Blog

सेमो को मिली 2.38 करोड़ की सौगात, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रखी 33/11 केवी उपकेन्द्र की आधारशिला

कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विकासखंड कवर्धा अंतर्गत ग्राम सेमो में 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र की आधारशिला रखी। इस उपकेन्द्र के निर्माण से क्षेत्र के 10 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा तथा लगभग 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, वनांचल और किसानों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि यह विद्युत उपकेन्द्र केवल बिजली समस्या का समाधान नहीं करेगा, बल्कि कृषि, व्यापार और ग्रामीण विकास को भी नई गति देगा।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस उपकेन्द्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा तथा यहां से 3 नए 11 केवी फीडर संचालित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज एवं बार-बार विद्युत व्यवधान की समस्या का स्थायी समाधान होगा। विशेष रूप से किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

यह उपकेन्द्र सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर सहित कुल 10 गांवों को सेवा प्रदान करेगा। वर्तमान में इन गांवों की विद्युत आपूर्ति बिजई उपकेन्द्र से संचालित हो रही है, जहां लगभग 500 कृषि पंपों के कारण अत्यधिक दबाव और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।

नए उपकेन्द्र के निर्माण से बिजई उपकेन्द्र पर भार कम होगा और विशेषकर वर्षा ऋतु में कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी। इससे किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी और उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Ankita Sharma

ChhattisgarhDailyNews.com छत्तीसगढ़ का एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो राज्य की ताज़ा खबरें, संस्कृति और विकास से जुड़ी घटनाओं को सटीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य जनता की आवाज़ को सशक्त बनाना और विश्वसनीय समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button