Blog

  • पुलिस का बड़ा प्रहार : 2 क्विंटल गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, 70 लाख की जप्ती

    पुलिस का बड़ा प्रहार : 2 क्विंटल गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, 70 लाख की जप्ती

    कवर्धा। नशे के कारोबार के खिलाफ जारी अभियान में कबीरधाम पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चिल्फी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आईशर ट्रक से 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये आँकी गई है। वहीं ट्रक की कीमत 20 लाख रुपये है। इस तरह कुल 70 लाख रुपये की जप्ती की गई।

    मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने ट्रक क्रमांक PB 02 EJ 3009 को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन में एक विशेष रूप से डिजाइन किया गया गुप्त चैंबर मिला, जिसमें गांजा छिपाया गया था। पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से यह चालाकी उजागर हो गई और गांजा बरामद कर लिया गया।

    घटना स्थल से हरियाणा और राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्करों— ईश्वर सिंह (48 वर्ष) निवासी झज्जर और रामु सिंह परमार (32 वर्ष) निवासी धौलपुर— को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी गांजा उड़ीसा से दिल्ली ले जा रहे थे। उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

    इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर सहित पुलिस टीम के कई जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल व पंकज पटेल तथा डीएसपी संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई ने तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।

    कबीरधाम पुलिस अब तक इस वर्ष गांजा तस्करी के 14 मामलों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य का गांजा व अन्य सामग्री जब्त कर चुकी है। हाल ही में नशीली दवाओं की तस्करी में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा है।

    एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि तस्करों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए निरंतर जारी रहेगा।

  • पटेल (मरार) समाज का शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल, समनापुर को 50 लाख की भवन निर्माण, जोराताल में शाकंभरी चौक निर्माण की घोषणा

    पटेल (मरार) समाज का शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल, समनापुर को 50 लाख की भवन निर्माण, जोराताल में शाकंभरी चौक निर्माण की घोषणा

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में पटेल (मरार) समाज द्वारा आयोजित जिला पदाधिकारी शपथ ग्रहण एवं जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा सहित मंचासीन अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं मां शाकंभरी देवी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन से की। सभी ने समाज की एकता और प्रगति की मंगलकामना की। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समारोह में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 150 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शासकीय सेवा में एक वर्ष के भीतर नियुक्त 15 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों और 53 जनप्रतिनिधियों पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य को भी सम्मानित किया।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज की मांगों को पूरा करते हुए महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने ग्राम समनापुर में 50 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम जोराताल चौक पर मां शाकंभरी देवी का भव्य चौक विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शपथ दिलाई और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पटेल समाज मेहनत, लगन और ईमानदारी का प्रतीक है। समाज की युवा पीढ़ी शिक्षा और सेवा क्षेत्र में आगे बढ़कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही है। ऐसे सम्मान समारोह न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि पूरे समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, जिला पंचायत सभापति सुमित्रा विजय पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, समाजसेवी वीर सिंह पटेल, परदेशी पटेल, धर्मेंद्र पाटिल, शंकर पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं नागरिक सम्मिलित हुए।

    पटेल (मरार) समाज का शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल, समनापुर को 50 लाख की भवन निर्माण, जोराताल में शाकंभरी चौक निर्माण की घोषणा

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज के पदाधिकारियों और प्रतिभावान बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पटेल समाज मेहनतकश, कर्मठ और अनुशासित समाज है। इसकी असली ताकत खेती-किसानी और संगठन की एकता में है। उन्होंने समाज से इस परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के सहयोग से विकास के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज मैं जिस उपमुख्यमंत्री पद पर आपके बीच सेवा कर रहा हूँ, वह केवल आपके सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यह भी उल्लेख किया कि पटेल समाज से कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के श्री प्रेमचंद पटेल पहले विधायक चुने गए हैं। उन्होंने इसे समाज के बढ़ते प्रभाव और राजनीतिक जागरूकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज के युवा शिक्षा, राजनीति, खेल और अन्य क्षेत्रों में नई ऊँचाइयाँ हासिल करेंगे। समाज की प्रगति के लिए संगठन और शिक्षा को सबसे मजबूत आधार बताते हुए उन्होंने उपस्थित जनों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया।

    जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि पटेल समाज ने पुरानी परंपराओं और संस्कृतियों को आज भी जीवित रखा है। समाज खेती-किसानी के क्षेत्र में अपनी मेहनत और लगन से पूरे प्रदेश में पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि पटेल समाज के लोग बहुत ही सरल, सहज और आत्मीय स्वभाव के होते हैं। मेहनत और ईमानदारी इनके जीवन का आधार है। अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि खेती-किसानी केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और समाज की पहचान है। पटेल समाज ने अपनी मेहनत से प्रदेश की कृषि उत्पादन में अहम योगदान दिया है। आज की युवा पीढ़ी शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहकर समाज और प्रदेश की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है।

    ग्राम समनापुर को मिला 50 लाख का भवन, जोराताल में बनेगा मां शाकंभरी देवी चौक

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज की मांगों को पूरा करते हुए महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने ग्राम समनापुर में 50 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम जोराताल चौक पर मां शाकंभरी देवी का भव्य चौक विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है। घोषणा के बाद समाज के लोगों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज हुई है।

  • ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

    ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

    कवर्धा। ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का आज शुभारंभ किया गया। कबीरधाम में जिला स्तरीय ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष कवर्धा में किया गया, जिसमें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संदेश प्रेषित किए। उन्होंने महिलाओं के आत्मविश्वास और मेहनत से प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में आए सकारात्मक बदलाव को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘दीदी के गोठ’ जैसी पहल महिलाओं की आवाज़ को घर-घर तक पहुँचाएगी। कार्यक्रम में बिहान योजना के दीदियों की कहानी उन्हीं की जुबानी भी सुनाई गई।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘दीदी के गोठ’ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 2 लाख 74 हजार 828 महिला स्व सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनमें करीब 29 लाख 96 हजार 147 दीदी जुड़ी हुई हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाएँ न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा भी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इस रेडियो कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की उन सफल महिलाओं की कहानियाँ सुनाई जा रही हैं, जिन्होंने कठिनाइयों को पार करते हुए अपने दम पर आर्थिक मजबूती और सामाजिक पहचान हासिल की।

    उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इन कहानियों से अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और उन्हें यह जानने का अवसर मिलेगा कि छत्तीसगढ़ की ‘बिहान दीदी’ किस तरह नवाचार करते हुए नई मिसाल कायम कर रही हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि आज छत्तीसगढ़ की हजारों महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। बिहान योजना ने उनके जीवन को बदल दिया है। कभी आर्थिक संघर्ष में जूझ रही महिलाएँ अब अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से न केवल अपने परिवार को संबल दे रही हैं, बल्कि समाज में एक सम्मानजनक स्थान भी प्राप्त कर चुकी हैं। ‘दीदी के गोठ’ रेडियो प्रसारण के माध्यम से इन प्रेरणादायी कहानियों को हर गाँव और हर घर तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण महिलाओं को नई ऊर्जा, हौसला और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने का मार्गदर्शन मिलेगा।

     

  • जापान-कोरिया दौरे से लौटे CM विष्णु देव साय का रायपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, विदेशी निवेश पर बोले बड़ा बयान | देखें पूरा वीडियो उन्होंने क्या कहा

    जापान-कोरिया दौरे से लौटे CM विष्णु देव साय का रायपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, विदेशी निवेश पर बोले बड़ा बयान | देखें पूरा वीडियो उन्होंने क्या कहा

    रायपुर। जापान और दक्षिण कोरिया की आठ दिवसीय विदेश यात्रा पूरी कर शनिवार को CM विष्णु देव साय रायपुर लौटे। राजधानी के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनका अभूतपूर्व स्वागत हुआ। पारंपरिक कर्मा और पंथी नृत्यों की छटा में पूरा एयरपोर्ट परिसर एक उत्सव स्थल में बदल गया। स्वागत के दौरान पुष्प वर्षा, गजमालाओं और जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।

    मुख्यमंत्री के आगमन पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, अन्य जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। भीड़ की उत्सुकता का आलम यह रहा कि एयरपोर्ट के निकास द्वार से मीडिया गैलेरी तक की मात्र सौ मीटर दूरी तय करने में मुख्यमंत्री को पंद्रह मिनट से अधिक का समय लगा।

    “विदेशी निवेश और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे”

    मुख्यमंत्री साय ने एयरपोर्ट पर मीडिया और जनता को संबोधित करते हुए अपनी यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि जापान और दक्षिण कोरिया की इस यात्रा से छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और विकास के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

    CM साय ने कहा, “यह यात्रा केवल कूटनीतिक नहीं थी, बल्कि प्रदेश के औद्योगिक भविष्य को दिशा देने वाली साबित होगी। एआई, सेमीकंडक्टर, रक्षा, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश के रास्ते खुले हैं। इससे हमारे युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर बनेंगे।”

    जापान यात्रा: ओसाका एक्सपो में छत्तीसगढ़ का आकर्षण

    जापान प्रवास के दौरान ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ का पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिदिन तीस हजार से अधिक लोगों ने पवेलियन का भ्रमण किया और राज्य की औद्योगिक, सांस्कृतिक और निवेश संभावनाओं की जानकारी ली।

    CM साय ने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ एकमात्र ऐसा राज्य था जिसने अपनी प्रस्तुति पूरी तरह जापानी भाषा में दी। उनके अनुसार, “यह प्रयास निवेशकों से संवाद को सहज और प्रभावी बनाने में पूरी तरह सफल रहा।”

    दक्षिण कोरिया में ऐतिहासिक पहल

    मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया पहुंचा। वहां आईसीसीके के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इसके तहत यह संस्था छत्तीसगढ़ की “नॉलेज पार्टनर” बनेगी और औद्योगिक इकाइयों के लिए कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद करेगी। साय ने कहा, “दक्षिण कोरिया में भी हमने अपनी प्रस्तुति कोरियन भाषा में दी। इस पहल ने हमें निवेशकों से सीधा जोड़ने में मदद की।”

    प्रधानमंत्री की आर्थिक पहल से छत्तीसगढ़ को लाभ

    मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया जापान यात्रा के दौरान भारत और जापान के बीच छह लाख करोड़ रुपए के निवेश का समझौता हुआ है। दस वर्षों के लिए तैयार किए गए इस आर्थिक रोडमैप का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ को भी प्राप्त होगा। इससे प्रदेश में आईटी, एआई, सेमीकंडक्टर और रक्षा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश होने की संभावना है।

    “छत्तीसगढ़ अब वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर”

    मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ अब केवल राष्ट्रीय स्तर के निवेश केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा, “हम पूरी दुनिया में जाएंगे, छत्तीसगढ़ के उत्पादों के लिए जगह बनाएंगे और निवेश लेकर आएंगे। यही हमारे प्रदेश के विकास की नई दिशा होगी।”

  • निगम मंडल आयोग में बचे पदों पर नियुक्ति: 31 अगस्त को रायपुर आएंगे शिव प्रकाश और नितिन नवीन, संगठन की बैठक में होगा मंथन, जल्द जारी हो सकती है सूची!

    निगम मंडल आयोग में बचे पदों पर नियुक्ति: 31 अगस्त को रायपुर आएंगे शिव प्रकाश और नितिन नवीन, संगठन की बैठक में होगा मंथन, जल्द जारी हो सकती है सूची!

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में निगम मंडल आयोग और बोर्ड में बचे हुए पदों पर नियुक्तियों का इंतजार कर रहे भाजपा नेताओं के लिए अब उम्मीद की किरण जगी है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश 31 अगस्त को रायपुर दौरे पर आ रहे हैं। उनके साथ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान प्रदेश भाजपा संगठन की बड़ी बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद निगम, मंडल और आयोग में लंबित नियुक्तियों पर जल्द ही अंतिम फैसला हो सकता है।

    कार्यकारिणी बनी, कार्यसमिति तय होना बाकी

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव की कार्यकारिणी का ऐलान हो चुका है, लेकिन अभी कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा नहीं हुई है। इसको लेकर भी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्सुकता है। वहीं, मंत्रिमंडल का विस्तार पूरा हो गया है, जिससे अब संगठन और सरकार का फोकस निगम, मंडल और आयोग में लंबित नियुक्तियों पर केंद्रित है।

    नियुक्तियों पर सबकी नजर

    दो अप्रैल को प्रदेश सरकार ने 34 निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में 36 नेताओं की नियुक्ति की थी। इनमें से तीन उपाध्यक्ष और शेष अध्यक्ष बनाए गए थे। हालांकि, इनमें से करीब आधा दर्जन पदों पर पेंच फंसा हुआ था। इसके समाधान के लिए संशोधित सूची जारी कर तीन अध्यक्षों और एक उपाध्यक्ष को दूसरे पदों पर समायोजित किया गया। अब तक अधिकांश नेताओं ने पदभार संभाल लिया है, सिर्फ केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष ने जिम्मेदारी नहीं संभाली है।

    मंत्री का दर्जा मिलने का इंतजार

    भाजपा के 33 नेताओं को अध्यक्ष और तीन को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें से एक उपाध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने पदभार लेने से इनकार कर दिया। बाकी नेताओं को अब राज्य मंत्री या कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने का इंतजार है। यह दर्जा मिलने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका और जिम्मेदारी और सशक्त हो जाएगी।

    कहां-कहां बाकी है नियुक्ति

    अब भी कई महत्वपूर्ण निगम, मंडल और आयोग में पद खाली हैं। इनमें मार्कफेड, लघु वनोपज सहकारी संघ, फिल्म विकास निगम, मत्स्य महासंघ, हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ, शाकम्भरी बोर्ड, सिंधी अकादमी और सहकारी संघ शामिल हैं। इसके अलावा पांच जिलों के सहकारी केंद्रीय बैंक और चार शक्कर कारखानों में भी अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है।

    सिर्फ अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि रायपुर विकास प्राधिकरण, गृह निर्माण मंडल जैसे संस्थानों में उपाध्यक्ष और सदस्यों के करीब डेढ़ दर्जन पद भी रिक्त हैं। इन पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं में 31 अगस्त की बैठक को लेकर खासा उत्साह है।

    मुख्यमंत्री के लौटने के बाद बढ़ेगी रफ्तार

    सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश प्रवास से लौटने के बाद नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज होगी। भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के छत्तीसगढ़ आगमन और संगठन की बड़ी बैठक से यह उम्मीद और मजबूत हो गई है कि निगम, मंडल और आयोग में बचे पदों की सूची जल्द जारी होगी।

    यह खबर अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। सभी की नजरें 31 अगस्त को होने वाली भाजपा संगठन की बैठक पर टिकी हैं, जहां इस पर बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।

  • पंडरिया विधानसभा को मिली 121 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने जताया आभार

    पंडरिया विधानसभा को मिली 121 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने जताया आभार

    पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बकेला जलाशय परियोजना एवं सुतियापाट नहर विस्तारीकरण हेतु प्रदेश सरकार ने 121 करोड़ 92 लाख 66 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

    बकेला जलाशय परियोजना से 2686 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा लाभ

    स्वीकृत राशि में से 82 करोड़ 53 लाख 80 हजार रुपये बकेला क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से हाफ नदी में व्यपवर्तन योजना का निर्माण, फिडर एवं रमतला जलाशय का शीर्ष कार्य, नहरों का रिमॉडलिंग, क्रांति जलाशय और देवसरा जलाशय की नहरों का रिमॉडलिंग, लाइनिंग और विस्तारीकरण का कार्य किया जाएगा। इन कार्यों से 2686.13 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई हेतु पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

    सुतियापाट नहर विस्तारीकरण से 26 गांवों को मिलेगा फायदा

    इसी क्रम में 39 करोड़ 38 लाख 86 हजार रुपये की स्वीकृति सुतियापाट जलाशय मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए दी गई है। इसके अंतर्गत बायीं तट मुख्य नहर का विस्तारीकरण और माइनर नहरों का निर्माण होगा। इस परियोजना के पूरा होने से 26 गांवों के किसानों को 2916 हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई के लिए जल उपलब्ध होगा।

    मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के प्रति जताया आभार

    इस उपलब्धि पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, तत्कालीन जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो आज पूरी हो रही है।

    किसानों के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही डबल इंजन सरकार : भावना

    विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार मोदी की गारंटी को पूरा कर रही है। किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। बकेला और सुतियापाट परियोजनाओं से न केवल सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी बल्कि कृषि उत्पादन में भी इजाफा होगा।

    डेढ़ वर्ष में 300 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत

    विधायक भावना बोहरा ने बताया कि बीते डेढ़ वर्षों में पंडरिया विधानसभा अंतर्गत विभिन्न विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्यों हेतु 300 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, नालियां, पुल-पुलिया, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनता की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

    उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार ने सबसे पहले किसानों के हित में निर्णय लिए। दो वर्ष का बकाया धान बोनस किसानों को दिया गया और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की गई। आवास के सपने को पूरा करने के लिए 18 लाख गरीब परिवारों के लिए निर्णय लिया गया। युवाओं के रोजगार की दिशा में ठोस कदम उठाए गए और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना लागू की गई, जिसके अंतर्गत 70 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

    विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार अपने संकल्पों को पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नए पंख दे रही है। प्रदेश में तेजी से अधोसंरचना का निर्माण हो रहा है, जिससे न केवल अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है बल्कि जनता को भी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

  • गंडई खुर्द में सीसी रोड, पुलिया व नाली निर्माण कार्यों का जनप्रतिनिधियों ने किया भूमिपूजन

    गंडई खुर्द में सीसी रोड, पुलिया व नाली निर्माण कार्यों का जनप्रतिनिधियों ने किया भूमिपूजन

    कवर्धा। ग्राम पंचायत गंडई खुर्द में भाजपा शासन के तहत करोड़ों रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत हुई। इस दौरान सीसी रोड, पुलिया और नाली निर्माण सहित कई कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।

    स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ट्रिपल इंजन की सरकार में ग्रामीण अंचलों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हुई है और गंडई खुर्द में शुरू हो रहे ये कार्य उसी श्रृंखला का हिस्सा हैं।

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजयुमो जिला अध्यक्ष एवं जिला सदस्य प्रतिनिधि मनीराम साहू उपस्थित रहे। उनके साथ बोड़ला मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास्तव, महामंत्री झम्मन चंद्रवंशी व राजेश साहू, मंडल भाजयुमो अध्यक्ष अमित वर्मा, जनपद सदस्य नरेश चंद्रवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष काशीराम उइके, पूर्व जनपद सदस्य काशीराम साहू, भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष अजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

    ग्राम पंचायत सरपंच रवि चंद्रवंशी, उपसरपंच संतोष चंद्रवंशी, बूथ अध्यक्ष पवन चंद्रवंशी सहित पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

  • कवर्धा ब्रेकिंग: शिक्षकों की कमी से नाराज़ स्वामी आत्मानंद स्कूल, पिपरिया के छात्रों ने किया चक्काजाम

    कवर्धा ब्रेकिंग: शिक्षकों की कमी से नाराज़ स्वामी आत्मानंद स्कूल, पिपरिया के छात्रों ने किया चक्काजाम

    कवर्धा। जिले में लगातार दूसरे दिन भी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर बच्चों का आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को पिपरिया स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।

    छात्रों ने स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी और अन्य समस्याओं को लेकर बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बच्चे घंटों तक सड़क पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते रहे।

    सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे भूख हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगे।

    गौरतलब है कि जिले के कई शैक्षणिक संस्थानों में लंबे समय से शिक्षकों की कमी की समस्या बनी हुई है, जिसके चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

  • 3000 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी, कोर्ट से भेजा गया जेल

    3000 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी, कोर्ट से भेजा गया जेल

    कवर्धा। पंडरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

    जानकारी के अनुसार, पंडरिया वार्ड क्रमांक 09 निवासी सूरज सोनी (40 वर्ष) अपने घर में प्रतिबंधित दवाइयों का अवैध भंडारण कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी और Nrx Alprazolam (ALPRASCEN-0.5mg) की कुल 3000 टैबलेट (लगभग 480 ग्राम) जब्त कीं। बरामद दवाइयों की अनुमानित कीमत लगभग 72 सौ रुपये बताई गई है।

    आरोपी के खिलाफ थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 197/2025, धारा 21 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

    मेडिकल संचालकों को चेतावनी

    पुलिस ने कार्रवाई के बाद जिले के मेडिकल संचालकों को सख़्त हिदायत दी गई कि अवैध दवा बिक्री या भंडारण पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • MOTN सर्वे अगस्त 2025: देश का मूड, कौन है जनता का चहेता मुख्यमंत्री? यहां देखिए राज्यवार पूरी लिस्ट

    MOTN सर्वे अगस्त 2025: देश का मूड, कौन है जनता का चहेता मुख्यमंत्री? यहां देखिए राज्यवार पूरी लिस्ट

    नई दिल्ली | इंडिया टुडे–C Voter का मूड ऑफ द नेशन (MOTN) सर्वे अगस्त 2025 जारी हो चुका है। यह सर्वे एक बार फिर भारतीय राजनीति में बदलते समीकरणों की तस्वीर सामने लाता है। नतीजे बताते हैं कि जनता अब केवल भाषणों या नारों से प्रभावित नहीं होती, बल्कि शासन की दक्षता और विकास की दिशा ही उनकी प्राथमिकता बन चुकी है।

    हिमंता बिस्वा सरमा: लगातार नंबर वन, लेकिन गिरावट का संकेत

    असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरे कार्यकाल में भी सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बने हुए हैं। उन्हें 44.6 प्रतिशत समर्थन मिला है। हालांकि, यह फरवरी 2025 के 55 प्रतिशत से लगभग 10 अंक कम है। विश्लेषकों का मानना है कि यह गिरावट चुनावी थकान और असंतोष का नतीजा हो सकती है। बावजूद इसके, वे अभी भी राष्ट्रीय स्तर पर सबसे आगे हैं।

    छत्तीसगढ़ और झारखंड से नया उभार

    इस बार का सबसे बड़ा सरप्राइज छत्तीसगढ़ और झारखंड से आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और हेमंत सोरेन 41.9 प्रतिशत समर्थन के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। खासकर साय की लोकप्रियता फरवरी के 39 प्रतिशत से उछलकर लगभग तीन प्रतिशत बढ़ी है। उनके सुशासन तिहार 2025 अभियान, डिजिटल प्रशासन और शिकायत निवारण की पारदर्शी व्यवस्था को इस सफलता का आधार माना जा रहा है।

    यूपी और गुजरात: विपरीत तस्वीर

    उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी लोकप्रियता को बढ़ाते हुए 40.4 प्रतिशत तक पहुंचाया। फरवरी में उनका आंकड़ा 37 प्रतिशत था। यह उभार बताता है कि देश के सबसे बड़े राज्य में उनका राजनीतिक प्रभाव अब भी बरकरार है।

    इसके उलट गुजरात में भूपेंद्र पटेल की लोकप्रियता तेजी से गिरी है। फरवरी में 54 प्रतिशत से घटकर अब यह 40.7 प्रतिशत रह गई है। गुजरात जैसे अहम राज्य में यह गिरावट भाजपा के लिए चिंता का विषय मानी जा रही है।

    नायडू और ममता की मुश्किलें, मान की छलांग

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की लोकप्रियता 47 प्रतिशत से घटकर 38.1 प्रतिशत रह गई है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है। फरवरी में उनका स्कोर 46 प्रतिशत था, लेकिन अगस्त में यह घटकर केवल 30.1 प्रतिशत पर आ गया।

    इसके उलट, पंजाब में भगवंत मान ने अप्रत्याशित छलांग लगाई है। फरवरी में महज 17 प्रतिशत समर्थन से वे अगस्त में 29.9 प्रतिशत तक पहुंच गए। यह उभार उन्हें पंजाब की राजनीति में नए आत्मविश्वास के साथ खड़ा करता है।

    अन्य राज्यों की तस्वीर

    ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की लोकप्रियता फरवरी के 39 प्रतिशत से घटकर 34.2 प्रतिशत रह गई है। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामूली सुधार दिखाया है। उनका स्कोर 38 प्रतिशत से बढ़कर 39.2 प्रतिशत हुआ है।

    मुख्यमंत्री राज्य अगस्त 2025 फरवरी 2025
    हिमंता बिस्वा सरमा असम 44.6% 55%
    विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ 41.9% 39%
    हेमंत सोरेन झारखंड 41.9% 31%
    भूपेंद्र पटेल गुजरात 40.7% 54%
    योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश 40.4% 37%
    मोहन यादव मध्य प्रदेश 39.2% 38%
    चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश 38.1% 47%
    मोहन चरण मांझी ओडिशा 34.2% 39%
    ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल 30.1% 46%
    भगवंत मान पंजाब 29.9% 17%

    जनता का पैमाना: कामकाज और प्रशासन

    MOTN सर्वे अगस्त 2025 यह साफ कर देता है कि भारतीय मतदाता अब मुख्यमंत्रियों का आकलन केवल नारों या चुनावी वादों पर नहीं करते। जनता उन नेताओं को महत्व देती है, जो सुशासन, पारदर्शिता और विकास का ठोस मॉडल पेश करते हैं।

    असम के हिमंता बिस्वा सरमा अब भी सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बने हुए हैं, लेकिन उनकी घटती रेटिंग चेतावनी का संकेत है। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय और झारखंड के हेमंत सोरेन जैसे नेता राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहे हैं। वहीं योगी आदित्यनाथ की बढ़ती लोकप्रियता और भगवंत मान का अप्रत्याशित उभार आने वाले वर्षों में भारतीय राजनीति की दिशा तय कर सकता है।