Explore

Search

July 26, 2026 8:17 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

52 पत्ती पर लग रहे थे दांव, पुलिस ने 10 जुआरियों को किया गिरफ्तार, 92 हजार रुपये से अधिक का मशरूका जब्त

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बोड़ला एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम खैरबनाखुर्द में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी सहित कुल 92 हजार 260 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खैरबनाखुर्द में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी, जहां 10 व्यक्ति ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए। सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 हजार 260 रुपये नकद, 7 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल फोन तथा 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 92 हजार 260 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, थाना बोड़ला प्रभारी रूपक शर्मा सहित साइबर एवं बोड़ला पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक की चेतावनी

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।

Letest posts

Latest