अंकिता शर्मा, कवर्धा। पंडरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलीमलगी के ग्रामीणों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें तीन माह का राशन अब तक नहीं मिला है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जून माह के राशन वितरण के नाम पर हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट लिए गए, लेकिन राशन का वितरण नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, हर माह राशन वितरण में देरी की जाती है और कई हितग्राहियों को पूरा राशन नहीं मिलता। साथ ही पिछले दो माह से नमक एवं शक्कर का वितरण भी नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को लंबित राशन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत के बाद अब ग्रामीण प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।