कवर्धा। पुलिस द्वारा अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में प्राणघातक हमले के एक गंभीर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया जप्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 04 से 05 बजे के मध्य ग्राम ठाकुरटोला, थाना तरेगांव जंगल में गाली-गलौच की बात को लेकर दुकालसिंह बैगा (50 वर्ष) एवं चोखुराम बैगा (40 वर्ष) के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी चोखुराम बैगा ने अपने घर में रखी लोहे की टंगिया से दुकालसिंह बैगा के सिर पर कई बार प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तरेगांव जंगल प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बिना विलंब उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।
मामले में थाना तरेगांव जंगल में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया जप्त की गई।
पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply