कवर्धा: जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 में 23 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

कवर्धा। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 के अंतर्गत ग्राम मानिकचौरी एवं ग्राम पंचायत भेदली के आश्रित ग्राम खैरझिटी खुर्द में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन बुधवार को संपन्न हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर इन कार्यों के लिए कुल 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

आपदा प्रबंधन योजना के तहत स्वीकृत राशि से ग्राम मानिकचौरी में तीन स्थानों पर नलकूप खनन एवं पंप स्थापना, तालाब में पिचिंग तथा पचरी निर्माण कार्य किए जाएंगे। वहीं ग्राम खैरझिटी खुर्द में सीसी रोड और पुलिया निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को पेयजल, आवागमन और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य डॉ. वीरेंद्र साहू उपस्थित रहे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ग्रामवासियों को विकास कार्यों की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के निरंतर विकास का विश्वास दिलाया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष वीर सिंह धुर्वे, विधायक प्रतिनिधि डॉ. खेमराज साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, भागवत सेन, सरपंच रामनाथ मोहले, सरपंच सुनीति कौशिक, ग्राम पटेल उदय सिंह साहू, जनपद सदस्य तामेश्वर साहू, आसवन साहू, उरेंद्र गोलू साहू, धालेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *