Blog

कबीरधाम में सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो महिला सट्टेबाज गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कवर्धा क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से खाईवाली कर सट्टा संचालन कर रही थीं। पुलिस ने सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई।

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डीएसपी) आशीष शुक्ला एवं कृष्ण चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन कर यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

पहली कार्रवाई

मुखबिर की सूचना पर वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी, कवर्धा में नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष) को घर के सामने अंकों पर अवैध सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी, नगद राशि एवं पेन जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

दूसरी कार्रवाई

वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना दीवारपारा, कवर्धा निवासी पूजा बांधेकर (28 वर्ष) को अलग प्रकरण में सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध पृथक अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संचालन

जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विभिन्न समूहों के माध्यम से खाईवाली कर सट्टा संचालन कर रही थीं। इनके माध्यम से सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी पतासाजी कर रही है और शीघ्र ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की सख्त चेतावनी

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं किसी भी प्रकार के अवैध धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त लोग तत्काल अपने धंधे बंद करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी आश्वस्त किया है कि अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Ankita Sharma

ChhattisgarhDailyNews.com छत्तीसगढ़ का एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो राज्य की ताज़ा खबरें, संस्कृति और विकास से जुड़ी घटनाओं को सटीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य जनता की आवाज़ को सशक्त बनाना और विश्वसनीय समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button