Explore

Search

June 19, 2026 1:06 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

कवर्धा: बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का घेराव, बिजली कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन; पुलिस बैरिकेडिंग पर कार्यकर्ताओं की नारेबाजी

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिजली दरों में हुई वृद्धि के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की।

हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली कार्यालय पहुंचे और कार्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा बिजली की प्रति यूनिट दर में की गई बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में बिजली दरों में वृद्धि आम जनता के हितों के विपरीत है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय के भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की एवं झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली कर रही है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली दरों में वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest