Blog

  • शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 65 लाख की चोरी छिपाने पर प्राचार्य निलंबित, देखें पूरी लिस्ट

    शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 65 लाख की चोरी छिपाने पर प्राचार्य निलंबित, देखें पूरी लिस्ट

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिल्हा ब्लॉक अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल बेलतरा से लगभग 65 लाख रुपये मूल्य की शासकीय सामग्री चोरी होने के मामले ने शिक्षा विभाग को हिला कर रख दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य कावेरी यादव ने इस मामले की न तो कोई सूचना विभाग को दी, और न ही पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई। इस गंभीर लापरवाही और चुप्पी को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

    क्या है पूरा मामला?

    विद्यालय भवन निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए सरकारी मद से बड़ी मात्रा में सामग्री जैसे खिड़कियां, दरवाजे, ग्रिल, फिटिंग्स, सीमेंट, लोहे के सरिए, टाइल्स और फर्नीचर — विद्यालय में संग्रहित की गई थी। लेकिन जब विभागीय निरीक्षण किया गया, तो पाया गया कि ये सभी सामग्री विद्यालय परिसर से गायब है।

    इसके बाद की गई जांच में यह सामने आया कि चोरी लंबे समय पहले हो चुकी थी, लेकिन प्रभारी प्राचार्य कावेरी यादव ने इसे न केवल विभाग से छिपाया, बल्कि कानूनी प्रक्रिया भी पूरी तरह से नजरअंदाज की।

    DPI ने लिया सख्त एक्शन, नियमों का उल्लंघन माना

    जब यह मामला लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तत्काल जांच करवाई। जांच में यह प्रमाणित हुआ कि प्राचार्य ने न केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं किया, बल्कि शासन को ₹65 लाख की वित्तीय क्षति भी पहुँचाई।

    प्राचार्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखते हुए निलंबित किया गया है।

    निलंबन के दौरान कहां रहेंगी पदस्थ?

    लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन की अवधि में कावेरी यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बिल्हा कार्यालय रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) दिया जाएगा।

    https://shatabditimes.page/wp-content/uploads/2025/08/1280028.pdf

  • तालाब किनारे लावारिस मिली डेढ़ साल की बच्ची, साथ में मिली चौंकाने वाली चिट्ठी – मैं मरने जा रहा हूं

    तालाब किनारे लावारिस मिली डेढ़ साल की बच्ची, साथ में मिली चौंकाने वाली चिट्ठी – मैं मरने जा रहा हूं

    रायपुर। बीरगांव के व्यास तालाब के पास गुरुवार सुबह एक मार्मिक मामला सामने आया। वहां एक छोटा हाथी वाहन में डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के पास एक चिट्ठी भी रखी थी, जिसमें लिखा था –
    मेरे पास अब कोई जगह नहीं है। बच्ची को छोड़ रहा हूं। मैं मरने जा रहा हूं, कृपया कोई इसे अपना ले।

    स्थानीय लोगों ने जब रोने की आवाज सुनी, तो पास जाकर देखा। गाड़ी के अंदर बच्ची अकेली बैठी थी। सूचना मिलते ही बीरगांव नगर निगम के MIC सदस्य इकराम अहमद मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

    खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया। पुलिस ने चिट्ठी जब्त कर ली है और अब बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है।

  • बोड़ला में कोटवार की डंडे से पीटकर हत्या, शराब पीने के बाद हुआ विवाद – पुलिस जांच में जुटी

    बोड़ला में कोटवार की डंडे से पीटकर हत्या, शराब पीने के बाद हुआ विवाद – पुलिस जांच में जुटी

    कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भीरा के आश्रित गांव मांदीभाटा में गांव के कोटवार नरेंद्र मानिकपुरी की हत्या कर दी गई।

    जानकारी के मुताबिक, कोटवार नरेंद्र अपने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति चैन सिंह के साथ शराब पीने गया था। दोनों ने मिलकर शराब दुकान पर बैठकर शराब पी, लेकिन इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

    बहस धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई और गुस्से में आकर चैन सिंह ने पास में पड़े डंडे से नरेंद्र पर हमला कर दिया। हमला इतना जबरदस्त था कि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को तुरंत बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बोड़ला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया। आरोपी चैन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

    बोड़ला थाना प्रभारी रुपाक शर्मा ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद कर लिया गया है और आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश भी थी, जो इस वारदात की एक वजह हो सकती है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

  • केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पीएम जनमन योजना में छत्तीसगढ़ को 100 पुल निर्माण सहित 375.71 करोड़ रु. की दी स्वीकृति

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पीएम जनमन योजना में छत्तीसगढ़ को 100 पुल निर्माण सहित 375.71 करोड़ रु. की दी स्वीकृति

    नई दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों को मजबूती देते हुए आज केंद्र सरकार की ओर से राज्य में 100 पुलों और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 375.71 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की। शिवराज सिंह ने नई दिल्ली में उनसे मिलने आए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को स्वीकृति पत्र प्रदान करते हुए इसकी घोषणा की। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि पीएम जनमन बैच-II (2025-26) के तहत छत्तीसगढ़ राज्य को 375.71 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ 6,569.56 मीटर के 100 पुल स्वीकृत किए हैं। इस स्वीकृति के साथ राज्य को अब तक 715 सड़कें (2,449.108 किलोमीटर) एवं 100 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी जा चुकी है।

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि इसका उद्देश्य दूरदराज और अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूहों (पीवीटीजी) को सरकारी कल्याण योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। स्वीकृति राशि की मदद से निर्मित सड़कें एवं पुल पीवीटीजी आबादी की सामाजिक-आर्थिक स्थितियों को बदलने में एक बड़ा बदलाव साबित होगी और उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा में लाने में मदद मिलेगी। साथ ही इस कदम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के निर्माण की संकल्पना भी पूरी होगी।

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने उप मुख्यमंत्री से कहा कि राज्य सरकार द्वारा सड़क और पुलों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ फास्ट ट्रैक मोड में पूरा हो, यह प्रसन्नता की बात होगी।

    बैठक में राज्य में चावल के भंडारण के लिए वैकल्पिक उपाय, ग्रामीण और पंचायत स्तर पर व्यवस्था को मजबूत करने, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत नए घरों की स्वीकृति हेतु सर्वे एवं अन्य विभिन्न विषयों पर भी चर्चा एवं भावी रणनीतियों पर बातचीत हुई।

  • पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के घर बड़ी चोरी, हाथी की मूर्ति ले गए चोर – CCTV में पूरी वारदात

    पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के घर बड़ी चोरी, हाथी की मूर्ति ले गए चोर – CCTV में पूरी वारदात

    अम्बिकापुर। शहर में चोरी की घटनाएं अब आम लोगों से निकलकर विशिष्ट और संरक्षित परिसरों तक पहुंच गई हैं। ताज़ा मामला सरगुजा राजपरिवार से जुड़ा है, जहां पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के निवास कोठीघर से अज्ञात चोर पीतल की हाथी की मूर्ति चुरा ले गए। यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है और अब पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोठीघर के मुख्य द्वार पर पीतल की दो हाथियों की मूर्तियां स्थापित थीं। बीती रात अज्ञात चोरों ने उनमें से एक मूर्ति को बड़ी ही चालाकी से उड़ा लिया। चोरी के समय राजपरिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे, और सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात था, लेकिन उसे घटना की भनक तक नहीं लगी।

    घटना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और CCTV फुटेज जब्त कर जांच तेज कर दी है।

    यह पहली बार नहीं है जब अम्बिकापुर में इस तरह की चोरी की वारदात सामने आई हो। पिछले कुछ महीनों में अस्पताल से एम्बुलेंस चोरी, सार्वजनिक स्थानों से मूर्तियों की चोरी और अन्य कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब राजपरिवार जैसे संवेदनशील स्थल पर चोरी होने से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही चोरी में लिप्त तत्वों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, शहरवासियों ने भी प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

  • हाफ नदी में तैरता मिला वृद्ध का शव, इलाके में फैली सनसनी; मंगलवार दोपहर से लापता था बुजुर्ग, परिजनों को नहीं थी अनहोनी की आशंका

    हाफ नदी में तैरता मिला वृद्ध का शव, इलाके में फैली सनसनी; मंगलवार दोपहर से लापता था बुजुर्ग, परिजनों को नहीं थी अनहोनी की आशंका

    कवर्धा। बुधवार सुबह पंडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम धोबहट्टी स्थित हाफ नदी में एक अज्ञात वृद्ध का शव तैरता हुआ मिला। शव देखे जाने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम रेहुटा निवासी कृष्णकुमार निषाद (70 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

    सुबह नदी में मिला शव, ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

    बुधवार की सुबह ग्राम धोबहट्टी के कुछ ग्रामीण जब अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले, तब उन्होंने नदी में एक शव को तैरते देखा। दृश्य भयावह था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पंडातराई थाना पुलिस को दी। पुलिस दल के साथ पहुंचे गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला और उसे शिनाख्त के लिए पास के गांवों में सूचना प्रसारित की।

    मंगलवार दोपहर से लापता था वृद्ध, परिजनों ने की थी तलाश

    मृतक के परिजनों ने बताया कि कृष्णकुमार निषाद मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे भोजन करने के बाद घर से निकले थे। जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे, तो परिवार वालों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी खोजबीन शुरू की। रातभर तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, और बुधवार सुबह यह दुखद समाचार मिला।

    पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी मौत की असल वजह

    शव पर किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला डूबने से हुई मृत्यु प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

  • कवर्धा: सुबह-सुबह अमृततुल्य चाय दुकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, भीषण आग से सब जलकर खाक, बड़ा हादसा टला

    कवर्धा: सुबह-सुबह अमृततुल्य चाय दुकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, भीषण आग से सब जलकर खाक, बड़ा हादसा टला

    कवर्धा। शहर में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोहारा रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक अमृततुल्य चाय दुकान में जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह धमाका गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ, जिससे देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे तेज धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए। धमाके के बाद उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार आसपास फैल गया। इस हादसे की CCTV फुटेज भी सामने आई है जिसमें आग का तांडव साफ देखा जा सकता है।

    गनीमत यह रही कि घटना के वक्त अमृततुल्य चाय दुकान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग ने दुकान के पूरे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और सब कुछ जलकर खाक हो गया।

    स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय पर कार्रवाई से आस-पास की दुकानों और रिहायशी इलाकों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

    प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से गैस लीक हुई और फिर धमाका हुआ। हालांकि, फाइनल रिपोर्ट फॉरेंसिक जांच के बाद ही आएगी।

  • कलेक्टर ने सहसपुर लोहारा सीएचसी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

    कलेक्टर ने सहसपुर लोहारा सीएचसी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

    कवर्धा। जनहित में कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले के सहसपुर लोहारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की समग्र व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए।

    निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल ऐसा स्थान है जहां स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मरीजों एवं उनके साथ आए परिजनों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था, और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर श्री वर्मा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। लोगों ने अपनी बात खुलकर रखी, जिस पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई के संकेत भी दिए।

    कलेक्टर ने जनरल वार्ड, महिला वार्ड और प्रसूति वार्ड का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, बेड की स्थिति, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और पोषण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रसूताओं और नवजात शिशुओं के लिए विशेष देखभाल और साफ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही लैब वार्ड का भी निरीक्षण किया गया जहां उन्होंने जांच सुविधाओं, रिपोर्ट वितरण की प्रक्रिया और उपकरणों की स्थिति का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने अस्पताल में उपलब्ध जेनरिक दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों को समय पर मुफ्त दवाएं मिलती रहें। उन्होंने दवा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने की बात भी कही।

    संस्थागत प्रसव और मौसमी रोग नियंत्रण को दी प्राथमिकता

    श्री वर्मा ने संस्थागत प्रसव की दर बढ़ाने के लिए रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को घटाने के लिए प्रसव अस्पताल में होना अनिवार्य है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए और स्वास्थ्य अमले को गांव-गांव जाकर गर्भवती महिलाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने को कहा गया है। विशेषकर बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रमणों को लेकर प्राथमिक जांच, दवा वितरण और जनजागरूकता में तेजी लाने पर बल दिया गया कलेक्टर श्री वर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए गर्भवती माताओं के समय पर पंजीयन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे तो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार होगा।

    अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

    कलेक्टर श्री वर्मा ने सहसपुर लोहारा खण्ड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे ब्लॉक के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपस्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और वहां की समस्याओं की जानकारी समय रहते जिला प्रशासन को दें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर विनय पोयम, एसडीएम चेतन साहू, जनपद पंचायत सीईओ शिव साहू सहित अन्य अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों को गंभीरता से लिया और अमल में लाने का आश्वासन दिया।

  • शिक्षा विभाग में  फर्जी नियुक्ति पत्र से नौकरी: 9 कर्मचारियों के नाम आए सामने, तीन साल से उठा रहे थे वेतन

    शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति पत्र से नौकरी: 9 कर्मचारियों के नाम आए सामने, तीन साल से उठा रहे थे वेतन

    मोहला-मानपुर। शिक्षा विभाग में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जिसमें नौ लोगों ने फर्जी नियुक्ति पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल कर ली। ये सभी पिछले 38 महीनों से शिक्षा विभाग में कार्यरत थे और नियमित कर्मचारियों की तरह सरकारी वेतन भी प्राप्त कर रहे थे।

    इस घोटाले का भंडाफोड़ अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुखराम साहू और मोतीलाल हिरवानी ने किया। प्रेस वार्ता में उन्होंने दस्तावेजों के साथ बताया कि इन नियुक्तियों के लिए न कोई विज्ञापन निकाला गया, न कोई परीक्षा या साक्षात्कार आयोजित किया गया। फर्जी नियुक्ति पत्रों में छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के सचिव ओ.पी. मिश्रा के हस्ताक्षर दिखाए गए हैं, लेकिन मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया।

    इन पदों पर हुई थी फर्जी नियुक्ति

    इन फर्जी कर्मचारियों को डाटा एंट्री ऑपरेटर और सहायक ग्रेड-3 के पदों पर नियुक्त किया गया था। इन पदों का ग्रेड पे ₹1900 से ₹2400 तक है।

    कई अधिकारी जांच के घेरे में

    जांच में यह भी सामने आया है कि इन नियुक्ति पत्रों के आधार पर संबंधित कर्मचारियों को जॉइनिंग, सेवा पुस्तिका, और वेतन भुगतान जैसी सभी प्रक्रियाएं बिना किसी सत्यापन के पूरी कर दी गईं। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संबंधित प्राचार्य और जिला कोषालय अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

    राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज

    मोहला-मानपुर के विधायक इंद्र शाह मंडावी ने मामले को गंभीर बताते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी फत्तेराम कोसरिया ने कहा है कि उन्हें अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत प्राप्त होते ही उचित जांच की जाएगी।

  • CBSE बोर्ड का बड़ा फैसला: इस साल नहीं बदलेगा परीक्षा पैटर्न, जारी किए नए सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम

    CBSE बोर्ड का बड़ा फैसला: इस साल नहीं बदलेगा परीक्षा पैटर्न, जारी किए नए सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम

    रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षाओं का पैटर्न वही रहेगा, जो पिछले साल यानी 2024 में था। इससे छात्रों और शिक्षकों को किसी नए फॉर्मेट को लेकर चिंता नहीं करनी होगी।

    बोर्ड ने साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए नए सैंपल पेपर और विषयवार मार्किंग स्कीम जारी कर दी है, जो अब CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

    नहीं बदलेगा परीक्षा का पैटर्न

    CBSE ने कहा है कि इस साल परीक्षा में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। पिछले साल की तरह ही प्रश्न पत्र रहेंगे, जिससे छात्रों को तैयारी में आसानी होगी। पुराने पैटर्न को जारी रखने से छात्रों को एकरूपता में पढ़ाई करने और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।

    सैंपल पेपर होंगे डेली पढ़ाई का हिस्सा

    बोर्ड ने साफ किया है कि सैंपल पेपर केवल परीक्षा की तैयारी के लिए नहीं हैं, बल्कि उन्हें कक्षा में पढ़ाई और विषय की गहराई से समझ विकसित करने के लिए तैयार किया गया है। CBSE ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे इन सैंपल पेपर्स को अपनी रोज़मर्रा की पढ़ाई में शामिल करें ताकि पूरा सिलेबस समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।

    सप्लीमेंट्री परीक्षा: स्कैन कॉपी और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन शुरू

    CBSE ने कक्षा 10वीं और 12वीं की पूरक परीक्षा 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी, अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक कक्षा 10वीं के सप्लीमेंट्री परीक्षा के नतीजे घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन संभावना है कि यह परिणाम 8 अगस्त 2025 से पहले जारी कर दिए जाएंगे।