Blog

  • जनजातीय गौरव दिवस 2025: पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर में होंगी शामिल

    जनजातीय गौरव दिवस 2025: पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर में होंगी शामिल

    अंबिकापुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस पर इस वर्ष सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में भव्य आयोजन होने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर पहुंचकर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा के बाद से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को यह दिवस देशभर में जनजातीय संस्कृति, गौरव और योगदान के सम्मान में मनाया जाता है। इस बार इसका मुख्य आयोजन अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में 19 और 20 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में प्रस्तावित है।

    राष्ट्रपति मुर्मू अपने प्रवास के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी। वे आदिवासी समाज की संस्कृति, गौरव, परंपरा और संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन भी देंगी।

    कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है, वहीं सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस व प्रशासन ने कमर कस ली है। राष्ट्रपति के स्वागत और आयोजन की तैयारियों की समीक्षा हेतु नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

    बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों के सहायक आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

    जनजातीय समाज की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक यह आयोजन सरगुजा संभाग के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है।

  • कबीरधाम को मिली बड़ी सौगात : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से मेडिकल कॉलेज हेतु 60 पदों की स्वीकृति

    कबीरधाम को मिली बड़ी सौगात : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से मेडिकल कॉलेज हेतु 60 पदों की स्वीकृति

    मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना से जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं होगी सुदृढ़

    कवर्धा । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक विजय शर्मा की सतत पहल से कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापना का सपना अब साकार होने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ गया है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से राज्य शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा नवीन मेडिकल कॉलेज हेतु 60 शिक्षकीय एवं कार्यालयीन पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है।

    यह निर्णय कबीरधाम जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और रोजगार अवसरों को नई ऊँचाई प्रदान करेगा। यह मेडिकल कॉलेज न केवल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण अंचलों तक पहुँचाने में सहायक होगा, बल्कि कबीरधाम को प्रदेश के चिकित्सा मानचित्र पर नई पहचान भी दिलाएगा।

    राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, स्वीकृत पदों में डीन 01, प्राध्यापक 07, सह प्राध्यापक 08, सहायक प्राध्यापक 10, सीनियर रेसिडेंट 05, जूनियर रेसिडेंट 05, प्रशासकीय अधिकारी 01, लाइब्रेरियन 01, कार्यालय अधीक्षक 01, सहायक कार्यालय अधीक्षक 01, मेडिको सोशल वर्कर 03, स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 01, टेक्नीशियन 10, सहायक ग्रेड-2 01, सहायक ग्रेड-3 02, डिसेक्शन हॉल अटेंडेंट 01 तथा भृत्य 02 पद शामिल हैं।

    इस स्वीकृति को उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की सतत पहल और समर्पित प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने जिले में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है।



  • कवर्धा: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में युग प्रवर्तक डॉ. हेडगेवार की जीवनी का नाट्य मंचन की हुई प्रस्तुति, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अतिथि के रूप में हुए शामिल*

    कवर्धा: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में युग प्रवर्तक डॉ. हेडगेवार की जीवनी का नाट्य मंचन की हुई प्रस्तुति, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अतिथि के रूप में हुए शामिल*

    कवर्धा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में संघ संस्थापक युग प्रवर्तक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

    इस अवसर पर सेवा भारती और संघ सृजन के संयुक्त तत्वावधान में प्रस्तुत नाट्य मंचन “नादब्रह्म” ने दर्शकों को डॉ. हेडगेवार के राष्ट्र समर्पण, संगठन निर्माण और त्यागमय जीवन की प्रेरक झलक दिखाई। प्रस्तुति में कलाकारों ने मंच पर उनके जीवन संघर्ष और संघ की स्थापना की ऐतिहासिक यात्रा को जीवंत किया।

    मुख्य अतिथि विजय शर्मा ने कहा —

    डॉ. हेडगेवार जी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि संगठन ही राष्ट्र की शक्ति है। उनका आदर्श आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।

    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सांस्कृतिक माहौल और भावनात्मक प्रस्तुति ने श्रोताओं को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

  • कवर्धा ब्रेकिंग: श्रद्धा बनी मुसीबत – घुघरी खुर्द में पंडित प्रदीप मिश्रा जी के कार्यक्रम से आमजन परेशान, 5 किलोमीटर तक पैदल चल रहे लोग

    कवर्धा ब्रेकिंग: श्रद्धा बनी मुसीबत – घुघरी खुर्द में पंडित प्रदीप मिश्रा जी के कार्यक्रम से आमजन परेशान, 5 किलोमीटर तक पैदल चल रहे लोग

    कवर्धा। जिले के ग्राम घुघरी खुर्द में चल रहे पंडित प्रदीप मिश्रा जी महाराज के छह दिवसीय शिवमहापुराण कथा ने जहाँ श्रद्धालुओं की आस्था का अभूतपूर्व सैलाब दिखाया है, वहीं आम नागरिकों के लिए यह आयोजन अब परेशानी का सबब बन गया है।

    कथास्थल तक पहुँचने के लिए लोगों को 4 से 5 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग धूप में पैदल चलने को मजबूर हैं, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों को कई किलोमीटर पहले ही रोकना पड़ रहा है।

    पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से श्रद्धालु परेशान हैं। एक ग्रामीण ने कहा — “कार्यक्रम बड़ा है, लेकिन व्यवस्था बहुत कमजोर है। लोगों को पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।”

    किसान वर्ग ने भी चिंता जताई है कि खेतों तक पहुँचना मुश्किल हो गया है। धान कटाई का समय होने से किसानों को भारी नुकसान का डर सता रहा है।

    स्कूल जाने वाले बच्चे, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण क्षेत्र के किसान सबसे अधिक प्रभावित दिखाई दे रहे हैं।

    लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ स्थानीय जनता की सुविधा और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्यपालकों को पिकअप वाहन की सौंपी चाबी

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्यपालकों को पिकअप वाहन की सौंपी चाबी

    रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत महोत्सव के अवसर पर पीजी कॉलेज मैदान, कवर्धा में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और हितग्राहियों से संवाद भी किया। 

    निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मत्स्य विभाग के स्टॉल पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत दो हितग्राहियों को पिकअप वाहन की सौगात दी। इस योजना के अंतर्गत 10-10 लाख रूपए कोलागत से वाहनों का प्रदाय किया गया है, जिसमें हितग्राहियों को 40 प्रतिशत अनुदान का लाभ प्राप्त होगा।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के रवि मल्लहा निवासी कवर्धा एवं कुश विश्वकर्मा निवासी बोड़ला को पिकअप वाहन की चाबियाँ सौंपकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि मत्स्यपालकों की आय में भी वृद्धि होगी।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मत्स्य पालन जैसे आजीविका आधारित कार्यों को प्रोत्साहन देने से ग्रामीण विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाई जाए ताकि पात्र हितग्राही इनका लाभ ले सकें।

    राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की विकास यात्रा और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी विभागों की अभिनव पहल और योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की विकास गाथा में आमजन की सहभागिता ही वास्तविक शक्ति है।

     

  • ग्राम घुघरी में पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा हेतु कबीरधाम पुलिस ने जारी किया रूट एवं पार्किंग प्लान

    ग्राम घुघरी में पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा हेतु कबीरधाम पुलिस ने जारी किया रूट एवं पार्किंग प्लान

    कवर्धा। ग्राम घुघरी में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के कथा वाचन कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए कबीरधाम पुलिस ने यातायात एवं पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू की है। यह कार्यक्रम 6 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रूट एवं पार्किंग प्लान जारी किया है।

    पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार रहेगी –

    बड़े वाहन, पिकअप और ट्रैक्टरों की पार्किंग नया कृषि मण्डी प्रांगण में की जाएगी। मिनीमाता चौक से घुघरीखुर्द रोड पर केवल कार और दोपहिया वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। नेवारी–मारपा मार्ग से कार्यक्रम स्थल की ओर आने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा; इस मार्ग से न तो वाहन और न ही पैदल प्रवेश की अनुमति होगी। चरडोंगरी–कोठार मार्ग से आने वाले श्रद्धालु चरडोंगरी स्कूल परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे। बेमेतरा, बिरकोना और पिपरिया दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पालीगुढ़ा में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी पासधारी अतिथियों के लिए पार्किंग स्थल भोरमदेव कॉलेज के आगे सक्ती नदी पुल के पास निर्धारित किया गया है।

    नो-व्हीकल ज़ोन एवं प्रतिबंध

    कार्यक्रम स्थल के आसपास का इलाका संकरा होने के कारण उसे “नो-व्हीकल ज़ोन” घोषित किया गया है। भोरमदेव कॉलेज से कथा स्थल तक, ग्राम कोठार से कथा स्थल तक और पालीगुढ़ा चौक से घुघरीकला रोड तक किसी भी वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा।

    इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल के आसपास किसी भी प्रकार की दुकान, ठेला या अस्थायी स्टॉल लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    दुकानें लगाने हेतु निर्धारित स्थान

    भंडारा स्थल के पास खाली परिसर घुघरी दैइहान और बगीचा क्षेत्र के पास घुघरी मरघट के पास स्थित बगीचा परिसर

    केवल इन्हीं स्थानों पर दुकानें या स्टॉल लगाए जा सकेंगे।

    प्रशासन की अपील

    कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, यातायात पुलिस के निर्देशों का सम्मान करें और अनुशासन बनाए रखें। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी व्यवस्थाएँ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई हैं ताकि कथा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

  • छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में लिखी है विकास की नई गाथा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में लिखी है विकास की नई गाथा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राज्योत्सव के चौथे दिन नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राज्योत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने अपनी स्थापना के 25 वर्षों में विकास की नई गाथा लिखी है। राज्य ने हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 1 नवम्बर को दिनभर नवा रायपुर में रहकर राज्योत्सव का शुभारंभ किया और विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने अपने प्रवास के दौरान राज्य को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। इसके लिए मैं राज्य के तीन करोड़ लोगों की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि अलग राज्य के निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ उपेक्षा के दंश से मुक्त हुआ। अटलजी की दूरदृष्टि से छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव-गांव तक पक्की सड़क पहुँची, जिससे ग्रामीण विकास के द्वार खुले। शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना सहित सभी क्षेत्रों में तीव्र गति से कार्य हुए।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 22 महीनों में ‘मोदी की गारंटी’ के अधिकांश बड़े कार्यों को पूरा किया है। हम राज्य में स्वच्छ, संवेदनशील और पारदर्शी शासन के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी उद्देश्य से हमने सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया है।

    वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य निर्माण से पूर्व बस्तर और सरगुजा के सुदूर वनांचल उपेक्षा का शिकार हुआ करते थे। स्वास्थ्य, शिक्षा और निर्माण सुविधाओं के अभाव में ये क्षेत्र नक्सल हिंसा की पीड़ा सहते हुए दयनीय अवस्था में थे। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस पीड़ा को समझते हुए अलग राज्य का निर्माण किया, जिसके बाद से छत्तीसगढ़ लगातार विकास की राह पर अग्रसर है। 

    संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सभी नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। 

    मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस जवानों को प्रदान किए वीरता पदक

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नक्सल ऑपरेशन में अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन करने वाले पुलिस के 14 जवानों को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश राव गिरिपुंजे और शहीद वीरेंद्र कुमार शोरी के परिजनों सहित नक्सल मोर्चे पर जांबाजी के साथ लड़ने वाले पुलिस जवानों श्री धरम सिंह तुलावी, श्री विजय पुनेंग, श्री गोपाल बरदू, श्री रामेश्वर ओयामी, श्री राजूलाल मरकाम, श्री समलूराम सेठिया, श्री तुलाराम ओवासी, श्री मोहन लाल कट्टम, श्री संतोष मोरामी, श्री मनोज यादव, श्री जामुराव तथा सुश्री निशा कचलाम को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

    इस अवसर पर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, साहित्य अकादमी संस्कृति परिषद के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, अपर मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम तथा संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य उपस्थित थे।

  • कवर्धा में 6 नवम्बर को गूंजेगा नादब्रह्म: संघ सृजन और डॉ. हेडगेवार के जीवन दर्शन पर आधारित भव्य नाट्य मंचन पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में, शाम 5 बजे

    कवर्धा में 6 नवम्बर को गूंजेगा नादब्रह्म: संघ सृजन और डॉ. हेडगेवार के जीवन दर्शन पर आधारित भव्य नाट्य मंचन पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में, शाम 5 बजे

    कवर्धा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुति “नादब्रह्म” की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यह भव्य नाट्य आयोजन संघ सृजन के गौरवशाली इतिहास और आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन दर्शन पर आधारित होगा। कार्यक्रम का मंचन गुरुवार, 6 नवम्बर 2025 को शाम 5 बजे कवर्धा के पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में किया जाएगा। मंच व्यवस्था और संपूर्ण प्रस्तुति का दायित्व संघ के सक्रिय कार्यकर्ता हलधर नाथ योगी को सौंपा गया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे,

    जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक दानेश्वर परिहार करेंगे। मंच पर विशेष अतिथि के रूप में सांसद संतोष पाण्डेय (राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र), विधायक भावना बोहरा (पंडरिया विधानसभा) और अहिरवार समाज के जिला उपाध्यक्ष कांशीराम पनागर शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन सेवा भारती, कबीरधाम द्वारा किया जा रहा है, जिसे संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का सौजन्य प्राप्त है। आयोजन की व्यवस्थाओं में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी का विशेष सहयोग रहेगा। संघ सृजन पर आधारित यह नाट्य मंचन राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक स्वाभिमान का सशक्त संदेश देगा। कवर्धा में पहली बार इतने भव्य पैमाने पर आयोजित यह प्रस्तुति समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम बनेगी।

     

  • राज्योत्सव में हंगामा: कवर्धा में भाजपा कार्यकर्ता और थाना प्रभारी में भिड़ंत, कॉलर पकड़कर तोड़े बटन — वीडियो वायरल, मामला दर्ज

    राज्योत्सव में हंगामा: कवर्धा में भाजपा कार्यकर्ता और थाना प्रभारी में भिड़ंत, कॉलर पकड़कर तोड़े बटन — वीडियो वायरल, मामला दर्ज

    कवर्धा। राज्योत्सव के जश्न के बीच कवर्धा में सोमवार देर रात अचानक हंगामा मच गया, जब पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस अधिकारी के बीच झूमाझटकी हो गई। मामला उस वक्त बिगड़ गया जब भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू और थाना प्रभारी योगेश कश्यप के बीच तीखी बहस झगड़े में बदल गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राकेश साहू ने गुस्से में थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया और उनकी वर्दी के बटन तोड़ दिए। इस दौरान एक अन्य पुलिस अधिकारी की नेमप्लेट भी टूट गई। अचानक हुई इस झड़प से राज्योत्सव का माहौल तनावपूर्ण हो गया और मंच के पास अफरातफरी मच गई।

    घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस बीच राकेश साहू और थाना प्रभारी के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी योगेश कश्यप की रिपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

    सूत्रों के अनुसार, हंगामे की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी समेत कई भाजपा पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि कुछ देर तक नारेबाजी और हंगामे का दौर जारी रहा, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।

    राज्योत्सव देखने आए लोग भी झड़प के दृश्य देखने के लिए मंच छोड़कर घटनास्थल के पास जमा हो गए। कुछ ही पलों में जश्न का माहौल राजनीतिक टकराव में बदल गया — जहाँ संगीत की जगह नारों और विवाद की आवाज़ें गूंजने लगीं।

    फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन की टक्कर में 5 यात्रियों की मौत, दर्जनभर घायल

    बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन की टक्कर में 5 यात्रियों की मौत, दर्जनभर घायल

    छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार देर शाम एक भीषण रेल हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, लाल खदान स्टेशन के पास मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर (डिरेल) गए और कुछ एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए। हादसे में अब तक 5 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है।

    घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की रेस्क्यू टीम, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर मेडिकल यूनिट और क्रेन की सहायता से राहत कार्य जारी है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रेन के डिब्बों से चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं, हादसे के बाद पूरे बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन पर परिचालन ठप हो गया है। कई ट्रेनों को रद्द या वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है। ओवरहेड वायर और सिग्नल सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे ट्रैक की बहाली में समय लगने की संभावना है।

    रेलवे प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राथमिक जांच में सिग्नल फेल्योर या मानवीय त्रुटि की संभावना जताई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

    रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि यात्रियों और उनके परिजनों को जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

    स्थान: लाल खदान स्टेशन, बिलासपुर-कटनी सेक्शन मृतक: 5 यात्री (आंकड़ा बढ़ सकता है) घायल: 12 से अधिक कारण: प्रारंभिक तौर पर सिग्नल फेल्योर की आशंका परिचालन: रूट ठप, कई ट्रेनें डायवर्ट

    रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने हादसे में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। घटनास्थल पर अब भी राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।