Blog

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा शहर विकास को दी नई रफ्तार, 2.80 करोड़ के निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा शहर विकास को दी नई रफ्तार, 2.80 करोड़ के निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला

    कवर्धा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा ने कवर्धा नगर के विकास को नई दिशा देते हुए आज कुल 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक बी.टी. रोड एवं नाली निर्माण तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत संरचनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बी.टी. रोड एवं नाली का निर्माण किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाला सामुदायिक भवन सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

    उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है और निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए प्रशासन एवं नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हा भी वितरित किया।

    उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि अब पात्र हितग्राहियों के लिए आवास स्वीकृति का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। जिन लोगों के पास पुराने पट्टे हैं या जो समेकित कर, बिजली बिल एवं संपत्ति कर जमा कर रहे हैं, उन्हें नगर पालिका द्वारा कब्जा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किया जाएगा। योजना के तहत हितग्राहियों को 2 लाख 36 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

    उन्होंने बताया कि अंबेडकर चौक के पास 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए 20-20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। कवर्धा कॉलेज परिसर में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर के रूप में डिजिटल लाइब्रेरी, घोटिया क्षेत्र में 354 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन तथा रायपुर–बिलासपुर मार्ग के 7.8 किलोमीटर फोरलेन निर्माण के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

    नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि 4.30 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ रोड, 11.50 करोड़ रुपये की लागत से ठाकुर देव से नया बस स्टैंड तक सड़क निर्माण सहित शहर में कई विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित 2.60 करोड़ रुपये की सड़क और 20 लाख रुपये के सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

  • प्रधानमंत्री जनमन आवास में गड़बड़ी पर सीधे एफआईआर, तीन दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर गोपाल वर्मा

    प्रधानमंत्री जनमन आवास में गड़बड़ी पर सीधे एफआईआर, तीन दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर गोपाल वर्मा

    कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में अनियमितता, गुणवत्ताविहीन निर्माण अथवा हितग्राहियों से अवैध राशि मांगने की शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यह सख्त चेतावनी कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने योजना की समीक्षा बैठक के दौरान दी। बैठक में उपस्थित तकनीकी सहायकों, ग्राम रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अप्रारंभ आवासों का निर्माण तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराया जाए।

    कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जिन हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण में रुचि नहीं ली जा रही है, उनकी स्वीकृति निरस्त करते हुए प्रथम किश्त की राशि वसूल की जाएगी। इस संबंध में जनपद पंचायत पंडरिया एवं बोड़ला के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

    समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत बोड़ला एवं पंडरिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौरा, कुकरापानी, राजाढ़ार, अमनिया, केसमर्दा, कांदावानी, बिरहुलडीह, भेलकी, सेन्दुरखार, बदना सहित अन्य वनांचल क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आवास अप्रारंभ पाए गए। इस पर संबंधित तकनीकी सहायकों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों को कड़ी फटकार लगाते हुए तीन दिन में प्रगति नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

    बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री विनय कुमार पोयाम ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना अंतर्गत जिले में कुल 9,628 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 4,380 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 5,248 आवासों का निर्माण कार्य शेष है।

    जनपद पंचायत पंडरिया के ग्राम पंचायत कांदावनी, बिरहुलडीह, तेलीयापानी लेदरा, आगरपानी, बदना सहित अन्य क्षेत्रों में निर्माण कार्य लंबित पाए जाने पर संबंधित आवास मित्रों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को चेतावनी दी गई कि मार्च माह के अंत तक शत-प्रतिशत आवास निर्माण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि योजना की नियमित समीक्षा केंद्र एवं राज्य शासन स्तर पर की जा रही है।

    कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जियो-टैगिंग अथवा निर्माण स्तर के अनुसार किश्त भुगतान के नाम पर किसी भी कर्मचारी द्वारा राशि मांगने की शिकायत मिलने पर सीधे पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थायी रूप से बाहर रह रहे एवं आवास निर्माण में रुचि नहीं दिखा रहे हितग्राहियों की स्वीकृति निरस्त कर वसूली प्रकरण संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को भेजने के निर्देश दिए गए।

    समीक्षा बैठक में सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सहायक, आवास मित्र सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्री विनय कुमार पोयाम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, इसलिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि समय-सीमा में आवासों का निर्माण पूर्ण कराया

  • सट्टा का मास्टरमाइंड और दो आरोपी अब भी फरार, कब तक पकड़ से बाहर रहेंगे? कवर्धा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

    सट्टा का मास्टरमाइंड और दो आरोपी अब भी फरार, कब तक पकड़ से बाहर रहेंगे? कवर्धा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

    कवर्धा। ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी मामला पूरी तरह सुलझता नजर नहीं आ रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सट्टा रैकेट का कथित मास्टरमाइंड तथा उसके दो सहयोगी आरोपी अब भी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि वे अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर कैसे बने हुए हैं।

    कवर्धा पुलिस के लिए यह मामला लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बताया जा रहा है कि फरार आरोपी डिजिटल माध्यमों और नेटवर्क के जरिए अपने ठिकाने बदल रहे हैं। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम सक्रिय की गई है। इस पूरे प्रकरण पर जिलेभर की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पूरी तरह खुलासा और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी ही मामले की निर्णायक कड़ी मानी जा रही है।

  • विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विकास कार्यों की समीक्षा कर तय समय पर काम पूरा करने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

    विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विकास कार्यों की समीक्षा कर तय समय पर काम पूरा करने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

    कवर्धा। पंडरिया विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों, जनता की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं शासकीय योजनाओं का सुचारू संचालन हेतु आज पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई में समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की और विकास कार्यों एवं अधोसंरचना निर्माण को गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय में पूरा करने तथा जनता द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और जनता को उसका लाभ समय पर दिलाने एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

    समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने नगर एवं जनपद पंचायत अंतर्गत सबी वार्ड पार्षदों एवं जनपद सदस्यों से एक-एक कर उनके वार्ड व क्षेत्र से जुड़े प्रमुख विषयों, जनता की मूलभूत सुविधाओं, आवश्यकताओं और विकास कार्यों के बारे में चर्चा की तथा उसकी आपूर्ति हेतु अधिकारीयों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उनके क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति, प्रगति और शासकीय योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर भी संवाद किया। उन्होंने उपस्थित विभन्न विभाग के अधिकारीयों से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति और उसमें तेजी लाने, नगर में स्वच्छता व सौन्दर्यीकरण के कार्यों, नगर व जनपद पंचायत अंतर्गत हो रहे सभी सड़कों के निर्माण कार्य की प्रगति व वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी ली और सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही नगर में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने, तालाबों का गहरीकरण व सौन्दर्यीकरण, सुचारू विद्युत् आपूर्ति के लिए ट्रांसफर्मर की उपलब्धता व रखरखाव जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की और वास्तविक स्थिति से अवगत हुईं। उन्होंने विभागवार सभापतियों द्वारा अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक एवं मॉनिटरिंग नियमित रूप से सुनिश्चित करने की बात कही।

    विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया को एक आदर्श नगर बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। विगत वर्षों में पंडरिया नगर एवं जनपद पंचायत अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विकास व अधोसंरचना निर्माण एवं सिंचाई परियोजनाओं हेतु करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात डबल इंजन भाजपा सरकार के सुशासन में मिली है और जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है। हरिनाला पुल निर्माण, अटल परिसर, सुतियापाट नहर विस्तारीकरण प्रगति पर है,पंडरिया एवं पांडातराई बाईपास का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए अंतर्गत पंडरिया नगर के सड़क मरम्मत कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर निर्माण और नगरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग बिसेसरा से पंडरिया तक 4 लेन सड़क निर्माण कार्य की सौगात दी है जो प्रक्रियाधीन है। किसानों को सिंचाई के लिए पार्यप्त जल आपूर्ति के लिए बकेला के पास हाफ नदी में बैराज परियोजना, पुल-पुलिया के निर्माण की स्वीकृति मिली है। पांडातराई को उप तहसील बनाने से प्रशासकीय एवं भू-राजस्व से जुड़े कर्यों के लिए नजदीकी सुविधा मिली है वहीं पांडातराई विद्युत् कार्यालय को नवीन उप संभाग का दर्जा मिला है जिससे 48 गाँव के हजारों उपभोक्ताओं को विद्युत् सम्बन्धी किसी भी कार्य के लिए बोड़ला आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

    उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कई अभूतपूर्व कार्य विगत वर्षों में भाजपा सरकार आने के बाद से पंडरिया विधानसभा में हुए हैं जो कांग्रेस सरकार के शासन में पूरी तरह ठप्प पड़े थे। जनता की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना, नगर को स्वच्छ,सुंदर और समृद्ध बनाना यही हमारा लक्ष्य है जिसके लिए हम अनवरत प्रयास कर रहें हैं। पंडरिया व पांडातराई और उसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों के निर्माण और मरम्मत, पीएम आवास, स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण जैसे विकास कार्यों की सौगात नगर वासियों को मिली है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में निरंतर हो रहे विकास व अधोसंरचना निर्माण के साथ ही शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन से वहां निवासरत परिवारों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। हमारा उद्देश्य हमारे पंडरिया विधानसभा को विकसित, सर्वसुविधायुक्त बनाना है ताकि जनता को इसका लाभ मिल सकें और आर्थिक गतिविधयों को भी बढ़ावा मिले। जनता को सुविधाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले यही हमारा लक्ष्य है। निरंतर विकास कार्यों की स्वीकृति, उनके क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता के साथ उच्च गुणवत्ता से हो रहें अधोसंरचना निर्माण कार्यों से आज पंडरिया व पांडातराई नगर की तस्वीर बदल रही है। नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना, नगर को स्वच्छ,सुंदर और समृद्ध बनाना यही हमारा लक्ष्य है जिसके लिए हम अनवरत प्रयास कर रहें हैं।

    बैठक में नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष श्रीमती सरिता सोनी जी, जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष श्रीमती नंदिनी साहू जी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज ठाकुर जी, जनपद उपाध्यक्ष श्री छत्रकिशोर तिवारी जी, सभी वार्ड के पार्षद, जनपद सदस्य, तहसीलदार, तथा स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग एवं अन्य विभागों के ब्लाक स्तर के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

  • सेमो को मिली 2.38 करोड़ की सौगात, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रखी 33/11 केवी उपकेन्द्र की आधारशिला

    सेमो को मिली 2.38 करोड़ की सौगात, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रखी 33/11 केवी उपकेन्द्र की आधारशिला

    कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विकासखंड कवर्धा अंतर्गत ग्राम सेमो में 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र की आधारशिला रखी। इस उपकेन्द्र के निर्माण से क्षेत्र के 10 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा तथा लगभग 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, वनांचल और किसानों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि यह विद्युत उपकेन्द्र केवल बिजली समस्या का समाधान नहीं करेगा, बल्कि कृषि, व्यापार और ग्रामीण विकास को भी नई गति देगा।

    उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस उपकेन्द्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा तथा यहां से 3 नए 11 केवी फीडर संचालित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज एवं बार-बार विद्युत व्यवधान की समस्या का स्थायी समाधान होगा। विशेष रूप से किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

    यह उपकेन्द्र सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर सहित कुल 10 गांवों को सेवा प्रदान करेगा। वर्तमान में इन गांवों की विद्युत आपूर्ति बिजई उपकेन्द्र से संचालित हो रही है, जहां लगभग 500 कृषि पंपों के कारण अत्यधिक दबाव और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।

    नए उपकेन्द्र के निर्माण से बिजई उपकेन्द्र पर भार कम होगा और विशेषकर वर्षा ऋतु में कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी। इससे किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी और उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

    कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

  • मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: कबीरधाम में 272 जोड़ों का सामूहिक विवाह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बने ‘घराती’, मुख्यमंत्री साय ने वर्चुअल आशीर्वाद दिया

    मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: कबीरधाम में 272 जोड़ों का सामूहिक विवाह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बने ‘घराती’, मुख्यमंत्री साय ने वर्चुअल आशीर्वाद दिया

    कवर्धा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कबीरधाम जिले में सामाजिक परंपराओं और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच 272 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। सरदार पटेल मैदान में आयोजित इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं बेटियों के अभिभावक बनकर शामिल हुए और बारात की परघौनी कर समधी की भूमिका निभाते हुए वर–वधू एवं उनके परिजनों का स्वागत किया।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ी राहत है, जिससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है। यह योजना वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा शुरू की गई थी, जिसने हजारों परिवारों की चिंताओं को दूर किया है।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंच से सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से कबीरधाम जिले की 272 बेटियों का विवाह पूर्ण रीति–रिवाज और सामाजिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराया गया है। शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि रायपुर के बाद सबसे अधिक सामूहिक विवाह कवर्धा में होना जिले के लिए गौरव का विषय है।

    समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। सामूहिक बारात का स्वागत ‘डंडा खेल’ और पारंपरिक बैंड के साथ किया गया, जिसने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। पुरानी मंडी से निकली 272 दूल्हों की बारात का महामाया मंदिर के पास जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

    पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इसे ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए कहा कि एक ही मंडप में सैकड़ों दूल्हा–दुल्हनों को देखकर अत्यंत हर्ष और गर्व का अनुभव हो रहा है।

    कार्यक्रम में कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष श्री बिसेसर पटेल, जिला पंचायत एवं नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को सुखी, समृद्ध और सफल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

  • भोरमदेव शक्कर कारखाने ने गन्ना किसानों को दी बड़ी राहत, 46.77 करोड़ रुपये का भुगतान, 6.93 करोड़ रुपये और जारी

    भोरमदेव शक्कर कारखाने ने गन्ना किसानों को दी बड़ी राहत, 46.77 करोड़ रुपये का भुगतान, 6.93 करोड़ रुपये और जारी

    कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए 6.93 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। इसके साथ ही कारखाना अब तक किसानों को कुल 46.77 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुका है। यह भुगतान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से संभव हो पाया है।

    कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में किसानों को लगातार समयबद्ध भुगतान किया जा रहा है, जिससे सहकारी व्यवस्था पर किसानों का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है। कारखाना प्रबंधन का कहना है कि नियमित भुगतान से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और कारखाने का संचालन भी बेहतर ढंग से संचालित हो रहा है।

    पेराई एवं उत्पादन में उल्लेखनीय प्रगति

    कारखाना प्रबंधन के अनुसार वर्तमान पेराई सत्र में अब तक 2 लाख 33 हजार 455 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 2 लाख 74 हजार 322 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। यह उपलब्धि किसानों के सहयोग, प्रशासनिक मार्गदर्शन और कारखाने की कार्यकुशलता का परिणाम मानी जा रही है।

    अधिक गन्ना आपूर्ति की अपील

    भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना प्रबंधन ने शेयरधारक सदस्य किसानों एवं गैर-सदस्य गन्ना उत्पादकों से सर्वे के अनुरूप अधिकतम गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रबंधन ने बताया कि विगत पेराई सत्र 2024-25 तथा वर्तमान पेराई सत्र 2025-26 में अनुमान के अनुरूप गन्ना आपूर्ति नहीं हो पाने से पेराई क्षमता का पूर्ण उपयोग नहीं हो सका। पर्याप्त गन्ना उपलब्ध होने पर पेराई अवधि बढ़ेगी, उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों को आगे भी समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

    उपविधि के प्रावधानों की जानकारी

    कारखाना प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि पंजीकृत उपविधि धारा 07(02)(घ) के तहत सदस्य किसानों के लिए अपने उत्पादित गन्ने की आपूर्ति कारखाने में करना अनिवार्य है। वहीं उपविधि धारा 09(क)(05) के अनुसार, लगातार सर्वे के अनुरूप गन्ना आपूर्ति न करने पर सदस्यता समाप्त किए जाने का प्रावधान है। प्रबंधन ने कहा कि इन प्रावधानों का उद्देश्य दंडात्मक नहीं, बल्कि सहकारी संस्था की निरंतरता और किसानों के दीर्घकालिक हितों की रक्षा करना है।

    किसानों के हित में सतत पहल

    कारखाना प्रबंधन ने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना स्थापना से ही क्षेत्र के गन्ना किसानों की आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति का माध्यम रहा है। कारखाने द्वारा एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी राशि, शासन द्वारा जारी बोनस का भुगतान, रियायती दर पर शक्कर वितरण, उन्नत बीज उपलब्ध कराना तथा गन्ना संस्थानों में प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही किसानों और श्रमिकों के लिए कारखाना परिसर में सर्वसुविधायुक्त बलराम सदन तथा मात्र 5 रुपये में गरम भोजन की कैंटीन भी संचालित की जा रही है।

    सामूहिक सहभागिता से ही सुरक्षित भविष्य

    कारखाना प्रबंधन ने सभी गन्ना उत्पादकों से अपील की है कि वे सर्वे के अनुसार अधिक से अधिक गन्ना कारखाने में आपूर्ति करें। प्रबंधन का कहना है कि सामूहिक सहयोग से पेराई लक्ष्य आसानी से पूरा होगा, कारखाना सशक्त बनेगा और क्षेत्र के गन्ना किसानों का भविष्य सुरक्षित व समृद्ध होगा।

  • नामदेव समाज की छवि धूमिल करने वाले फर्जी अध्यक्ष का एक और काला कारनामा बेनकाब

    नामदेव समाज की छवि धूमिल करने वाले फर्जी अध्यक्ष का एक और काला कारनामा बेनकाब

    कवर्धा। नामदेव समाज की प्रतिष्ठा और आस्था को ठेस पहुंचाने वाले तथाकथित व फर्जी अध्यक्ष अभिताभ नामदेव का एक और गंभीर कृत्य सामने आया है।

    पहले ही उसके निजी तीन मंजिला मकान में अनैतिक गतिविधियों के संचालन का मामला उजागर हो चुका है, जिस पर पुलिस कार्रवाई के बाद उसकी वास्तविकता समाज और प्रशासन के सामने आ चुकी है।

    अब एक बार फिर उसने समाज की मर्यादाओं को तार-तार करते हुए पवित्र धार्मिक स्थल को भी अपवित्र करने का कार्य किया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामदेव समाज सामाजिक भवन सह मंदिर प्रांगण, जहां संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज की प्रतिमा स्थापित है, उसी पवित्र परिसर में स्वयंभू एवं फर्जी पदाधिकारियों द्वारा शराबखोरी एवं अनैतिक गतिविधियां की गईं। यह कृत्य न केवल धार्मिक आस्था पर सीधा हमला है, बल्कि पूरे नामदेव समाज के सम्मान और संस्कारों का घोर अपमान भी है।

    इस घटना से आक्रोशित समाजजनों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि—
    “हम नामदेव हैं, हमारे आराध्य संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। मंदिर प्रांगण को शराबखोरी और अनैतिक कृत्यों का अड्डा बनाना समाज के मूल्यों पर हमला है।”

    मामले की गंभीरता को देखते हुए समाज द्वारा तत्काल प्रांतीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद फर्जी अध्यक्ष अभिताभ नामदेव एवं अन्य फर्जी पदाधिकारियों के अवैध कब्जे से मंदिर प्रांगण सह सामाजिक भवन को मुक्त कराने का निर्णय लिया गया।

    अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासभा, इकाई कबीरधाम ने समाज की गरिमा, पवित्रता और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक भवन में ताला लगाए जाने का निर्णय लिया है, ताकि आगे किसी भी प्रकार की असामाजिक अथवा अनैतिक गतिविधि की पुनरावृत्ति न हो।

    बताया जा रहा है कि मंदिर प्रांगण में शराबखोरी एवं अनैतिक कृत्यों के आरोप जिन फर्जी पदाधिकारियों पर लगे हैं, उनमें प्रमुख रूप से
    अभिताभ नामदेव, अशोक नामदेव, कैलाश नामदेव एवं हेमंत नामदेव के नाम सामने आए हैं।

    समाज ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज और धार्मिक स्थलों की गरिमा से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

  • ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; करोड़ों के लेनदेन की जांच तेज

    ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; करोड़ों के लेनदेन की जांच तेज

    कवर्धा। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो अन्य सहयोगी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

    पुलिस के अनुसार, आरोपी “Kingdombook.com” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट सहित अन्य ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर सट्टा संचालित कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपी के पास से दो से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें सट्टे से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

    प्रारंभिक जांच में करीब 91 लाख रुपये के ऑनलाइन लेनदेन के प्रमाण सामने आए हैं। साथ ही आरोपी के मोबाइल से 70 से 75 सट्टा आईडी बरामद की गई हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न स्थानों पर सट्टा लगाया जा रहा था। पुलिस इन सभी आईडी और उनसे जुड़े खातों की गहन जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

    जांच में खुराना के साथ रोहित जांगड़े सहित दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस के अनुसार, इस रैकेट का कथित मास्टरमाइंड आशीम खान बताया जा रहा है, जिसकी भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
    पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और अवैध गेमिंग से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, जिससे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों, लेनदेन और नेटवर्क की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की

  • नवीन बाजार में दिनदहाड़े चाकूबाजी, किराना व्यापारी पर हमला, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

    नवीन बाजार में दिनदहाड़े चाकूबाजी, किराना व्यापारी पर हमला, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

    कवर्धा। शहर के नवीन बाजार क्षेत्र में शनिवार को खुलेआम गुंडागर्दी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दुकानदारों और ठेला लगाने वालों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक किराना व्यापारी पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में भय व्याप्त हो गया। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त की कमी के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

    पीड़ित व्यापारी और बाजार संघ ने पुलिस प्रशासन से नवीन बाजार में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।