रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की सहमति से, BJP प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव जी ने भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा की।




रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की सहमति से, BJP प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव जी ने भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा की।




रायपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी का ऐलान अब 15 अगस्त के बाद किया जाएगा। पहले इसके 10 अगस्त तक घोषित होने की संभावना थी, लेकिन “हर घर तिरंगा” अभियान के कारण इसमें विलंब हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई कार्यकारिणी में दो दर्जन से अधिक पदाधिकारियों की जगह बदली जाएगी और कई नए नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
किरण देव को प्रदेशाध्यक्ष बने सात माह हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। उन्होंने पहले स्पष्ट किया था कि मंडलों और जिलों की कार्यकारिणी बनने के बाद ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होगा। वर्तमान में सभी मंडलों की कार्यकारिणी बन चुकी है और लगभग एक दर्जन जिलों की कार्यकारिणी का ऐलान भी हो चुका है। अब राष्ट्रीय संगठन से अनुमोदन मिलने के बाद प्रदेश स्तर पर अंतिम घोषणा का इंतजार है।
दिल्ली में इस माह की शुरुआत में हुई बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित शीर्ष नेतृत्व ने संगठन संरचना पर मंथन किया। सूत्रों के अनुसार, एससी वर्ग से पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय और ओबीसी वर्ग से अखिलेश सोनी के नाम लगभग तय हैं, जबकि सामान्य वर्ग से अभिषेक सिंह और रजनीश सिंह के नामों पर चर्चा चल रही है।
नई कार्यकारिणी में बदलाव इसलिए भी आवश्यक है क्योंकि मौजूदा कार्यकारिणी के 22 पदाधिकारी निगम, मंडल और आयोग में शामिल हो चुके हैं। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, चार प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, नीलू शर्मा, केदारनाथ गुप्ता, दीपक म्हस्के, महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत, अजजा मोर्चा अध्यक्ष विकास मरकाम, तीन संभाग प्रभारी सौरभ सिंह, राजा पांडेय और अनुराग सिंहदेव, वरिष्ठ नेता रामप्रताप सिंह, रामसेवक पैकरा, राजीव अग्रवाल, श्रीनिवास मद्दी, लोकेश कावड़िया, चंद्रकांति वर्मा, भरत मटियारा, प्रहलाद रजक और राकेश पांडेय शामिल हैं।
इसके अलावा, प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा और उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव महापौर बन चुके हैं, जबकि किसान मोर्चा अध्यक्ष तोखन साहू केंद्रीय मंत्री बन गए हैं। महिला आयोग में उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया और मंत्री ओजस्वी मंडावी को नियुक्त किया गया है। एक अन्य उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन मंत्री बने हैं। इन सभी की जगह नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सातों मोर्चों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस बार कार्यकारिणी में संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि आने वाले चुनावों में संगठन और मजबूत हो सके।


कवर्धा। कबीरधाम जिले के थाना साहसपुर लोहरा पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ₹10 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी ने एक दंपति को पटवारी पद पर नियुक्ति का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपा था।
पुलिस के अनुसार, 6 जनवरी 2025 को ग्राम गगरिया, खम्हिरया निवासी गोपेश्वर साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि असलम खान पिता युसुफ खान (39), निवासी ममता नगर, राजनांदगांव ने उसे और उसकी पत्नी को पटवारी पद पर नियुक्त कराने का आश्वासन देकर ₹10 लाख की धोखाधड़ी की। शिकायत पर थाना साहसपुर लोहरा में अपराध क्रमांक 05/2025, धारा 420 भा.दं.वि. के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी पर धारा 467, 468 और 471 भा.दं.वि. की धाराएं भी जोड़ी गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के निर्देशन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई। टीम ने आरोपी को राजनांदगांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, परीक्षा प्रवेश पत्र, फर्जी नियुक्ति आदेश एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कवर्धा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कबीरधाम में भारत सरकार के “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत संचालित “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के गरिमामय नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में एक प्रेरणादायी एवं राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कार्यालय के समस्त अधिकारीगण एवं जवानों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट स्वरूप प्रदान किया गया तथा तिरंगे के सम्मान एवं गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, साथ ही अपने घर एवं परिवार के निवास स्थान पर इसे फहराने की प्रेरणादायी शपथ दिलाई गई।
अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी अस्मिता, एकता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज हमें उन वीर सपूतों के बलिदान की याद दिलाता है जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमारा दायित्व है कि हम इसके सम्मान और गौरव को सदैव बनाए रखें।”
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों, दुकानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर को गौरवमयी बनाएं और राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा का प्रदर्शन करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल, उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला, निरीक्षक (एम) वीरेंद्र तरम, स्टेनो युवराज आसटकर, उप निरीक्षक (एम) पूजा चौबे, सहायक उप निरीक्षक (एम) सुनील राव सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी बड़े ही उत्साह एवं सम्मान के साथ उपस्थित रहे।

कवर्धा। कुकदुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोखान के पास पंडरिया–कुकदुर सड़क मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पुलिया मोड़ के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नाले से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

सक्ती। डभरा थाना क्षेत्र के बगरेल गांव में पानी बंटवारे और पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोप है कि गांव के 9 लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति को घर से निकालकर निर्वस्त्र घसीटा और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी कर ली है।
मृतक सर्वेदास महंत अपने घर के पास स्थित सरकारी बोर का स्टार्टर बदलकर पंप चालू कर रहे थे। वर्ष 2023 में पंच रहते हुए उन्होंने इस बोर का निर्माण करवाया था। पानी के बंटवारे को लेकर उनके दूर के रिश्तेदारों से पहले भी विवाद हो चुका था।
इसी रंजिश के चलते आरोपी पीलादास महंत, रोहिदास महंत, सुफल दास महंत, चमरू दास महंत, कृष्णा दास महंत, मन्नू दास महंत, कमल दास महंत, दुर्जन दास महंत और सुनील दास महंत हथियार लेकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर सर्वेदास, उनकी पत्नी कांति बाई और बेटे विमल दास महंत पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने सर्वेदास को निर्वस्त्र कर करीब 1 किलोमीटर तक घसीटा और लाठी, डंडे व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोट लगने से सर्वेदास की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे ने बचाने की कोशिश की तो उसके सिर पर भी चोट पहुंचाई गई।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपियों से पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करने पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 332(बी), 324(6), 191(1), 191(3), 296, 115(2) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, इलाके में रुक-रुककर दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। इस मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबल नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रहे हैं, जिसके चलते नक्सलियों में बौखलाहट देखी जा रही है। हालांकि, इस घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में घोषणा की थी कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर दिया जाएगा। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों की कार्रवाई तेज कर दी गई है और कई शीर्ष नक्सली नेताओं को ढेर किया जा चुका है।

कवर्धा। शासकीय PG कॉलेज, कवर्धा में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। एमए भूगोल की कक्षा के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिरने से कक्षा में अफरा-तफरी मच गई। घटना में गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन शिक्षक और छात्र बाल-बाल बच गए।
कॉलेज की इमारत काफी समय से जर्जर हालत में है, इसके बावजूद यहां नियमित रूप से पढ़ाई जारी है। छात्रों का कहना है कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है और रोज़ाना उनकी जान पर बन आती है।
कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग (PWD) को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इमारत की मरम्मत में देरी से सैकड़ों छात्रों की ज़िंदगी खतरे में है।
स्थानीय छात्रों और अभिभावकों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल कॉलेज भवन की मरम्मत कराए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ ही पूरे प्रदेश के जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री अलग-अलग जिलों में मुख्य अतिथि
सूची के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बस्तर में ध्वजारोहण करेंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर और डिप्टी सीएम विजय शर्मा दुर्ग में मुख्य समारोह में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में तिरंगा फहराएंगे। वहीं, मंत्री रामविचार नेताम सरगुजा, दयालदास बघेल गरियाबंद, केदार कश्यप बालोद, लखन लाल देवांगन कोरबा, श्याम बिहारी जायसवाल जशपुर, ओ.पी. चौधरी रायगढ़, लक्ष्मी राजवाड़े सूरजपुर और टंकराम राम वर्मा जांजगीर-चांपा में ध्वजारोहण करेंगे।
सांसद और विधायक भी निभाएंगे अहम भूमिका
ध्वजारोहण करने वालों में सांसदों की भी अहम जिम्मेदारी है। बृजमोहन अग्रवाल बलौदाबाजार, विजय बघेल बेमेतरा, संतोष पाण्डेय कवर्धा, चिंतामणी महाराज बलरामपुर, रूपकुमारी चौधरी महासमुंद, राधेश्याम राठिया सारंगढ़, कमलेश जांगड़े सक्ती, महेश कश्यप बीजापुर, भोजराज नाग कांकेर और देवेंद्र प्रताप सिंह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में तिरंगा फहराएंगे।
इसी तरह, विधायक पुन्नूलाल मोहले मुंगेली, धरमलाल कौशिक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अमर अग्रवाल कोरिया, अजय चंद्राकर धमतरी, रेणुका सिंह मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, लता उसेंडी कोंडागांव, विक्रम उसेंडी नारायणपुर, राजेश मूणत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, किरण देव दंतेवाड़ा और धरमजीत सिंह सुकमा में मुख्य अतिथि होंगे।
सांस्कृतिक रंगों से सजेगा समारोह
प्रशासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय ढंग से आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में परेड, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी।

