अंकिता शर्मा, कवर्धा। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगलपुर गांव के पास डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि परिचालक को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद टैंकर में भरा हजारों लीटर डीजल सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार, डीजल से भरा टैंकर साजा से कवर्धा की ओर जा रहा था। जंगलपुर गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते टैंकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक को चोटें आईं, जबकि परिचालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
टैंकर पलटते ही उसमें भरा डीजल तेजी से बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोग डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तनों में डीजल भरकर ले जाते नजर आए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इधर, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि दुर्घटना के समय चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी भी अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा डीजल रिसाव से किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।