अंकिता शर्मा, कवर्धा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर उनकी छवि को राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
विजय लक्ष्मी तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी प्रिया शुक्ला का विवाह राजमहल चौक निवासी सूरज शुक्ला से हुआ है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को पति, ससुर और देवर द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि देवर के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत महिला थाना में दर्ज कराई जा चुकी है।
उनके अनुसार, इसी शिकायत का बदला लेने की नीयत से बुधवार रात उनकी बेटी के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने पर वह अपने दामाद विक्की दुबे के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विजय लक्ष्मी तिवारी ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर उन पर लगाए जा रहे मारपीट के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उनका कहना है कि यह उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने की साजिश का हिस्सा है।
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे और आरोप सामने रखे हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।