अंकिता शर्मा कवर्धा। जिला अंतर्गत महिला थाना कवर्धा में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 137(2), 64(1), 65(2), 74 बीएनएस एवं 06 पॉक्सो एक्ट के संवेदनशील प्रकरण में माननीय विशेष न्यायालय (फास्ट ट्रैक), पॉक्सो कबीरधाम द्वारा आरोपी दशरथ लाल गुप्ता पिता स्व. नर्मदा प्रसाद गुप्ता निवासी वार्ड न. 14 गुप्ता पारा कवर्धा थाना कवर्धा जिला कबीरधाम (छ.ग.) को 20 वर्ष के सश्रम कारावास से दंडित किया गया है।
उक्त प्रकरण में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य (IPS) के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं उच्च स्तरीय पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए कार्यवाही की गई। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के कुशल नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के सतत पर्यवेक्षण तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आशीष शुक्ला के निर्देशन में प्रकरण की निरंतर मॉनिटरिंग की गई।
प्रकरण में मात्र पांच वर्ष की नाबालिग बालिका के साथ किए गए यौन अपराध को दृष्टिगत रखते हुए पीड़ित पक्ष की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी गई तथा सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया गया।
महिला थाना प्रभारी भुनेश्वरी राठौर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा प्रकरण की विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए सशक्त एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन किया गया। घटना के 22 दिवस के भीतर चालान माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जो पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सुदृढ़ विवेचना, प्रभावी अभियोजन समन्वय एवं समयबद्ध कार्यवाही के परिणामस्वरूप ट्रायल चालू होने के मात्र तीन माह की अवधि में माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को दोषसिद्धि कर कठोरतम दंड का आदेश पारित किया गया।
प्रकरण में महिला थाना टीम द्वारा प्रदर्शित उत्कृष्ट कार्य, मेहनत, लगन एवं प्रोफेशनलिज्म को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को इनाम देने की घोषणा की गई है।
यह प्रकरण कबीरधाम पुलिस के लिए केवल एक अपराध का खुलासा नहीं, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा, समाज में विश्वास की स्थापना एवं अपराधियों के प्रति कठोर संदेश का प्रतीक है। कबीरधाम पुलिस यह स्पष्ट करती है कि बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही सतत जारी रहेगी।
Blog
-

पांच वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास के प्रकरण में कबीरधाम पुलिस की अनुकरणीय कार्यवाही, 22 दिन में चालान प्रस्तुत, आरोपी को 20 वर्ष का सश्रम कारावास
-

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण: कबीरधाम पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
कवर्धा। पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा युवती को कवर्धा स्थित होटल दक्ष पैलेस ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।
थाना कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत एक युवती द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 534/2025 धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में त्वरित कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी वीरु साहू को गिरफ्तार किया गया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने विवाह का झूठा आश्वासन देकर 01 नवंबर 2025 एवं 04 नवंबर 2025 को कवर्धा स्थित होटल दक्ष पैलेस में ले जाकर उसके साथ शारीरिक शोषण किया। बाद में आरोपी ने विवाह से इंकार करते हुए पीड़िता से संपर्क समाप्त कर दिया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने FSL टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा होटल दक्ष पैलेस के गेस्ट एंट्री रजिस्टर को जब्त किया। पीड़िता का कथन दर्ज कर लिया गया है और अन्य वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। आरोपी को रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। -

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड का असर, कोहरे और ओस से सड़कों पर घट गई दृश्यता
अंकिता शर्मा रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। सुबह और रात के समय शीतलहर के साथ घना कोहरा और ओस की परत सड़कों पर छाई रहने से दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे आम जनजीवन के साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
राजधानी रायपुर के अलावा बिलासपुर, पेंड्रा, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरिया, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और बालोद सहित कई जिलों में ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 20 दिसंबर को प्रदेश के इन जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। लगातार गिरते तापमान के चलते लोगों को सुबह और देर रात घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ठंड बढ़ने के साथ ही स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है। कई इलाकों में लोग स्वयं अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आ रहे हैं। प्रशासन से ठंड को देखते हुए आवश्यक इंतजाम करने की अपेक्षा की जा रही है।
-

ब्रेकिंग न्यूज: यूनिवर्सिटी जाने निकला छात्र रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों में अनहोनी की आशंका
अंकिता शर्मा, बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। लापता छात्र की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र है। राहुल बीते तीन दिनों से न तो अपने किराये के कमरे लौटा है और न ही अपने गृहग्राम पहुंचा है, जिससे परिजनों और मित्रों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल यादव कोनी क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 18 दिसंबर की सुबह वह अपने कमरे से विश्वविद्यालय जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। जब देर रात तक राहुल वापस नहीं लौटा और मोबाइल से भी संपर्क नहीं हो सका, तो दोस्तों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी।
राहुल मूल रूप से गौरेल-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही का निवासी है। परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो कोनी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी छात्र की तलाश की जा रही है। साथ ही राहुल के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल छात्र के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
-

कबीरधाम जिले में 21 से 23 दिसंबर तक पल्स पोलियो अभियान
942 बूथों पर 1.13 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराककवर्धा। जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 21 से 23 दिसंबर 2025 तक व्यापक पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 942 पोलियो बूथों पर एक लाख 13 हजार 83 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रविवार 21 दिसंबर को निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जबकि 22 एवं 23 दिसंबर को छुटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी।
जिला स्तर पर तैयार कार्ययोजना के अनुसार विकासखंड कवर्धा में 28,525, बोड़ला में 24,758, सहसपुर लोहारा में 20,175 तथा पंडरिया में 39,625 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए 1,884 टीम सदस्यों की तैनाती की गई है, जिनकी निगरानी 377 पर्यवेक्षक करेंगे। साथ ही जिला स्तर से मॉनिटरिंग टीम गठित कर विभिन्न विकासखंडों में निरीक्षण किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे ने बताया कि भारत में वर्ष 2011 के बाद पोलियो का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया है, फिर भी सतत सर्विलेंस के माध्यम से इसकी निगरानी की जाती है। उन्होंने कहा कि पोलियो संक्रमण को पूरी तरह रोकने के लिए एक साथ सभी बच्चों को अतिरिक्त खुराक देना आवश्यक है। अभियान के दौरान गुड़ फैक्ट्री, ईंट भट्ठे, बस स्टैंड, घुमंतू बसाहटों और शहरी स्लम क्षेत्रों जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डॉ. तुरे ने बताया कि अभियान को लेकर टीकाकर्मियों का प्रशिक्षण, वैक्सीन एवं लॉजिस्टिक की उपलब्धता, दीवार लेखन और माइकिंग जैसी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि 21 दिसंबर 2025, रविवार को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियो की खुराक पिलाएं। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” अभियान भारत की स्वास्थ्य सेवा की एक बड़ी उपलब्धि है, जो हर बच्चे के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की गारंटी देता है। -

एंटी स्नेयर वॉक से वन्यप्राणी संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती
कवर्धा में वन्यजीव अपराध रोकथाम पर वृत्त स्तरीय कार्यशाला आयोजित
कवर्धा। वन्यप्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से “एंटी स्नेयर वॉक फॉर कॉम्बेटिंग वाइल्डलाइफ क्राइम” विषय पर वृत्त स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को काष्ठागार सभागार, कवर्धा में किया गया।
कार्यशाला का आयोजन मुख्य वन संरक्षक दुर्ग वृत्त, दुर्ग श्रीमती एम. मर्सीबेला के मार्गदर्शन में तथा वनमंडलाधिकारी कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) छत्तीसगढ़, रायपुर श्री माथेश्वरन व्ही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में श्री माथेश्वरन व्ही ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए प्रत्येक वन बीट को सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को मुख्यालय में निवास, सतत गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, सटीक डाटा संकलन तथा मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके।
कार्यशाला में नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी, रायपुर के श्री एम. सूरज एवं श्री सिद्धांत जैन द्वारा पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से एंटी स्नेयर वॉक की अवधारणा, स्नेयर (फांदा) के प्रकार, उसकी कार्यप्रणाली तथा व्यवहारिक क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि एंटी स्नेयर वॉक का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों में शिकारियों द्वारा लगाए जाने वाले फांदों की पहचान कर उन्हें हटाना एवं वन क्षेत्रों को फांदा-मुक्त बनाना है।
कार्यशाला में दुर्ग वृत्त अंतर्गत सभी वनमंडलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर एंटी स्नेयर वॉक अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से दुर्ग वृत्त के समस्त वन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध शिकार पर अंकुश लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता सीएसईबी, कबीरधाम श्री गुरुदयाल सिंह फ्लोरा ने वन क्षेत्रों से गुजरने वाली विद्युत लाइनों में अवैध हुकिंग की समस्या पर प्रकाश डालते हुए वन एवं विद्युत विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने, संयुक्त बैठक एवं व्हाट्सएप समूह के माध्यम से त्वरित कार्रवाई का सुझाव दिया।
साइबर सेल कवर्धा के सहायक उप निरीक्षक श्री चंद्रकांत तिवारी ने बताया कि मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के माध्यम से अपराधियों की पहचान संभव है। वहीं अधिवक्ता श्री निमिष कुमार शर्मा ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से किए जाने वाले वन्यजीव अपराधों से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर वनमंडलाधिकारी कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल ने कहा कि वन विभाग, पुलिस, विद्युत विभाग, सामाजिक संगठनों एवं विधिक विशेषज्ञों के बीच समन्वय से एंटी स्नेयर वॉक का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा, जिससे वन्यप्राणियों की सुरक्षा को व्यापक स्तर पर मजबूती मिलेगी।
कार्यशाला में दुर्ग वृत्त के अंतर्गत सभी वनमंडलों के उप वनमंडलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी, कवर्धा वनमंडल के क्षेत्रीय अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय पत्रकारगण उपस्थित रहे। -

बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों पर चलकर छत्तीसगढ़ सरकार कर रही सर्वसमाज के हित में कार्य: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के बताए समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-6 स्थित सतनाम भवन में आयोजित परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती एवं गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी की गुरु-गद्दी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 18वीं सदी में सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के दौर में बाबा गुरु घासीदास जी ने “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। इन्हीं मूल्यों को आत्मसात करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के अनुरूप कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सतनाम भवन सेक्टर-6 भिलाई में डोम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा बाबा गुरु घासीदास जयंती आयोजन हेतु प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के माध्यम से समाज के विकास के लिए 75 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है और उच्च शिक्षा के लिए समाज के विद्यार्थियों को 15 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। जिला मुख्यालयों में नालंदा परिसर का निर्माण कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के खैरा-सेतगंगा धाम में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह को भी संबोधित किया। उन्होंने जैतखंभ में पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाया तथा गुरुगद्दी और राम जानकी मंदिर में दर्शन किए। सेतगंगा धाम के समग्र विकास हेतु मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा गुरु घासीदास जयंती आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है, महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा है और नई उद्योग नीति के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नशाखोरी के खिलाफ समाज को जागरूक होकर कठोर कदम उठाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रमों में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सतनाम पंथ के अनुयायी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के विचार आज भी सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं। -

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा के ग्राम मगरधा (बिसनपुरा) में संत गुरु घासीदास बाबा की जयंती समारोह में हुए शामिल, विकास कार्यों के लिए ₹20 लाख की घोषणा
रायपुर। संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा की 269वीं जयंती के पावन अवसर पर ग्राम मगरदा, कवर्धा, बिसनपुरा में आज आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में श्रद्धा, भक्ति के साथ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने संत गुरू घासीदास बाबा के आदर्शों को नमन करते हुए संत गुरू घासीदास गुरुद्वारा एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर जैतखाम में ध्वज स्थापित किया तथा फूल-माला अर्पित की। उन्होंने संत गुरू घासीदास बाबा का आशीर्वाद लेकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा के मनखे-मनखे एक समान होने का विचार आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समाज के प्रतिनिधियों से सौजन्य भेंट-मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और समाज के उत्थान से जुड़े विषयों पर आत्मीय संवाद किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने मगरदा में संत गुरू घासीदास बाबा मंदिर परिसर में सामने बाउंड्री वाल के लिए 10 लाख रूपए, मंच निर्माण के लिए 3.5 लाख रूपए एवं ग्राम बिसनपुरा में मेन रोड से गांव तक पहुंचने के लिए सीसी रोड निर्माण एवं मंगल भवन के लिए 6.5 लाख रुपया की घोषणा की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, जिला पंचायत सदस्य श्री वीरेन्द्र साहू, श्री गणपत बघेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल श्री सुनील साहू समाज के नागरिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा ने मानव समाज को मानवता का संदेश देने के साथ ही एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। संत गुरु घासीदास बाबा ने समूचे जगत के कल्याण का रास्ता दिखाया है। उनका सन्देश मनखे-मनखे एक समान, आपसी भाई चारा और सबको एक सूत्र में बांधकर रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बाबा जी की अमृत वाणी को हम सभी अपने जीवन मे उतार कर जीवन को चरितार्थ कर सकते है। गुरु जी ने अपने जीवन में मानवता, एकता और समृद्धि का मार्ग दिखाया है, जो आज भी हमारे जीवन में प्रासंगिक है। उनका संदेश सभी को एक सूत्र में बांधने और आपसी भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा देता है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि जिले में 306 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसका शिला स्थापना मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किया है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पिपरिया एवं तरेगांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु 52–52 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। बच्चों के लिए 50-सीटर क्रिटिकल केयर अस्पताल, जिला अस्पताल की क्षमता 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तर, तथा सीटी स्कैन सेवा प्रारंभ की गई है। बोडला और पिपरिया में सोनोग्राफी सेवा आरंभ की गई है। पिपरिया और रेंगाखार में एंबुलेंस की सुविधा भी प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। भोरमदेव विद्यापीठ में निःशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया गया है। जिले के सरकारी स्कूलों में 50 स्मार्ट क्लास स्थापित किए गए हैं।
-

मनरेगा कार्यों का औचक निरीक्षण: जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी पहुंचे फील्ड, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर
कवर्धा। जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा हेतु जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने विकासखंड बोड़ला के विभिन्न ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री त्रिपाठी ग्राम पंचायत अंधरीकछार पहुंचे, जहां उन्होंने तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य में लगे पंजीकृत श्रमिकों से चर्चा कर कार्य की स्थिति की जानकारी ली तथा जल संरक्षण के उद्देश्य से किए जा रहे तालाब निर्माण से गांव को होने वाले लाभों से अवगत कराया। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु मजदूरी मूलक नए कार्यों की पहचान कर उन्हें स्वीकृत कराने के निर्देश ग्राम रोजगार सहायक एवं पंचायत सचिव को दिए।
सीईओ ने जनपद पंचायत बोड़ला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि श्रमिकों को निर्धारित समय-सीमा में मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यस्थलों पर पेयजल, छाया सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत नेउरगांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया गया। निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत को गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बोड़ला को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तय समय में कार्य पूर्ण कराने तथा सेंटरिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के दौरान स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
सीईओ श्री त्रिपाठी ग्राम पंचायत खंडसरा भी पहुंचे, जहां मनरेगा योजना से निर्मित हो रहे पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। कार्य में तेजी लाकर समय पर पूर्ण करने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी एवं संबंधित तकनीकी सहायक को दिए गए।
उन्होंने कहा कि विकासखंड बोड़ला क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु सभी ग्राम पंचायतों में मांग के अनुसार नए कार्य स्वीकृत कराए जाएं। उल्लेखनीय है कि जिले में वर्तमान में 30,500 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को प्रतिदिन रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। तालाब गहरीकरण, डबरी निर्माण, कच्ची नाली, पंचायत भवन, पशु शेड, आंगनबाड़ी भवन एवं आजीविका डबरी जैसे कार्यों से ग्रामीणों को लगातार रोजगार मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा जिला पंचायत, सीईओ जनपद पंचायत बोड़ला, कार्यक्रम अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। -

तेंदुआ मृत्यु प्रकरण में वन विभाग की त्वरित एवं सख्त कार्रवाई, दोषियों पर कड़ी नजर
कवर्धा। वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र सहसपुर लोहारा के वृत्त सोनझरी परिसर के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 292 में एक नग तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर पंचनामा, जप्ती एवं अन्य सभी विधिसम्मत कार्यवाहियाँ पूर्ण की गईं। वन्यजीव संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए इस गंभीर घटना के संबंध में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21608/02 दिनांक 14.12.2025 पंजीबद्ध किया गया है।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल डॉग स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रशिक्षित श्वान की सटीक निशानदेही पर घटना स्थल से लगभग 400-500 मीटर दूर स्थित दो मकानों से कुल 21.300 कि.ग्रा. जी.आई. तार जप्त किया गया, जो वन्यजीव शिकार में प्रयुक्त होने की आशंका है। साथ ही मृत तेंदुए के सिर का सड़ा हुआ भाग, रीढ़ की हड्डी, पैर एवं पूंछ जप्त कर वैज्ञानिक परीक्षण एवं आगे की जांच हेतु सुरक्षित किया गया है। प्रकरण से जुड़े अन्य संदिग्धों एवं ग्रामीणों से भी सघन पूछताछ की जा रही है।
मामले में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित वन अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। परिसर रक्षक मोतिमपुर श्री शिव साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा परिक्षेत्र सहायक श्री अमित कुमार ध्रुव को मुख्य वन संरक्षक (क्षेत्रीय), दुर्ग वृत्त, दुर्ग के द्वारा निलंबित किया गया है। आरोपियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए टावर डंप डाटा प्राप्त करने हेतु पुलिस अधीक्षक, जिला कबीरधाम को पत्र भेजा गया है।
वन विभाग वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सतत निगरानी एवं सघन गश्त जारी रहेगी।