अंकिता शर्मा, कवर्धा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कवर्धा द्वारा कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा एवं वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर भाजपा, आरएसएस और केंद्र सरकार को घेरा गया। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेस वार्ता प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और श्रद्धालुओं के दान एवं चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर देशभर के श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी श्रद्धानुसार दान दिया था। ऐसे में यदि चढ़ावे या वित्तीय लेन-देन में किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़े इस मामले में सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भगवान राम देश की आस्था, संस्कृति और मर्यादा के प्रतीक हैं तथा उनसे जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है तो स्वतंत्र जांच कराने में आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव वीरेन्द्र जांगड़े ने कहा कि मामले में उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। वहीं जिला महामंत्री मनीष शर्मा और गोपाल चंद्रवंशी ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को सर्वोपरि बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
जिला प्रवक्ता विकास केशरी ने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए, मंदिर से जुड़े चंदे, चढ़ावे एवं व्ययों का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए तथा रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि भगवान राम सत्य और न्याय के प्रतीक हैं, इसलिए इस मामले में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष अशोक सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता विकास केशरी, भीषण पांडेय, आकाश केशवानी, हितेंद्र ठाकुर, मेहुल सत्यवंशी, नंदराम पाटिल, तुषार वर्मा, अजित साहू, लक्ष्मण यादव, आशीष साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।