Explore

Search

June 5, 2026 12:04 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

लोहारा चुनाव में गड़बड़ी का आरोप, EVM मामले को लेकर कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में ईवीएम मशीनों के कंट्रोल यूनिट (CU) एवं बैलट यूनिट (BU) नंबरों में कथित विसंगति को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने गंभीर आपत्ति जताई है। कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता आयोजित कर चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच तथा पुनः बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए ईवीएम नंबरों और पीठासीन अधिकारियों के प्रारूप क्रमांक 18(क) में दर्ज नंबरों में अंतर पाया गया है, जो चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संभावित हार से घबराकर चुनाव परिणामों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।

नवीन जायसवाल ने कहा कि एक नगर पंचायत उपचुनाव के लिए प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री, दो कैबिनेट मंत्री और कई विधायकों का प्रचार में उतरना इस बात का संकेत है कि भाजपा अपनी स्थिति को लेकर चिंतित है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उपचुनाव को निरस्त कर बैलेट पेपर के माध्यम से पुनः मतदान कराने की मांग की।

कांग्रेस प्रत्याशी रोशन वैष्णव ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा पहले नाम वापसी के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर अब ईवीएम से जुड़ी विसंगतियों के जरिए चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत क्षेत्र की जनता कांग्रेस के पक्ष में खड़ी है।

जिला कांग्रेस महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा है और जनता का समर्थन पार्टी को मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संभावित हार से घबराकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, प्रदेश सचिव वीरेन्द्र सिंह जांगड़े, महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र मार्कण्डेय, सेवादल अध्यक्ष पदुम सेन, आकाश केशवानी, मेहुल सत्यवंशी, आशीष साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest