अंकिता शर्मा, कवर्धा। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नवीन जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और उनके परिजनों को निराश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये खर्च कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके भविष्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर देती हैं।
जायसवाल ने कहा कि मामले की गंभीरता के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री की ओर से अब तक कोई स्पष्ट और संतोषजनक बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस का कहना है कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े ऐसे मामलों में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।