Blog

  • कबीरधाम पुलिस की सख्त कार्यवाही, थाना पिपरिया अंतर्गत 21.780 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त, आरोपी नागेश्वर यादव गिरफ्तार

    कबीरधाम पुलिस की सख्त कार्यवाही, थाना पिपरिया अंतर्गत 21.780 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त, आरोपी नागेश्वर यादव गिरफ्तार

    कवर्धा। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डीएसपी) आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पिपरिया पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यवाही को अंजाम दिया गया है।

    दिनांक 26.01.2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में थाना पिपरिया से उनि राजेश्वर ठाकुर, सउनि डोमन बंजारे, प्रधान आरक्षक देवा चंद्रवंशी, आरक्षक हेमंत शर्मा, आरक्षक मंगल पाली एवं आरक्षक संदीप राय की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं अवैध गतिविधियों की पतासाजी हेतु रवाना थी। इस दौरान मुखबीर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि मछली पसरा पिपरिया क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी चखना दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

    मुखबीर सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई की गई तथा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब का विक्रय करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नागेश्वर यादव पिता श्री हीराराम यादव उम्र 34 वर्ष साकिन वार्ड नंबर 02 पिपरिया, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) बताया।

    आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 121 पौवा देशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 21.780 बल्क लीटर पाई गई। इसके अतिरिक्त शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जप्त किए गए। जप्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10,780 रुपये आंकी गई। आरोपी द्वारा शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

    उक्त अवैध शराब एवं नगद राशि को गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी नागेश्वर यादव का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने से उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई.

    इस संपूर्ण कार्यवाही में उनि राजेश्वर ठाकुर, सउनि डोमन बंजारे, प्रधान आरक्षक देवा चंद्रवंशी, आरक्षक हेमंत शर्मा, आरक्षक मंगल पाली एवं आरक्षक संदीप राय का सराहनीय एवं विशेष योगदान रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में टीम द्वारा त्वरित, सतर्क एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध शराब कारोबार पर कड़ा प्रहार किया गया।

    कबीरधाम पुलिस की इस सख्त कार्यवाही से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध किसी भी स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं निरंतरता के साथ जारी रहेगा।

  • कवर्धा के पास बनेगा ओशो आश्रम, तीन दिवसीय ध्यान शिविर में दिल्ली से कैनेडा तक के साधकों ने लिया ध्यान का अनुभव

    कवर्धा के पास बनेगा ओशो आश्रम, तीन दिवसीय ध्यान शिविर में दिल्ली से कैनेडा तक के साधकों ने लिया ध्यान का अनुभव

    कवर्धा । शहर के दक्ष पैलेस में आयोजित तीन दिवसीय ओशो आवासीय ध्यान शिविर रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस शिविर में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कैनेडा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए ओशो प्रेमियों और स्थानीय साधकों ने तीन दिनों तक ध्यान साधना कर मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।


    शिविर का संचालन कर रहे स्वामी बोधीमन्यू ने ओशो द्वारा विकसित विभिन्न ध्यान विधियों का गहन अभ्यास कराया। उन्होंने ध्यान को केवल साधना तक सीमित न रखते हुए, उसे रोज़मर्रा के जीवन में उतारने पर विशेष जोर दिया। स्वामी बोधीमन्यू ने बताया कि ध्यान व्यक्ति को तनाव, भय और भ्रम से मुक्त कर चेतना के उच्च स्तर तक ले जाता है, और यही ओशो दर्शन का मूल संदेश है।

    वहीं शिविर के आयोजक स्वामी प्रेम कृष्ण ने जानकारी दी कि कवर्धा के समीप बरभंवर क्षेत्र में एक स्थायी ओशो आश्रम की स्थापना की तैयारी चल रही है। इसके लिए लगभग 12 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। प्रस्तावित आश्रम देश-विदेश से आने वाले ओशो प्रेमियों के लिए ध्यान और साधना का प्रमुख केंद्र बनेगा।

    स्वामी प्रेम कृष्ण के अनुसार, आश्रम निर्माण की प्रक्रिया अगले छह माह से एक वर्ष के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से लोगों को ध्यान के प्रति जागरूक करने और ओशो विचारधारा से जोड़ने के लिए इस आवासीय ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में कवर्धा और आसपास के नए स्थानों पर भी ध्यान शिविर आयोजित किए जाएंगे।


    तीन दिवसीय शिविर के समापन अवसर पर साधकों ने ध्यान के सकारात्मक अनुभव साझा किए और इसे जीवन में परिवर्तन लाने वाला बताया। स्थानीय स्तर पर इस तरह के आयोजन को मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक संतुलन की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है।

  • कबीरधाम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने फहराया तिरंगा

    कबीरधाम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने फहराया तिरंगा


    कवर्धा। कबीरधाम जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उद्योग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।


    ध्वजारोहण के पश्चात मंत्री श्री देवांगन ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े और परेड का निरीक्षण किया। समारोह में “वंदे मातरम्” रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह, डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
    मुख्य समारोह में जिले के शासकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोक कला, लोकगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं।


    अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने मुख्यमंत्री के संदेश के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की जा चुकी है। कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की शुरुआत, प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति, बिलासपुर में मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, हिंदी माध्यम में एमबीबीएस शिक्षा, नवा रायपुर को एडुसिटी के रूप में विकसित करने तथा अत्याधुनिक लाइब्रेरी निर्माण जैसी योजनाएं राज्य के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करेंगी।


    11 प्लाटूनों ने दी आकर्षक परेड
    गणतंत्र दिवस परेड में कुल 11 प्लाटूनों ने भाग लिया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह एवं द्वितीय कमांडर निरीक्षक श्री त्रिलोक प्रधान के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी तथा गाइड दलों ने अनुशासनबद्ध मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। पुलिस बैंड ने देशभक्ति धुनों से वातावरण को और अधिक गौरवपूर्ण बनाया।


    सांस्कृतिक एवं परेड प्रतियोगिता के विजेता
    सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बोड़ला, द्वितीय स्थान अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्री-मैट्रिक छात्रावास कवर्धा तथा तृतीय स्थान गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा ने प्राप्त किया।


    परेड प्रतियोगिता में सीनियर डिवीजन में जिला पुलिस बल (महिला) प्रथम, 17वीं वाहिनी छसबल द्वितीय और नगर सेना तृतीय स्थान पर रही। जूनियर डिवीजन में एनसीसी (बालक) पीजी कॉलेज कवर्धा प्रथम स्थान पर रहा।


    झांकियों और सम्मान समारोह
    विकास कार्यों पर आधारित झांकियों में महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रथम, आदिम जाति कल्याण विभाग को द्वितीय तथा जिला पंचायत कबीरधाम को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 166 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


    शहीदों के परिजनों का सम्मान
    गणतंत्र दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

  • अम्बिकापुर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, परेड की ली सलामी

    अम्बिकापुर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, परेड की ली सलामी

    अम्बिकापुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के पीजी कॉलेज ग्राउंड, अम्बिकापुर में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।


    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया, जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, राज्य के विकास कार्यों तथा भविष्य की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया गया।


    समारोह में विभिन्न विभागों की आकर्षक परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

  • कवर्धा गणतंत्र दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन फहराएंगे तिरंगा, होंगे मुख्य अतिथि

    कवर्धा गणतंत्र दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन फहराएंगे तिरंगा, होंगे मुख्य अतिथि

    कवर्धा। आचार्य पंथ श्री गृन्ध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान, कवर्धा में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत आज अंतिम रिहर्सल किया गया। राष्ट्र पर्व गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन इस बार जिले में बड़े हर्षाेउल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस समारोह में उद्योग व जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और तिरंगा झंडा फहराकर परेड की सलामी लेंगे। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा और पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह की विशेष उपस्थिति में समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास सफलतापूर्वक किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने पूरी तत्परता और समर्पण के साथ समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

    गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि उद्योग व जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत समारोह का शुभारंभ सुबह 8ः58 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगा। 9ः00 बजे झंडा फहराया जाएगा, राष्ट्रीय धुन और परेड सलामी के बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद हर्ष फायर, राष्ट्रपति जय घोष और मार्चपास्ट के माध्यम से गणतंत्र दिवस का आयोजन होगा। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का संदेश वाचन 9ः25 बजे से किया जाएगा। समारोह के आकर्षण में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी प्रदर्शन और पुरस्कार वितरण शामिल हैं।


    इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में कुल 11 प्लाटून हिस्सा लेंगे। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह करेंगे, जबकि उप परेड कमांडर उप निरीक्षक श्री त्रिलोक प्रधान होंगे। परेड में शामिल 11 प्लाटून में 17वीं वाहिनी छग सबल जिला कबीरधाम, प्लाटून कमांडर श्री उमेश भगत होंगे। जिला पुलिस बल (पुरुष) प्लाटून कमांडर उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे अपनी टीम के साथ कवर्धा जिले की सुरक्षा व्यवस्था का प्रतिनिधित्व करते हुए इस प्लाटून का प्रदर्शन मुख्य आकर्षण होगा। जिला पुलिस बल (महिला) से प्लाटून कमांडर एसआई श्रीमती शालिनी वर्मा होंगे। यह प्लाटून महिला सशक्तिकरण और समाज में उनकी भूमिका का प्रतीक है।

    नगर सेना प्लाटून कमांडर एएसआई श्री कृष्ण कुमार चंद्रवंशी हो होंगे। नगर सेना का दल साहस और सुरक्षा का संदेश है। वन विभाग प्लाटून कमांडर, वन रक्षक श्री तारकेश यादव होंगे। यह प्लाटून पर्यावरण संरक्षण और वनों के महत्व का संदेश इस प्लाटून के माध्यम से दिया जाएगा।

    एनसीसी (बालक) पी जी कॉलेज कवर्धा, प्लाटून कमांडर जूनियर अंडर ऑफिसर श्री तामेश्वर निषाद होंगे। इस प्लाटून में युवाओं की ऊर्जा और राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण इस प्लाटून में झलकेगा। एनसीसी (बालिका) आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा प्लाटून कमांडर, जूनियर अंडर ऑफिसर सतवंतिन निषाद है। यह महिला सशक्तिकरण और एनसीसी की भूमिका को दर्शाने वाली यह प्लाटून खास आकर्षण होगी। एनसीसी (बालिका) स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा प्लाटून कमांडर सरजेंट प्रतीक्षा वाचकर होंगे। यह दल उत्साह और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण है। एनसीसी (बालक)-पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यमिक स्कूल कवर्धा सारजेंट श्री जय कुंभकार होंगे। एनसीसी बालिका पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मध्यम स्कूल कवर्धा सारजेंट सांची गंधर्व होंगी। जिला गाइड टीम कवर्धा दल नायिका सविता साहू होगी।

    *सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां*

    परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जिले के कुल 6 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं छत्तीसगढ़ की संस्कृति और देशभक्ति से जुड़े गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा, झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी, जो विकास कार्यों और सामाजिक संदेशों पर आधारित होंगी। पुलिस बैण्ड में प्रधान आरक्षक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, श्री प्रेमेन्द्र चंदेल, आरक्षक श्री साजिद खान, श्री मोहित यादव, श्री शिवम मंडावी, श्री रामलोचन और श्री दिलचंद द्वारा राष्ट्रीय धुनें बजाई जाएगी।


    गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती शिशु मंदिर कवर्धा, होली क्रॉस स्कूल और दिशा पब्लिक स्कूल कवर्धा के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एरोबिक व्यापम प्रदर्शन के साथ होगी। इसके अलावा जिले के गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा द्वारा ऑपरेशन सिंदूर, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बोड़ला द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी एवं गौधन, अभ्युदय स्कूल कवर्धा द्वारा इंडियन फोक डांस,  अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्री मैट्रिक छात्रावास कवर्धा द्वारा छत्तीसगढ़ी रीमिक्स, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल बिरकोना द्वारा छत्तीसगढ़ी रीमिक्स और अशोका पब्लिक स्कूल कवर्धा द्वारा यूनिटी ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन किया जाएगा।

    गणतंत्र दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास के अवसर पर अपर कलेक्टर श्री विनय पोयाम एसडीएम श्री चेतन साहू और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।

  • कवर्धा शिक्षा विभाग में 218 करोड़ रुपये का हिसाब गायब, ऑडिट में बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर

    कवर्धा शिक्षा विभाग में 218 करोड़ रुपये का हिसाब गायब, ऑडिट में बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर

    कवर्धा। जिले के शिक्षा विभाग में एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। विभागीय ऑडिट एवं आरटीआई के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2022 से अक्टूबर 2025 के बीच विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कवर्धा द्वारा जिला कोषालय से 218 करोड़ 4 लाख 87 हजार 344 रुपये की राशि आहरित की गई, लेकिन इस पूरी रकम के खर्च से संबंधित कोई ठोस और प्रमाणिक लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं है।


    ऑडिट के दौरान यह गंभीर तथ्य सामने आया कि संबंधित अवधि की कैश बुक, बिल रजिस्टर, भुगतान वाउचर, बीटीआर एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र कार्यालय में प्रस्तुत ही नहीं किए गए। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आहरित राशि किन मदों में और किस उद्देश्य से खर्च की गई। ऑडिट टीम को मजबूरी में केवल ई-कोष पोर्टल के आधार पर ही वित्तीय विवरण तैयार करना पड़ा।


    आंकड़ों के अनुसार,
    अक्टूबर 2022 से मार्च 2023 के बीच ₹27 करोड़ 76 लाख 1 हजार 786
    अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक ₹67 करोड़ 29 लाख 22 हजार 645
    अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के दौरान ₹73 करोड़ 37 लाख 41 हजार 69
    तथा अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच ₹49 करोड़ 62 लाख 1 हजार 844
    रुपये जिला कोषालय से आहरित किए गए।


    पूरे मामले में तत्कालीन विकासखंड शिक्षा अधिकारी की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि ऑडिट रिपोर्ट सामने आने के बावजूद अब तक न तो किसी अधिकारी को निलंबित किया गया है और न ही किसी प्रकार की आपराधिक जांच प्रारंभ की गई है। इसके बजाय संबंधित अधिकारियों को केवल रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


    इस संबंध में शिक्षा विभाग का कहना है कि ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय स्तर पर इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच, ईओडब्ल्यू जांच, फॉरेंसिक ऑडिट और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज़ होती जा रही है।

  • जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

    जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा


    रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज मोहला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी रूप से पहुँचना चाहिए।


    बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह मांडवी, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


    उप मुख्यमंत्री ने मनरेगा के लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से हितग्राहियों को प्रेरित कर आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु उनके उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विपणन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।


    स्थानीय वनोपज के खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे मूल्य संवर्धन के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सीएलएफ मुख्यालय में महतारी सदन की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने तथा रोजगारोन्मुखी कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।


    स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल को शीघ्र प्रारंभ करने, आयुष्मान योजना, टीबी मुक्त पंचायत, डायलिसिस एवं रेडक्रॉस गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही दूरस्थ ग्राम पंचायतों में टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।


    कृषि विभाग की समीक्षा में रबी फसलों के लिए उर्वरक की कमी पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सहकारी समितियों में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग को व्यक्तिगत हेचरी निर्माण हेतु हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।


    गृह विभाग की समीक्षा के दौरान नक्सल गतिविधियों, जुआ-सट्टा एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने इन मामलों की निगरानी हेतु पृथक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।


    उन्होंने कहा कि जिला पांचवीं अनुसूची क्षेत्र अंतर्गत आता है, इसलिए पारंपरिक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों एवं देव स्थलों का संरक्षण प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक गांव के पारंपरिक पदाधिकारियों की सूची तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।


    राजस्व विभाग की समीक्षा में अविवादित बटवारा एवं नामांतरण प्रकरणों में कमी लाने हेतु सचिवों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय से योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  • ब्रेकिंग न्यूज़: छत्तीसगढ़ में IPS तबादलों की आहट, गणतंत्र दिवस के बाद बदलेगी SP–SSP की तस्वीर

    ब्रेकिंग न्यूज़: छत्तीसगढ़ में IPS तबादलों की आहट, गणतंत्र दिवस के बाद बदलेगी SP–SSP की तस्वीर

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस प्रशासन में एक बार फिर बड़े पैमाने पर फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम की विधिवत शुरुआत के बाद अब राज्यभर में एसपी और एसएसपी स्तर पर तबादलों की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, गणतंत्र दिवस के बाद गृह विभाग द्वारा व्यापक प्रशासनिक सर्जरी की जा सकती है।


    राजधानी रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के साथ ही 23 जनवरी को पहले पुलिस आयुक्त IPS डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार ग्रहण कर लिया। उनके साथ एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने भी जिम्मेदारी संभालते हुए कामकाज की शुरुआत कर दी है।


    15 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का हुआ तबादला
    कमिश्नरी सिस्टम के सेटअप को लेकर हाल ही में राज्य पुलिस सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के 15 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया गया। इनमें तत्कालीन बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पुलिस आयुक्त बनाया गया। वहीं दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर रेंज में भी आईजी स्तर पर बदलाव किए गए हैं।


    सीनियर IPS अफसरों को प्रमोशन
    शुक्रवार को राज्य शासन द्वारा कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति दी गई। जारी आदेश के अनुसार—


    2001 बैच के डॉ. आनंद छाबड़ा को आईजी से एडीजी पद पर पदोन्नत किया गया।

    2008 बैच के प्रशांत अग्रवाल, मिलना कुर्रे, नीथू कमल और डी. श्रवण को आईजी पद पर प्रमोट किया गया।


    इसके अलावा कई जिलों में तैनात एसपी को सेलेक्शन ग्रेड मिलने के बाद डीआईजी रैंक प्रदान की गई है, जिससे उनका पदनाम एसपी से बदलकर एसएसपी हो गया है। इनमें जितेंद्र शुक्ला, मोहित गर्ग, यशपाल सिंह, अभिषेक पल्लव और मुंगेली के एसपी भोजराम पटेल शामिल हैं। फिलहाल इन अधिकारियों को नई पदस्थापना नहीं दी गई है।


    अब जिलों में खाली होंगे पद
    प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि डीआईजी पद पर पदोन्नत अधिकारी जल्द ही जिलों से हटाए जा सकते हैं, जिससे कई जिलों में एसएसपी के पद रिक्त होंगे। वहीं कमिश्नरी सिस्टम के तहत राजधानी बुलाए गए अधिकारियों की जगह भी नए अफसरों की तैनाती की जाएगी।


    इसके अलावा ऐसे कई जिले हैं जहां पुलिस अधीक्षक लंबे समय से पदस्थ हैं। इन्हें भी नए जिलों की जिम्मेदारी दी जा सकती है। ऐसे में गणतंत्र दिवस के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा ट्रांसफर लिस्ट जारी होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

  • पेशन योजना के हितग्राहियों को 31 जनवरी 2026 तक डीएलसी सत्यापन करवाना अनिवार्य

    पेशन योजना के हितग्राहियों को 31 जनवरी 2026 तक डीएलसी सत्यापन करवाना अनिवार्य

    कवर्धा। सामाजिक सहायता योजनाओं के तहत संचालित केंद्रीय पेंशन योजनाओं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तजन पेंशन योजना में लाभान्वित हितग्राहियों के लिए 31 जनवरी 2026 तक डीएलसी सत्यापन करवाना अनिवार्य है।

    संबंधित हितग्राही अपने ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, नगर पंचायत या नगर पालिका कार्यालय में एंड्रॉइड मोबाइल एप के माध्यम से डीएलसी सत्यापन करवा सकते हैं। इसके अलावा, बेनिफिसरी सत्यापन एप्प के जरिए स्वयं भी अपना सत्यापन कर सकते हैं। उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती अभिलाषा पांडा ने बताया कि जिले में अब तक 90 प्रतिशत पेंशन हितग्राहियों ने सत्यापन करवा लिया है। उन्होंने शेष हितग्राहियों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग अभी तक मोबाइल एप के माध्यम से डीएलसी सत्यापन नहीं करवा पाए हैं, वे शीघ्र अपना सत्यापन करवा लें। उन्होंने बताया कि सत्यापन नहीं करवाने की स्थिति में आगामी माह से संबंधित हितग्राही को पेंशन राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा।

  • तरेगांव जंगल में प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लोहे की टंगिया जप्त

    तरेगांव जंगल में प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लोहे की टंगिया जप्त

    कवर्धा।  पुलिस द्वारा अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में प्राणघातक हमले के एक गंभीर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया जप्त की गई है।


    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 04 से 05 बजे के मध्य ग्राम ठाकुरटोला, थाना तरेगांव जंगल में गाली-गलौच की बात को लेकर दुकालसिंह बैगा (50 वर्ष) एवं चोखुराम बैगा (40 वर्ष) के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी चोखुराम बैगा ने अपने घर में रखी लोहे की टंगिया से दुकालसिंह बैगा के सिर पर कई बार प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
    घटना की सूचना मिलते ही थाना तरेगांव जंगल प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बिना विलंब उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।


    मामले में थाना तरेगांव जंगल में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया जप्त की गई।


    पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।