Blog

  • Maharashtra Deputy CM: सुनेत्रा पवार ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथनई

    Maharashtra Deputy CM: सुनेत्रा पवार ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथनई

    दिल्ली/मुंबई। महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुंबई स्थित लोक भवन में राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित एनसीपी और बीजेपी के वरिष्ठ नेता, मंत्री एवं विधायक मौजूद रहे।

    गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए एक विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

    शपथ ग्रहण से पूर्व सुनेत्रा पवार ने अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, एनसीपी उनकी रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर उनके बड़े पुत्र पार्थ पवार को भेज सकती है। वहीं, सुनेत्रा पवार अजित पवार के निधन से रिक्त हुई बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव भी लड़ेंगी।

    राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल महिला नेतृत्व को बल मिला है, बल्कि एनसीपी की सियासी दिशा भी नए मोड़ पर खड़ी होती दिख रही है।

  • उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों से अस्पताल में की मुलाकात, चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेकर परिजनों से की चर्चा

    उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों से अस्पताल में की मुलाकात, चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेकर परिजनों से की चर्चा

    रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार को रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी ब्लास्ट में घायल पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली तथा जवानों के परिजनों से भी चर्चा की।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने घायल जवानों से घटना की जानकारी ली और उनका मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि शासन एवं प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अस्पताल में उपस्थित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर एवं समुचित उपचार हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।

    उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान में तैनात हमारे जवान अत्यंत साहस और समर्पण के साथ देश-प्रदेश की सुरक्षा में लगे हैं, और उनका त्याग अतुलनीय है।

    ज्ञात हो कि बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में 25 जनवरी को एक के बाद एक कुल छह आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट हुए थे। इन विस्फोटों की चपेट में आने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे। यह घटना उस समय हुई, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।

    घटना टना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहाँ उनका उपचार एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। इनमें से 6 जवानों को उपचार उपरांत स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि शेष जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।

  • राशन नहीं दिया, राशन मांगने पर हितग्राही की बेरहमी से पिटाई, — कवर्धा में संचालक की गुंडागर्दी*

    राशन नहीं दिया, राशन मांगने पर हितग्राही की बेरहमी से पिटाई, — कवर्धा में संचालक की गुंडागर्दी*

    कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम पथर्रा से राशन व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां राशन मांगने पर दुकान संचालक द्वारा अपने परिजनों के साथ मिलकर हितग्राही की पिटाई करने और सोने की चैन व नगदी छीनने का गंभीर आरोप लगा है।

    दरअसल पूरा मामला ग्राम पथर्रा, तहसील पिपरिया, जिला कबीरधाम का बताया जा रहा है। यहां शासकीय राशन दुकान के संचालक आकाश चंद्रवंशी पर हितग्राही के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।

    पीड़ित ग्रामीण के अनुसार वह 30 जनवरी 2026 को दो बार सोसायटी में चावल लेने गया, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण राशन नहीं मिल पाया। इस दौरान उसने संचालक से पूछा कि यदि आज नहीं मिला तो क्या कल राशन दिया जाएगा, जिस पर संचालक ने कथित रूप से टालमटोल जवाब दिया।

    पीड़ित का आरोप है कि शाम करीब 7:30 बजे जब वह बस्ती की ओर जा रहा था, तब उसने सोसायटी खुली देखी और देर तक दुकान खुली रहने को लेकर सवाल किया। इसी बात पर संचालक भड़क गया और कथित तौर पर अपने चाचा मधु चंद्रवंशी और लाला चंद्रवंशी को बुलाया।

    आरोप है कि तीनों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान पीड़ित के गले से करीब दो तोला सोने की चैन और जेब में रखे 30 हजार रुपये नगद छीने जाने का भी आरोप लगाया गया है।

    पीड़ित के अनुसार मारपीट में उसके दांत, होंठ, हाथ और गले में चोट आई है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट की घटना हो चुकी है।

    प्रशासन पर सवाल
    अब बड़ा सवाल यह है कि

    * क्या गरीबों को मिलने वाला राशन दबंगों की मनमर्जी से चलेगा?

    * क्या शासकीय राशन दुकानें निजी जागीर बन चुकी हैं?

    * क्या विभाग ऐसे संचालकों पर कार्रवाई करेगा?

    इस पूरे मामले पर ग्रामीणों और पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि —
    राशन दुकान संचालक का लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जाए
    आरोपियों पर सख्त आपराधिक कार्रवाई हो।

    अब इसे में कहना साफ होगा कि यह सिर्फ मारपीट का मामला नहीं, बल्कि गरीबों के हक पर सीधा हमला और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल है?

  • कवर्धा: शिक्षा विभाग में 218 करोड़ की वित्तीय अनियमितता उजागर, दो कर्मचारी निलंबित

    कवर्धा: शिक्षा विभाग में 218 करोड़ की वित्तीय अनियमितता उजागर, दो कर्मचारी निलंबित

    कवर्धा। कबीरधाम जिले के शिक्षा विभाग में सामने आई कथित 218 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मचारियों में तत्कालीन कार्यालय में पदस्थ वर्ग–2 कर्मचारी माया कसार और योगेंद्र कश्यप शामिल हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

    मामला बीते तीन वर्षों में कोषालय से निकाली गई लगभग 218 करोड़ रुपये की राशि के लेन–देन से जुड़ा है। ऑडिट रिपोर्ट में वर्ष 2022 से 2025 के बीच कैश बुक, वाउचर और बिल रजिस्टर के गायब पाए जाने का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संजय जायसवाल पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।

    हालांकि, पूर्व बीईओ संजय जायसवाल ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके कार्यकाल के दौरान शिक्षकों का वेतन नियमित रूप से भुगतान किया गया और सभी वित्तीय दस्तावेज—कैश बुक, बिल और वाउचर—11 दिसंबर 2025 को वर्तमान बीईओ को विधिवत सौंप दिए गए थे, जिसकी रसीद उनके पास उपलब्ध है।

    संजय जायसवाल ने बताया कि उनका कार्यकाल अक्टूबर 2022 से सितंबर 2025 तक रहा। इस दौरान कक्ष प्रभारी योगेंद्र कश्यप को मौखिक और लिखित रूप से कई बार आवश्यक निर्देश दिए गए, लेकिन दस्तावेजों के समुचित संधारण में लापरवाही बरती गई। इसी कारण कई वित्तीय अभिलेख अधूरे रह गए। कक्ष प्रभारी को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।

    जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एफ.आर. वर्मा ने बताया कि ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर प्रारंभिक जांच में कुछ गंभीर कमियां सामने आई हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • घुघरी रोड पर कबीरधाम पुलिस की दोहरी कार्रवाई: राहगीरों को परेशान करने वाले बदमाश हिरासत में, देह व्यापार पर भी सख्त शिकंजा

    घुघरी रोड पर कबीरधाम पुलिस की दोहरी कार्रवाई: राहगीरों को परेशान करने वाले बदमाश हिरासत में, देह व्यापार पर भी सख्त शिकंजा

    कवर्धा। जिले में शांति व्यवस्था, सामाजिक मर्यादा एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस ने घुघरी रोड एवं अटल आवास क्षेत्र में सघन अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम दिया। इन कार्रवाइयों में एक ओर राहगीरों को परेशान करने वाले बदमाशों पर शिकंजा कसा गया, वहीं दूसरी ओर देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों का भी पर्दाफाश किया गया।

    पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। पुलिस उप अधीक्षक कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में साइबर थाना एवं थाना कवर्धा (कोतवाली) की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

    पहली कार्रवाई के तहत घुघरी रोड क्षेत्र में राहगीरों को रोककर विवाद करने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासनहीनता फैलाने एवं लोगों को डराने की शिकायतों पर पुलिस ने गोपनीय निगरानी के बाद शाम को दबिश दी। रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त के दौरान घुघरी अटल आवास के पास से 7 बदमाशों एवं 1 नाबालिक को हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि ये युवक सार्वजनिक शांति भंग कर कानून व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। हिरासत में लिए गए आरोपितों में अनिल सारथी (27 वर्ष) निवासी घुघरी अटल आवास तथा शिवराज यादव (36 वर्ष) निवासी कवर्धा को आदतन बदमाश पाया गया। सभी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि नाबालिक को परिजनों के सुपुर्द कर समझाइश दी जा रही है।

    दूसरी कार्रवाई में 30 जनवरी 2026 की रात घुघरी रोड स्थित अटल आवास क्षेत्र में देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने महिला अधिकारियों की विशेष टीम के साथ कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान एक दलाल सहित तीन युवतियों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए दलाल की पहचान गोलू लहरे पिता कलम लहरे (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17 मिनीमाता चौक, कवर्धा के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

    कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अनुशासनहीनता, अनैतिक गतिविधियों एवं सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। ऐसी सख्त और सतत कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखी जा सके।

  • 1 फरवरी 2026 से लागू होंगे 5 बड़े बदलाव, LPG–FASTag से लेकर टैक्स और बैंकिंग तक पड़ेगा सीधा असर

    1 फरवरी 2026 से लागू होंगे 5 बड़े बदलाव, LPG–FASTag से लेकर टैक्स और बैंकिंग तक पड़ेगा सीधा असर

    नई दिल्ली। बजट दिवस 1 फरवरी 2026 के साथ ही देशभर में कई अहम नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम जनता की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। इन बदलावों में LPG सिलेंडर की कीमतें, CNG-PNG व ATF के दाम, पान-मसाला और सिगरेट पर टैक्स, FASTag नियम तथा बैंक अवकाश शामिल हैं।

    एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में संशोधन
    हर महीने की तरह 1 फरवरी को भी तेल कंपनियां घरेलू LPG सिलेंडर (14 किलोग्राम) की नई कीमतें जारी करेंगी। कीमतों में बदलाव से रसोई गैस पर होने वाला मासिक खर्च प्रभावित हो सकता है।

    CNG-PNG और ATF के दाम बदलेंगे
    1 फरवरी को CNG, PNG और विमान ईंधन (ATF) की नई दरें भी घोषित की जाएंगी। इससे सड़क परिवहन और हवाई यात्रा की लागत में बदलाव देखने को मिल सकता है।

    तंबाकू उत्पादों पर बढ़ेगा टैक्स
    सरकार ने पान-मसाला, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों पर उत्पाद शुल्क और उपकर (Cess) बढ़ाने का फैसला किया है। इसके चलते इन उत्पादों की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की संभावना है।

    FASTag नियमों में राहत
    FASTag उपयोगकर्ताओं के लिए राहत की खबर है। 1 फरवरी से नए FASTag लेने वालों को वाहन के लिए अलग से KYC प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे प्रक्रिया आसान और समय की बचत होगी।

    फरवरी में बैंक छुट्टियों की सूची जारी
    भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से फरवरी माह के लिए बैंक अवकाश की सूची जारी की गई है। इसमें साप्ताहिक अवकाश और कुछ राष्ट्रीय/क्षेत्रीय छुट्टियां शामिल हैं। ऐसे में बैंक से जुड़े जरूरी कार्यों की योजना पहले से बनाना जरूरी होगा।

    निष्कर्ष
    1 फरवरी 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव घरेलू बजट, यात्रा खर्च और दैनिक जरूरतों को प्रभावित करेंगे। विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग इन नियमों को ध्यान में रखते हुए पहले से अपनी आर्थिक और दैनिक योजनाएं तय करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

  • मुख्यमंत्री श्री साय नारायणपुर में जवानों से मिले और हौसला बढ़ाया, जवानों के साथ किया रात्रि भोज

    मुख्यमंत्री श्री साय नारायणपुर में जवानों से मिले और हौसला बढ़ाया, जवानों के साथ किया रात्रि भोज

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नारायणपुर प्रवास के दौरान आईटीबीटी बटालियन परिसर नारायणपुर में आईटीबीटी, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, बीएसएफ, डीआरजी, सीएएफ़ के जवानों एवं अधिकारियों से मुलाकात और बस्तर की शांति और सुरक्षा के स्थापना में उनके योगदान की सराहना करते हुए सुरक्षा बल के जवानों की हौसला अफजाई की। मुख्यमंत्री श्री साय एवं मत्रीगणों ने बटालियन परिसर में जवानों के साथ रात्रि भोज किया और उनसे आत्मीय चर्चा की।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने जवानों से चर्चा करते हुए कहा कि नैसर्गिक संसाधनों से  और सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण बस्तर के कई इलाकें माओवाद आतंक के चलते विकास की मुख्यधारा से अलग-थलग पड़े थे। आप सबके अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम के कारण ही यहां शांति और सुरक्षा का वातावरण निर्मित हुआ है और विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने देश की सुरक्षा में सुरक्षा बलों के जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में सेवा कर रहे जवानों का मनोबल बनाए रखना हम सबकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने जवानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके कल्याण और सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है। जवानों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस आत्मीय मुलाकात को प्रेरणादायक बताया।

    वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के संकल्प को यहां साकार करने का काम पूरी दृढ़ता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब बम गोलियों की आवाज की जगह अब आमजन की चहल-पहल, स्कूलों में ककहरा की गंूज और गांवों में मांदर की थाप सुनाई दे रही हैं। कार्यक्रम में अतिथियों ने जवानों को उपहार भेंट किए। सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।

    ज्ञात हो कि नक्सल गतिविधि को नियंत्रण के लिए सुरक्षा कैम्प स्थापित कर केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य के सुरक्षा बलों के दस्तों को तैनात किया गया है। इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप, लघु वनोपज के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आई जी श्री सुंदरराज पी, आईटीबीटी, सीआरपीएफ, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी एवं कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, केन्द्रीय सुरक्षा बलों के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आईजी श्री सुंदरराज पी ने कार्यक्रम की रूपरेखा और बस्तर संभाग में शांति के लिए जवानों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी।

  • प्रगति पोर्टल से देश की 3,300 से अधिक परियोजनाओं को मिली रफ्तार, छत्तीसगढ़ में 6.11 लाख करोड़ का निवेश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

    प्रगति पोर्टल से देश की 3,300 से अधिक परियोजनाओं को मिली रफ्तार, छत्तीसगढ़ में 6.11 लाख करोड़ का निवेश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश सुशासन की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में प्रगति डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह प्लेटफॉर्म सरकार की कथनी और करनी में समानता का सशक्त प्रमाण है तथा सुशासन की दिशा में एक प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत करता है।

    मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में प्रगति पोर्टल के संबंध में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रगति पोर्टल केवल देश की बड़ी अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह नए भारत की नई कार्य संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह प्लेटफॉर्म मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिमम गवर्नेंस की कार्यशैली को सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र को विश्वभर में एक आदर्श प्रणाली के रूप में देखा जाता है। इसके पीछे केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल, समन्वय और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रगति प्लेटफॉर्म केंद्र और राज्य सरकारों के बीच विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहा है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रगति का अर्थ- प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन है, अर्थात् योजनाओं की पूर्व तैयारी कर उनका समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना। यह प्लेटफॉर्म केवल निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन प्रणाली में जवाबदेही तय करने, पारदर्शिता बढ़ाने और कार्य संस्कृति में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पूर्व में अनेक परियोजनाओं का शिलान्यास तो हो जाता था, लेकिन उनके पूर्ण होने की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं होती थी। कई निर्माण कार्य वर्षों तक लंबित रहते थे। योजनाओं में विलंब, प्रशासनिक अड़चनें और विभागीय समन्वय की कमी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रगति डिजिटल प्लेटफॉर्म को लागू किया गया।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रगति पोर्टल के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वयं राज्यों के मुख्य सचिवों और केंद्र सरकार के सचिवों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें करते हैं। अब तक 50 से अधिक उच्चस्तरीय प्रगति समीक्षा बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जिनके माध्यम से लंबित परियोजनाओं, कमजोर प्रदर्शन वाली योजनाओं और नागरिकों से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रगति प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगभग 85 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली 3,300 से अधिक परियोजनाओं को गति दी गई है। इसके साथ ही एक देश-एक राशन कार्ड, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि और स्वच्छ भारत मिशन सहित 61 योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय सुधार किया गया है। बैंकिंग, बीमा, रेरा, जनधन योजना और मातृत्व वंदना सहित 36 क्षेत्रों में शिकायत निवारण व्यवस्था को भी प्रगति के माध्यम से सुदृढ़ किया गया है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में भी प्रगति डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में 99 राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाएँ संचालित हैं, जिनमें 6.11 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इनमें से 50 परियोजनाएँ पूर्ण होकर संचालित हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाएँ विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि प्रगति पोर्टल पर छत्तीसगढ़ से संबंधित कुल 200 मुद्दे दर्ज किए गए, जिनमें से 183 का सफल समाधान किया जा चुका है। इस प्रकार राज्य की समाधान दर 91 प्रतिशत से अधिक रही है। पावर, सड़क परिवहन, रेलवे, कोयला और इस्पात जैसे प्रमुख क्षेत्रों में लंबित परियोजनाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से हल किया गया है। सेक्टर के हिसाब से बात करें तो पावर सेक्टर में 24 प्रोजेक्ट का समाधान किया गया। सड़क परिवहन और राजमार्ग के 23 प्रोजेक्ट, रेलवे के 14 प्रोजेक्ट, कोयला सेक्टर के 07 प्रोजेक्ट, स्टील सेक्टर के 09 प्रोजेक्टों का समाधान किया गया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट के आधुनिकीकरण तथा लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट जैसी वर्षों से लंबित परियोजनाओं को प्रगति प्लेटफॉर्म के माध्यम से गति मिली है। इससे राज्य के औद्योगिक विकास को बल मिला है और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। इसी तरह रायपुर-कोडेबोड मार्ग के फोरलेन कार्य में भूमि उपयोगिता और सामग्री आपूर्ति संबंधी समस्याएं आ रही थी, जिसे प्रगति प्लेटफॉर्म के जरिए हल किया गया।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने भी छत्तीसगढ़ में सुशासन की दिशा में ऐसे ही कई नवाचार किए हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने भी इस नवाचार की तारीफ की है। इसे विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक प्रभावी तंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी जब विकसित भारत को लेकर अपने विजन की बात करते है, तो यह सिर्फ शब्द नहीं होते, बल्कि विकसित भारत का पूरा रोडमैप होता है। यह बात प्रगति प्लेटफॉर्म जैसे नवाचार से साबित होता है।

  • राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा में छत्तीसगढ़ को प्रथम स्थान, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों से की भेंट

    राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा में छत्तीसगढ़ को प्रथम स्थान, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों से की भेंट

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत छुरा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा प्रतियोगिता में देशभर के 800 से अधिक विद्यालयों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है।

    इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों से भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी समझ का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ युवाओं को ग्राम स्वराज, सहभागिता और उत्तरदायित्व की भावना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

    श्री शर्मा ने इसे छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था में लोकतांत्रिक सोच को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि कोसमबुड़ा के विद्यार्थियों ने ग्रामीण समस्याओं की गहन समझ और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर यह सिद्ध किया है कि राज्य के युवा भविष्य के सक्षम और जागरूक नागरिक हैं।

    उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय, जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।

    प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा मॉडल ग्राम सभा का आयोजन कर स्थानीय समस्याओं की पहचान एवं समाधान प्रस्तुत किए गए। इसमें एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा की टीम ने ग्रामीण विकास एवं निर्णय प्रक्रिया की उत्कृष्ट समझ का प्रदर्शन किया।

    इस उपलब्धि के लिए विद्यालय को प्रशस्ति पत्र के साथ एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि संस्थान के विकास हेतु प्रदान की गई है। यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है।

    इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुश्री निहारिका बारिक, संचालक पंचायत विभाग सुश्री प्रियंका महोबिया ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकंत यादव एवं सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

  • पीएम आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल, ग्राम सचिवालय पुनः होंगे प्रारंभ – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

    पीएम आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल, ग्राम सचिवालय पुनः होंगे प्रारंभ – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

    रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पंचायतों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य में ग्राम सचिवालयों को पुनः प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन सर्वाधिक आवास निर्माण करने वाला राज्य छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर है।

    नवा रायपुर स्थित संवाद भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार के पहले ही कैबिनेट निर्णय में 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनका निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है। इन आवासों में वर्षों से लंबित, प्रतीक्षा सूची में शामिल, आवास प्लस, मुख्यमंत्री आवास योजना के साथ-साथ आत्मसमर्पित नक्सल पीड़ित परिवारों को भी शामिल किया गया है।

    उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन और नियद नेल्ला नार योजनाओं के तहत हजारों आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में आवास पूर्ण भी हो चुके हैं। आवास निर्माण में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिन्होंने भवन सामग्री की आपूर्ति से लेकर निर्माण कार्यों तक सक्रिय भागीदारी निभाई है।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 6,195 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जिनके माध्यम से अब तक 919 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हो चुका है। पंचायत करों के ऑनलाइन संग्रहण की दिशा में भी छत्तीसगढ़ ने अग्रणी भूमिका निभाई है।

    उन्होंने जानकारी दी कि बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों में वर्षों से अधूरी पड़ी 41 महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण अब पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही पीएम जनमन और पीएमजीएसवाय के तहत हजारों किलोमीटर सड़कों के निर्माण की योजना पर कार्य प्रगति पर है, जिसकी निगरानी इसरो और जियो इमेजिंग तकनीक से की जाएगी।

    पत्रकार वार्ता में महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा में पारदर्शिता, जल संरक्षण, डिजिटल पंचायत व्यवस्था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
    इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुश्री निहारिका बारिक, सचिव श्री भीम सिंह, आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिन्हा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।