Blog

  • बड़ी खबर: भोरमदेव अभ्यारण्य में दो गौर के अवैध शिकार का पर्दाफाश — पाँच आरोपी गिरफ्तार वन विभाग की तेज कार्रवाई, विशेष डॉग स्क्वॉड ने जुटाए अहम साक्ष्य

    बड़ी खबर: भोरमदेव अभ्यारण्य में दो गौर के अवैध शिकार का पर्दाफाश — पाँच आरोपी गिरफ्तार वन विभाग की तेज कार्रवाई, विशेष डॉग स्क्वॉड ने जुटाए अहम साक्ष्य

    कवर्धा । भोरमदेव अभ्यारण्य में अवैध शिकार का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। चिल्फी परिक्षेत्र के संरक्षित कक्ष पी.एफ.-333 बहनाखोदरा में इंडियन बायसन/गौर (अनुसूची-1) के दो वन्यप्राणियों को विद्युत करंट लगाकर मारने का गंभीर अपराध सामने आया है। आरोपियों ने शिकार के बाद मांस को टुकड़ों में काटकर आपस में बाँट लिया था।

    घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने बिना समय गंवाए कड़ा एक्शन लिया और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 तथा लोक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

    पाँचों आरोपी सलाखों के पीछे

    साक्ष्य जुटाने और लगातार खोजबीन के बाद वन अमले ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया—

    अन्तू पिता गौतर बैगा

    सखुराम पिता रामासिंह बैगा

    सोनेलाल पिता सुखराम बैगा

    कमलेश पिता चमरू यादव

    इन्दर पिता शतुर बैगा


    सभी को न्यायालय में पेश कर 14 दिन के रिमाण्ड की मांग की गई है, ताकि पूरे नेटवर्क एवं शिकार की पृष्ठभूमि की गहराई से जांच हो सके।

    डॉग स्क्वॉड की एंट्री — मिले महत्वपूर्ण सुराग

    जांच को मजबूत करने के लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व, लोरमी से विशेष डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर सघन तलाशी लेकर कई अहम साक्ष्य और सुराग जुटाए, जिनसे प्रकरण मजबूत हुआ। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस विभाग ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

    वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई

    वनमण्डलाधिकारी कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल के निर्देशन एवं अधीक्षक भोरमदेव अभ्यारण्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई।

    वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगरानी और कड़ी की जा रही है तथा दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

    विभाग की अपील: अवैध शिकार या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत नजदीकी वन अमले को सूचना दें। वन्यजीव संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

     

  • कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस,मुख्य अतिथि श्री विकास मरकाम बोले — “ना भूलें जन-जातीय स्वर्णिम इतिहास”

    कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस,
    मुख्य अतिथि श्री विकास मरकाम बोले — “ना भूलें जन-जातीय स्वर्णिम इतिहास”


    रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर “जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत – ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान” विषय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष माननीय श्री विकास मरकाम उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति एवं संभागायुक्त श्री महादेव कांवरे ने की।

    कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

    कुलपति महादेव कांवरे ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वतंत्र और आधुनिक भारत का सपना बिरसा मुंडा ने बहुत पहले देखा था। शिक्षा और विकास को जन-जन तक पहुँचाना उनका संकल्प था।” उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित जन-मन योजना एवं धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी दी, जो जनजातीय अंचलों में विकास को गति दे रही हैं।

    मुख्य अतिथि श्री विकास मरकाम ने कहा कि “जनजातीय गौरव दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि हमारे साहस, संघर्ष और बलिदान की याद है।” उन्होंने बताया कि मात्र 14 वर्ष की आयु में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह का बिगुल फूंका और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन चलाया। उन्होंने मुंडा समुदाय को “अबुआ देश – अबुआ राज” का नारा देकर आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष का मार्ग दिखाया।

    श्री मरकाम ने जनजातीय इतिहास के नायकों— परलकोट के गेंदसिंह, सोनाखान के वीर नारायण सिंह, बस्तर के गुंडाधूर और सरगुजा के लांगुर किसान— के योगदान को याद करते हुए कहा कि “जनजातीय इतिहास स्वर्णिम है, परंतु हमारे कई नायक इतिहास से ओझल कर दिए गए। जनजातीय गौरव दिवस ने हमें अपनी जड़ों से पुनः जोड़ा है।”
    उन्होंने युवाओं को संदेश दिया— “शिक्षा ग्रहण करो, आधुनिक बनो, पर अपनी संस्कृति और तीज-त्योहारों को मत भूलो।”

    कुलसचिव श्री सुनील कुमार शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्य और इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। इसी दौरान विश्वविद्यालय में एडवरटाइजिंग क्लब का शुभारंभ किया गया, जिसमें अभिषेक साहू (अध्यक्ष), कविता भारती (उपाध्यक्ष), प्रज्ञा देवांगन (सचिव), तारिणी रजक (कोषाध्यक्ष) तथा तारिणी सोनी (सदस्य) को जिम्मेदारी दी गई।

    कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आयोजन को जीवंत बनाया। रजत जयंती वर्ष के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही MBA (HA) विद्यार्थियों द्वारा नि:शुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों, शोधार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

    कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमें अपनी संस्कृति और जनजातीय विरासत को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

    कार्यक्रम में उप कुलसचिव श्री सौरभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अतिथि व्याख्याता, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. अदिति नामदेव, श्रीमती कृति शर्मा एवं श्रीमती काजल मिश्रा ने किया। मेडिकल कैंप में डॉ. देवेंद्र कश्यप एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

  • समर्थकों के साथ धूमधाम से मनाया गया जिला पंचायत सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू का जन्मदिन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं

    समर्थकों के साथ धूमधाम से मनाया गया जिला पंचायत सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू का जन्मदिन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं


    कवर्धा। जिला पंचायत कबीरधाम के सभापति एवं भाजपा के युवा नेता डॉ. वीरेंद्र साहू का जन्मोत्सव सोमवार को उनके निवास में समर्थकों द्वारा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्मदिन की शुभकामनाएँ देने सुबह से ही समर्थकों का तांता लगा रहा, जो देर रात तक जारी रहा।

    इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए और डॉ. साहू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नागरिक और समर्थक उपस्थित रहे तथा डॉ. साहू के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की।

    जन्मदिन के अवसर पर डॉ. साहू ने टीम हरीतिमा के साथ वृक्षारोपण किया और स्थानीय वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमर्थन और प्रेम ही उनके लिए सबसे बड़ी शक्ति है।

  • NDPS मामले में बड़ा फैसला: कमल सरोदे 6 साल 6 माह बाद सभी आरोपों से बरी

    NDPS मामले में बड़ा फैसला: कमल सरोदे 6 साल 6 माह बाद सभी आरोपों से बरी


    बिलासपुर। मध्य प्रदेश के खंडवा निवासी कमल सरोदे को वर्ष 2019 में गौरेला थाना पुलिस द्वारा NDPS Act की धारा 20(B) के तहत 10 क्विंटल 38 किलो 500 ग्राम गांजा के अवैध परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वे केंद्रीय जेल बिलासपुर में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध थे।

    लगभग 6 साल 6 माह तक केस की पेंडेंसी और विचारण न्यायालय में पुलिस गवाहों की अनुपस्थिति के कारण मुकदमा लंबित रहा। आज माननीय विशेष न्यायाधीश NDPS, बिलासपुर द्वारा अंतिम निर्णय सुनाते हुए कमल सरोदे को संदेह का लाभ देते हुए आरोपों से पूरी तरह दोषमुक्त (बरी) कर दिया गया।

    आरोपी की ओर से अधिवक्ता जितेंद्र चंद्राकर, राजेश चंद्राकर एवं तरुण नायक ने न्यायालय में पक्ष रखते हुए बचाव प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर न्यायालय ने कमल सरोदे को NDPS Act की धारा 20(B) के आरोप से निर्दोष पाते हुए मुक्त करने का आदेश जारी किया।

  • कवर्धा से बड़ी खबर: मामूली विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या

    कवर्धा से बड़ी खबर: मामूली विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या



    कवर्धा। थाना क्षेत्र में आज पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रामनगर निवासी 38 वर्षीय विनोद बंजारे की उसके छोटे भाई श्रावण बंजारे (26 वर्ष) ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

    पुलिस के अनुसार घर में खाना कहाँ रखा जाए जैसे मामूली विषय पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई। आवेश में आए श्रावण ने कुल्हाड़ी से विनोद के गर्दन के नीचे वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना की जानकारी मिलते ही कवर्धा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। मृतक का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी श्रावण बंजारे को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

  • इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट करने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई

    इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट करने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई

    कवर्धा। इंस्टाग्राम पर समाज विशेष के विरुद्ध भड़काऊ टिप्पणी और अशोभनीय शब्दों का उपयोग करते हुए पोस्ट करने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। प्रकरण में ग्राम भिभौरी निवासी आवेदिका ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोबाइल नंबर 7058432636 के धारक ने उनकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर गलत तरीके से उपयोग किया और आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड की।

    मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 209/25 धारा 296, 299, 352 बीएनएस एवं 65 आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी में लाने के बाद पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई।

    तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और लगातार खोजबीन के आधार पर टीम ने आरोपी सागर बारा पात्रे (उम्र 35 वर्ष), निवासी लकड़गंज, नागपुर को उसके सकुनत से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने आवेदिका की इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर भड़काऊ टिप्पणी और अशोभनीय शब्दों के साथ पोस्ट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

    आरोपी को विधिसंगत कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय कवर्धा में प्रस्तुत किया गया।

     

  • वनांचल शिक्षा सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम: रेंगाखार में 2.71 करोड़ की लागत से 100 सीटर छात्रावास निर्माण का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

    वनांचल शिक्षा सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम: रेंगाखार में 2.71 करोड़ की लागत से 100 सीटर छात्रावास निर्माण का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

    कवर्धा। सुदूर वनांचल क्षेत्र के शैक्षणिक भविष्य को नई दिशा देने की ऐतिहासिक पहल करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रेंगाखार कला में 2 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का यह एक और महत्वपूर्ण कदम है।

     
    उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वनांचल व दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों तक सभी शैक्षणिक सुविधाएँ बिना किसी भेदभाव के पहुँचे। उन्होंने कहा कि 100 सीटर यह आधुनिक छात्रावास विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ तथा अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे उनकी शिक्षा में निरंतरता और गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित होगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, जनप्रतिनिधि , गणमान्य नागरिक,  ग्रामीण, अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति रही।


    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि रेंगाखार जैसे वनांचल क्षेत्रों के बच्चे अक्सर लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुँचते हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है। छात्रावास का निर्माण उनके लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। इस भवन में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, स्टडी रूम, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छ शौचालय, आवासीय सुविधा जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। श्री शर्मा ने निर्माण एजेंसी को निर्दिष्ट समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। छात्रावास में 20 रूम, 3 हॉल, डाइनिंग, किचन, स्टोर रूम, मेडिकल रूम, वार्डन रूम सहित अन्य सुविधा उपलब्ध रहेगी।


    कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि यह छात्रावास क्षेत्र के बच्चों के लिए लंबे समय से अत्यंत आवश्यक था। इसके निर्माण से न केवल शैक्षणिक सुविधा बढ़ेगी, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में भी एक महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह पहल वनांचल क्षेत्र के समग्र विकास व शिक्षा सुदृढ़ीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

  • कबीरधाम से बड़ी खबर: कवर्धा विधानसभा में बी.एल.ए.-1 नियुक्त, भाजपा ने SIR प्रक्रिया की जिम्मेदारी रवि सिंह राजपूत को सौंपी

    कबीरधाम से बड़ी खबर: कवर्धा विधानसभा में बी.एल.ए.-1 नियुक्त, भाजपा ने SIR प्रक्रिया की जिम्मेदारी रवि सिंह राजपूत को सौंपी

    कवर्धा। विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी, कबीरधाम ने निर्वाचन नामावली के विशेष गहन परीक्षण (SIR) को मजबूत और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बी.एल.ए.-1 की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली है।

    जारी आदेश के अनुसार कवर्धा विधानसभा (72) के लिए श्री रवि सिंह राजपूत को बी.एल.ए.-1 की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी संगठन ने विश्वास जताया है कि वे SIR प्रक्रिया को निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुरूप, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करेंगे।

    भाजपा कबीरधाम का कहना है कि यह नियुक्ति आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने और निर्वाचन नामावली परीक्षण को अधिक सटीक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  • धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा जयंती पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का हुआ भव्य आयोजन, उपमुख्यमंत्री ने रेंगाखार, कवर्धा एवं अन्य स्थानों पर भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमाएँ स्थापित करने की घोषणा की

    धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा जयंती पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का हुआ भव्य आयोजन, उपमुख्यमंत्री ने रेंगाखार, कवर्धा एवं अन्य स्थानों पर भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमाएँ स्थापित करने की घोषणा की

    कवर्धा। धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती के अवसर पर आज पीजी कॉलेज डोम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर देशभर के जनजातीय समुदाय को संबोधित किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने की। मुख्य अतिथियों ने भगवान बिरसा मुण्डा के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

    प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अपने उद्बोधन में जनजातीय समाज के समृद्ध इतिहास, शौर्य, संस्कृति, लोक कला और राष्ट्र निर्माण में उनकी अद्वितीय एवं अभूतपूर्व भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति में जनजातीय समाज का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को भारत सरकार द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि देश उनकी वीरता, बलिदान और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को याद रखे और जनजातीय समाज की विकास यात्रा को सशक्त दिशा मिले। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉलों में प्रदर्शित योजनाओं, उत्पादों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली और विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की परंपराओं, कलात्मकता, आजीविका से जुड़े उत्पादों और शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया।

    उपमुख्यमंत्री ने रेंगाखर, कवर्धा एवं विभिन्न स्थानों में भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा स्थापना की घोषणा की। इस अवसर पर जनजातीय समाज द्वारा उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति, नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं का सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। कृषकों को मसूर मिनी किट प्रदान किया गया। जनजातीय गौरव दिवस पर बढ़ी संख्या में जनजाति समाज के लोग शामिल हुए और उन्होंने अपनी सांस्कृतिक धरोहर को गर्व के साथ प्रस्तुत किया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्षों को याद किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत के अध्यक्ष दुर्गा सिंह, जनपद पंचायत कवर्धा के अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, जनपद पंचायत बोड़ला के अध्यक्ष बालका वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एल.पी.पटेल सहित समाज के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।

    उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भगवान राम, भगवान कृष्ण, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर की तरह ही हमारे देश की धरती पर भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान पुरुष अवतरित हुए, जिन्होंने समाज के कल्याण के लिए असाधारण कार्य किए। आज 15 नवंबर के दिन पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन जनजाति समाज की वीरता, त्याग, संस्कृति और योगदान को समर्पित है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के महापुरुषों के अवतार दिवस मनाना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह हमें उनके आदर्शों और त्याग को याद दिलाते हैं और अच्छे कर्मों के लिए प्रेरित करते हैं। जनजातीय गौरव दिवस, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होकर अपने समाज और देश के लिए भगवान समान कार्य किए। इसी कारण जनजाति समाज उन्हें भगवान मानकर सम्मान देता है। आज का दिन जनजाति समुदाय के लिए अत्यंत गर्व का दिन है। यह दिन पूरे देश को याद दिलाता है कि भारत की संस्कृति, सभ्यता और इतिहास में जनजाति समाज का योगदान अतुलनीय है। आने वाले समय में यह दिवस पूरे भारत वर्ष में और भी व्यापक रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज, हमारे प्रेरणास्रोत भगवान बिरसा मुंडा भारत के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक हैं।

    पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनजातीय गौरव दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर एक ऐतिहासिक आंदोलन की शुरुआत की। कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में भी उन्होंने अदम्य साहस दिखाते हुए जंगल, जमीन और अपनी पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। अंग्रेजों की गोलियों और दमन के बीच भी वे निर्भीक होकर आगे बढ़े और समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। विधायक श्रीमती बोहरा ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आदिवासी समाज ही नहीं, पूरे भारत के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सोच सिर्फ संघर्ष नहीं थी, बल्कि समाज को जागृत करने और अपने अस्तित्व को सुरक्षित रखने की थी। उन्होंने कहा कि आज भी उनके विचार हमें एकजुट होकर आगे बढ़ने की दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री आदिवासी समाज सहित छत्तीसगढ़ के हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। जनजातीय समाज के साथ-साथ महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को लेकर सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

    शासन की योजनाओं की प्रदर्शनी ने जनजाति समाज को किया आकर्षित

    जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में लगाई गई विभिन्न विभागों की स्टॉल प्रदर्शनी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य विभाग, कृषि, स्वास्थ्य, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी, आदिम जाति विकास विभाग और ई जिला प्रबंधक की योजनाओं की जानकारी दी गई। लाभार्थियों ने इन योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की और कई लोगों को लाभन्वित किया गया।

  • भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर पीजी कॉलेज डोम में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का होगा आयोजन, मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगें शामिल

    भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर पीजी कॉलेज डोम में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का होगा आयोजन, मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगें शामिल

    कवर्धा। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल होंगें। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव प्रसारण किया जाएगा। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभाग के अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस सभी शासकीय संस्थानों स्कूल, आश्रम और छात्रावासों में मनाया जाएगा।

    कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी जनपद सीईओं को 15 नवंबर को धरबी आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत चिन्हांकित 275 ग्रामों के आदि सेवा केन्द्रों में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन एवं जन जातीय महापुरूष, स्वतंत्रता संग्राम के नायक-नायिकाओं के चित्र पर माल्यार्पण करने और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लाइव/दुरदर्शन के माध्यम से प्रदर्शन करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही ग्राम सभा आयोजित करने के निर्देश दिए है। जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का स्टॉल प्रर्दशनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही शासन द्वारा जनजातीय वर्ग के लिए संचालित किए जा रहे विभिन्न प्रकार के योजनाओं से लाभन्वित किया जाएगा।