Blog

  • 12 दिसम्बर को कवर्धा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन

    12 दिसम्बर को कवर्धा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन

    कवर्धा।  कबीरधाम जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूती देने और युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में मेडिकल कॉलेज कबीरधाम की स्थापना होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 12 दिसम्बर को अपने कवर्धा प्रवास के दौरान ग्राम घोटिया में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास एवं भूमिपूजन करेंगे।

    कॉलेज के लिए 40 एकड़ भूमि आबंटित, 306 करोड़ से अधिक की राशि को मिली स्वीकृति
    उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा के प्रयासों से  शासन द्वारा मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए ग्राम घोठिया में 40 एकड़ भूमि का आबंटन किया है। परियोजना के लिए 306 करोड़ रूपए से अधिक की मंजूरी प्रदान की गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर कितनी गंभीर और प्रतिबद्ध है। यह कॉलेज अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस होगा और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

    जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
    मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बाद कबीरधाम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। लोगों को आधुनिक, उन्नत और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अब दूरस्थ शहरों की ओर निर्भरता कम होगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित होगी। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर यह महत्वपूर्ण परियोजना अल्प समय में स्वीकृत होकर अपने निर्माण चरण तक पहुँच गयी है। उन्होंने इस परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करने अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं।

    जिले में उत्साह का माहौल
    इस संबंध में उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज स्थापना से विकास का नया अध्याय खुलेगा। युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। जिले के लोगों को निर्माण से लेकर संचालन तक रोजगार के अनेक नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जिले में कौशल विकास भी प्रोत्साहित होगा।

    मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन को लेकर जिले के लोगों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं में आशा की नई किरण जागी है कि इस कॉलेज से कबीरधाम को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

  • कवर्धा विधानसभा में विद्युत विकास को नई पहचान — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में दो वर्षों में 390 करोड़ की स्वीकृति, बिजली व्यवस्था हुई सुदृढ़

    कवर्धा विधानसभा में विद्युत विकास को नई पहचान — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में दो वर्षों में 390 करोड़ की स्वीकृति, बिजली व्यवस्था हुई सुदृढ़

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में बिजली अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। सुदूर वनांचल से लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने 390 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों से क्षेत्र में न केवल बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधरी है, बल्कि किसानों और आम नागरिकों को भी स्थायी राहत मिली है।

    वनांचल क्षेत्रों में पहली बार बड़े पैमाने पर विद्युत विस्तार
    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा के प्रयासों से आरडीएस योजना अंतर्गत 6 महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 341.46 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग घरेलू एवं कृषि फीडर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे दोनों सेवाओं में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। पुरानी लाइनों के नवीनीकरण, नई लाइनों के विस्तार तथा ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है।

    इसके अलावा झलमला और सिल्हाटी जैसे सुदूर वनांचल क्षेत्रों में सब-स्टेशन स्थापना और व्यापक विद्युतीकरण के लिए 46.13 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे इन दुर्गम इलाकों में निरंतर, स्थिर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

    मुख्यमंत्री आंतरिक विद्युतीकरण योजना के तहत कवर्धा विधानसभा में 75 कार्यों के लिए 2.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिससे गांवों के भीतर घरेलू विद्युत नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

    अधोसंरचना में रिकॉर्ड स्तर का विस्तार
    पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 6.94 किमी 33 के.वी. लाइन, 247.07 किमी 11 के.वी. लाइन और 1175.82 किमी एल.टी. लाइन का विस्तार किया गया है। इन कार्यों से बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय बनी है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को महत्वपूर्ण लाभ मिला है।

    उच्च क्षमता के नए उपकेंद्र और ट्रांसफार्मर से बेहतर वोल्टेज
    विद्युत क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक नया 132/33 के.वी. उपकेंद्र तथा 5 नए 33/11 के.वी. पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 504 नए 11/04 के.वी. ट्रांसफार्मर लगाए गए, जिससे वोल्टेज में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या में भी भारी कमी आई है और उपभोक्ताओं को अब अधिक स्थिर एवं निरंतर बिजली मिल रही है।

    कवर्धा विधानसभा में चल रहे इन व्यापक विद्युत सुधार कार्यों ने क्षेत्रीय विकास को नई गति दी है और आम जनता को मजबूत आधारभूत सुविधाओं से जोड़ते हुए विकास की धारा को और तेज किया है।

  • कवर्धा में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए चिकित्सकों का सम्मान, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने व्यक्त की कृतज्ञता

    कवर्धा में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए चिकित्सकों का सम्मान, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने व्यक्त की कृतज्ञता

    कवर्धा। में स्वास्थ्य सुविधाओं को उत्कृष्ट बनाने के लिए अपना योगदान देने वाले चिकित्सकों के सम्मान में समारोह का आयोजन उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर कवर्धा के जिला अस्पताल एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सक उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने सभी के साथ इस समारोह में शामिल हुए और सभी को साल श्रीफल भेंट कर सम्मानित कर सभी के साथ रात्रि भोज किया। उन्होंने सभी से कवर्धा में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जिले के सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया।उन्होंने सभी को चिकित्सकों से कवर्धा में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि चिकित्सक आधे भगवान होते हैं किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने का कार्य करते हैं, यह काम सेवा भावना से ही किया जा सकता है। यहां कवर्धा के स्थानीय चिकित्सकों के साथ बाहर से आये चिकित्सकों ने भी कवर्धा को अपना कर यहां के लोगों की पूरे मन से सेवा की है जिसके लिए पूरा कवर्धा आपका आभारी है।


    उन्होंने बताया कि कवर्धा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु अस्पताल हेतु 40 पद की स्वीकृति, जिला अस्पताल कबीरधाम में 16.63 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक, सिटी स्कैन, अत्याधुनिक इंट्रीगेटेड पब्लिक हेल्थ लैब, ओटी एवं हमर लैब में पॉवर बैकअप प्रणाली, जिला चिकित्सालय कबीरधाम की क्षमता 100 बिस्तर बढ़ाकर 220 बिस्तर करने एवं इसके लिए 258 नवीन पदों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपरिया एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेंगाखार को एम्बुलेंस, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़ला में सोनोग्राफी मशीन प्रदान किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़ला में रहने हेतु शासकीय आवास, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपरिया एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहसपुर लोहारा में पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ किया गया है।उपस्वास्थ्य केन्द्र राजा नवागाँव को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तरेगाँव को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन किया गया। सबसे अहम 318.27 करोड़ रूपए की लागत से मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति मिली है जिससे अब कवर्धा मेडिकल हब बनने जा रहा है। यहां महानगरों जैसी सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।


    उपमुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सकों को बताया कि आगामी 11 दिसम्बर को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के द्वारा कवर्धा मेडिकल कॉलेज की प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पूजित आधार शिला का शिलान्यास किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्होंने सभी को आमंत्रित किया।

  • छत्तीसगढ़ में जमीन की नई गाइडलाइन से बड़ा बदलाव, अब संपत्ति खरीदना हुआ सस्ता — देखें पूरा अपडेट

    छत्तीसगढ़ में जमीन की नई गाइडलाइन से बड़ा बदलाव, अब संपत्ति खरीदना हुआ सस्ता — देखें पूरा अपडेट

    रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने जमीन की नई संशोधित गाइडलाइन दरें जारी कर दी हैं, जिससे बहुमंजिला फ्लैट खरीदारों, दुकानदारों, किसानों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। 20 नवंबर को लागू नई दरों पर आए सुझावों और आपत्तियों के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड की बैठक हुई, जिसके बाद कई महत्वपूर्ण सुधारों को मंजूरी दी गई। संशोधित गाइडलाइन 8 दिसंबर से लागू हो गई है, जबकि जिले की मूल्यांकन समितियों को 31 दिसंबर 2025 तक नए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

    सरकार ने नगरीय क्षेत्रों में भूखंडों के मूल्यांकन में बड़ा बदलाव करते हुए 1400 वर्गमीटर तक की इंक्रीमेंटल गणना को खत्म कर दिया है। अब नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में पहले की तरह स्लैब आधारित दरें ही लागू होंगी। बहुमंजिला भवनों में फ्लैट, दुकान और कार्यालयों की कीमत अब सुपर बिल्ट-अप एरिया पर नहीं बल्कि बिल्ट-अप एरिया के आधार पर तय की जाएगी। इससे फ्लैट और कमर्शियल स्पेस की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आएगी और वर्टिकल डेवलपमेंट को बढ़ावा मिलेगा।

    मल्टीस्टोरी और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लिए भी राहत दी गई है। बेसमेंट और प्रथम तल पर 10 प्रतिशत और दूसरे तल तथा उससे ऊपर के तल पर 20 प्रतिशत कम दर से मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे मध्यम वर्ग के लिए फ्लैट और दुकानें अधिक किफायती होंगी। इसके अलावा मुख्य मार्ग से 20 मीटर दूर स्थित कमर्शियल संपत्तियों के मूल्य में 25 प्रतिशत की कटौती का प्रावधान किया गया है।

    गाइडलाइन में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए कई जनहितैषी सुधार किए गए हैं। नजूल, आबादी और परिवर्तित भूमि पर अब कृषि भूमि वाले नियम लागू होंगे, जिससे जमीन की कीमतों में भारी कमी आएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवर्तित भूमि पर सिंचित भूमि का ढाई गुना मूल्य लगाने का नियम समाप्त कर दिया गया है। दो फसली भूमि, वाणिज्यिक फसलों, ट्यूबवेल-बोरवेल और कुओं पर लगाए जाने वाले अतिरिक्त शुल्क भी पूरी तरह समाप्त कर दिए गए हैं।

    भूमि पर लगे वृक्षों के मूल्य को अब भूमि दर में शामिल नहीं किया जाएगा। इससे न केवल रजिस्ट्री पर लगने वाला शुल्क कम होगा, बल्कि पेड़ों को काटकर मूल्यांकन कम कराने की प्रवृत्ति भी समाप्त होगी। शहर से लगे ग्रामीण इलाकों में 37.5 डिसमिल तक की जमीन अब वर्गमीटर दर पर नहीं बल्कि हेक्टेयर दर से मूल्यांकित होगी, जिससे किसानों को भारी राहत मिलेगी।

    सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहले शहरी क्षेत्रों में निर्मित संपत्तियों के लिए 21 अलग-अलग दरें लागू थीं, जिन्हें घटाकर अब केवल दो दरें कर दिया गया है। इससे आम लोगों को अपने संपत्ति का बाजार मूल्य समझने में आसानी होगी और पंजीयन प्रक्रिया सरल होगी।

    नई गाइडलाइन दरों से आम नागरिकों, किसानों और संपत्ति खरीदने वालों पर आर्थिक दबाव कम होगा और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सरल बनेगी।

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा मेडिकल कॉलेज भूमिपूजन की तैयारी पर समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा मेडिकल कॉलेज भूमिपूजन की तैयारी पर समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 11 दिसंबर को कवर्धा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होने जा रहे मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। पहले उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन से जुड़ी तैयारियों की प्रगति के बारे में अपडेट लिया। जिसके पश्चात घोटिया में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मुख्य मंच व बैठक व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, यातायात व पार्किंग, बेरीकेडिंग, सुरक्षा, पेयजल जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए की जा रही तैयारियों के बारे अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम में आने वाले जनसमुदाय को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकासी के लिए व्यवस्थित तैयारियां की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में समुचित बैठक और पेयजल व्यवस्था हो।इस अवसर पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच के साथ डोम एवं पंडाल बनाए जा रहे हैं, जिसमें कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले लोगों के लिए बैठक व्यवस्था की जा रही हैं। वहीं कार्यक्रम स्थल में विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी।  इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए भी तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।

    इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अजय कुमार त्रिपाठी, एडीएम श्री विनय पोयाम, एएसपी श्री पंकज पटेल, एसडीएम श्री चेतन साहू, एसडीओपी श्री कृष्णा चंद्राकार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • महाविद्यालय में करियर गाइडेंस सत्र: अशोक चन्द्रवंशी ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र, ड्रीम सेट कर लक्ष्य पाने की दी सीख

    महाविद्यालय में करियर गाइडेंस सत्र: अशोक चन्द्रवंशी ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र, ड्रीम सेट कर लक्ष्य पाने की दी सीख

    छत्तीसगढ़। अंबागढ़ चौकी शासकीय लाल चक्रधर शाह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में करियर मार्गदर्शन पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें अशोक चन्द्रवंशी ने छात्रों को करियर गाइडेंस, काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षाएँ, नौकरी के अवसर तथा कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आदरणीय परतेती सर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता अरुण यादव, गुलाब गोस्वामी, युवा मोर्चा मंडल महामंत्री संतोष साहू, हितेश जैन, गजेंद्र मंडावी, भूपेंद्र नुरेटी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं लगभग 200 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

    अपने उद्बोधन में श्री चन्द्रवंशी ने छात्रों को ड्रीम तैयार करने, गोल सेट करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के मूल मंत्र को व्यवहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। उनके प्रेरक संबोधन से छात्रों में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

    कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु श्री चन्द्रवंशी ने सभी अध्यापक-प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधियों तथा उपस्थित छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी। अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने चन्द्रवंशी जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

  • मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री रामकथा पोस्टर एवं कैलेंडर का किया विमोचन

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री रामकथा पोस्टर एवं कैलेंडर का किया विमोचन

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्यारे श्री राधाकृष्ण संस्कार मंच, जामुल के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने आगामी श्री रामकथा कार्यक्रम हेतु तैयार किए गए पोस्टर एवं कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया।

    प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को बताया कि श्री रामकथा का आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 06 जनवरी 2026 तक दुर्ग जिले के जामुल नगर में किया जाएगा।  प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को इस पावन आयोजन में सादर आमंत्रित किया।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए प्यारे श्री राधाकृष्ण संस्कार मंच, जामुल के सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया एवं आयोजन की सफलता हेतु शुभकामनाएँ दीं।

    इस अवसर पर मंच के संरक्षक श्री दिलेश्वर उमरे, संयोजक श्री ईश्वर उपाध्याय, तथा श्री जागेश्वर मल सोनी, श्री उमेश निर्मलकर, श्री नेत राम साहू, श्री जितेंद्र साहू, श्री इंद्रजीत उपाध्याय, श्री वैभव उपाध्याय सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

  • रूस के राष्ट्रपति पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे पर, पीएम मोदी के साथ होगी अहम बैठक—कई बड़े समझौते होने की उम्मीद

    रूस के राष्ट्रपति पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे पर, पीएम मोदी के साथ होगी अहम बैठक—कई बड़े समझौते होने की उम्मीद


    Putin’s India visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। चार साल बाद हो रही यह यात्रा दोनों देशों के कूटनीतिक और रणनीतिक संबंधों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुतिन 4–5 दिसंबर को होने वाली 23वीं इंडिया–रूस बाइलैटरल समिट में हिस्सा लेंगे, जहां व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

    दिल्ली पहुंचने के बाद राष्ट्रपति पुतिन सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पहुंचेंगे, जहां पीएम मोदी उनके सम्मान में निजी डिनर आयोजित करेंगे। इसके अगले दिन पुतिन का आधिकारिक कार्यक्रम राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने से शुरू होगा।

    इसके बाद राष्ट्रपति भवन में उनका पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया जाएगा। पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हैदराबाद हाउस में होगी, जहां दोनों नेता रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देने वाले प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

    समिट के बाद दोनों देशों के शीर्ष नेता साथ में लंच मीटिंग करेंगे। अपने कार्यक्रम के तहत पुतिन इंडिया–रूस बिज़नेस फोरम में भी शामिल होंगे, जहां वे उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और निवेश व व्यापारिक सहयोग को मजबूत करने पर बात करेंगे।

    दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में राजकीय भोज देंगी। रूस ने संकेत दिया है कि इस यात्रा के दौरान एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया जाएगा और 2030 तक के लिए स्ट्रेटेजिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन प्रोग्राम सहित कई महत्वपूर्ण समझौते साइन किए जा सकते हैं।

    पुतिन का यह दौरा भारत–रूस रिश्तों में नई ऊर्जा भरने वाला माना जा रहा है और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के सहयोग की दिशा तय करेगा।

  • सुकमा में एक और मेगा एनकाउंटर, 20 नक्सलियों के ढेर होने की पुष्टि—15 शव बरामद

    सुकमा में एक और मेगा एनकाउंटर, 20 नक्सलियों के ढेर होने की पुष्टि—15 शव बरामद

    छत्तीसगढ़। के बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार को हुई भीषण मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में लगभग 20 नक्सलियों के ढेर होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अब तक 15 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। क्षेत्र में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।

    नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवानों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन लॉन्च किया था। केशकुतुल के घने जंगलों में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ कई घंटों तक चली। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में नक्सलियों को ढेर किया।

    इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने जहां बड़ी सफलता हासिल की है, वहीं तीन जवानों ने अपनी जान देश के लिए कुर्बान कर दी। शहीद जवानों में प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी और आरक्षक दुकारू गोंडे शामिल हैं। इसके अलावा दो जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें सोमदेव यादव को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

    जानकारी के मुताबिक हाल ही में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा के मारे जाने के बाद से नक्सली संगठन लगातार कमजोर हो रहा है। ऐसे में बीजापुर-दंतेवाड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई नक्सल मोर्चे पर एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है। इलाके में अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं और जवान पूरे जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

  • आदिवासी हितों की सुरक्षा और विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    आदिवासी हितों की सुरक्षा और विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासियों के हितों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित है। मुख्यमंत्री आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी में आयोजित जनजाति गौरव दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर 475 करोड़ रुपए से अधिक विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने अंबागढ़ चौकी को राजस्व अनुभाग बनाने तथा अंबागढ़ चौकी में सर्व सुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं के खाते में 22वीं किस्त की राशि का अंतरण भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की।

    मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण और जनजाति समाज के कल्याण में पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा जनजातीय और विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री जनमन एवं ग्राम उत्कर्ष योजना के अंतर्गत जनजातीय परिवारों को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने जा रहा है। हमारी सरकार ने दो वर्षों के कार्यकाल में मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वायदों को पूरा किया है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह माता-बहनों के खातों में हर माह 1000 रुपए की राशि अंतरित की जा रही है। किसानों से 3100 रुपए की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी के साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण दर प्रति मानक बोरा 5500 रुपए का भुगतान किया जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए चरण पादुका का वितरण फिर से शुरू किया गया है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के द्वारा देश एवं राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधा माओवाद को मार्च 2026 तक समाप्त करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर माओवाद आतंक से मुक्त करने की दिशा में अत्यंत ठोस एवं सार्थक कार्य किया जा रहा हैं। जल्द ही छत्तीसगढ़ राज्य माओवाद के आतंक से मुक्त हो जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज सहित संपूर्ण भारतवर्ष का गौरव बताते हुए, स्वाधीनता आंदोलन एवं राष्ट्र के नव निर्माण में जनजाति समाज के महापुरुषों एवं राष्ट्र भक्तों के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा के जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य एवं गर्व का विषय है।

    छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के परिणाम स्वरूप छत्तीसगढ़ राज्य में भी व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में जनजाति समाज के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में विकास नई इबारत लिखी जा रही है। जिसके फलस्वरूप आज बस्तर से लेकर सरगुजा तक राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इस मौके पर उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी कार्यों और नीतियों की विस्तार से जानकारी दी।

    समारोह को उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्री संतोष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह और जनजाति समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री एमडी ठाकुर ने भी सम्बोधित किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिभाओं को सम्मानित करने के अलावा प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता अर्जित करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम में विधायक श्री भोलाराम साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा सहित कई पूर्व विधायक, पंचायत एवं नगरीय संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, सामाजिक बंधु और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।