Blog

उपमुख्यमंत्री ने 12.63 करोड़ की 3 सड़कों का किया भूमिपूजन, 13.6 किमी मार्ग से गांव-शहर संपर्क होगा मजबूत

कवर्धा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कवर्धा क्षेत्र में 12 करोड़ 63 लाख 55 हजार रुपये की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़कों का विधिवत भूमिपूजन किया। कुल 13.6 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का शहर से संपर्क मजबूत होगा और आवागमन सुगम बनेगा।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में एम.एल. 01 मेन रोड से बैहरसरी तक 8.80 किलोमीटर सड़क का निर्माण 6 करोड़ 5 लाख 87 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। मदनपुर से बटुराकछार तक 1.40 किलोमीटर सड़क 2 करोड़ 69 लाख 81 हजार रुपये में बनेगी। वहीं खड़ौदा से मदनपुर तक 3.40 किलोमीटर सड़क का निर्माण, मजबूती एवं उन्नयन 3 करोड़ 87 लाख 87 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क सुविधा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बैहरसरी में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बेहतर सड़कों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से जोड़ा जा रहा है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, परिवहन लागत कम होगी और समय की बचत होगी।

उप मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। निर्धारित समय में कार्य उपलब्ध न होने पर बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी रखा गया है। ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने का अधिकार दिया गया है, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य किए जा सकें। योजना के तहत जल संरक्षण, तालाब निर्माण, नाली-सड़क, भूमि सुधार एवं पौधारोपण जैसे कार्य व्यापक स्तर पर कराए जाएंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का उल्लेख करते हुए बताया कि आवास प्लस 2024 सर्वे के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की पहचान की गई है। ग्राम सभा की अनुशंसा के बाद पात्र परिवारों को क्रमवार पक्का आवास प्रदान किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में न रहे और सभी को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, विजय पटेल, मनीराम साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Ankita Sharma

ChhattisgarhDailyNews.com छत्तीसगढ़ का एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो राज्य की ताज़ा खबरें, संस्कृति और विकास से जुड़ी घटनाओं को सटीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य जनता की आवाज़ को सशक्त बनाना और विश्वसनीय समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button