Blog

  • नशे में धुत युवकों ने भगवान श्रीराम व हनुमान की मूर्तियों का किया अपमान, हिंदू संगठनों में आक्रोश

    नशे में धुत युवकों ने भगवान श्रीराम व हनुमान की मूर्तियों का किया अपमान, हिंदू संगठनों में आक्रोश

    कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से भगवान श्रीराम और हनुमान जी की मूर्तियों के साथ अभद्र व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नवागांव स्थित ईशान वन की है।

    वायरल वीडियो में तीन युवक, जिनमें एक शर्टलेस दिखाई दे रहा है, मूर्तियों के साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ करते और थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। वहीं, उनके साथ मौजूद अन्य युवक इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर हंसते हुए देखे जा सकते हैं।

    हिंदू संगठनों ने इस कृत्य पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने आरोपियों की पहचान कोण्डागांव जिले के आलोर निवासी महेश कोर्राम, शिवलाल लोचन, संजीव मरकाम और उनके अन्य साथियों के रूप में की है।

    संगठन का कहना है कि ऐसे कृत्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में अशांति फैलाते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

  • बेटियों के सपनों को नई उड़ान: विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया में 8 निःशुल्क बस सेवा का संचालन किया प्रारम्भ, 1000 से अधिक छात्राओं को लाभ

    बेटियों के सपनों को नई उड़ान: विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया में 8 निःशुल्क बस सेवा का संचालन किया प्रारम्भ, 1000 से अधिक छात्राओं को लाभ

    पंडरिया। बेटियों की शिक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज से महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए 8 निःशुल्क बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया। यह सेवा पंडरिया विधानसभा के उन ग्रामीण इलाकों तक पहुंचेगी, जहां आवागमन की कमी के कारण कई बेटियों की पढ़ाई बीच में ही रुक जाती थी।

    11 अगस्त से शुरू हुई इस सेवा के पहले ही दिन कवर्धा, पिपरिया, सहसपुर लोहारा, पंडरिया और पांडातराई के ग्रामीण इलाकों में पढ़ने वाली छात्राओं ने इसका लाभ उठाया। बस के आगमन पर गांव-गांव में छात्राओं, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और पूजा-अर्चना के साथ भव्य स्वागत किया।

    भावना बोहरा ने बताया कि इस पहल के जरिए करीब 1000 छात्राओं को सीधे लाभ मिलेगा। पहले तीन बसों से यह सेवा सीमित क्षेत्रों तक थी, लेकिन वादा निभाते हुए 6 जुलाई को पाँच अतिरिक्त बसों को जोड़ा गया, जिससे अब कुल 8 बसें चल रही हैं। इन बसों से छात्राओं को घर से महाविद्यालय और महाविद्यालय से घर आने-जाने की सुरक्षित और आसान सुविधा मिलेगी।

    बसों के रवाना होते ही गांवों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। परिजनों के चेहरों पर सुकून और बेटियों की आँखों में भविष्य के सपनों की चमक साफ नजर आ रही थी। कई अभिभावकों ने कहा कि अब न सिर्फ उनकी बेटियाँ उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी, बल्कि उन्हें उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता भी नहीं रहेगी।

    इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने भावुक होकर कहा, “यह मेरे लिए बेहद संतोषजनक क्षण है। बेटियों की मुस्कान और उनके माता-पिता की आँखों में उम्मीद की चमक देखना मेरे संकल्प की सबसे बड़ी सफलता है। यह बस सेवा सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि सैकड़ों बेटियों और उनके परिजनों के लिए अपने सपनों को पूरा करने की उम्मीद है।”

    उन्होंने आगे कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान और नारी शक्ति सशक्तिकरण की सोच से प्रेरित है। उनका लक्ष्य है कि पंडरिया की हर बेटी अपने सपनों की उड़ान भरे, पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बने और अपने माता-पिता के साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करे।

    गांव-गांव में इस पहल की चर्चा हो रही है और लोग कह रहे हैं – “भावना दीदी की गारंटी” अब बेटियों के लिए शिक्षा की नई राह बन गई है।

  • छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: राजधानी में बादलों का डेरा, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: राजधानी में बादलों का डेरा, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

    मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, कवर्धा, बालोद, बलरामपुर, रामानुजगंज, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़ और जशपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

    पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से प्रदेश में बारिश नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है और उमस चरम पर है। इससे आमजन को काफी परेशानी हो रही थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाली बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और मौसम में ठंडक बढ़ेगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

    विभाग ने बताया कि कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका है, जिसके चलते सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

    मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले क्षेत्रों में मौजूद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

    मौसम विभाग की इस भविष्यवाणी से गर्मी और उमस से परेशान प्रदेशवासियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में बारिश उन्हें राहत दिलाएगी और मौसम सुहावना बनेगा।

  • नियुक्तियों से बढ़ी कवर्धा जिले की पहचान, आकाश आहूजा बने चेंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष, दिनेश जैन को मिली इकाई अध्यक्ष की जिम्मेदारी

    नियुक्तियों से बढ़ी कवर्धा जिले की पहचान, आकाश आहूजा बने चेंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष, दिनेश जैन को मिली इकाई अध्यक्ष की जिम्मेदारी

    कवर्धा। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने अपने नए कार्यकाल के लिए संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की घोषणा की। इस क्रम में कवर्धा के जिलाध्यक्ष आकाश आहूजा को उनकी सक्रियता और उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। वहीं अतुल देशलहरा को पुनः प्रदेश मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई और कवर्धा इकाई अध्यक्ष के रूप में दिनेश जैन की नियुक्ति की गई।

    चेंबर के प्रदेश नेतृत्व ने इन नियुक्तियों को कवर्धा जिले में व्यापारी हित में किए गए सराहनीय कार्यों का सम्मान बताया। नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष आकाश आहूजा ने नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे जिले के व्यापारियों की आवाज को प्रदेश स्तर पर मजबूती से रखेंगे। उन्होंने कहा कि दिनेश जैन के नेतृत्व में कवर्धा में व्यापारी एकता और तालमेल को नई ऊंचाई मिलेगी।

    प्रदेश मंत्री अतुल देशलहरा ने कहा कि नई टीम ऊर्जा और उत्साह के साथ व्यापारियों के हित में ठोस कदम उठाएगी। वहीं इकाई अध्यक्ष दिनेश जैन ने जिले के व्यापारियों को साथ लेकर हर समस्या का समाधान करने और बेहतर व्यापारिक माहौल बनाने का संकल्प लिया।

    इस अवसर पर चेंबर के संरक्षक महावीर जैन, कोर कमेटी सदस्य कुलवंत सिंह सलूजा, भजनजीत खुराना, गौतम श्रीश्रीमाल, प्रदेश मंत्री सलीम हिंगोरा, महामंत्री वनीत सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष द्वारिका गुप्ता, उपाध्यक्ष राकेश दोषी, प्रभु राजपुरोहित, कवर्धा प्रभारी अजय लूनिया, मंत्री मनोज ठाकुर, सोनू चावला, कार्यकारिणी सदस्य अनिल दानी, अकरम खान, अमित शर्मा, दीप शर्मा, अमित बरडिया, संजय तिवारी, सूर्य प्रकाश केसरी, भागीरथी सिन्हा सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

  • 7 साल से फर्जी डॉक्टर बनकर कर रहा था इलाज, NHM ने किया बर्खास्त

    7 साल से फर्जी डॉक्टर बनकर कर रहा था इलाज, NHM ने किया बर्खास्त

    रायपुर। राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिना MBBS डिग्री और मेडिकल काउंसिल पंजीकरण के एक व्यक्ति पिछले सात साल से सरकारी अस्पताल में डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज कर रहा था। आरटीआई (RTI) के माध्यम से हुए इस खुलासे के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया।

    फर्जी डॉक्टर की पहचान राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है। 2018 में NHM छत्तीसगढ़ के माध्यम से नियुक्त राहुल पहले रायपुर के खोखोपारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ था, बाद में मठपुरैना पीएचसी और जिला अस्पताल में भी कार्यरत रहा।

    आरटीआई कार्यकर्ता ने डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के सीएमएचओ और NHM से राहुल की डिग्री व पंजीकरण की जानकारी मांगी। दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया, लेकिन कई बार समय मिलने के बावजूद आरोपी कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। यहां तक कि हाईकोर्ट से 90 दिन और फिर अतिरिक्त एक माह का समय मिलने पर भी वह असफल रहा।

    जांच में पता चला कि राहुल अग्रवाल ‘कायाकल्प’ और PCPNDT टीम का भी हिस्सा था, जिससे शक गहराया है कि प्रदेश में और भी फर्जी डॉक्टर सक्रिय हो सकते हैं।

  • छत्तीसगढ़ सरकार का नया नियम: धान बेचना है समर्थन मूल्य पर? पहले इस पोर्टल पर नाम दर्ज कराएं, वरना बोनस भी जाएगा हाथ से, पढ़ें पूरी खबर

    छत्तीसगढ़ सरकार का नया नियम: धान बेचना है समर्थन मूल्य पर? पहले इस पोर्टल पर नाम दर्ज कराएं, वरना बोनस भी जाएगा हाथ से, पढ़ें पूरी खबर

    रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के लिए बड़ा बदलाव कर दिया है। इस बार समर्थन मूल्य पर धान बेचने का अधिकार सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनका नाम एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकृत होगा। रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर किसान न केवल धान नहीं बेच पाएंगे, बल्कि बोनस और कई योजनाओं से मिलने वाली सहायता राशि भी खो बैठेंगे।

    एकीकृत किसान पोर्टल से जुड़ रहा है एग्रीस्टैक

    पहले किसानों का पंजीकरण एकीकृत किसान पोर्टल पर होता था। अब इसे एग्रीस्टैक पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। कृषि विभाग ने निर्देश दिए हैं कि पुराने रजिस्ट्रेशन को आगे बढ़ाने या संशोधन करने से पहले हर किसान का एग्रीस्टैक पर नया पंजीकरण अनिवार्य है। इसका मतलब है कि पिछले साल पंजीकरण कराने वाले किसानों को भी इस बार फिर से नाम दर्ज कराना होगा।

    पंजीकरण कहां और कैसे करें

    किसान अपना पंजीकरण नजदीकी लेम्प्स (LAMPs) या ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) में निःशुल्क करवा सकते हैं। प्रशासन ने किसानों को चेतावनी दी है कि अंतिम समय का इंतजार न करें, वरना बिक्री के समय परेशानी हो सकती है।

    योजनाओं का लाभ भी सिर्फ पंजीकृत किसानों को

    कृषि विभाग का कहना है कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले किसान ही कृषक उन्नति योजना का लाभ पा सकेंगे। इस योजना के तहत सरकार, किसानों को समर्थन मूल्य और बाजार भाव के बीच का अंतर भरपाई के रूप में देती है।

    अगर किसान धान की जगह कोई दूसरी खरीफ फसल लेते हैं तो उन्हें ₹11,000 प्रति एकड़ की मदद मिलेगी। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, लघु धान्य (कोदो, कुटकी, रागी) या कपास की खेती करने पर ₹10,000 प्रति एकड़ की सहायता दी जाएगी।

    लेकिन यह लाभ तभी मिलेगा जब किसान का पंजीकरण एग्रीस्टैक पोर्टल पर हुआ हो और उसकी फसल का रकबा गिरदावरी में सत्यापित हो चुका हो।

    बिना पंजीकरण — न बिक्री, न बोनस

    कृषि विभाग ने साफ किया है कि जिन किसानों का नाम एग्रीस्टैक पोर्टल में नहीं होगा, वे न तो समर्थन मूल्य पर धान बेच पाएंगे और न ही बोनस की रकम पा सकेंगे। सरकार का साफ संदेश है — “समर्थन मूल्य और बोनस चाहिए तो समय पर रजिस्ट्रेशन कराएं।”

  • कबीरधाम में बहनों ने पुलिस भाइयों को बांधी राखी, लिया सुरक्षा का संकल्प

    कबीरधाम में बहनों ने पुलिस भाइयों को बांधी राखी, लिया सुरक्षा का संकल्प

    कवर्धा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर, जब अधिकांश भाई-बहन यह त्योहार अपने घर-परिवार के साथ मना रहे थे, जिले के पुलिस जवान अपने कर्तव्य पथ पर समाज की सुरक्षा में तत्पर थे। इन्हीं समर्पित पुलिस भाइयों के प्रति स्नेह, सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए, कबीरधाम जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की बहनों ने एक दिन पूर्व ही पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें सुरक्षा का संकल्प सूत्र प्रदान किया।

    पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस भावपूर्ण समारोह में, बहनों ने “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” का संदेश देते हुए राखी बांधी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला एवं कृष्ण कुमार चंद्राकर ने राखी बंधवाकर बहनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

    इस कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल की शिक्षिका रेखा सिंह, कक्षा 7वीं एवं 9वीं की छात्राएं, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय कवर्धा की बी.के. निलेश्वरी दीदी एवं बी.के. गोमती दीदी, तथा पी.जी. कॉलेज की छात्रा बहनों ने भाग लिया। सभी ने प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद से परिपूर्ण राखी बांधते हुए पुलिस भाइयों की निरंतर सेवा, निष्ठा और बलिदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

    बहनों ने कहा कि पुलिस विभाग समाज की ढाल है, जो अपने त्योहार और परिवार की खुशियां त्यागकर नागरिकों की सुरक्षा में जुटा रहता है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए वचन दिया कि वे समाज में सुरक्षा, शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

    पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आज बहनों के हाथों राखी बंधवाकर हमें महसूस हुआ कि हमारी ड्यूटी केवल वर्दी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक भावनात्मक रिश्ता है जो हमें पूरे समाज से जोड़ता है। यह रक्षा सूत्र हमें हमेशा याद दिलाएगा कि हमारी जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक नहीं, बल्कि हर बहन-बेटी की सुरक्षा तक है।

     

  • आईईडी ब्लास्ट व भालू हमले में घायल ग्रामीण-जवान से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा

    आईईडी ब्लास्ट व भालू हमले में घायल ग्रामीण-जवान से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा

    रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को सुबह मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल डिमरापाल पहुंचकर आईडी ब्लास्ट में घायल ग्रामीण तथा भालू के हमले में घायल जवान से रूबरू भेंटकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और इन दोनों का बेहतर उपचार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश अधिकारियों एवं चिकित्सकों को दिए। साथ ही उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीण प्रमोद ककेम तथा जवान बामन पोड़ियाम के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। ज्ञात हो कि बीते 5 अगस्त को बीजापुर जिले के इलमिड़ी निवासी ग्रामीण प्रमोद ककेम नक्सलियों के द्वारा लगाए गए आईडी की चपेट में आने के कारण घायल हो गया,

    जिसे बेहतर उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रिफर किया गया है। वहीं बीजापुर जिले के बासागुड़ा ईलाके में गश्त के दौरान गत 29 जुलाई को अचानक भालू के हमले में घायल जवान बामन पोड़ियाम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा के साथ विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, महापौर संजय पाण्डे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और जिला प्रशासन के अधिकारी एवं मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के चिकित्सक मौजूद थे।

  • हनुमान मंदिर के पास पड़ी मिली मासूम नवजात बच्ची, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस

    हनुमान मंदिर के पास पड़ी मिली मासूम नवजात बच्ची, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस

    कवर्धा। गुरुवार रात करीब 9 बजे थाना चिल्फी पुलिस को सूचना मिली कि घाटी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक नवजात बच्ची को अज्ञात व्यक्ति लावारिस हालत में छोड़कर चला गया है।

    सूचना मिलते ही थाना चिल्फी पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई में जुट गई और मौके पर पहुंची। सालहेवारा के दो युवकों की मदद से मासूम बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिल्फी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच की। बच्ची की हालत को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा और देखभाल के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

    घटना की जानकारी तुरंत चाइल्ड केयर यूनिट को भी दी गई, ताकि बच्ची के सुरक्षित पालन-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। फिलहाल बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और जिला अस्पताल में उसकी देखरेख की जा रही है।

    पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची के परिजनों और उसे छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

  • कवर्धा में अज्ञात बदमाशों ने मंदिर में की तोड़फोड़, शिवलिंग खंडित कर मंदिर को पहुंचाया नुकसान, घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश

    कवर्धा में अज्ञात बदमाशों ने मंदिर में की तोड़फोड़, शिवलिंग खंडित कर मंदिर को पहुंचाया नुकसान, घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश

    कवर्धा। जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरमो के सारंगढ़ गांव में एक गंभीर धार्मिक असहिष्णुता की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने गांव के एक प्राचीन मंदिर को निशाना बनाते हुए वहां तोड़फोड़ की और शिवलिंग की प्रतिमा को खंडित कर दिया। इस कृत्य से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया है।

    मंदिर के पुजारी और स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह जब मंदिर का दरवाज़ा खोला, तो उन्होंने वहां तोड़फोड़ के निशान और खंडित शिवलिंग को देखा। घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग मंदिर प्रांगण में एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यह केवल एक धार्मिक स्थल पर हमला नहीं, बल्कि लोगों की आस्था पर चोट है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। भोरमदेव थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।