Blog

  • घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार — कबीरधाम पुलिस की त्वरित व सख्त कार्रवाई

    घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार — कबीरधाम पुलिस की त्वरित व सख्त कार्रवाई

    कवर्धा। जिले में अपराधों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कबीरधाम पुलिस ने घरेलू विवाद में पत्नी की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर अपराधों पर कठोर संदेश गया है।
    यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल एवं श्री अमित पटेल के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना सहसपुर लोहारा प्रभारी निरीक्षक श्री मनीष मिश्रा द्वारा की गई।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जनवरी 2026 को लेखराम साहू निवासी चिमागोदी, थाना कवर्धा द्वारा थाना सहसपुर लोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी बड़ी पुत्री लोकेश्वरी उर्फ लता साहू का विवाह वर्ष 2017 में ग्राम महराटोला निवासी जोधन साहू से सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था।
    दिनांक 19 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात घरेलू विवाद के दौरान आरोपी पति ने स्टील के करछुल से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किया तथा बाद में कीटनाशक सल्फास खिलाकर उसकी हत्या कर दी।
    मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी जोधन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।


    पुलिस ने आरोपी जोधन साहू पिता दयालु राम साहू उम्र 50 वर्ष, निवासी महराटोला, थाना सहसपुर लोहारा को दिनांक 20 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
    इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक बलदाव भट्ट, प्रधान आरक्षक गिरीश तिवारी, आरक्षक राजू सोनवानी सहित थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

  • कवर्धा: भोरमदेव पैलेस के पीछे लालपुर रोड पर पहुंचा हिरण

    कवर्धा: भोरमदेव पैलेस के पीछे लालपुर रोड पर पहुंचा हिरण


    कवर्धा। शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भोरमदेव पैलेस के पीछे लालपुर रोड पर एक हिरण के दिखाई देने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए कौतूहल का माहौल बन गया। सड़क किनारे हिरण को विचरण करते देख स्थानीय नागरिक रुक गए और उसे देखने लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।


    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिरण कुछ देर तक शांत अवस्था में रहा और इधर-उधर घूमता नजर आया। बाद में वह स्वयं सुरक्षित दिशा में जंगल की ओर चला गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग को अवगत कराया गया, जिसके बाद विभागीय अमला सतर्क रहा और स्थिति पर निगरानी रखी गई।


    वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों का भटककर रिहायशी क्षेत्रों में आ जाना असामान्य नहीं है। ऐसे समय में लोगों को संयम बरतना चाहिए और वन्यजीवों के करीब जाने, उन्हें डराने या नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए।

  • नितिन नवीन जी के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, फटाके फोड़कर व मिठाइयाँ बांटकर मनाया जश्न : जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी नेतृत्व में

    नितिन नवीन जी के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, फटाके फोड़कर व मिठाइयाँ बांटकर मनाया जश्न : जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी नेतृत्व में


    कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मा.  नितिन नवीन जी के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने फटाके फोड़कर एवं मिठाइयाँ बांटकर अपनी खुशियाँ साझा कीं।


    कार्यकर्ताओं ने कहा कि  नितिन नवीन जी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होना पार्टी के लिए गौरव का विषय है। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयाँ दीं और पार्टी की नीतियों एवं नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।


    इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि श्री नितिन नवीन जी का संगठनात्मक अनुभव, दूरदर्शी सोच और कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव पार्टी को आगामी चुनौतियों में मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा देशभर में जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक गति देगी।


    जश्न के दौरान “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” और “नितिन नवीन जी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। यह आयोजन पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह, एकजुटता और नेतृत्व के प्रति विश्वास का प्रतीक बना।

  • भाजपा महिला मोर्चा कबीरधाम की जिला कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा, देख सूची

    भाजपा महिला मोर्चा कबीरधाम की जिला कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा, देख सूची

    कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) में संगठन को सशक्त करने की दिशा में जिला कार्यकारिणी सदस्यों एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई है। यह घोषणा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्रीमती विभा अवस्थी जी की सहमति एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र चंद्रवंशी जी के अनुशासन एवं मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी तिवारी द्वारा की गई।

  • कवर्धा: सुधा वाटिका में मूर्ति खंडन की घटना का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा, आरोपी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश, मनोरोग चिकित्सालय भेजने का आदेश

    कवर्धा: सुधा वाटिका में मूर्ति खंडन की घटना का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा, आरोपी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश, मनोरोग चिकित्सालय भेजने का आदेश

    कवर्धा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुर पारा स्थित सुधा वाटिका गार्डन परिसर में शिव मंदिर के शिवलिंग एवं नंदी महाराज के खंडन की गंभीर घटना को कवर्धा पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की गई। घटना से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के संबंध में दिनांक 10.01.2026 को थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 298 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

    पुलिस अधीक्षक  धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  पुष्पेंद्र बघेल एवं  अमित पटेल के मार्गदर्शन में एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन, नजरी नक्शा तैयार करना, गवाहों के कथन लेना एवं आसपास के क्षेत्र में सघन पतासाजी की गई। पुलिस की सतर्कता एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप घटना में संलिप्त आरोपी राज देवार उर्फ छोटे देवार पिता कृष्णा देवार उम्र 19 वर्ष निवासी लोहारा नाका वार्ड क्रमांक 05 कवर्धा को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।

    पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार असामान्य पाए जाने पर निष्पक्ष एवं वैधानिक जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरोपी का जिला चिकित्सालय कवर्धा में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उसे शारीरिक रूप से स्वस्थ किंतु मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया गया एवं समुचित उपचार हेतु मनोरोग चिकित्सालय सेन्द्री, जिला बिलासपुर रेफर किया गया। जांच में यह भी तथ्य सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी मनोरोग चिकित्सालय सेन्द्री, बिलासपुर में उपचार कराया जा चुका है।

    आरोपी को आज दिनांक 15.01.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी की मानसिक स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए उसे समुचित उपचार हेतु मनोरोग चिकित्सालय सेन्द्री, जिला बिलासपुर भेजे जाने का आदेश पारित किया गया।

    कवर्धा पुलिस द्वारा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। जिले में शांति एवं सद्भाव भंग करने वाले किसी भी कृत्य पर कठोर एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


    उपरोक्त कार्यवाही में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप Si शालिनी वर्मा, Si रघुवंश पाटिल , Asi सुनील यादव , C अजय वैष्णव, C  हीरेन्द्र , C संतोष बांधेकर , C धर्मेंद्र मरावी साइबर प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान ,  आरक्षक संदीप शुक्ल 509, आरक्षक गोपाल राजपूत 97 का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।

  • कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.62 किलो गांजा के साथ सक्रिय तस्कर गिरफ्तार

    कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.62 किलो गांजा के साथ सक्रिय तस्कर गिरफ्तार


    कवर्धा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत नया बस स्टैण्ड पर पुलिस ने सक्रिय गांजा विक्रेता को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 2 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद किया है।


    प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नया बस स्टैण्ड क्षेत्र में गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक दिव्या शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेही संतोष विश्वकर्मा (उम्र 55 वर्ष), निवासी ठाकुर बस्ती, लोहार पारा, ग्राम धमकी को घेराबंदी कर पकड़ा।


    तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सफेद–गुलाबी रंग के झोले में रखा गया गांजा बरामद किया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर गांजे का कुल वजन 2 किलो 620 ग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत सीलबंद कर थाना कवर्धा लाया गया। आरोपी के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 की धारा 20 (बी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया है।


    यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के निर्देशन एवं डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। थाना प्रभारी कवर्धा योगेश कश्यप एवं उपनिरीक्षक दिव्या शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित, समन्वित और सतर्क कार्रवाई कर अपराध को समय रहते रोकने में सफलता प्राप्त की।


    कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

  • खिलेश्वर साहू नियुक्त हुए जिला साहू संघ कबीरधाम के, जिला महामंत्री

    खिलेश्वर साहू नियुक्त हुए जिला साहू संघ कबीरधाम के, जिला महामंत्री

    कवर्धा। साहू समाज के सक्रिय, कर्मठ एवं युवा नेतृत्वकर्ता  खिलेश्वर साहू को उनकी समाज के प्रति निरंतर सेवा, संगठनात्मक दक्षता एवं समर्पण को देखते हुए जिला साहू संघ कबीरधाम का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है।


    यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू के निर्देशानुसार तथा जिला साहू संघ कबीरधाम के अध्यक्ष श्री धरमराज साहू की अनुशंसा पर की गई है।


    उल्लेखनीय है कि खिलेश्वर साहू पूर्व में दो बार युवा साहू संघ के जिला अध्यक्ष, दुर्ग संभाग में संयुक्त सचिव एवं प्रदेश संगठन सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकुशलता और युवाओं को जोड़ने की क्षमता सर्वविदित है।


    उनकी इस नियुक्ति पर साहू समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं युवाओं में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। समाजजनों ने आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में जिला साहू संघ कबीरधाम संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा समाजहित में नए आयाम स्थापित करेगा।

  • राजिम त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

    राजिम त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

    रायपुर।  राजिम भक्तिन माता एवं माता कर्मा के बताए संदेश मानव समाज के लिए कल्याणकारी है, हमें उनके संदेशों का अनुसरण करना चाहिए। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव  साय ने आज राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने भगवान श्री राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की पूजा अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साहू सृजन पत्रिका का विमोचन किया। साहू समाज द्वारा मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत किया।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने राजिम माता भक्ति जयंती की बधाई देते हुए कहा कि साहू समाज समृद्ध और शिक्षित समाज है जो हर दृष्टिकोण से समृद्ध रहा है। साहू समाज का इतिहास भी समृद्ध रहा है। हम सबको दानवीर भामाशाह,बाबा सत्यनारायण जी का आशीर्वाद मिल रहा है। यह समाज निरंतर विकास करें। यही कामना है। जब समाज एक जुट होगा तो केवल समाज ही नहीं प्रदेश और देश भी शक्तिशाली और समृद्ध बनता है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने साहू समाज के सामूहिक विवाह को अनुकरणीय पहल बताते हुए कहा कि राजिम माता ने जिस साहू समाज को अपनी मेहनत और त्याग से संगठित किया, आज वह समाज शिक्षा, कृषि व व्यवसाय सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राजिम माता के आशीर्वाद से हर गारंटी को पूरा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ खनिज, वन, उर्वरा से भरपूर है। अब नक्सलवाद से जवान पूरी ताकत से लड़ रहे हैं। हम सबका संकल्प है कि 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त कर देंगे। राज्य के विकास में बाधक नक्सलवाद अब खत्मा की ओर है। राज्य को हम सब समृद्धि की दिशा में लेकर जाएंगे।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज सिरकट्टी आश्रम में भव्य राम जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा की स्थापना की गई। इस पुण्य अवसर पर हमें शामिल होने का सौभाग्य मिला। जैसे अयोध्या धाम में धर्म ध्वजा स्थापना किए हैं, उसी तर्ज पर यहां कुटेना में भी धर्म ध्वजा स्थापित किया गया है। मेरा सौभाग्य है कि एक साल पहले भी इस अवसर पर शामिल होने का अवसर मिला था।

    उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज के रूप में जाना जाता है। आज हम सभी राजिम माता की जयंती मनाने आये हैं। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम के इस पावन धरती से प्रेरणा लेकर जाएंगे और मिलकर समाज के विकास के लिए काम करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि माता राजिम भक्तीन की महिमा का बखान करते हुए कहा कि राजिम त्याग, भूमि तपस्या, साधना और श्रम की भूमि है। भगवान को खिचड़ी खिलाने वाले समाज से हमारा समाज का नाता है। हम अपने पुरखों के योगदान को याद करके समाज को आगे ले जा सकते हैं। शिक्षा और संस्कार भी जरूरी है।

  • स्वामी आत्मानंद स्कूल में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, अशोक चंद्रवंशी ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

    स्वामी आत्मानंद स्कूल में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, अशोक चंद्रवंशी ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

    कवर्धा। स्वामी आत्मानंद अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए प्रेरणादायक कार्यक्रम “सपनों की उड़ान” का भव्य, प्रभावशाली एवं स्मरणीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने सपनों की पहचान करने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास हेतु प्रेरित करना रहा।

    कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्री अशोक चंद्रवंशी ने अपने ओजस्वी, आत्मविश्वास से परिपूर्ण एवं प्रेरक उद्बोधन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने जीवन में लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं सतत परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं जीवन दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।

    कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं मुख्य अतिथि श्री प्रेमचंद जैन तथा विशिष्ट अतिथि श्री सुचित बोथरा, श्री सचिन गुप्ता, श्री नीरज मंजीत एवं श्री पवन जायसवाल की सम्माननीय उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ी।

    विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक गुप्ता के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी दृष्टिकोण एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों की सभी अतिथियों द्वारा सराहना की गई। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय निरंतर शैक्षणिक एवं सह-पाठ्य गतिविधियों में प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

    आयोजन को सफल बनाने में SMC समिति के अध्यक्ष श्री राजा पियूष टाटिया की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में SMC समिति के सभी सदस्यों ने अनुशासित, सक्रिय एवं सहयोगपूर्ण सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। इस अवसर पर समिति के सम्माननीय सदस्यगण भी उपस्थित रहे।

  • कवर्धा प्रीमियर लीग का रोमांचक समापन: अंतिम गेंद पर वार्ड नंबर 08 बना विजेता, जिले को मिला खेल संस्कृति का नया आयाम, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा

    कवर्धा प्रीमियर लीग का रोमांचक समापन: अंतिम गेंद पर वार्ड नंबर 08 बना विजेता, जिले को मिला खेल संस्कृति का नया आयाम, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल पर आयोजि कवर्धा प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला कवर्धा के वार्ड नंबर 08 एवं ग्राम सारी के मध्य कवर्धा के करपात्री स्टेडियम में खेला गया। यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा, जिसमें अंतिम गेंद पर खेल का परिणाम तय हुआ। फाइनल मैच में वार्ड नंबर 08 की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्राम सारी को 101 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्राम सारी की टीम को वार्ड नंबर 08 के गेंदबाजों ने अपने शानदार गेंदबाजी और अनुशासित खेल द्वारा परास्त कर टीम विजेता बनी और वार्ड नंबर 08 ने कवर्धा प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर तीसरे स्थान के लिए ग्राम बरेंडा एवं कवर्धा के वार्ड नंबर 09 के मध्य मुकाबला खेला गया, जिसमें ग्राम बरेंडा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर तीसरे स्थान प्राप्त किया।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फाइनल मुकाबले से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना कर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। मैच के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने भी क्रिकेट में हांथ आजमाया और नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष की गेंदों पर आकर्षक लंबे शॉट लगाया, जिससे मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की।

    उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, ताकि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कवर्धा प्रीमियर लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, आयोजकों एवं खेल प्रेमियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आयोजन ने जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की विशेष रूप से सराहना की। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा, मंच और प्रोत्साहन प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि कवर्धा जिले से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकें।

     

    विजेता-उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार व आकर्षक शील्ड प्रदान किया

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा प्रीमियर लीग के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कवर्धा वार्ड नंबर 08 की टीम को 1 लाख 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक शील्ड प्रदान की गई। वहीं, प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली ग्राम सारी की टीम को 51 हजार रुपए एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम बरेंडा की टीम को 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    उन्होंने बेस्ट बाॅलर, बेस्ट बैट्समैन, मैन ऑफ द सीरिज खिलाड़ियों को भी शील्ड मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी विजेता एवं सहभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कवर्धा प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की बात कही।

     

    जिले के इतिहास का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट

    कवर्धा विधायक एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कवर्धा प्रीमियर लीग का आयोजन कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के सात मंडलों में किया गया। प्रत्येक मंडल में अलग-अलग स्तर पर टूर्नामेंट आयोजित हुए, इसमें ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ सुदूर वनांचल की अनेक टीमों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रत्येक मंडल से 4-4 शीर्ष टीमें चयनित होकर सुपर-28 लीग में पहुंचीं। इस लीग में कवर्धा शहर मंडल की 4 टीमें भी शामिल रहीं। इस प्रकार पूरे टूर्नामेंट में कुल 226 टीमों ने भाग लिया, जबकि 4500 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। सुपर-28 लीग चरण के सभी मुकाबले कवर्धा के स्वामी करपात्री मैदान में अत्याधुनिक फ्लड लाइट व्यवस्था के बीच खेले गए। यह आयोजन कबीरधाम जिले के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट सिद्ध हुआ, जिसने खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह का संचार किया।