Explore

Search

June 15, 2026 2:39 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: कबीरधाम में 272 जोड़ों का सामूहिक विवाह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बने ‘घराती’, मुख्यमंत्री साय ने वर्चुअल आशीर्वाद दिया

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कबीरधाम जिले में सामाजिक परंपराओं और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच 272 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। सरदार पटेल मैदान में आयोजित इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं बेटियों के अभिभावक बनकर शामिल हुए और बारात की परघौनी कर समधी की भूमिका निभाते हुए वर–वधू एवं उनके परिजनों का स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ी राहत है, जिससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है। यह योजना वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा शुरू की गई थी, जिसने हजारों परिवारों की चिंताओं को दूर किया है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंच से सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से कबीरधाम जिले की 272 बेटियों का विवाह पूर्ण रीति–रिवाज और सामाजिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराया गया है। शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि रायपुर के बाद सबसे अधिक सामूहिक विवाह कवर्धा में होना जिले के लिए गौरव का विषय है।

समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। सामूहिक बारात का स्वागत ‘डंडा खेल’ और पारंपरिक बैंड के साथ किया गया, जिसने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। पुरानी मंडी से निकली 272 दूल्हों की बारात का महामाया मंदिर के पास जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इसे ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए कहा कि एक ही मंडप में सैकड़ों दूल्हा–दुल्हनों को देखकर अत्यंत हर्ष और गर्व का अनुभव हो रहा है।

कार्यक्रम में कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष श्री बिसेसर पटेल, जिला पंचायत एवं नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को सुखी, समृद्ध और सफल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Letest posts

Latest