अंकिता शर्मा, कवर्धा। सावन माह में भगवान शिव की आराधना के लिए अमरकंटक पहुंचने वाले कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सेवा के उद्देश्य से पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा लगातार पांचवें वर्ष निःशुल्क भोजन एवं विश्राम व्यवस्था की जा रही है। यह सेवा 30 जुलाई से 24 अगस्त तक अमरकंटक स्थित मेला मैदान (डोम), नया नगर पालिका परिसर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) में संचालित होगी।
भावना समाज सेवी संस्थान के सहयोग से संचालित इस सेवा शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए सात्विक भोजन, पेयजल, विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य लंबी एवं कठिन कांवड़ यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि कबीरधाम जिले से प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा के पवित्र उद्गम स्थल से जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक हेतु कांवड़ यात्रा प्रारंभ करते हैं। श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा भाव को सम्मान देते हुए पिछले चार वर्षों से यह सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसे इस वर्ष भी निरंतर जारी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का विषय है। पिछले वर्ष स्वयं कांवड़ यात्रा में शामिल होने का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अमरकंटक से जल लेकर डोंगरिया महादेव होते हुए भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण की गई थी, जिसमें छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई थी।
सेवा शिविर में प्रतिदिन भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विधायक बोहरा ने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा है, जो श्रद्धा, अनुशासन, त्याग और समर्पण का संदेश देती है। शिवभक्तों की सेवा करना सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का भी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को आत्मीयता, सम्मान और सहयोग का अनुभव कराना इसका प्रमुख उद्देश्य है। पिछले पांच वर्षों से जनता, कांवड़ यात्रियों और भावना समाज सेवी संस्थान के सदस्यों के सहयोग से यह सेवा अभियान निरंतर संचालित हो रहा है।
सेवा शिविर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए श्रद्धालु मोबाइल नंबर 97553-59004 एवं 97544-62000 पर संपर्क कर सकते हैं।