कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत घुघरी रोड स्थित अटल आवास मार्ग पर पुल के पास रेड कार्रवाई कर 10.080 बल्क लीटर देशी मदिरा एवं नगद राशि जब्त की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर सूचना पर पेट्रोलिंग टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी की पहचान अनिल सारथी (27 वर्ष), निवासी घुघरी रोड अटल आवास, ग्राम घुघरी कला, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है।
जब्ती की गई सामग्री
48 नग पौवा शोले प्लेन देशी मदिरा (प्रत्येक 180 एमएल)
08 नग पौवा रोमियो प्लेन देशी मदिरा (प्रत्येक 180 एमएल)
कुल 10.080 बल्क लीटर शराब
200 रुपये नगद
जप्त शराब की अनुमानित कीमत: 4,640 रुपये
आरोपी के पास शराब रखने एवं विक्रय संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)ख एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे 27 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।