Explore

Search

June 1, 2026 12:02 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

लापता युवक हत्याकांड का खुलासा: ब्लैकमेलिंग और अवैध संबंधों के विवाद में हुई वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार

लापता युवक हत्याकांड का खुलासा: ब्लैकमेलिंग और अवैध संबंधों के विवाद में हुई वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार
Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा।जिले के बोडला थाना क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी निवासी युवक कोमल वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ब्लैकमेलिंग और अवैध संबंधों से जुड़े विवाद के चलते युवक की हत्या की गई थी।

जानकारी के अनुसार, कोमल वर्मा 28 मई 2026 को घर से निकलने के बाद लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में एक बोरी के भीतर युवक का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले की जांच तेज कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में की गई जांच के दौरान मृतक की कॉल डिटेल और अंतिम लोकेशन का विश्लेषण किया गया। जांच में उसका संपर्क ग्राम बैहरसरी निवासी मंदाकिनी वर्मा से होना सामने आया। पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक उसके निजी वीडियो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात भी मृतक ने महिला से संपर्क कर मिलने का दबाव बनाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उस पर घर में मौजूद लोहे के बड़े पाना से हमला किया गया। घटना की जानकारी होने पर महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी शामिल हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया। अगले दिन रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई रूपेश वर्मा की मदद से शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर के जरिए ग्राम सोंढा ले जाकर फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।

पुलिस ने मामले में रामस्नेही वर्मा, मंदाकिनी वर्मा और रूपेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Letest posts

Latest