Explore

Search

May 28, 2026 1:19 am

RECENT POSTS

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा शहर विकास को दी नई रफ्तार, 2.80 करोड़ के निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा ने कवर्धा नगर के विकास को नई दिशा देते हुए आज कुल 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक बी.टी. रोड एवं नाली निर्माण तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत संरचनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बी.टी. रोड एवं नाली का निर्माण किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाला सामुदायिक भवन सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है और निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए प्रशासन एवं नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हा भी वितरित किया।

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि अब पात्र हितग्राहियों के लिए आवास स्वीकृति का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। जिन लोगों के पास पुराने पट्टे हैं या जो समेकित कर, बिजली बिल एवं संपत्ति कर जमा कर रहे हैं, उन्हें नगर पालिका द्वारा कब्जा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किया जाएगा। योजना के तहत हितग्राहियों को 2 लाख 36 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि अंबेडकर चौक के पास 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए 20-20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। कवर्धा कॉलेज परिसर में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर के रूप में डिजिटल लाइब्रेरी, घोटिया क्षेत्र में 354 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन तथा रायपुर–बिलासपुर मार्ग के 7.8 किलोमीटर फोरलेन निर्माण के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि 4.30 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ रोड, 11.50 करोड़ रुपये की लागत से ठाकुर देव से नया बस स्टैंड तक सड़क निर्माण सहित शहर में कई विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित 2.60 करोड़ रुपये की सड़क और 20 लाख रुपये के सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Letest posts

Latest