Explore

Search

August 27, 2026 2:47 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

धान खरीदी घोटाले में बड़ी कार्रवाई: 81 लाख की आर्थिक अनियमितता, समिति प्रबंधक समेत कई अधिकारियों पर एफआईआर

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में धान खरीदी और बारदाना प्रबंधन में कथित अनियमितताओं को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर लोहारा, बासिनझोरी और बिरनपुर कला धान उपार्जन केंद्रों में शासन को कुल 81 लाख 19 हजार 502 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने के आरोप में समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी एवं खाली बारदानों के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि संबंधित धान उपार्जन केंद्रों के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर अमानत में खयानत कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

मामले में थाना सहसपुर लोहारा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(5) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 79/26, 80/26 और 81/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। आरोपियों में समिति प्रबंधक गंगादास मानिकपुरी सहित विभिन्न केंद्रों के फड़ प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी समिति प्रबंधक गंगादास मानिकपुरी के निवास पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी फरार मिला, जबकि उसके घर से लगभग 16 लाख रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के खातों की पासबुक, लैपटॉप और सीपीयू जब्त किए गए। पुलिस द्वारा पूछताछ में परिवार के सदस्यों ने नकद राशि गंगादास की होना बताया, लेकिन राशि के स्रोत के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अमित पटेल, एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी वर्तमान में फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय कर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

Letest posts

Latest