अंकिता शर्मा, कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा ‘छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन’ को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य के डिजिटल भविष्य के लिए ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया है।
राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि पांच वर्षों की अवधि के लिए लागू किए जा रहे इस महत्वाकांक्षी मिशन पर 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहकर दूर-दराज के जिलों, छोटे शहरों और कस्बों तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक तकनीक का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि मिशन के तहत राज्यभर में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब स्थापित किए जाएंगे। शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे, जबकि 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक और तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सरल और तेज बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने डिजिटल विकास और तकनीक के नाम पर केवल घोषणाएं कीं, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए वास्तविक परिवर्तन ला रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने तकनीकी विकास को लेकर ठोस पहल नहीं की।
राजेंद्र चंद्रवंशी ने विश्वास जताया कि यह मिशन भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप छत्तीसगढ़ को नवाचार, कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा तथा राज्य को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।