Explore

Search

May 28, 2026 7:17 am

RECENT POSTS

मनरेगा कार्यों का औचक निरीक्षण: जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी पहुंचे फील्ड, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा। जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा हेतु जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने विकासखंड बोड़ला के विभिन्न ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री त्रिपाठी ग्राम पंचायत अंधरीकछार पहुंचे, जहां उन्होंने तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य में लगे पंजीकृत श्रमिकों से चर्चा कर कार्य की स्थिति की जानकारी ली तथा जल संरक्षण के उद्देश्य से किए जा रहे तालाब निर्माण से गांव को होने वाले लाभों से अवगत कराया। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु मजदूरी मूलक नए कार्यों की पहचान कर उन्हें स्वीकृत कराने के निर्देश ग्राम रोजगार सहायक एवं पंचायत सचिव को दिए।

सीईओ ने जनपद पंचायत बोड़ला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि श्रमिकों को निर्धारित समय-सीमा में मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यस्थलों पर पेयजल, छाया सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत नेउरगांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया गया। निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत को गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बोड़ला को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तय समय में कार्य पूर्ण कराने तथा सेंटरिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के दौरान स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।

सीईओ श्री त्रिपाठी ग्राम पंचायत खंडसरा भी पहुंचे, जहां मनरेगा योजना से निर्मित हो रहे पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। कार्य में तेजी लाकर समय पर पूर्ण करने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी एवं संबंधित तकनीकी सहायक को दिए गए।

उन्होंने कहा कि विकासखंड बोड़ला क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु सभी ग्राम पंचायतों में मांग के अनुसार नए कार्य स्वीकृत कराए जाएं। उल्लेखनीय है कि जिले में वर्तमान में 30,500 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को प्रतिदिन रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। तालाब गहरीकरण, डबरी निर्माण, कच्ची नाली, पंचायत भवन, पशु शेड, आंगनबाड़ी भवन एवं आजीविका डबरी जैसे कार्यों से ग्रामीणों को लगातार रोजगार मिल रहा है।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा जिला पंचायत, सीईओ जनपद पंचायत बोड़ला, कार्यक्रम अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest