Explore

Search

May 27, 2026 11:03 pm

RECENT POSTS

वनांचल गांवों में पहुंचे जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, प्रधानमंत्री जनमन आवास सहित विकास कार्यों का किया निरीक्षण

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा। जिले में संचालित प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सुदूर वनांचल क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से सीधे चर्चा की और निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

एक दिवसीय सघन दौरे के दौरान सीईओ अग्रवाल ने जनपद पंचायत कवर्धा के ग्राम पंचायत जोराताल, रेंगाखार खुर्द, अमलीडीह, जनपद पंचायत बोड़ला के प्रभाटोला, सिघनपुरी, बाटीपथरा, तरेगांव जंगल तथा जनपद पंचायत पंडरिया के पोलमी, लोखान और खामी सहित अन्य गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की तथा हितग्राहियों से निर्माण सामग्री की उपलब्धता और कार्यों में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

सीईओ ने महिला स्व सहायता समूह की दीदियों को बिहान योजना के अंतर्गत “डीलर दीदी” के रूप में प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को कम दर पर सेंट्रिंग प्लेट और अन्य निर्माण सामग्री उपलब्ध हो सके तथा स्थानीय महिलाओं को आजीविका के अवसर भी मिलें। उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच और ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन हितग्राहियों से मिलकर आवास निर्माण कार्य में सहयोग करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें।

दौरे के दौरान सीईओ ने महिला समूहों की गतिविधियों का भी निरीक्षण किया और बैंक सखी, मछली पालन तथा अन्य आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। वनांचल क्षेत्रों में सीमेंट, रेत, गिट्टी जैसी निर्माण सामग्रियों की सामूहिक आपूर्ति की योजना बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को कम लागत में सामग्री उपलब्ध हो सके।

सीईओ श्री अग्रवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनमन आवास के हितग्राही बुधवारिन बाई बैगा, तिहार सिंह, सूरज सिंह बैगा, सुंदर बैगा और चैतीबाई सहित अन्य ग्रामीणों से चर्चा कर आवास निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मनरेगा कार्यों का भी लिया जायजा

दौरे के दौरान सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत ग्राम तालपुर में बन रही निजी डबरी, पक्की नाली निर्माण और तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ग्राम अमलीडीह के मिनी स्टेडियम, आंगनबाड़ी भवन और महिला समूह द्वारा संचालित कार्यों की भी समीक्षा की।

ग्राम प्रभाटोला में बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र को ‘बाला मॉडल’ के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जा सके। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को रोजगार दिवस की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक महीने की 7 तारीख को चावल उत्सव के साथ रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाता है।

सीईओ ने ग्रामीणों को आगामी 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाली विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार और समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी भी दी। इसके साथ ही ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत निर्मित सोख पिट और कुक्कुट पालन शेड का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत और जनपद पंचायत के अधिकारी, तकनीकी अमला, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, मैदानी कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest