अंकिता शर्मा, कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली बूढ़ा महादेव मंदिर (कवर्धा) से भोरमदेव मंदिर तक की पारंपरिक पदयात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने व्यापक यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। हजारों की संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने डायवर्सन, पार्किंग, वैकल्पिक मार्ग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा पदयात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बूढ़ा महादेव मंदिर से पदयात्रा करते हुए भगवान भोरमदेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भोरमदेव तिराहा, भारत माता चौक, समनापुर तिराहा और राजमहल चौक को प्रमुख डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और वाहनों का संचालन निर्धारित मार्गों से कराया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 3 अगस्त को समनापुर से भोरमदेव मंदिर मार्ग तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर चारपहिया वाहनों के आवागमन की भी अनुमति नहीं होगी।
भोरमदेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए सरोधा मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए छपरी स्कूल परिसर, ग्राम छापरी स्थित भूमि एवं भोरमदेव मेला स्थल को पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, डायवर्सन व्यवस्था का पालन करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से सावन की यह पावन पदयात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।