अंकिता शर्मा, कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को जिला कार्यालय में जिला कार्यसमिति सह कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी एवं डॉ. सियाराम साहू ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। वक्ताओं ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में समाज की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
जिला उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्यमियों, युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के लिए संतोष पटेल को संयोजक नियुक्त किया गया, जबकि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की जिम्मेदारी परेटन वर्मा को सौंपी गई।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, विदेशी राम धुर्वे, कृष्ण कुमार वैष्णव, देव कुमारी चंद्रवंशी, संतोष पटेल, परेटन वर्मा सहित 200 से अधिक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।