Blog

  • कवर्धा: NH-30 पर तेज़ रफ़्तार का कहर! ट्रांसफॉर्मर लदा ट्रक ट्रैक्टर से टकराकर घर में जा घुसा, बड़ा हादसा टला

    कवर्धा: NH-30 पर तेज़ रफ़्तार का कहर! ट्रांसफॉर्मर लदा ट्रक ट्रैक्टर से टकराकर घर में जा घुसा, बड़ा हादसा टला

    कवर्धा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार सुबह तेज़ रफ़्तार के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रांसफॉर्मर लदा एक ट्रक ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। घटना में घर का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज़ गति में था और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना हो गई। टक्कर के बाद ट्रक सीधे घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर NH-30 पर यातायात फिर से सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज़ रफ़्तार और लापरवाही दुर्घटना का मुख्य कारण बताई जा रही है।

  • पीएम मोदी आज रायपुर पहुंचेंगे, तीन दिवसीय DGP–IG सम्मेलन में होंगे शामिल

    पीएम मोदी आज रायपुर पहुंचेंगे, तीन दिवसीय DGP–IG सम्मेलन में होंगे शामिल

    रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम लगभग 7:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां वह नवा रायपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 60वें DGP–IG सम्मेलन में शामिल होंगे। एयरपोर्ट से सीधे एम-01 बंगले पहुंचकर पीएम रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन से सम्मेलन के सत्रों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री 29 और 30 नवंबर को सम्मेलन में शामिल होने के बाद 30 नवंबर की शाम दिल्ली लौट जाएंगे।

    इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘विकसित भारत : सुरक्षा आयाम’ रखी गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इसमें आंतरिक सुरक्षा, नक्सलवाद, आतंकवाद-निरोध, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, तथा पुलिसिंग में फोरेंसिक और एआई के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। देशभर से आए DGP और वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न विषयों पर प्रजेंटेशन देंगे और सुरक्षित भारत के निर्माण का रोडमैप तैयार करेंगे।

    सम्मेलन में भाग लेने वाले शीर्ष अधिकारियों के लिए व्यापक ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम-01 और गृह मंत्री अमित शाह एम-11 में ठहरेंगे। नए सर्किट हाउस में NSA अजीत डोभाल, डिप्टी NSA अनीश दयाल सिंह, IB चीफ तपन डेका और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की व्यवस्था की गई है। कुल 33 राज्यों के DGP और पैरामिलिट्री फोर्सेज के 20 डीजी/एडीजी सहित 75 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।

    प्रधानमंत्री इस दौरान विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी पीएम मोदी सम्मेलन में सीधे अधिकारियों से संवाद कर पुलिस प्रशासन में सुधार और देश की सुरक्षा रणनीति को नई दिशा देने पर जोर देंगे।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी संजू देवी को दी बधाई

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी संजू देवी को दी बधाई

    रायपुर। महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी छत्तीसगढ़ निवासी संजू देवी ने विगत दिवस मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने पर संजू देवी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “आपने महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश की है। आपको देखकर प्रदेश की बेटियाँ खेल जगत में और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगी। यह उपलब्धि निस्संदेह आने वाली पीढ़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने में प्रेरक साबित होगी।”मुलाकात के दौरान संजू देवी ने भी अपनी जीवन यात्रा, संघर्ष, और खेल से जुड़े अनुभव मुख्यमंत्री श्री साय के साथ साझा किए।

    उल्लेखनीय है कि महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी संजू देवी कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की निवासी हैं। उन्हें महिला कबड्डी विश्व कप में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब भी प्राप्त हुआ है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 17 नवंबर से 24 नवंबर के मध्य बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित किया गया था।

    मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष श्री सेवा राम साहू, पूर्व कोच श्री अनुज प्रताप सिंह, वर्तमान कोच श्री दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

     

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग’ पोस्टर का विमोचन, विधानसभा में क्षेत्र पहली बार होगा ऐसा आयोजन

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग’ पोस्टर का विमोचन, विधानसभा में क्षेत्र पहली बार होगा ऐसा आयोजन

    कवर्धा। विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज विधायक कार्यालय कवर्धा में “विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग” के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं बल्ले से प्रतीकात्मक शॉट भी लगाया।

    यह प्रतियोगिता विधानसभा स्तर पर आयोजित होने जा रही है, जिसका आगाज आगामी 13 दिसंबर से होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें कवर्धा विधानसभा के 07 मंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। ग्रामीण मंडल को ग्राम पंचायत वार और कवर्धा शहर को वार्डों से वार्डवार टीमों का गठन किया गया है। प्रतियोगिता टेनिस बॉल क्रिकेट मैच के रूप में खेली जाएगी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कवर्धा विधानसभा के सभी 07 मंडलों की टीमों के लिए तैयार विशेष मैच जर्सी को भी विधिवत लॉन्च किया गया।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में पहली बार ऐसी प्रतियोगिता होने जा रही है, जिसमें केवल युवा ही नहीं बल्कि बुजुर्ग खिलाड़ी भी अपने-अपने वार्ड से हिस्सा ले सकेंगे। इससे समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा और नई पीढ़ी को फिटनेस एवं अनुशासन का संदेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चद्रवंशी, श्रीमती सतविंदर पाहुजा, श्री खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि, युवा, खिलाड़ी उपस्थित थे।

    विजेताओं के लिए आकर्षक पुरूस्कार

    प्रतियोगिता को और अधिक रोचक बनाने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम ईनाम 1 लाख 11 हजार रूपए, दूसरा ईनाम 51 हजार और तीसरा ईनाम 31 हजार रूपए है।

    क्षेत्र के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल

    पोस्टर विमोचन के बाद क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने इस आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का अवसर पहली बार मिला है, जिससे क्षेत्र की छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

  • नकली शराब फैक्ट्री पर छापा: कबीरधाम पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

    नकली शराब फैक्ट्री पर छापा: कबीरधाम पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

    कवर्धा। पुलिस ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ कर नकली देशी प्लेन मदिरा तैयार करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने ग्राम पोड़ी में छापामार कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने के पूरे प्लांट को जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य (IPS) के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में थाना बोड़ला, चौकी पोड़ी और साइबर टीम की संयुक्त भूमिका रही। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर गिरोह की सप्लाई चैन और काम करने का तरीका उजागर किया।

    छापेमारी के दौरान आरोपी नंद कुमार कुर्रे के घर से 49 पाव नकली देशी प्लेन मदिरा, बड़ी मात्रा में नकली होलोग्राम, स्टिकर, खाली पाव बोतलें, नकली ढक्कन, 25 लीटर के 42 जरीकेन, 19 पानी के जार, 3 बॉटलिंग मशीन सहित बड़ी मात्रा में अवैध पैकिंग सामग्री जब्त की गई।

    गिरफ्तार आरोपी—
    नंद कुमार कुर्रे (34), इस्लाम उर्फ सुद्दू (45), शेख साजिद (28) और दिनेश उर्फ छोटू चंद्रवंशी (26)—लंबे समय से नकली शराब बनाकर ग्रामीण इलाकों में बेच रहे थे। पूछताछ में पता चला कि गिरोह झारखंड से नकली पैकिंग सामग्री, ढक्कन, लेबल और केमिकल मंगवाकर शराब तैयार करता था। दो अन्य सहयोगियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनमें से एक पहले से जेल में है और एक फरार है।

    पुलिस ने बताया कि यह नकली शराब खतरनाक केमिकल से तैयार की जाती थी, जो गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती थी। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है।

    कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नकली मदिरा निर्माण और जनस्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को सख्ती से रोका जाएगा और ऐसे गिरोहों को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

  • कबीरधाम पुलिस का सख्त एक्शन: ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और अनुशासनहीनता पर तीन आरक्षक बर्खास्त

    कबीरधाम पुलिस का सख्त एक्शन: ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और अनुशासनहीनता पर तीन आरक्षक बर्खास्त

    कवर्धा । कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्यच्युति के मामलों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। लगातार ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, अनुपस्थित रहने और विभागीय नियमों का उल्लंघन करने पर तीन आरक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

    आरक्षक 52 अनिल मिरज
    जांच में पाया गया कि अनिल मिरज बार-बार बिना सूचना लंबी अवधि तक अनुपस्थित रहे, नोटिस तामील में लापरवाह रहे और पूर्व में 22 बार दंडित हो चुके हैं। उनकी कुल 334 दिनों की अनधिकृत अनुपस्थिति और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।

    आरक्षक 517 आदित्य तिवारी
    बंदी पेशी जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में न्यायालय परिसर के बाहर सो जाना, ड्यूटी छोड़कर फरार हो जाना और 91 दिनों की अनुपस्थिति ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को खतरे में डाला। पूर्व में भी कई बार नशे में पाए जाने और ड्यूटी से गायब रहने पर दंडित होने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं पाया गया।

    आरक्षक चालक 272 राजेश उपाध्याय
    एसपी कार्यालय में आमद देते समय नशे में पहुंचना, गणवेश में अव्यवस्था, अनर्गल बातें करना और स्टाफ से वाद-विवाद करना पुलिस आचार संहिता का सीधा उल्लंघन पाया गया। पूर्व दंडों के बाद भी आचरण में सुधार न लाने पर उन्हें भी सेवा से पृथक किया गया।

    पुलिस विभाग का संदेश स्पष्ट
    कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि नशाखोरी, अनुशासनहीनता और कर्तव्यच्युति किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। विभाग में वही कर्मचारी रहेंगे जो प्रोफेशनलिज़्म, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मानकों पर खरे उतरते हैं। ऐसे मामलों पर आगे भी शून्य सहिष्णुता की नीति जारी रहेगी।

  • राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 में रिकॉर्ड सफलता: 188 करोड़ की 879 आवास बुकिंग, 1% बुकिंग ऑफर 30 नवंबर तक बढ़ा

    राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 में रिकॉर्ड सफलता: 188 करोड़ की 879 आवास बुकिंग, 1% बुकिंग ऑफर 30 नवंबर तक बढ़ा

    रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 नागरिकों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम साबित नहीं हुआ।

    इस आवास मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने गत दिवस किया था। इस दौरान उन्होंने कहा  था कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा राज्यभर के विभिन्न आवासीय विकल्पों को एक छत के नीचे उपलब्ध कराना ऐतिहासिक कदम है।

    विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में उन्हें “आवास वाले बाबा” के नाम से जाना जाएगा।

    पिछले एक वर्ष में ऐतिहासिक बिक्री—आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी

    आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि शासन के नीतिगत निर्णयों के कारण हाउसिंग बोर्ड ने केवल एक वर्ष में 700 करोड़ रुपये की संपत्ति बेचकर इतिहास रच दिया है, जो पिछले पाँच वर्षों के मुकाबले कई गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि नई नीति के तहत प्रोजेक्ट तभी शुरू होंगे जब तीन माह में 10 प्रतिशत बुकिंग या एकमुश्त 60 प्रतिशत बुकिंग प्राप्त होगी।

    मेला परिसर पहले दिन से ही हजारों लोगों की भीड़ से गुलजार रहा। विभिन्न जिलों के किफायती और प्रीमियम आवासीय परियोजनाओं की जानकारी लेने और ऑन-द-स्पॉट बुकिंग कराने लोगों का उत्साह लगातार बना रहा। मेले की सबसे बड़ी आकर्षण रही केवल 1% राशि पर बुकिंग करने की सुविधा, तत्काल बैंक लोन उपलब्धता और प्रतिदिन आयोजित होने वाले लकी ड्रॉ। इन आकर्षक ऑफर्स ने न सिर्फ खरीदारों में उत्साह बढ़ाया बल्कि बुकिंग के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए।

    तीन दिनों में 879 आवासों की बंपर बुकिंग

    तीन दिवसीय मेले में 188 करोड़ रुपये के 879 आवासों की ऑन-द-स्पॉट बुकिंग हुई, जो हाउसिंग बोर्ड की अब तक की सबसे सफल उपलब्धियों में से एक है। तीसरे दिन 25 नवंबर को तो मेला अपने चरम पर पहुंच गया। रायगढ़, जशपुर, कोरबा, कांकेर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और जगदलपुर जैसी जगहों के प्रोजेक्ट्स में भारी बुकिंग दर्ज की गई।

    रायपुर और नवा रायपुर के प्रमुख प्रोजेक्ट—कबीर नगर, भुरकोनी, बोरियाकला, पिरदा, सेजबहार, नरदहा और अटल नगर सेक्टर-12 फेस-2 सहित मुख्यमंत्री–प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों में भी जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली।

    समापन अवसर पर कृषि मंत्री ने की सराहना

    मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड का यह प्रयास नागरिकों के सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

    मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की नई आवासीय परियोजनाएँ राज्य में आवास विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को भी मेला स्थल पर संपत्तियों की जानकारी और स्पॉट बुकिंग सुविधा जारी रहेगी।

    साथ ही गोंडवाना राष्ट्रीय आजीविका एवं सांस्कृतिक कला महोत्सव 2025 (बीटीआई ग्राउंड, रायपुर) में भी 14 दिसंबर तक हाउसिंग बोर्ड का विशेष स्टॉल संचालित होगा l उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारी मांग को देखते हुए 1% बुकिंग ऑफर को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है।

    हाउसिंग बोर्ड आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने बताया कि आवंटी पोर्टल और चैटबॉट के माध्यम से प्रक्रियाओं को और पारदर्शी, सरल एवं तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में 26 जिलों में 55 नई परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएंगी,जिससे राज्य में आवास उपलब्धता और बढ़ेगी।

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

    मेले के तीसरे दिन इंडियन रोलर बैंड और गायक–अभिनेता सुनील तिवारी की मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। दूसरे दिन कलिंगा बैंड और लोकगायिका आरू साहू की प्रस्तुति ने आकर्षण बढ़ाया।

    उद्घाटन दिवस पर खैरागढ़ यूनिवर्सिटी के छात्रों और बॉलीवुड गायक विनोद राठौर की परफॉरमेंस ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया।

    लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह

    मेले में प्रतिदिन टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर–ग्राइंडर, प्रेस जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। जबकि बंपर पुरस्कार में मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन बाइक एवं होंडा एक्टिवा शामिल रहे।

    पहले दिन 55 नई परियोजनाओं का शुभारंभ

    प्रदेश के 22 जिलों में 2060 करोड़ रुपये की 55 नई परियोजनाओं का शुभारंभ, आवंटी पोर्टल एवं व्हाट्सएप चैटबॉट का लॉन्च, लाभार्थियों को मकानों की चाबियों एवं फ्रीहोल्ड सर्टिफिकेट वितरण जैसे कार्यक्रमों ने पहले दिन ही मेले को खास बना दिया।

  • भोरमदेव शक्कर कारखाना में रियायती दर पर शक्कर वितरण की अंतिम तिथि  29 नवम्बर

    भोरमदेव शक्कर कारखाना में रियायती दर पर शक्कर वितरण की अंतिम तिथि  29 नवम्बर

    कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित राम्हेपुर कवर्धा में अंशधारी सदस्यों रियायती दर पर शक्कर वितरण किया जा रहा है। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यातिद कवर्धा के पेराई सीजन 2025-26 के संचालन को दृष्टिगत रखते हुए समस्त अंशधारी सदस्यों को रियायती दर पर शक्कर वितरण की अंतिम तिथि 29 नवंबर निर्धारित की गई है। कारखाना प्रबंधन समस्त अंशधारी सदस्यों से अपील करता है कि उक्त तिथि तक शक्कर का उठाव अनिवार्य रूप से कर लेवें।

    निर्धारित अवधि के बाद अंशधारी सदस्यों को रियायती दर पर शक्कर का वितरण नहीं किया जावेगा। अंशधारी सदस्यों को रियायती दर 30 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से प्रति शेयर 50 किलोग्राम शक्कर प्रदाय किया जा रहा है।

    अंशधारी सदस्यों को शक्कर प्राप्त करने के लिए शेयर प्रमाण-पत्र की छायाप्रति, पिछले वर्ष 2024 में रियायती दर की मनी रसीद की छायाप्रति, अंशधारी सदस्य की आईडी प्रुफ के रूप में वोटर आईडीकार्ड, आधार कार्ड, ड्रायविंग लाईसेन्स बैंक पास बुक इत्यादि, अंशधारी सदस्य के अधिकृत सदस्य को भेजने की स्थिति में अधिकृत करने संबंधी आवेदन एवं अधिकृत सदस्य का आधार कार्ड, रियायती दर पर 30 रू. प्रति किलो के मान से राशि जमा कर शक्कर प्राप्त करना होगा। रियायती दर पर शक्कर वितरण कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से सांय 04 बजे तक (अवकाश दिवस) को छोड़कर किया जा रहा है।

  • छिरहा चौक, कवर्धा में बड़ा हादसा: अनियंत्रित ट्रक घर और कार्यालय में घुसा, चालक गंभीर रूप से घायल

    छिरहा चौक, कवर्धा में बड़ा हादसा: अनियंत्रित ट्रक घर और कार्यालय में घुसा, चालक गंभीर रूप से घायल


    कवर्धा। जिले के व्यस्ततम छिरहा चौक में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब वाइट सीमेंट से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर और छत्तीसगढ़ ड्राइवर संघ, कवर्धा के कार्यालय में जा घुसा। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक कवर्धा से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से चालक ने ट्रक को मोड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे कार्यालय व पास के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया।

    हादसे के समय कार्यालय में मौजूद दो लोगों को मामूली चोटें आईं। वहीं, ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फँस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस, स्थानीय नागरिकों और रेस्क्यू टीम ने लगभग तीन घंटे तक संयुक्त अभियान चलाया। केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ वह गंभीर अवस्था में उपचाराधीन है।

    हादसे के बाद ट्रक पलट गया और उसमें भरा वाइट सीमेंट सड़क पर बिखर गया। घटना के कारण छिरहा चौक पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कराया।

  • देश की राजधानी में दमक उठी ‘छत्तीसगढ़िया’ संस्कृति, भारत मंडपम में लोक कला का भव्य प्रदर्शन

    देश की राजधानी में दमक उठी ‘छत्तीसगढ़िया’ संस्कृति, भारत मंडपम में लोक कला का भव्य प्रदर्शन

    रायपुर। भारत मंडपम में आयोजित 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान आज छत्तीसगढ़ की लोक-सांस्कृतिक विरासत ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक संध्या में राज्य के लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।

    कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीप प्रज्वलन कर की। इससे पूर्व उन्होंने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया और हस्तशिल्प, कला-कृतियों व उद्यमियों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजधानी में “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की गूंज सुनना हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का क्षण है।

    अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कला, परंपरा और प्रकृति के अनूठे संगम की भूमि है, जहाँ लोक-नृत्य, तीज-त्योहार और जनजातीय परंपराएँ आज भी जीवंत हैं।

    सांस्कृतिक संध्या में गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी, और करमा नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुआ नृत्य की लयात्मकता, राउत नाचा की ऊर्जा, पंथी की आध्यात्मिक प्रस्तुति और करमा की मनभावन झांकी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

    इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, सांसद भोजराज नाग, खादी बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, सचिव रोहित यादव, तथा अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम ने न केवल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर दमकाया, बल्कि राज्य की कला, मिलेट्स, हस्तशिल्प और जनजातीय परंपराओं की अनूठी पहचान को भी मजबूत संदेश दिया।