Blog

  • मंत्रिपरिषद की बैठक सम्पन्न: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में अहम फैसले लिए गए

    मंत्रिपरिषद की बैठक सम्पन्न: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में अहम फैसले लिए गए

    रायपुर। मंत्रिपरिषद की बैठक

    1. मादक पदार्थाें की रोकथाम की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के 10 जिलों में जिला स्तरीय एन्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स के गठन हेतु वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में प्रावधानित 100 नवीन पदों की  स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें रायपुर, महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कबीरधाम, जशपुर, राजनांदगांव एवं कोरबा जिला शामिल हैं।

    2.  मंत्रिपरिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में पुलिस मुख्यालय के विशेष शाखा अंतर्गत एस.ओ.जी. (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के गठन के लिए प्रावधानित 44 नवीन पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। एसओजी का काम किसी भी बड़ी या अचानक हुई घटना में तुरंत मौके पर पहुँचकर हालात को संभालना और आतंकी हमला या गंभीर खतरे को जल्दी खत्म करना होता है। एसओजी एक खास तरह की प्रशिक्षित टीम होती है, जिसे ऐसे खतरनाक कामों के लिए तैयार किया जाता है।

    3. मंत्रिपरिषद द्वारा राज्य के विभिन्न एयरपोर्ट एवं हवाई पट्टियों में उड़ान प्रशिक्षण संगठन (एफटीओ) की स्थापना का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया तथा इसके संचालन के दिशा-निर्देशों का अनुमोदन किया गया। जिसके तहत छत्तीसगढ़ में पायलट प्रशिक्षण की सुविधा के लिए राज्य में उड़ान प्रशिक्षण संगठन की स्थापना की जाएगी। विमानन क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए यह संस्थान उपयोगी होगा। इससे एयरक्राफ्ट रिसाइकिलिंग, हेलीकॉप्टर बंकिंग तथा एयरो स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं विकसित होगी। फ्लाइट ट्रेनिग ऑर्गनाइजेशन की स्थापना निजी सहभागिता से किया जाएगा।


    4. मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-26 का अनुमोदन किया गया। इस नीति से स्टार्टअप ईको सिस्टम के साथ-साथ इन्क्यूबेटर्स एवं अन्य हितधारकों का विकास होगा। छत्तीसगढ़ को देश में एक प्रमुख नवाचार केन्द्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा। भारत सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग द्वारा जारी स्टेट्स स्टार्टअप रैंकिंग में सुधार होने से राज्य में निवेश का आकर्षण बढ़ेगा।

    5. मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल और रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई गई और पूरी हो चुकी 35 आवासीय कॉलोनियों को नगर निगम और नगर पालिकाओं को सौंपने का निर्णय लिया गया है। इन कॉलोनियों में खुले भू-खंड, उद्यान और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल होंगी। हालांकि, आवासीय, व्यावसायिक और अर्द्धसार्वजनिक बिक्री योग्य संपत्तियां इसमें शामिल नहीं होंगी।

    अभी इन कॉलोनियों का हस्तांतरण नहीं होने के कारण वहां रहने वाले लोगों को कई मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कॉलोनियों के रखरखाव के लिए निवासियों को दोहरा खर्च उठाना पड़ रहा है। एक ओर वे नगर निगम को संपत्ति कर दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गृह निर्माण मंडल को भी रखरखाव शुल्क देना पड़ता है। इन कॉलोनियों के हस्तांतरण से नगरीय निकायों द्वारा यहां पानी, बिजली, सड़क, सफाई जैसी सुविधाएं दी जा सकेंगी और कॉलोनीवासियों को अतिरिक्त रखरखाव शुल्क से राहत मिलेगी।

    6. मंत्रिपरिषद द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय विभागों तथा निगम मंडल के कार्यालयों के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा एक वृहद बहुमंजिला भवन बनाने का निर्णय लिया गया है और यहां विभागों को स्पेस आबंटित किया जाएगा, ताकि भूमि का पूर्ण उपयोग किया जा सके।

    7.  मंत्रिपरिषद द्वारा सिरपुर एवं अरपा क्षेत्र में सुनियोजित विकास और विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित क्षेत्र में शासकीय भूमि के आबंटन का अधिकार संबंधित जिले के कलेक्टर को प्रदान किया गया है।

    गौरतलब है कि सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण एवं अरपा विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण का उद्देश्य संबंधित नदी तटीय क्षेत्रों का योजनाबद्ध और समग्र विकास करना है। इसके लिए मास्टर प्लान के क्रियान्वयन, भूमि नियोजन एवं नगर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना आवश्यक है। विकास कार्यों को गति देने के लिए शासकीय भूमि का आबंटन जरूरी था। वर्तमान में दोनों प्राधिकरणों की वित्तीय स्थिति को देखते हुए शासकीय भूमि का आबंटन रु. 1/- प्रीमियम एवं भू-भाटक पर किए जाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, भूमि आबंटन के अधिकार संबंधित जिला कलेक्टरों को दिया गया है।

    8. मंत्रिपरिषद ने ‘‘छत्तीसगढ़ क्लाउड फर्स्ट नीति‘‘ को प्रदेश में लागू किए जाने की स्वीकृति प्रदान की है। छत्तीसगढ़ क्लाउड फर्स्ट नीति का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ शासन के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रस्तुत किया गया।

    छत्तीसगढ़ क्लाउड फर्स्ट नीति के अनुसार राज्य शासन के सभी विभाग, उपक्रम एवं स्वायत्त संस्थाएं केवल भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा अनुमोदित क्लाउड सेवा प्रदाताओं या भारत में स्थित सुरक्षित डेटा सेंटर एवं डिजास्टर रिकवरी सेंटर से ही क्लाउड सेवाएं लेंगी। किसी विशेष या असाधारण आवश्यकता के लिए राज्य क्लाउड परिषद से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

    नीति के तहत कम प्राथमिकता वाले एप्लिकेशन एवं आर्काइव डेटा का क्लाउड माइग्रेशन वर्ष 2027-28 तक तथा उच्च प्राथमिकता सेवाओं का माइग्रेशन 2029-30 तक किया जाएगा। सभी नए एप्लिकेशन क्लाउड-नेटिव तकनीक पर विकसित किए जाएंगे।

    कैबिनेट ने इस नीति में भविष्य में आवश्यक संशोधन करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को अधिकृत किया है। इस नीति से आईटी ढांचे में लागत में कमी, संचालन में दक्षता, बेहतर साइबर सुरक्षा, आपदा के समय सेवाओं की निरंतरता तथा नागरिक सेवाओं की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही नागरिकों के डेटा की सुरक्षा, पारदर्शिता और ट्रैकिंग व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

    9. मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में डिजिटल अवसंरचना को विस्तार देने के लिए मोबाइल टावर योजना का अनुमोदन किया गया है। भौगोलिक विषमता और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी सीमित होने से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन बाधित हो रहा है। इस योजना से मोबाइल टावर स्थापना हेतु चयनित सेवा प्रदाताओं को अनुमति और प्रशासनिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध किया जाएगा।

    मोबाइल टावर योजना के अंतर्गत चयनित मोबाइल नेटवर्क विहीन बसाहटों में टावर की स्थापना की जाएगी। डिजिटल कनेक्टिविटी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, ई गवर्नेंस सेवाओं का विस्तार होगा सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। योजना से सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार होगा विशेष कर वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में संचार सुविधा उपलब्ध होने से प्रशासनिक कार्य में पारदर्शिता और दक्षता आएगी। मोबाइल टावर योजना के लागू होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, आपातकालीन सेवाएं डायल 112 जैसी योजनाओं की पहुंच दूरस्थ इलाकों के नागरिकों तक सुगमता से होगी।

  • ग्राम दौजरी में आस्था पर हमला, ठाकुर देव की मूर्ति बार-बार खंडित; ग्रामीणों ने एसपी से की सख्त कार्रवाई की मांग

    ग्राम दौजरी में आस्था पर हमला, ठाकुर देव की मूर्ति बार-बार खंडित; ग्रामीणों ने एसपी से की सख्त कार्रवाई की मांग

    कवर्धा। कबीरधाम जिले के थाना कवर्धा अंतर्गत ग्राम दौजरी में आस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के आराध्य ठाकुर देव (देवता) की मूर्ति को बार-बार खंडित किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों ने पुलिस अधीक्षक कबीरधाम को लिखित आवेदन सौंपकर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

    ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही धनंजय चन्द्रवंशी पिता राधेलाल चन्द्रवंशी द्वारा ठाकुर देव को उनके स्थापित प्रमुख स्थान से हटाकर खंडित किया गया। पहली घटना के बाद ग्रामवासियों ने विधिवत पूजा-पाठ कर देवता को पुनः मुख्य स्थान पर स्थापित किया था तथा संबंधित व्यक्ति को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की समझाइश भी दी गई थी।

    इसके बावजूद आरोपी द्वारा दोबारा ठाकुर देव को खंडित करने की घटना सामने आई। इतना ही नहीं, देवता की स्थापना के लिए ग्रामवासियों द्वारा निर्मित किए जा रहे चौरा (चबूतरा) को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब इस कृत्य का विरोध किया जाता है, तो आरोपी के घर की महिलाएं सामने आकर विवाद की स्थिति उत्पन्न कर देती हैं, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन रहा है।

    ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ठाकुर देव को पुनः मुख्य स्थान पर स्थापित कराने में प्रशासन सहयोग करे तथा गांव में शांति और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
    यह मामला गांव में गहरी नाराजगी और संवेदनशील स्थिति का कारण बन गया है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है।

  • 7 करोड़ के धान शॉर्टेज मामले में बड़ी कार्रवाई, कवर्धा DMO अभिषेक मिश्रा निलंबित

    7 करोड़ के धान शॉर्टेज मामले में बड़ी कार्रवाई, कवर्धा DMO अभिषेक मिश्रा निलंबित

    कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सामने आए करीब 7 करोड़ रुपये के धान शॉर्टेज मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिला विपणन अधिकारी (DMO) अभिषेक मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई राज्य स्तर पर प्रबंध संचालक, रायपुर द्वारा मीडिया में भ्रामक एवं गैर-जिम्मेदाराना बयान देने के आरोप में की गई है। निलंबन आदेश 3 फरवरी 2026 को जारी हुआ, जिससे जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

    यह मामला वर्ष 2024–25 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान से जुड़ा है, जिसे चारभाठा स्थित धान संग्रहण केंद्र में रखा गया था। वर्ष 2026 की धान खरीदी से पहले जब पुराने स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया, तो लगभग 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई गई।

    मामले के उजागर होने के बाद जब मीडिया ने डीएमओ अभिषेक मिश्रा से धान शॉर्टेज को लेकर सवाल किए, तो उन्होंने मौसम की मार, चूहा और दीमक द्वारा धान खाए जाने को कारण बताया था। 7 जनवरी 2026 को दिए गए इस बयान के बाद विवाद और गहरा गया। सोशल मीडिया सहित प्रदेशभर में बयान की तीखी आलोचना हुई, वहीं कांग्रेस और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

    प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित की थी। जांच में तत्कालीन संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय की भूमिका संदिग्ध पाई गई, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ के भी साक्ष्य सामने आए। इसके बाद प्रितेश पांडेय को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

    अब डीएमओ अभिषेक मिश्रा के निलंबन के साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि धान खरीदी और भंडारण में लापरवाही अथवा भ्रामक बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

  • सुदूर वनांचल तक पहुंची शासन की डिजिटल सेवाएं, लरबक्की में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण

    सुदूर वनांचल तक पहुंची शासन की डिजिटल सेवाएं, लरबक्की में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण

    कवर्धा। शासन की डिजिटल पहल को सुदूर वनांचल तक विस्तार देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैगा बाहुल्य ग्राम लरबक्की में नवनिर्मित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा, जिससे अब गांव में ही बैंकिंग सेवाएं, पेंशन वितरण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकेगा।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का मुख्य उद्देश्य गांव स्तर पर ही सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहरों का रुख न करना पड़े।

    उन्होंने कहा कि पेंशनधारकों को पेंशन आहरण, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि, तथा महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि की निकासी की सुविधा अब गांव में ही मिलेगी।

    उन्होंने यह भी बताया कि लोक सेवा केंद्र से संबद्ध होने के कारण ग्रामीण यहां से आयुष्मान भारत कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी बनवा सकेंगे। इस डिजिटल केंद्र से ग्रामीणों को समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ प्राप्त हो सकेगा।

    कार्यक्रम में विदेशीराम धुर्वे, रामकिंकर वर्मा, विजय पाटिल, नंद श्रीवास, नितेश अग्रवाल, बिहारी धुर्वे, रूपसिंह धुर्वे, नरेश चंद्रवंशी, हेमचंद चंद्रवंशी, राजेंद्र कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

  • सरस्वती शिशु मंदिर राष्ट्रभक्ति व संस्कारों की सशक्त पाठशाला : डॉ. वीरेन्द्र साहू

    सरस्वती शिशु मंदिर राष्ट्रभक्ति व संस्कारों की सशक्त पाठशाला : डॉ. वीरेन्द्र साहू

    कवर्धा। सरस्वती शिशु मंदिर, झलमला में गत दिनों वार्षिक उत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सभापति डॉ. वीरेन्द्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. वीरेन्द्र साहू ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि वे स्वयं भी सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थी रहे हैं और यहां से मिले संस्कार आज भी उनके जीवन पथ का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

    डॉ. साहू ने विद्यालय प्रबंधन एवं आचार्यगण द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की निष्ठा, प्रबंधन की दूरदर्शिता और विद्यार्थियों की प्रतिभा यह सिद्ध करती है कि सरस्वती शिशु मंदिर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।


    कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, आचार्यगण, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

    इस अवसर पर रामजीलाल देवांगन (व्यवस्था), दिलीप राजपूत (अध्यक्ष, स्कूल), ओ.पी. चंद्रवंशी (सरपंच), केदार साहू (सरपंच प्रतिनिधि, देहरी), योगेश चंद्रवंशी (प्रतिनिधि, गोपालभवना), हीराराम चंद्रवंशी (बूथ अध्यक्ष), प्रवीण ठाकुर, भूपेंद्र चंद्रवंशी (सदस्य, स्कूल), बालेश वैष्णव, डॉ. शिव चंद्रवंशी, ईश्वरी चंद्रवंशी, मोती साहू, जितेंद्र चंद्राकर (प्राचार्य) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

  • मनरेगा बचाओ संघर्ष के तहत कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, दीपक बैज के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन

    मनरेगा बचाओ संघर्ष के तहत कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, दीपक बैज के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन

    कवर्धा। मनरेगा को बचाने, धान खरीदी में कथित गड़बड़ी, बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने कवर्धा में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। यह प्रदर्शन “मनरेगा बचाओ संघर्ष” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

    कार्यक्रम में जिला प्रभारी पदम कोठारी, थानेश्वर पाटिला, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल सहित जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यालय के बाहर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने धान खरीदी को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों को बदनाम कर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

    सभा के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेराव के लिए रवाना हुए। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने तीन बैरिकेडिंग पार करते हुए अंबेडकर चौक तक मार्च किया। आगे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झपटी भी हुई। प्रदर्शन के दौरान सड़क किनारे लगे होर्डिंग गिरने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    प्रदर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार रोजगार गारंटी योजना का स्वरूप बदलकर इसे कमजोर करने और बंद करने की दिशा में काम कर रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस द्वारा गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और प्रदेशभर में कलेक्ट्रेट घेराव किया जा रहा है।
    धान खरीदी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष सरकार ने 165 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य तय किया था, जबकि केवल 139 लाख मीट्रिक टन धान की ही खरीदी हो सकी। इससे स्पष्ट है कि सरकार किसानों से धान लेने में रुचि नहीं दिखा रही है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है।

  • भाजयुमो जिलाध्यक्ष बनते ही उमंग पाण्डेय युवाओं के भरोसे की बने पहचान, 60 युवाओं ने थामा भाजपा का दामन

    भाजयुमो जिलाध्यक्ष बनते ही उमंग पाण्डेय युवाओं के भरोसे की बने पहचान, 60 युवाओं ने थामा भाजपा का दामन

    कवर्धा।भारतीय जनता युवा मोर्चा के कबीरधाम जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलते ही उमंग पाण्डेय युवाओं के बीच भरोसे और आकर्षण का केंद्र बनते नजर आ रहे हैं। उनकी नियुक्ति के साथ ही जिले की राजनीति में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

    इसी क्रम में कवर्धा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लगभग 60 युवाओं ने उपमुख्यमंत्री माननीय विजय शर्मा जी के समक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। नव-प्रवेशी युवाओं ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी का भव्य हार-माला से अभिनंदन कर पार्टी नेतृत्व के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।

    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी ने नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष उमंग पाण्डेय की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं का संगठन से जुड़ना उनके नेतृत्व, विचारधारा और कार्यशैली पर भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने सभी नए सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र, समाज और संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अशोक साहू, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीराम साहू, भाजपा कवर्धा शहर मंडल अध्यक्ष श्रीमती सतविंदर पाहुजा, रामविलास चंद्रवंशी, सौरभ शर्मा, ज्योति केशरवानी, सोनू ठाकुर, आशीष सोनी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने युवा साथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

    कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कन्या शक्ति की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जो यह दर्शाती है कि युवा मोर्चा अब विश्वास, अवसर और नेतृत्व का मजबूत मंच बनता जा रहा है।
    इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास रहेगा कि पार्टी की विचारधारा जिले के प्रत्येक युवा तक पहुंचे तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

    स्पष्ट है कि जिम्मेदारी संभालते ही उमंग पाण्डेय युवाओं के भरोसे की पहचान बनते जा रहे हैं और कबीरधाम में भाजयुमो एक नई गति के साथ आगे बढ़ रहा है।

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय में की जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय में की जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम प्रवास के दौरान विधायक कार्यालय में क्षेत्र से आए लोगों से मुलाकात की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने लोगों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और वे हर संभव प्रयास करेंगे कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की भलाई के लिए वे हर समय उपलब्ध रहेंगे। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे,  संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कवर्धा गणेश तिवारी, बोडला नंद श्रीवास, नरेंद्र मानिकपुरी, मनीराम साहू,  अमर कुर्रे सहित जन प्रतिनिधि, क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

  • कबीरधाम में विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर संरक्षण का संकल्प, विभिन्न वेटलैण्ड क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    कबीरधाम में विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर संरक्षण का संकल्प, विभिन्न वेटलैण्ड क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    कवर्धा। वनमण्डल अंतर्गत विभिन्न उपवनमंडलों में आज विश्व आर्द्रभूमि दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आर्द्रभूमियों के संरक्षण, संवर्धन तथा इनके महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

    उपवनमण्डल सहसपुर लोहारा अंतर्गत उप परिक्षेत्र सहसपुर के सहसपुर वेटलैण्ड में आयोजित कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधिगण, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा वेटलैण्ड संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई तथा आर्द्रभूमियों के पर्यावरणीय एवं जैव विविधता संबंधी महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं वन विभाग के अमले द्वारा श्रमदान कर वेटलैण्ड की साफ-सफाई की गई।

    इसी क्रम में उपवनमण्डल पंडरिया अंतर्गत क्रांति जलाशय में भी विश्व आर्द्रभूमि दिवस मनाया गया। यहां आर्द्रभूमियों को सुरक्षित रखने हेतु शपथ ली गई एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी पंडरिया पूर्व एवं पश्चिम, विद्यालयीन छात्र-छात्राएँ तथा वन विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

    इसके अतिरिक्त उपवनमण्डल कवर्धा अंतर्गत सरोधा क्षेत्र एवं भोरमदेव अभ्यारण्य के भोरमदेव क्षेत्र में भी वेटलैण्ड संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।

    विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आर्द्रभूमियों के संरक्षण, संवर्धन एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कुटकीपारा व महराटोला में नवधा रामायण कार्यक्रमों में हुए शामिल

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कुटकीपारा व महराटोला में नवधा रामायण कार्यक्रमों में हुए शामिल

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा आज जिला कबीरधाम के ग्राम कुटकीपारा एवं ग्राम महराटोला के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने दोनों गांवों में आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रमों में सहभागिता की और श्रद्धालुओं, रामायण मंडली के सदस्यों तथा ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद किया।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने नवधा रामायण स्थल पर भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच बैठकर रामायण मंडली द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीराम की जीवन-गाथा का भावपूर्वक श्रवण किया।

    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में नवधा रामायण की परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सजीव पहचान है। गीत-संगीत और लोकपरंपराओं के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादाओं और जीवन मूल्यों का पीढ़ी-दर-पीढ़ी प्रसार होता आ रहा है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सद्भाव, नैतिकता और संस्कारों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।