अंकिता शर्मा, कवर्धा। जिले के बोड़ला क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए गए आबकारी विभाग के अभियान के दौरान एक आरोपी के विभागीय कस्टडी से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम भोरमदेव थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अवैध महुआ शराब के विरुद्ध कार्रवाई कर रही थी। अभियान के दौरान कई स्थानों से कच्ची महुआ शराब एवं लहान जब्त किया गया। इसी क्रम में भोरमदेव निवासी समरत बैगा के घर दबिश देकर लगभग 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद आरोपी को आबकारी टीम अपने साथ ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी अधिकारियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद विभागीय अमले ने उसकी तलाश का प्रयास किया, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिल सकी।
आरोपी के फरार होने की घटना के बाद क्षेत्र में विभागीय लापरवाही को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्टडी में लिए गए व्यक्ति का इस तरह भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। हालांकि मामले में किसी भी प्रकार की सांठगांठ संबंधी अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विभाग फरार आरोपी की तलाश में जुटा हुआ है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।