Blog

  • जन्मदिवस विशेष : जनसेवा की राह पर निस्वार्थ समर्पण और अथक संघर्ष से गढ़ी एक सशक्त पहचान – पंडरिया विधायक भावना बोहरा

    जन्मदिवस विशेष : जनसेवा की राह पर निस्वार्थ समर्पण और अथक संघर्ष से गढ़ी एक सशक्त पहचान – पंडरिया विधायक भावना बोहरा

    छत्तीसगढ़ की राजनीति और समाजसेवा में जब भी समर्पण, संघर्ष और निःस्वार्थ सेवा की चर्चा होती है, तो पंडरिया की विधायक भावना बोहरा का नाम विशेष आदर के साथ लिया जाता है। 24 अगस्त 1982 को छत्तीसगढ़ की धरती पर जन्मी यह बेटी आज अपने कार्यों से न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति में एक अलग पहचान बना चुकी हैं। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने जिस ऊँचाई को छुआ है, वह इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयासों से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

    शिक्षा से संस्कार तक

    भावना बोहरा जी का जीवन शिक्षा से ही संवरता और आगे बढ़ता गया। बी.एस.सी., एम.बी.ए. और एम.एस.डब्ल्यू. की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यह तय किया कि उनका ज्ञान केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रहेगा। उनका मानना रहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब उससे समाज को बेहतर बनाने और लोगों को नई दिशा देने की प्रेरणा मिले।

    राजनीति में सेवा का सफर

    राजनीतिक जीवन की शुरुआत जिला पंचायत सदस्य कबीरधाम के रूप में हुई। 2020 से 2024 तक इस जिम्मेदारी को निभाते हुए उन्होंने जनता का विश्वास जीता और आगे चलकर पंडरिया विधानसभा (क्रमांक 71) से विधायक निर्वाचित हुईं। राजनीति में उनके बढ़ते कदम इस बात का प्रमाण हैं कि उनकी जनसेवा केवल भाषणों तक सीमित नहीं रही, बल्कि वास्तविक कार्यों से जनता के बीच पहुँची।

    आज वे भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारियां निभा रही हैं। गोड्डा (झारखंड) लोकसभा प्रभारी, महासमुंद लोकसभा सह प्रभारी और झारखंड विधानसभा चुनावों की क्लस्टर प्रभारी जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। विधानसभा में उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए उन्हें सत्र 2024-25 में “उत्कृष्ट विधायक सम्मान” से सम्मानित किया गया।

    जन्मदिवस विशेष : जनसेवा की राह पर निस्वार्थ समर्पण और अथक संघर्ष से गढ़ी एक सशक्त पहचान – पंडरिया विधायक भावना बोहरा

    समाजसेवा का दूसरा नाम – भावना समाज सेवी संस्थान

    राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा उनकी पहचान बन चुकी है। इसके लिए उन्होंने भावना समाज सेवी संस्थान की स्थापना की। छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, जिले में 24 घंटे उपलब्ध आठ एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब जैसी पहल ने पंडरिया के आमजन का जीवन आसान किया।

    मई 2024 के कुई-कुकदुर हादसे में 24 मासूम बच्चों ने अपने परिजनों को खो दिया था। भावना जी ने इन बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा, रोजगार और विवाह तक की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। यह उनकी संवेदनशीलता और मातृत्व का अनुपम उदाहरण है। अब तक उनके प्रयासों से 50,000 से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं।

    शिक्षा और स्वास्थ्य – विकास की नींव

    उनका विश्वास है कि शिक्षा और स्वास्थ्य ही समाज की प्रगति की असली कुंजी हैं। इसी सोच से उन्होंने पंडरिया में नई दिशा देने वाली पहलें कीं।

    तीन बसों से शुरू हुई छात्राओं की निःशुल्क परिवहन सेवा अब 8 बसों तक पहुँच चुकी है, जिससे एक हज़ार से अधिक बेटियाँ सुरक्षित शिक्षा पा रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उन्होंने लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान की स्थापना की, जिसमें लगभग 250 छात्र-छात्राएं मार्गदर्शन पा रहे हैं।

    स्वास्थ्य सेवाओं में उन्होंने पूरे विधानसभा को आठ निःशुल्क एम्बुलेंस दीं, जिनसे 30,000 से अधिक लोगों को आपातकालीन मदद मिली। मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के जरिए गांव-गांव में 20 से अधिक जांचें की जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचा है।

    आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम

    जुलाई 2025 में भावना बोहरा ने मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा पूरी की। यह प्रदेश का पहला अवसर था जब किसी महिला जनप्रतिनिधि ने इतनी कठिन यात्रा की। घने जंगलों और कठिन रास्तों से गुजरते हुए वे 300 से अधिक शिवभक्तों के साथ शामिल रहीं और जहाँ-जहाँ यात्रा पहुँची, जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। पिछले चार वर्षों से वे सावन माह में अमरकंटक पहुँचने वाले कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी कराती आ रही हैं।

    जन्मदिवस विशेष : जनसेवा की राह पर निस्वार्थ समर्पण और अथक संघर्ष से गढ़ी एक सशक्त पहचान – पंडरिया विधायक भावना बोहरा

    नारी सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण

    महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वे सिलाई मशीन वितरण और नारी सम्मान अलंकरण जैसे कार्यक्रम आयोजित करती हैं। वहीं हमर गांव हरियर गांव अभियान के तहत अब तक लगभग 50,000 पौधे लगवाए जा चुके हैं, जो आने वाले समय में हरियाली और पर्यावरण संतुलन का आधार बनेंगे।

    विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां

    विधायक बनने के बाद पंडरिया विधानसभा को अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई कार्य पूरे हो चुके हैं और बाकी प्रगति पर हैं। यह साबित करता है कि भावना बोहरा केवल वादे नहीं करतीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर साकार करने में विश्वास रखती हैं।

    जन्मदिवस विशेष : जनसेवा की राह पर निस्वार्थ समर्पण और अथक संघर्ष से गढ़ी एक सशक्त पहचान – पंडरिया विधायक भावना बोहरा

    एक संवेदनशील और प्रखर जनप्रतिनिधि

    भावना बोहरा का व्यक्तित्व उनकी संवेदनशीलता, निःस्वार्थ सेवा और प्रखर नेतृत्व से परिभाषित होता है। विधानसभा में उनकी मुखरता और जनता के बीच उनकी सहजता उन्हें विशिष्ट बनाती है। वे केवल विधायक ही नहीं, बल्कि एक ऐसी प्रेरणा-स्रोत हैं, जो छात्रों, कार्यकर्ताओं और आम जनता को निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देती रहती हैं।

    जन्मदिवस की शुभकामनाएं

    आज उनके जन्मदिवस पर न केवल पंडरिया बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ गर्व से यह कह सकता है कि हमारी राजनीति में एक ऐसी बेटी, बहन और जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने सेवा को अपना धर्म और जनता को अपना परिवार माना है। भावना बोहरा का जीवन संघर्ष, सेवा और संवेदनशीलता का संगम है, जो समाज को नई दिशा देने वाला है।

    शताब्दी टाइम्स परिवार और समस्त क्षेत्रवासी उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हैं।

  • कवर्धा में RSS की प्रबुद्ध जन संगोष्ठी आयोजित

    कवर्धा में RSS की प्रबुद्ध जन संगोष्ठी आयोजित

    कवर्धा। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल, रानी दुर्गावती चौक, कवर्धा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), कवर्धा जिला के संपर्क विभाग द्वारा प्रबुद्ध जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य झा मुख्य अतिथि और अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सुनील कुलकर्णी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

    संगोष्ठी का शुभारंभ पूजा-अर्चना और संगठन के पदाधिकारियों के परिचय से हुआ। मुख्य अतिथि श्री झा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रवाद और सनातन की रक्षा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन का कुछ समय अवश्य समर्पित करना चाहिए। उन्होंने संघ के कार्यकर्ताओं की निःस्वार्थ सेवा भावना और त्याग की सराहना की।

    मुख्य वक्ता सुनील कुलकर्णी ने अपने उद्बोधन में संघ कार्य की सौ वर्षों की यात्रा, समाज विकास में योगदान और संगठन की दृढ़ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण के लिए सामाजिक समरसता स्थापित करनी होगी, परिवारों में संवाद और एकता बढ़ानी होगी, स्वदेशी जीवनशैली अपनानी होगी, पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाना होगा तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन कर राष्ट्र को सशक्त बनाना होगा। कार्यक्रम में जिला संघचालक दानेश्वर परिहार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • 8th Pay Commission: कर्मचारियों और पेंशनर्स को करना होगा लंबा इंतजार, लागू होने में लग सकता है 2027-28 तक का वक्त

    8th Pay Commission: कर्मचारियों और पेंशनर्स को करना होगा लंबा इंतजार, लागू होने में लग सकता है 2027-28 तक का वक्त

    नई दिल्ली। केंद्र सरकार के करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। लंबे समय से जिस 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) का इंतजार किया जा रहा था, उसकी प्रक्रिया फिलहाल काफी धीमी गति से आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयोग की सिफारिशें 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत से पहले लागू होना मुश्किल नजर आ रहा है।

    प्रक्रिया अटकी क्यों?

    हालांकि सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग की घोषणा कर दी थी, लेकिन अभी तक आयोग के Terms of Reference (ToR) यानी कामकाज की गाइडलाइन तय नहीं की गई है। इसके अलावा चेयरपर्सन और सदस्यों के नाम भी फाइनल नहीं हुए हैं। छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है।

    पिछले आयोग का अनुभव

    7वें वेतन आयोग का गठन 2013 में किया गया था और इसकी सिफारिशें 1 जनवरी 2016 से लागू हुई थीं। पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में ढाई से तीन साल का समय लगा था। इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट भी 2027-28 तक ही लागू हो पाएगी।

    सरकार का बयान

    वित्त मंत्रालय के राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने हाल ही में राज्यसभा में कहा कि सरकार को इस संबंध में कई सुझाव प्राप्त हुए हैं और जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। उनका कहना है कि आयोग निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना कार्य पूरा करेगा, लेकिन वास्तविक टाइमलाइन तभी स्पष्ट होगी जब ToR जारी होगा।

    कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें

    महंगाई लगातार बढ़ रही है और घरेलू खर्चों पर बोझ बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कर्मचारी और पेंशनर्स चाहते थे कि 2026 तक वेतन संशोधन लागू हो जाए। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब यह लाभ 2027-28 तक टलता दिखाई दे रहा है।

  • मौसम अपडेट: अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, कवर्धा सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

    मौसम अपडेट: अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, कवर्धा सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बीते कुछ दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। शुक्रवार की रात भी रायपुर और आसपास के जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई।

    मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग ने बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है और 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

    इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान

    रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, मुंगेली, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

    लोगों को सतर्क रहने की अपील

    मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है। विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि खराब मौसम में घर से बाहर निकलने से बचें। यदि यात्रा कर रहे हों तो खुले मैदान या पेड़ के नीचे रुकने से परहेज करें।

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयास से कबीरधाम को मिले 5 नए महतारी सदन, अब कुल संख्या 19

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयास से कबीरधाम को मिले 5 नए महतारी सदन, अब कुल संख्या 19

    कवर्धा। प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार महतारी सदन का निर्माण कार्य किया जाना है।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयास से 166 महतारी सदन की स्वीकृति आदेश जारी किया गया है, इसके लिए 49 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। कबीरधाम जिले को इसके तहत 5 नए महतारी सदन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनका निर्माण किशुनगढ़, चारभाटा, पोड़ी, रेंगाखारकला और राजानवागांव में कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इससे जिले में निर्माणाधीन 14 महतारी सदनों की संख्या बढ़कर अब कुल 19 हो जाएगी। राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वीकृत 14 महतारी सदनों का निर्माण कार्य जिले में तेजी से प्रगति पर है। इनका निर्माण कुल 3 करोड़ 45 लाख 80 हजार रुपए की लागत से कराया जा रहा है। प्रत्येक महतारी सदन पर 24 लाख 70 हजार रुपए की स्वीकृत राशि व्यय की जा रही है। कबीरधाम जिले के विभिन्न विकासखंडों की पंचायतों में महतारी सदन निर्माण के लिए स्वीकृति दी गई है। इनमें कवर्धा विकासखंड के ग्राम बम्हनी, रबेली, लखनपुर, खडौदा (रबेली), भागुटोला, मैनपुरी, जोराताल, बरबसपुर, बिरकोना और धरमपुरा, सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम रणवीरपुर तथा पंडरिया विकासखंड के ग्राम मोहतराखुर्द, कुंडा और जेवड़न कला शामिल हैं।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगातार ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं द्वारा बैठने की स्थान न होने की शिकायत की और बैठने हेतु स्थान दिलाने की मांग की जाती रही इसलिए महतारी सदन बनाने का विचार आया। ततपश्चात महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बनाने जा रही है। अब तक 368 महतारी सदन की स्वीकृति इसी उद्देश्य को पूर्ति के लिये जारी किया गया है। कार्यों में एकरूपता के दृष्टिकोण से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्य का एक मानक डिजाईन एवं प्राक्कलन तैयार किया गया है। प्रति महतारी सदन की लागत राशि रुपये 30 लाख होगी।

    5 वर्षो में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाने की योजना प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाया जाएगा। महतारी सदन बनाने की शुरुआत हो गयी है। पहले चरण में प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में महतारी सदन बनना प्रारंभ किया जा रहा है व 5 साल में सभी ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनेंगे। प्रदेश में बनने वाले महतारी सदन का निर्माण लगभग 25 सौ वर्गफुट में कराया जाएगा। सदन में कमरा, शौचालय, बरामदा, हाल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं रहेगी। पानी के लिए ट्यूबवेल के साथ वाटर हार्वेस्टिंग भी किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमे बॉउंड्रीवाल भी बनाये जाएंगे। महतारी सदन में सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।

  • कबीरधाम पुलिस की दोहरी कार्रवाई: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों पर शिकंजा

    कबीरधाम पुलिस की दोहरी कार्रवाई: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों पर शिकंजा

    कवर्धा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान थाना स. लोहारा और थाना पिपरिया क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों तथा होटल-ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

    लोहारा क्षेत्र की कार्रवाई
    थाना लोहारा क्षेत्र में शुक्रवार को चलाए गए अभियान का पर्यवेक्षण अनुभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री प्रतीक चतुर्वेदी ने किया तथा थाना प्रभारी लालमन साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न होटल-ढाबों की सघन जांच की। इस दौरान 5 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए और 20 प्रकरण मोटर व्हीकल एक्ट में बनाए गए।

    पिपरिया क्षेत्र की कार्रवाई
    वहीं गुरुवार देर रात थाना पिपरिया क्षेत्र में डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अमित कश्यप के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ 9 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए। साथ ही यातायात नियम तोड़ने वालों पर तत्काल चालानी कार्रवाई की गई।

    एसपी का सख्त संदेश
    पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। होटल, लॉज और ढाबा संचालकों द्वारा अवैध रूप से शराब परोसने पर कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

    जिला पुलिस ने कहा है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दिन हो या रात, कानून तोड़ने वालों को पुलिस की निगाहों से बचना असंभव होगा।

  • गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन की सख्त गाइडलाइन, बिना अनुमति पंडालों पर कार्रवाई

    गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन की सख्त गाइडलाइन, बिना अनुमति पंडालों पर कार्रवाई

    रायपुर। गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने उत्सव को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर पंडाल लगाने से पहले संबंधित समितियों को अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति लगाए गए पंडालों पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

    ध्वनि यंत्रों पर सख्ती
    प्रशासन ने रात 10 बजे के बाद DJ और लाउडस्पीकर सहित किसी भी प्रकार के ध्वनि यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके साथ ही प्रत्येक पंडाल में सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य होगा।

    झांकियों का निर्धारित मार्ग
    गणेश विसर्जन और झांकियों के लिए प्रशासन ने तय मार्ग घोषित किया है। झांकियां शारदा चौक से शुरू होकर महादेवघाट तक जाएंगी। प्रमुख पड़ाव होंगे – शारदा चौक, जयस्तंभ, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, सत्तीबाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती थाना, लीलीचौक, लाखेनगर और रायपुरा। शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक के बीच झांकियों की अनुमति नहीं होगी।

    विसर्जन सिर्फ महादेवघाट कुंड में
    इस बार सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल महादेवघाट कुंड में ही किया जाएगा। समितियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि झांकियों की ऊंचाई बिजली तारों से सुरक्षित दूरी पर रहे। साथ ही, जनरेटर और वायरिंग की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त हो।

    NGT के नियमों का पालन आवश्यक
    प्रशासन ने समितियों को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए हैं। सभी समितियों को अपने स्वयंसेवकों और सदस्यों की सूची नजदीकी थाना प्रभारी को उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा, विसर्जन के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भीड़ से दूर रखने की सलाह दी गई है।

  • छत्तीसगढ़: 1 सितंबर से प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज बंद, IMA का बड़ा फैसला

    छत्तीसगढ़: 1 सितंबर से प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज बंद, IMA का बड़ा फैसला

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान कार्ड से मिलने वाली कैशलेस इलाज सुविधा पर संकट गहराता दिखाई दे रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने ऐलान किया है कि 1 सितंबर से प्रदेश के प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज बंद कर दिया जाएगा।

    छह महीने से भुगतान लंबित
    आईएमए ने अपने बयान में कहा है कि लंबे समय से अस्पतालों को आयुष्मान योजना के तहत किए गए इलाज का भुगतान नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने से अस्पतालों के बकाया भुगतान अटके हुए हैं। इस स्थिति के चलते प्राइवेट अस्पतालों ने कैशलेस इलाज सुविधा जारी रखना आर्थिक रूप से असंभव बताया है।

    गरीब और मध्यम वर्ग पर असर
    इस फैसले का सीधा असर प्रदेश के उन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ेगा जो अब तक आयुष्मान कार्ड के जरिए निःशुल्क कैशलेस इलाज का लाभ उठा रहे थे।

    सरकार से समाधान की उम्मीद
    IMA ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार इस विषय पर जल्द पहल करेगी और बकाया भुगतान के मुद्दे का समाधान निकालेगी, ताकि लाखों मरीजों को इलाज की सुविधा प्रभावित न हो।

  • पुलिस की बड़ी सफलता: दो चोर और रिसीवर गिरफ्तार, चोरी का संपूर्ण माल बरामद

    पुलिस की बड़ी सफलता: दो चोर और रिसीवर गिरफ्तार, चोरी का संपूर्ण माल बरामद

    कवर्धा। पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए चोरी के सनसनीखेज़ मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में न केवल दो चोरों को पकड़ लिया, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर को भी गिरफ्तार कर लिया। चोरी गया संपूर्ण सामान पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता का पुलिस पर विश्वास और भी प्रगाढ़ हुआ है।

    यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संचालित हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने साइबर सेल और कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया और महज़ कुछ घंटों में ही आरोपियों की पहचान कर दबिश दी।

    घटना 17 अगस्त 2025 की रात की है, जब नवीन बाजार स्थित यादव बर्तन दुकान का शटर तोड़कर चोर अंदर घुसे और इंडक्शन चूल्हे व स्टील पेटियों समेत अन्य बर्तनों को पार कर ले गए। कुल मिलाकर लगभग ₹54,000 के सामान की चोरी की गई थी। प्रार्थी रूपचंद यादव, निवासी मठपारा वार्ड क्रमांक 11 ने घटना की शिकायत दर्ज कराई थी।

    पुलिस की कार्रवाई में मिरमिट्ठी निवासी निलेश योगी (21 वर्ष) और खूंटूपारा निवासी शिवा (18 वर्ष) को क्रमशः उनके घर और गंडई से गिरफ्तार किया गया। वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले बंदोरा निवासी करीम बेग (32 वर्ष) को भी पकड़ लिया गया। तीनों आरोपियों से पूछताछ में चोरी की वारदात की पुष्टि हुई और चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

    कवर्धा पुलिस ने इस मौके पर स्पष्ट संदेश दिया है कि चोरी करने वाले हों या चोरी का माल खरीदने वाले, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर अपराधी को चिन्हित कर कानून के शिकंजे में कसेगी और ऐसे सख़्त कदम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

  • कबीरधाम पुलिस में पदोन्नति, विमल लावनिया ने संभाली निरीक्षक की नई जिम्मेदारी, SP ने लगाया स्टार

    कबीरधाम पुलिस में पदोन्नति, विमल लावनिया ने संभाली निरीक्षक की नई जिम्मेदारी, SP ने लगाया स्टार

    कवर्धा। पुलिस महानिदेशक, नया रायपुर (छत्तीसगढ़) के आदेशानुसार जारी योग्यता सूची वर्ष 2025 के अंतर्गत जिला कबीरधाम के चौकी पोडी में पदस्थ उप. निरीक्षक विमल कुमार लावनिया को निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।

    आज दिनांक 21 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कबीरधाम में आयोजित सादे समारोह में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने पदोन्नत अधिकारी के एक कंधे पर स्टार लगाया, वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने दूसरे कंधे पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने उन्हें मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

    इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पदोन्नति केवल पद और दायित्व की वृद्धि नहीं है, बल्कि यह कर्तव्यों के प्रति समर्पण और कार्यकुशलता की स्वीकृति है। आशा है कि पदोन्नत अधिकारी विमल लावनिया अपने अनुभव, निष्ठा और मेहनत से विभाग की गरिमा को और ऊँचाई प्रदान करेंगे।”