगा।


    उन्होंने संत कबीर समागम स्थल सहित क्षेत्र के समग्र विकास एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति का आश्वासन देते हुए ग्राम पंचायत लोलेसरा में पंचायत भवन निर्माण हेतु 20 लाख रूपए की घोषणा की। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पदमाकर सहित बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

  • जो कहा, वह किया’ के संकल्प के साथ निरंतर सेवा-विकास का मॉडल बनी छत्तीसगढ़ सरकार; दो वर्ष पूर्ण होने पर जांजगीर-चांपा में ‘जनादेश पर्व’ का भव्य आयोजन — केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    जो कहा, वह किया’ के संकल्प के साथ निरंतर सेवा-विकास का मॉडल बनी छत्तीसगढ़ सरकार; दो वर्ष पूर्ण होने पर जांजगीर-चांपा में ‘जनादेश पर्व’ का भव्य आयोजन — केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    रायपुर। केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, शिक्षा, महिला-बाल विकास, जल संसाधन, ऊर्जा, सहकारिता सहित कई स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री श्री साय ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सुना। कार्यक्रम में पीएम आवास योजनांतर्गत लाभार्थियों को चाबियां सौंपी गईं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

    इस दौरान कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जनादेश परब को संबोधित करते हुए विगत 02 वर्ष में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास होने की बात कही।

    इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, मंत्रीगण श्री दयालदास बघेल, श्री केदार कश्यप, श्री लखन लाल देवांगन, श्री श्याम बिहारी जायसवाल, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, श्री टंकराम वर्मा, श्री गजेन्द्र यादव, श्री गुरु खुशवंत साहेब, श्री राजेश अग्रवाल अन्य सांसद-विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

  • धारदार टंगिया से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तारकबीरधाम।

    धारदार टंगिया से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
    कबीरधाम।


    अंकिता शर्मा कवर्धा। जिले थाना झलमला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सौंरू में तीन युवकों पर धारदार टंगिया से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 17 दिसंबर 2025 की है, जब ग्राम सौंरू निवासी तीन युवक दो मोटरसाइकिलों से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी खेदूराम बैगा ने अचानक कुल्हाड़ी फेंककर उन पर हमला कर दिया।

    घटना के बाद कारण जानने युवक जब आरोपी के घर पहुंचे, तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से धारदार टंगिया से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में घायल दो युवकों को जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया गया है।
    प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना झलमला में अपराध क्रमांक 17/2025, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टंगिया जब्त की। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

  • धरमराज साहू बने जिला साहू संघ कबीरधाम के जिलाध्यक्ष

    धरमराज साहू बने जिला साहू संघ कबीरधाम के जिलाध्यक्ष


    अंकिता शर्मा कवर्धा। जिला साहू संघ कबीरधाम की जिला स्तरीय बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से धरमराज साहू को जिला साहू संघ कबीरधाम का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर समाजजनों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।


    नव-निर्वाचित जिलाध्यक्ष धरमराज साहू ने सभी वरिष्ठ सदस्यों व समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक उत्थान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने को अपनी प्राथमिकता बताया।


    इस अवसर पर साहू समाज के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने धरमराज साहू को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के सफल

  • राइस मिल में बड़ा हादसा: चिमनी गिरने से मजदूर की मौत, दो गंभीर

    राइस मिल में बड़ा हादसा: चिमनी गिरने से मजदूर की मौत, दो गंभीर

    अंकिता शर्मा डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में शनिवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। मिल परिसर में बनी लगभग 75 क्विंटल वजनी चिमनी अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिससे वहां कार्यरत मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।

    हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ, उस समय चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। इस दुर्घटना में मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चिमनी का भारी मलबा उस पर गिरने से उसे बचने का कोई अवसर नहीं मिल सका।

    हादसे में गजानंद कंवर और रमेश कुमार कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमेश कंवर चिमनी के मलबे और भारी मात्रा में रखे चावल के नीचे दब गया था। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया।

    घटना की सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।

  • साहिबजादों का बलिदान युगों तक प्रेरणा देता रहेगा” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वीर बाल रैली को दिखाई हरी झंडी

    साहिबजादों का बलिदान युगों तक प्रेरणा देता रहेगा” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वीर बाल रैली को दिखाई हरी झंडी

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा  आयोजित वीर बाल रैली में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस भव्य रैली में लगभग 5,000 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की। रैली में सिख परंपरा की वीरता को दर्शाती गतका जैसी साहसिक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायी झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को गहरे भावनात्मक स्तर पर जोड़ा।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में हम दशम गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों — बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी — के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि केवल 9 वर्ष और 7 वर्ष की अल्पायु में साहिबजादों ने जिस अदम्य साहस, आस्था और बलिदान का परिचय दिया, वह मानव इतिहास में अनुकरणीय है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी छोटी उम्र में भी साहिबजादे किसी दबाव के आगे नहीं झुके, अपनी आस्था से विचलित नहीं हुए और धर्म एवं सत्य की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री साय ने कहा कि सिख धर्म की यह गौरवशाली परंपरा हम सभी के लिए गर्व का विषय है। नई पीढ़ी को साहिबजादों के बलिदान और मूल्यों से परिचित कराना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 से वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की पहल अत्यंत सराहनीय है। इससे बच्चों और युवाओं में शौर्य, साहस और राष्ट्रप्रेम की भावना प्रबल हुई है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम साहिबजादों के जीवन को देखते हैं, तो हमें दशम गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा दिए गए संस्कारों और शिक्षाओं पर गर्व होता है। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना कर अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनकी प्रेरक पंक्तियाँ “सवा लाख से एक लड़ाऊँ, चिड़ियन ते मैं बाज लड़ाऊँ, तबै गुरु गोबिंद सिंह नाम कहलाऊँ।” आज भी हर भारतीय के भीतर साहस और संघर्ष की चेतना जागृत करती है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंक्तियाँ हमें सिखाती हैं कि साधन नहीं, साहस और संकल्प ही विजय का मार्ग प्रशस्त करते हैं। भारत की धरती धन्य है, जिसने ऐसे महान गुरुओं और साहिबजादों को जन्म दिया। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग एवं शिक्षा विभाग को बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

    कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान हमें निर्भीकता, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रथम की भावना का मार्ग दिखाता है। उनका जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

    छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा ने साहिबजादों की शहादत के ऐतिहासिक प्रसंगों से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया।

    इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, सीजीएमएससी अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा सहित सिख समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।