Blog

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में हुए शामिल

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में हुए शामिल

    कवर्धा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज अपने कबीरधाम प्रवास के दौरान कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ग्राम बाघुटोला, नवापारा पहुंचे। यहाँ उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों और शिकायतों को गंभीरता से सुना और सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समय पर पहुँचना चाहिए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा इसके बाद ग्राम छांटाझा, लासाटोला, महराटोला और मुड़घुसरी में आयोजित भेंट मुलाकात में शामिल होंगे।
    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने  भेट मुलाकात के दौरान ग्रामवासियों द्वारा किए गए मांग को तत्काल मंजूरी दी। उन्होंने ग्राम नवापारा पंचायत बिरुटोला में ग्रामीणों की मांग पर 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। नवापारा से भिखुड़िया तक 3 किलोमीटर लंबे पहुँच मार्ग का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण होने से आसपास के विभिन्न गांव को आवागमन में सुविधा होगी। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, रोहित नाथ योगी सहित जनप्रतिनिधि ग्रामीण, युवा, महिलाएं उपस्थित थे।
    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीण, युवा, महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से होगा और किसी भी ग्रामीण को शासन-प्रशासन तक पहुँचने में कठिनाई नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि ‘‘सरकार की नीतियां और योजनाएं आपके जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए हैं। आपके बीच आकर जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका हल यहीं स्थल पर किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और रोजगार को लेकर बड़े स्तर पर कार्य चल रहे हैं। आने वाले समय में हर गांव में मूलभूत सुविधाएं और विकास कार्य सुनिश्चित होंगे।
    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य गाँव-गाँव तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। किसानों को सशक्त बनाना, युवाओं को रोजगार से जोड़ना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और हर घर तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘आपकी समस्या ही मेरी समस्या है, और उसका समाधान करना ही मेरा दायित्व है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ें। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल व शिक्षा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
    भेंट.मुलाकात कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि  उपमुख्यमंत्री का यह प्रयास सराहनीय है और इससे गाँवों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ है। ग्राम नवापारा के ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा पर खुशी जताई और कहा कि इससे ग्राम में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में गाँवों का सर्वांगीण विकास तेजी से होगा और आने वाले समय में कवर्धा विधानसभा आदर्श क्षेत्र के रूप में पहचान बनाएगा।
  • पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने महिलाओं संग मनाया तीज मिलन, नृत्य प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

    पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने महिलाओं संग मनाया तीज मिलन, नृत्य प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

    पंडरिया। हरियाली तीज के मौके पर पंडरिया में रविवार को खूब रौनक देखने को मिली। सामुदायिक भवन में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में आयोजित तीज मिलन समारोह में 2500 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। दिनभर चले इस कार्यक्रम में महिलाओं ने नृत्य, गीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए त्योहार की खुशियां साझा कीं।

    सांस्कृतिक माहौल में रंगा कार्यक्रम

    महिलाओं के मनोरंजन के लिए सामूहिक और एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक नृत्य में प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 11,000 रुपए और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान को 5,100 रुपए व तृतीय स्थान को 2,100 रुपए दिए गए। वहीं एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विजेता को 5,100 रुपए, द्वितीय स्थान को 2,100 रुपए और तृतीय स्थान को 1,100 रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

    पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने महिलाओं संग मनाया तीज मिलन, नृत्य प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

    “तीज पर्व नारी शक्ति और संस्कृति का प्रतीक”

    विधायक भावना बोहरा ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और नारी शक्ति का प्रतीक है। इस दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर शिव-पार्वती की पूजा करती हैं और अपने पति की दीर्घायु की कामना करती हैं। यह हमारी भारतीय संस्कृति की अनूठी परंपरा है।

    महतारी वंदन योजना से मिल रही मजबूती

    विधायक भावना बोहरा ने कहा कि हमारे धर्म में माना गया है “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता”। इसी सोच के साथ प्रदेश की डबल इंजन भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए की राशि सीधे उनके खाते में दी जा रही है।

    सामाजिक समरसता और नई पीढ़ी से जुड़ाव

    विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तीज त्योहार हमें हमारी जड़ों से जोड़े रखता है और नई पीढ़ी को परंपराओं और मूल्यों से अवगत कराता है। यह पर्व सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है क्योंकि इसमें हर वर्ग और समुदाय की महिलाएं एक साथ मिलकर उत्सव मनाती हैं।

    पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने महिलाओं संग मनाया तीज मिलन, नृत्य प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

    महिलाओं की अहम भूमिका

    विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज की महिलाएं घर-परिवार संभालने के साथ-साथ खेत-खलिहानों और अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद से महिलाओं में शिक्षा और साक्षरता का तेजी से प्रसार हुआ है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

    भाजपा महिला मोर्चा और स्थानीय महिलाओं की रही भागीदारी

    इस अवसर पर भाजपा कबीरधाम जिला एवं पंडरिया विधानसभा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। पूरे समारोह में उत्साह का माहौल बना रहा और महिलाओं ने इसे यादगार उत्सव बताया।

  • डिप्टी कलेक्टर पर दुष्कर्म का आरोप, महिला आरक्षक ने दर्ज कराई FIR

    डिप्टी कलेक्टर पर दुष्कर्म का आरोप, महिला आरक्षक ने दर्ज कराई FIR

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके के खिलाफ महिला आरक्षक ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता की शिकायत पर डौंडी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके पिता रतन लाल उईके, ग्राम अवारी (डौंडी ब्लॉक) के निवासी हैं और वर्तमान में बीजापुर जिले में पदस्थ हैं। शिकायत में महिला आरक्षक ने आरोप लगाया है कि उनकी मुलाकात कुछ समय पहले डिप्टी कलेक्टर से हुई थी। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पिछले एक साल में कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

    पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात दोहराई तो आरोपी मुकर गया और शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद उसने दूरी बनानी शुरू कर दी। निराश होकर महिला आरक्षक ने थाने में लिखित शिकायत दी।

    इस मामले पर बालोद एएसपी मोनिका ठाकुर ने मीडिया से कहा, “महिला आरक्षक की शिकायत पर सरकारी कर्मचारी के खिलाफ दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

    पुलिस ने IPC की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

  • गिरफ्तारी के बाद से लगातार बढ़ रही चैतन्य बघेल की रिमांड अवधि

    गिरफ्तारी के बाद से लगातार बढ़ रही चैतन्य बघेल की रिमांड अवधि

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की न्यायिक रिमांड को कोर्ट ने 14 दिन और बढ़ा दिया है। अब वे 31 अगस्त तक जेल में रहेंगे। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनसे पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड की मांग करते हुए कोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया है। कोर्ट इस पर मंगलवार को सुनवाई करेगा।

    शराब घोटाले में गिरफ्तारी

    ज्ञात हो कि 18 जुलाई की सुबह ईडी की टीम ने भूपेश बघेल के भिलाई स्थित घर पर छापा मारा था। छापेमारी और पूछताछ के बाद ईडी ने चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर रायपुर लाया। उनकी गिरफ्तारी के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी की कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

    रिमांड का सिलसिला

    गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने ईडी को पहली बार 5 दिन की रिमांड दी थी। 22 जुलाई को रिमांड खत्म होने पर ईडी ने आगे रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने चैतन्य बघेल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 4 अगस्त को दूसरी पेशी में उनकी रिमांड 14 दिन के लिए और बढ़ाई गई। 18 अगस्त को तीसरी बार पेशी हुई और अब उन्हें फिर से 31 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर में नक्सली आईईडी ब्लास्ट में शहीद जवान को दी श्रद्धांजलि

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर में नक्सली आईईडी ब्लास्ट में शहीद जवान को दी श्रद्धांजलि

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवान दिनेश नाग के शहीद होने तथा तीन जवानों के घायल होने की सूचना मिली है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद जवान को नमन करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दे। उन्होंने घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली पूरी तरह हताश हो चुके हैं और इसी हताशा में इस प्रकार की कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि DRG के जवान दिनेश नाग की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा हमारा दृढ़ संकल्प है और इस दिशा में हम हर हाल में सफल होंगे।

  • जमीन के झगड़े ने ली जान, बेटे ने पिता व फूफी को उतारा मौत के घाट, आरोपी पुत्र गिरफ्तार

    जमीन के झगड़े ने ली जान, बेटे ने पिता व फूफी को उतारा मौत के घाट, आरोपी पुत्र गिरफ्तार

    कवर्धा। ग्राम इंदौरी (थाना पिपरिया) में पारिवारिक विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। जमीन बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में पुत्र ने अपने ही पिता और फूफी की लोहे के सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया है।

    पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय रामकुमार काठले का लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रामकुमार ने अपने पिता नरायण काठले और फूफी धरमीन बाई पर लोहे के सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर दिए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना की सूचना मृतक के परिजन हरिचन्द्र काठले ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    थाना पिपरिया में आरोपी रामकुमार के खिलाफ अपराध क्रमांक 00/2025, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

  • अवैध शराब पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पाँच ढाबा संचालक गिरफ्तार

    अवैध शराब पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पाँच ढाबा संचालक गिरफ्तार

    कवर्धा। जिले में अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ थाना कवर्धा पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, पंकज पटेल और डीएसपी कृष्णा चंद्राकर व आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने पाँच ढाबा संचालकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

    पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ ढाबों में ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने दबिश दी और इण्डियन ढाबा, राजा ढाबा, पंजाबी ढाबा, मामा-भांचा ढाबा और पप्पु ठाकुर ढाबा से आरोपियों को शराब सहित गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से देशी प्लेन मदिरा की शीशियां, शराब गंधयुक्त खाली बोतलें और डिस्पोजल गिलास जब्त किए गए।

    सभी मामलों में आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। चूँकि ये प्रकरण जमानतीय थे, इसलिए सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

    थाना कवर्धा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जिले के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा बिक्री और उपभोग के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • मौसम विभाग की चेतावनी: रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कवर्धा में भारी बारिश के आसार

    मौसम विभाग की चेतावनी: रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कवर्धा में भारी बारिश के आसार

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 18 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है।

    पिछले तीन दिनों से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में देर रात तेज बारिश हो रही है। रविवार रात भी राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में जमकर बारिश दर्ज की गई। हालांकि दिन में धूप और उमस के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    इन जिलों में होगी भारी बारिश

    मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, कांकेर, जगदलपुर और अंबिकापुर समेत कई जिलों में 18 से 21 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

    आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी खतरा

    विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के साथ कई स्थानों पर आंधी-तूफान चल सकता है। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

  • आला रे आला गोविंदा आला” की गूंज के बीच कवर्धा में शुरू हुआ दही हांड़ी उत्सव, गांधी मैदान व भारत माता चौक में होगा भव्य आयोजन

    आला रे आला गोविंदा आला” की गूंज के बीच कवर्धा में शुरू हुआ दही हांड़ी उत्सव, गांधी मैदान व भारत माता चौक में होगा भव्य आयोजन

    कवर्धा। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को कवर्धा शहर दही हांड़ी उत्सव की रौनक में डूब गया। सर्व यादव समाज द्वारा आयोजित इस पारंपरिक उत्सव की शुरुआत सुबह 8 बजे हवन और पूजन से हुई। सामाजिक अतिथियों की मौजूदगी में श्री राधाकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद “दही लूट” का शुभारंभ हुआ।

    ग्वालों की टोली निकली, 31 गोपियां बनीं आकर्षण

    खेडापति हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद ग्वालों की टोली शहरभर में निकली। डीजे, धुमाल और बैंड की धुन पर गोविंदा नाचते-गाते आगे बढ़े। रैली में 31 गोपियां सिर पर दही की मटकियां सजाकर शामिल हुईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। टोली के पहुंचते ही गलियों में जयकारे गूंज उठे और लोग दर्शन व सहभागिता के लिए उमड़ पड़े।

    जगह-जगह मटकियों के फूटने का रोमांच

    उत्सव की शुरुआत राधाकृष्ण मंदिर के पास मटकी फोड़ने से हुई। इसके बाद करपात्री चौक, शीतला मंदिर और ठाकुर पारा में भी दही हांड़ी का उल्लास चरम पर पहुंचा। हर मटकी फूटते ही दही-माखन की बौछार और हर्षोल्लास का नजारा देखने लायक रहा। हालांकि अभी शहर के कई प्रमुख स्थानों मेन मार्केट, दर्री पारा आदि सहित नगर में मटकियां फोड़ने का कार्यक्रम बाकी है। गोविंदाओं की टोली वहां पहुंचने को तैयार है और लोग अगले नजारे के इंतजार में हैं।

    शाम को होगा भव्य आयोजन

    शहरवासियों की निगाहें अब शाम को होने वाले विशेष आयोजन पर टिकी हैं। नगर के गांधी मैदान और भारत माता चौक में जंक्शन परिवार की ओर से दही हांड़ी का बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और ग्वालों का अभिनंदन करेंगे।

    सुरक्षा और परंपरा दोनों का ख्याल

    सर्व यादव समाज ने बताया कि परंपरा को जीवित रखने के साथ-साथ सुरक्षा पर भी पूरा ध्यान दिया गया है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी मटकियों को नहीं फोड़ा जाएगा। वहीं पुलिस और समाज के स्वयंसेवक पूरी चौकसी में जुटे हैं ताकि भीड़भाड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

    अभी महोत्सव जारी है और ग्वालों की टोली एक-एक कर शहर की गलियों में मटकियां फोड़ते हुए आगे बढ़ रही है। लोग बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं कि अगली मटकी कहां फूटेगी और शाम के भव्य आयोजन में कैसा नजारा होगा।

  • मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां तेज, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल के नाम लगभग तय, अमर अग्रवाल का भी नाम चर्चा में, विदेश दौरे से पहले हो सकता है विस्तार

    मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां तेज, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल के नाम लगभग तय, अमर अग्रवाल का भी नाम चर्चा में, विदेश दौरे से पहले हो सकता है विस्तार

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राज्यपाल रमन डेका से मुलाकात कर औपचारिक संकेत दे दिए हैं कि बहुत जल्द मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, तीन नए मंत्री शपथ ले सकते हैं।

    विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। वहीं, बिलासपुर के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल का नाम भी चर्चा में है। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद होगा।

    मुख्यमंत्री ने दिए संकेत

    राजभवन से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा, “इंतजार करिए, जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा। यह विस्तार विदेश दौरे से पहले भी हो सकता है।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि शपथ ग्रहण समारोह अगले कुछ दिनों में आयोजित हो सकता है।

    14 मंत्रियों का फार्मूला

    वर्तमान में साय कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। नियम के अनुसार 90 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 15 प्रतिशत यानी 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

    हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्रियों का फार्मूला लागू करने की तैयारी है। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद अब तक अधिकतम 13 मंत्री ही रहे हैं, लेकिन इस बार विस्तार के बाद मंत्रियों की संख्या 14 तक पहुंच सकती है।

    विदेश यात्रा से पहले विस्तार संभव

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संकेत दिए हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार उनकी विदेश यात्रा से पहले ही किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि तीन नए मंत्री जल्द शपथ ले सकते हैं।

    मुख्यमंत्री 21 अगस्त से अपनी पहली विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। यह दौरा दस दिन का होगा। 21 अगस्त की सुबह वे रायपुर से दिल्ली जाएंगे और शाम को जापान के लिए रवाना होंगे। जापान के बाद वे दक्षिण कोरिया पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 31 अगस्त को दिल्ली लौटेंगे।

    इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जापान और दक्षिण कोरिया के उद्योगपतियों व निवेशकों से मुलाकात करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में निवेश आकर्षित करना है। विशेष रूप से उद्योग, अधोसंरचना और तकनीकी साझेदारी को लेकर कई अहम बैठकें निर्धारित की गई हैं।

    मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर माहौल लगभग साफ है। गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल के मंत्री पद की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है, वहीं अमर अग्रवाल का नाम अंतिम समय तक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। विदेश यात्रा से पहले मंत्रिमंडल विस्तार के पूरे होने की संभावना अधिक है।