Explore

Search

September 21, 2026 10:22 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

कवर्धा: अटल आवास में अवैध कब्जों पर नगर पालिका का बड़ा एक्शन, 7 दिन में मकान खाली करने का अल्टीमेटम

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। नगर पालिका परिषद कवर्धा ने वार्ड क्रमांक 17 स्थित नेवारी मार्ग के अटल आवास परिसर में अवैध रूप से रह रहे कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सात दिवस के भीतर आवास स्वेच्छा से खाली नहीं करने वाले अनाधिकृत कब्जाधारियों के विरुद्ध नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि अटल आवास योजना के तहत निर्मित 150 आवासों में से अब तक केवल 43 आवास ही पात्र हितग्राहियों को विधिवत आवंटित किए गए हैं। शेष कई आवासों पर अनधिकृत व्यक्तियों ने कब्जा कर रखा है, जिससे वास्तविक पात्र परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि अटल आवास परिसर की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए अनाधिकृत रूप से निवासरत परिवारों को हटाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि शासन की आवासीय योजनाएं गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाई जाती हैं। यदि सरकारी आवासों पर अवैध कब्जा बना रहता है, तो पात्र हितग्राहियों के अधिकार प्रभावित होते हैं। नगर पालिका इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगी और आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

7 दिनों की मोहलत

नगर पालिका अध्यक्ष ने अटल आवास में रह रहे अवैध कब्जाधारियों से अपील की है कि वे सात दिनों के भीतर स्वेच्छा से आवास खाली कर दें। निर्धारित अवधि के बाद बिना किसी अतिरिक्त सूचना के नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त कानूनी जिम्मेदारी संबंधित कब्जाधारियों की होगी।

सर्वे में सामने आए अवैध कब्जे

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नगर पालिका द्वारा अटल आवास परिसर का विस्तृत सर्वे कराया गया। इसमें प्रत्येक आवास की स्थिति, आवंटन अभिलेख तथा वर्तमान निवासियों का सत्यापन किया गया। सर्वे के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे आवास चिन्हित हुए, जिन पर बिना वैध आवंटन के लोगों ने कब्जा कर रखा है। संबंधित लोगों को पहले ही आवास खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन कई लोगों द्वारा अब तक कब्जा नहीं छोड़ा गया। ऐसे में अब नगर पालिका प्रशासन नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई करेगा।

Letest posts

Latest