Explore

Search

May 28, 2026 12:50 am

RECENT POSTS

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भानुप्रतापपुर के सुदूर वनांचल ग्राम मुल्ला स्थित पुनर्वास केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण, पुनर्वासित युवाओं को बहुआयामी कौशल प्रशिक्षण से आजीविकामूलक कार्यों से जोड़ने के दिए निर्देश

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भानुप्रतापपुर के सुदूर वनांचल ग्राम मुल्ला स्थित पुनर्वास केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण, पुनर्वासित युवाओं को बहुआयामी कौशल प्रशिक्षण से आजीविकामूलक कार्यों से जोड़ने के दिए निर्देश
Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

रायपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज शाम कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम मुल्ला स्थित पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माओवाद की राह छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं को दिए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी ली और उनसे संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने पुनर्वासित युवाओं से उनकी शिक्षा, प्रशिक्षण, आजीविका और परिवारिक स्थिति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पुनर्वासित युवक को प्रतिदिन कम से कम दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अधिक सक्षम बनकर दीर्घकालिक रोजगार प्राप्त कर सकें।

उन्होंने पुनर्वास केंद्र में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड निर्माण, स्वास्थ्य परीक्षण और परिवारजनों से मुलाकात की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्री शर्मा ने कहा कि परिवार की सहमति से पुनर्वास केंद्र में ही सामूहिक विवाह की व्यवस्था की जा सकती है। साथ ही युवाओं को विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और शासन की कार्यप्रणाली से अवगत हो सकें।

पुनर्वास केंद्र में वर्तमान में 66 प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 52 पुनर्वासित युवक और 14 प्रभावित परिवारों के सदस्य शामिल हैं। इन्हें काष्ठ शिल्प, राज मिस्त्री और इलेक्ट्रिशियन जैसे रोजगारोन्मुखी ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को स्वावलंबी बनाकर समाज की मुख्यधारा में जोड़ना है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती इंदिरा कल्याण एलेसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीमाली, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम श्री जी.डी. वाहिले, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल रजक, लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य श्री सुनील नेताम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Letest posts

Latest