Explore

Search

August 7, 2026 3:23 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

कबीरधाम पुलिस की बड़ी सफलता: वृद्ध महिलाओं से चेन स्नेचिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; जिले के 5 झपटमारी मामलों का खुलासा, 3.41 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और तीन मोटरसाइकिल बरामद।

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। पुलिस ने जिले में पिछले दो माह से वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल, डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में साइबर सेल, थाना पिपरिया, थाना पांडातराई एवं चौकी पोड़ी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार जिले में पिछले दो महीनों से वृद्ध महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन मामलों में थाना पिपरिया, थाना पांडातराई और चौकी पोड़ी में कुल पांच प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात की योजना और तरीके का खुलासा किया।

आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से मुंह ढंककर अलग-अलग गांवों में जाते थे और अकेली या वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटकर फरार हो जाते थे। लूटे गए आभूषणों को नितिश बंशे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया के माध्यम से खपाया जाता था। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, लगभग छह ग्राम सोना, एक हजार रुपये नकद सहित कुल 3.41 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना पिपरिया प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी, थाना पांडातराई प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, चौकी पोड़ी प्रभारी लक्ष्मी नारायण साव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Letest posts

Latest