Explore

Search

August 11, 2026 4:52 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

कबीरधाम में नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश, 12.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा। पुलिस ने नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और प्रकरण से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रिक कार बरामद की है।

मामला थाना बोडला अंतर्गत चौकी पोंडी क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने सतीश कुमार के माध्यम से पैसा भेजने की बात कही और दिनेश को ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया।

9 अगस्त की रात करीब 9 बजे दिनेश कुमार अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। रकम की जांच करने पर नोट संदिग्ध लगे। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट मिले। इसके बाद 10 अगस्त को चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नकली नोट तैयार करने के नेटवर्क का खुलासा हुआ और रामप्रसाद उर्फ रमऊ तथा घुरवा राम के नाम सामने आए। पुलिस टीम ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

जुलाई से किराए के मकान में छाप रहे थे नकली नोट

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद नए बस स्टैंड के पास एक किराए का मकान लिया गया, जहां रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम मिलकर कलर प्रिंटर के जरिए नकली नोट तैयार करते थे। तैयार नकली नोटों की डिलीवरी और उन्हें खपाने का काम सतीश कुमार के साथ मिलकर किया जाता था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नकली नोटों को वास्तविक मुद्रा के रूप में चलाने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उधारी की रकम वापस करने के नाम पर 4.50 लाख रुपये के नकली नोट पीड़ित को दिए गए।

आरोपियों से 8 लाख रुपये के नकली नोट बरामद

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। वहीं, पीड़ित को दिए गए 4.50 लाख रुपये के नकली नोटों को मिलाकर प्रकरण में कुल 12.50 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक सतीश कुमार से 2 लाख रुपये, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपये और घुरवा राम से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन और एक इलेक्ट्रिक टाटा पंच कार भी जब्त की गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले में चौकी पोंडी थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/26 के तहत धारा 179, 318(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से नकली नोट बनाने की प्रक्रिया और अब तक कितनी मात्रा में नकली नोट तैयार कर कहां-कहां खपाए गए, इस संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड थाना कवर्धा; रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर थाना सिटी कोतवाली कवर्धा; और घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा थाना पिपरिया शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी पोंडी पुलिस और साइबर टीम द्वारा की गई।

कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के मामले में सतर्क रहें और नकली मुद्रा से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें।

Letest posts

Latest